होम / इंटरनेशनल / ब्रिटेन के सबसे पुराने अखबार 'ऑब्जर्वर' को गार्डियन मीडिया ग्रुप ने बेचा
ब्रिटेन के सबसे पुराने अखबार 'ऑब्जर्वर' को गार्डियन मीडिया ग्रुप ने बेचा
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित गार्डियन अखबार के मालिक गार्डियन मीडिया ग्रुप ने बुधवार, 18 दिसंबर को पुष्टि की कि उसने दुनिया के सबसे पुराने रविवारी अखबार 'ऑब्जर्वर' को टॉर्टोइज मीडिया को बेच दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित गार्डियन अखबार के मालिक गार्डियन मीडिया ग्रुप (GMG) ने बुधवार, 18 दिसंबर को पुष्टि की कि उसने दुनिया के सबसे पुराने रविवारी अखबार 'ऑब्जर्वर' को टॉर्टोइज मीडिया को बेच दिया है। इस डील की राशि का खुलासा नहीं किया गया है।
कैश और शेयरों के संयोजन से हुआ सौदा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कॉट ट्रस्ट, जो गार्डियन मीडिया ग्रुप के मालिक हैं, ने एक बयान में कहा कि टॉर्टोइज मीडिया ने ऑब्जर्वर को कैश और शेयरों के संयोजन से खरीदा है। यह डील गार्डियन और टॉर्टोइज के बीच पांच साल की व्यावसायिक साझेदारी भी सुनिश्चित करता है, जिसके तहत टॉर्टोइज गार्डियन से प्रिंट, डिस्ट्रीब्यूश और मार्केटिंग सेवाएं लेगा।
इस डील के तहत स्कॉट ट्रस्ट टॉर्टोइज मीडिया में 9% हिस्सेदारी लेगा और इसमें 25 मिलियन पाउंड के निवेश का हिस्सा बनने के लिए 5 मिलियन पाउंड का योगदान करेगा।
ऑब्जर्वर का इतिहास और नई दिशा
ऑब्जर्वर की स्थापना 1791 में हुई थी और यह 1993 में गार्डियन मीडिया ग्रुप का हिस्सा बना। यह अखबार ब्रिटेन के मीडिया परिदृश्य में उदार मूल्यों का प्रमुख पैरोकार माना जाता है।
टॉर्टोइज मीडिया की स्थापना 2019 में लंदन टाइम्स के पूर्व संपादक और बीबीसी मेंन्यूज डायरेक्टर जेम्स हार्डिंग और पूर्व अमेरिकी राजदूत मैथ्यू बारज़ुन ने की थी।
टॉर्टोइज मीडिया के प्रमुख जेम्स हार्डिंग ने बताया कि यह डील ऑब्जर्वर के लिए नए निवेश और विचारों का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे इसकी पहुंच नई ऑडियंस तक बढ़ेगी और उदार पत्रकारिता की भूमिका और मजबूत होगी।
ऑब्जर्वर को पहली महिला प्रिंट संपादक
इस डील के साथ ही, लूसी रॉक को ऑब्जर्वर की प्रिंट संपादक नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब 100 वर्षों में कोई महिला इस भूमिका को निभाएगी। रॉक डिजिटल संपादक के साथ मिलकर काम करेंगी ताकि ऑब्जर्वर का ऑनलाइन ब्रांड मजबूत हो सके। रॉक, जेम्स हार्डिंग को रिपोर्ट करेंगी, जो ऑब्जर्वर के एडिटर-इन-चीफ के रूप में कार्य करेंगे।
डील का विरोध और पत्रकारों की हड़ताल
हालांकि, इस प्रस्तावित बिक्री का गार्डियन मीडिया ग्रुप के पत्रकारों ने विरोध किया है। इस विरोध ने इस महीने की शुरुआत में 48 घंटे की हड़ताल का रूप ले लिया था।
यह डील ऑब्जर्वर के लिए नए अवसरों और चुनौतियों का द्वार खोलता है, जहां इसकी ऐतिहासिक विरासत को नए डिजिटल युग में प्रासंगिक बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।
टैग्स दि ऑब्जर्वर गार्डियन मीडिया ग्रुप ऑब्जर्वर टॉर्टोइज मीडिया