होम / इंटरनेशनल / 'वॉइस ऑफ अमेरिका' पर संकट: 1300 एम्प्लॉयीज की छुट्टी, कई चैनलों के प्रसारण ठप: रिपोर्ट्स
'वॉइस ऑफ अमेरिका' पर संकट: 1300 एम्प्लॉयीज की छुट्टी, कई चैनलों के प्रसारण ठप: रिपोर्ट्स
अमेरिका की सरकारी मल्टीमीडिया प्रसारण सेवा 'वॉइस ऑफ अमेरिका' (VOA) बड़े संकट से गुजर रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 months ago
अमेरिका की सरकारी मल्टीमीडिया प्रसारण सेवा 'वॉइस ऑफ अमेरिका' (VOA) बड़े संकट से गुजर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर VOA की पैरेंट कंपनी के साथ अनुबंध रद्द कर दिया है, जिससे इस प्रतिष्ठित न्यूज सेवा पर ताले लगाने की नौबत आ गई है। इस आदेश के बाद, 1300 एम्प्लॉयीज को प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया और कई चैनलों का प्रसारण ठप हो गया है।
50 से अधिक भाषाओं में न्यूज सेवा प्रभावित
VOA के निदेशक माइकल अब्रामोविट्ज ने इस फैसले पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने लिंक्डइन पर पोस्ट करते हुए कहा, "83 वर्षों में पहली बार वॉइस ऑफ अमेरिका को पूरी तरह से चुप करा दिया गया है। हमारे 1300 से अधिक पत्रकार, प्रोड्यूसर्स और सहयोगी एम्प्लॉयीज को अचानक छुट्टी पर भेज दिया गया है।" उन्होंने बताया कि इससे 50 से अधिक भाषाओं में प्रसारित होने वाली न्यूज सेवा पूरी तरह से प्रभावित हो गई है।
न्यूज की जगह म्यूजिक का प्रसारण
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, VOA के विभिन्न चैनलों पर न्यूज प्रसारण रोक दिया गया है और स्थानीय रेडियो स्टेशनों पर अब न्यूज की जगह म्यूजिक चलाया जा रहा है। एडिटर्स और रिपोर्टर्स को काम बंद करने का निर्देश दिया गया है, जिससे दुनियाभर की कवरेज ठप हो गई है।
यूएसएजीएम के अन्य नेटवर्क भी प्रभावित
VOA, यूएस एजेंसी फॉर ग्लोबल मीडिया (USAGM) का हिस्सा है, जो रेडियो फ्री यूरोप, रेडियो फ्री एशिया और मिडल ईस्ट ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क जैसे कई अन्य प्रसारण सेवाओं का संचालन करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने इन नेटवर्क के अनुबंध भी समाप्त कर दिए हैं, जिससे ये भी छंटनी की चपेट में आ गए हैं।
ट्रंप प्रशासन का तर्क: पैसे की बर्बादी
डोनाल्ड ट्रंप और उनके सहयोगियों का मानना है कि इस तरह के सरकारी प्रसारण से केवल पैसे की बर्बादी होती थी। उनका दावा है कि चीन और अन्य देशों में अमेरिका द्वारा किए जा रहे न्यूज प्रसारण से राष्ट्रीय हितों को खतरा था। दशकों से अमेरिका अंतरराष्ट्रीय न्यूज कवरेज और करेंट अफेयर्स पर भारी खर्च करता आ रहा है, लेकिन ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह बजट सही जगह इस्तेमाल नहीं हो रहा था।
क्या यह विदेशी प्रसारण पर अंकुश लगाने की शुरुआत है?
यह फैसला अमेरिका की मीडिया नीति में बड़े बदलाव का संकेत देता है। VOA को दुनियाभर में निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए जाना जाता है, लेकिन इस फैसले से यह सवाल उठने लगा है कि क्या अमेरिका विदेशों में अपने न्यूज प्रसारण को नियंत्रित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है? इस कदम के दूरगामी प्रभाव पड़ सकते हैं, खासकर उन देशों में जहां अमेरिकी प्रसारण को स्वतंत्रता और निष्पक्ष खबरों का स्रोत माना जाता था।
अब यह देखना होगा कि VOA और अन्य प्रभावित नेटवर्क इस फैसले से कैसे उबरते हैं और क्या ट्रंप प्रशासन पर इसे वापस लेने का कोई दबाव बनता है।
टैग्स