होम / मीडिया फोरम / मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए युवक ने की आग लगाने की कोशिश
मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए युवक ने की आग लगाने की कोशिश
बेंगलुरु के हेब्बल इलाके का रहने वाला 26 वर्षीय युवक रविवार शाम उस वक्त सनसनी का कारण बन गया, जब उसने राज भवन के पास खुद को आग लगाने की कोशिश की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
बेंगलुरु के हेब्बल इलाके का रहने वाला 26 वर्षीय युवक रविवार शाम उस वक्त सनसनी का कारण बन गया, जब उसने राज भवन के पास खुद को आग लगाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, यह कदम उसने मीडिया का ध्यान खींचने के इरादे से उठाया।
यह घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है, जब एक स्थानीय नेता की प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पत्रकार वहां जुटे हुए थे। उसी दौरान ज़ुहैल अहमद नामक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। हालांकि आग लगाने से पहले ही मौजूद पत्रकारों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन ली और आग लगाने से रोक दिया। पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि युवक के पास माचिस या लाइटर नहीं था। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उस पर पानी डालकर उसे तुरंत काबू में लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
विधान सौध पुलिस ने उसे सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अहमद ने बताया कि उसकी पत्नी ने उस पर हमला किया था, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उसका कहना था कि वह अपनी निजी तकलीफों की ओर ध्यान दिलाना चाहता था, इसी वजह से यह कदम उठाया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ पहले ही चिक्कबल्लापुर पुलिस स्टेशन में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। अहमद एक निजी कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करता है, जबकि उसकी पत्नी चिक्कबल्लापुर में रहती है।
इससे कुछ दिन पहले कर्नाटक के ही दावणगेरे से एक और दुखद घटना सामने आई थी, जहां 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की मौत से दुखी होकर अपने दो छोटे बच्चों की हत्या कर दी और फिर खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति ने सुसाइड नोट में लिखा कि वह अपनी पत्नी के बिना नहीं रह सकता और अब बच्चों के साथ उसे भी छोड़ रहा है।
टैग्स