Accel Entertainment ने बढ़ाया कारोबार, Green Valley Grocery के साथ किया बड़ा समझौता

गेमिंग और मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी Accel Entertainment ने अमेरिका के नेवादा राज्य में अपने कारोबार का विस्तार किया है।

Vikas Saxena by
Published - Tuesday, 21 July, 2026
Last Modified:
Tuesday, 21 July, 2026
AccelEntertainment512


गेमिंग और मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी Accel Entertainment ने अमेरिका के नेवादा राज्य में अपने कारोबार का विस्तार किया है। कंपनी की सहायक इकाई Century Gaming Technologies Nevada ने Green Valley Grocery Convenience Stores के साथ नया रूट एग्रीमेंट (Route Agreement) किया है। इस समझौते के तहत दक्षिणी नेवादा में करीब 600 नए इलेक्ट्रॉनिक गेमिंग टर्मिनल लगाए जाएंगे।

हालांकि, कंपनी ने इस सौदे की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया है।

यह समझौता Anabi Oil के स्वामित्व और संचालन वाले सभी सक्रिय Green Valley Grocery स्टोर्स को कवर करेगा। वर्ष 2026 में Accel Entertainment और Anabi Oil के बीच यह दूसरा बड़ा समझौता है।

इससे पहले जनवरी 2026 में दोनों कंपनियों के बीच हुए एक समझौते के तहत Accel Entertainment को Anabi Oil के Rebel Convenience Store नेटवर्क के लिए गेमिंग पार्टनर बनाया गया था।

कंपनी का कहना है कि नए समझौते के जरिए वह अपने गेमिंग संचालन, गेम्स की बेहतर रेंज, डेटा एनालिटिक्स और प्रमोशनल सिस्टम का इस्तेमाल कर ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाएगी और स्टोर्स की परिचालन क्षमता भी बढ़ाएगी।

कंपनी के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 तक नेवादा में उसके नेटवर्क में 525 से अधिक स्थान शामिल हैं, जहां 4,000 से ज्यादा गेमिंग टर्मिनल संचालित किए जा रहे हैं। नए समझौते के बाद इसमें करीब 600 और टर्मिनल जुड़ जाएंगे, जिससे कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।

Accel Entertainment के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंडी रुबिनस्टीन ने कहा कि यह समझौता नेवादा में कंपनी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अब कंपनी दक्षिणी नेवादा में Anabi Oil से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों पर अपनी सेवाएं उपलब्ध करा रही है। उनके मुताबिक, यह नेटवर्क कंपनी की भविष्य की विकास रणनीति का अहम हिस्सा है और इसमें आगे भी निवेश किया जाएगा।

वहीं, Anabi Oil के CEO सैम अनाबी ने कहा कि Rebel Convenience Store में Accel Entertainment के प्लेटफॉर्म और टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसी अनुभव के आधार पर कंपनी ने अब Green Valley Grocery स्टोर्स के लिए भी इस साझेदारी का विस्तार करने का फैसला किया है।

इस नए समझौते से Accel Entertainment को नेवादा के गेमिंग बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य में कारोबार बढ़ाने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रॉयटर्स के पत्रकारों का हड़ताल के पक्ष में मतदान, 94% ने दी मंजूरी; AI बना बड़ा मुद्दा

दुनिया की प्रमुख न्यूज एजेंसियों में शामिल रॉयटर्स के पत्रकारों ने हड़ताल पर जाने के पक्ष में भारी बहुमत से मतदान किया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 19 November, 2026
Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
ReutersJournalists54

दुनिया की प्रमुख न्यूज एजेंसियों में शामिल रॉयटर्स के पत्रकारों ने हड़ताल पर जाने के पक्ष में भारी बहुमत से मतदान किया है। पत्रकारों का यह विरोध वेतन, कामकाज की शर्तों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल से जुड़ी सुरक्षा को लेकर है। एक साल से ज्यादा समय से नए कॉन्ट्रैक्ट को लेकर कंपनी मैनेजमेंट और पत्रकारों की यूनियन के बीच बातचीत चल रही है, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है।

The NewsGuild of New York से जुड़े रॉयटर्स के करीब 300 कर्मचारियों ने 16 नवंबर को हड़ताल को मंजूरी देने के लिए मतदान किया। यूनियन के मुताबिक, इस मतदान में करीब 96 फीसदी सदस्यों ने हिस्सा लिया और वोट डालने वालों में से 94 फीसदी ने हड़ताल के पक्ष में समर्थन दिया। यूनियन ने 17 नवंबर को इसकी घोषणा की। हालांकि, इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि पत्रकारों ने तत्काल काम बंद कर दिया है। इसका अर्थ है कि जरूरत पड़ने पर यूनियन हड़ताल का फैसला ले सकती है।

दिसंबर 2025 से बिना नए कॉन्ट्रैक्ट के काम कर रहे हैं पत्रकार

रॉयटर्स के पत्रकार दिसंबर 2025 में पिछला कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद से ही बिना नए समझौते के काम कर रहे हैं। यूनियन और मैनेजमेंट के बीच वेतन बोढ़ोतरी को लेकर भी सहमति नहीं बन पा रही है।

यूनियन का कहना है कि मैनेजमेंट की ओर से प्रस्तावित वेतन बढ़ोतरी महंगाई की दर से कम है। ऐसे में कर्मचारियों की वास्तविक कमाई बढ़ने के बजाय घट जाएगी। इसके अलावा, मैनेजमेंट ने वेतन बढ़ोतरी को कर्मचारियों के प्रदर्शन यानी मेरिट से जोड़ने का प्रस्ताव दिया है। यूनियन को इस व्यवस्था पर भी आपत्ति है। उसका मानना है कि इससे वेतन बढ़ाने के फैसले में मैनेजर्स को जरूरत से ज्यादा अधिकार मिल सकते हैं।

एक अन्य विवाद मैनेजमेंट के उस प्रस्ताव को लेकर है, जिसके तहत सुपरवाइजर और मैनेजर भी वे काम कर सकेंगे, जो फिलहाल यूनियन से जुड़े पत्रकारों को सौंपे जाते हैं। यूनियन का कहना है कि इससे उसके सदस्यों के काम और रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।

AI को लेकर भी आमने-सामने हैं यूनियन और मैनेजमेंट

इस पूरे विवाद में AI से जुड़ी सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई है। यूनियन चाहती है कि AI की मदद से तैयार होने वाली खबरों और कंटेंट पर इंसानी निगरानी अनिवार्य हो। उसका कहना है कि AI से तैयार सामग्री की जांच और संपादकीय जिम्मेदारी पत्रकारों के पास रहनी चाहिए।

इसके अलावा, यूनियन ने उन कर्मचारियों के लिए नौकरी जाने की स्थिति में मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है, जिनकी जगह AI ले सकता है। पत्रकार यह भी चाहते हैं कि उनकी रिपोर्टिंग और दूसरे कामों के इस्तेमाल से AI लाइसेंसिंग के जरिए होने वाली कमाई में उन्हें भी हिस्सा मिले।

हालांकि, यूनियन के मुताबिक, मैनेजमेंट ने इन प्रस्तावों को स्वीकार नहीं किया है। इसी वजह से AI का इस्तेमाल और उससे पत्रकारों की नौकरियों पर पड़ने वाले असर को लेकर विवाद और गहरा गया है।

इस मांग के बीच Thomson रॉयटर्स के कारोबार से जुड़ा एक अहम पहलू भी सामने आया है। कंपनी ने 3 नवंबर को जारी अपने तीसरी तिमाही के नतीजों में बताया था कि करेंसी के असर को छोड़कर रॉयटर्स का रेवेन्यू 13% बढ़ा। कंपनी के मुताबिक, इस बढ़ोतरी में जनरेटिव AI से जुड़े कंटेंट लाइसेंसिंग रेवेन्यू की भी अहम भूमिका रही। ऐसे में पत्रकारों का यह सवाल और महत्वपूर्ण हो जाता है कि उनकी रिपोर्टिंग से AI कंपनियों और न्यूज एजेंसियों को होने वाली कमाई में पत्रकारों की हिस्सेदारी कैसे तय होगी।

रॉयटर्स मैनेजमेंट के खिलाफ पांच शिकायतें

यूनियन ने बातचीत शुरू होने के बाद से रॉयटर्स मैनेजमेंट के खिलाफ अमेरिका के नेशनल लेबर रिलेशंस बोर्ड (NLRB) में पांच अनुचित श्रम व्यवहार (Unfair Labour Practice) संबंधी शिकायतें भी दर्ज कराई हैं। इनमें बातचीत में ईमानदारी नहीं बरतने, यूनियन के सदस्यों से काम वापस लेने और कर्मचारियों को डराने-धमकाने जैसे आरोप शामिल हैं। ये यूनियन की ओर से लगाए गए आरोप हैं।

रॉयटर्स Guild के यूनिट चेयर और एनर्जी कॉरेस्पॉन्डेंट स्कॉट डि साविनो (Scott DiSavino) ने कहा कि पत्रकारों का काम अहम है और इसी वजह से पाठक रॉयटर्स की खबरों पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट की ओर से कर्मचारियों के योगदान को महत्व नहीं दिया जा रहा है और अब पत्रकार अपने काम की अहमियत दिखाने के लिए हड़ताल पर जाने को तैयार हैं।

वहीं, The NewsGuild of New York की अध्यक्ष सुसान डिकारावा (Susan DeCarava) ने कहा कि अब यह रॉयटर्स मैनेजमेंट पर निर्भर है कि वह उचित कॉन्ट्रैक्ट पर सहमति बनाकर इस विवाद को खत्म करे।

 
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वॉरेन बफेट ने दान किए ₹45 हजार करोड़ के शेयर, चार फैमिली फाउंडेशन को मिलेगा पैसा

दुनिया के दिग्गज निवेशकों में शामिल वॉरेन बफेट ने एक बार फिर अपनी दरियादिली दिखाई है। उन्होंने अपनी कंपनी Berkshire Hathaway के करीब 5.4 अरब डॉलर के शेयर चार फैमिली फाउंडेशन को दान किए हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 18 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 18 November, 2026
WarrenBuffett546

दुनिया के दिग्गज निवेशकों में शामिल वॉरेन बफेट ने एक बार फिर अपनी दरियादिली दिखाई है। उन्होंने अपनी कंपनी Berkshire Hathaway के करीब 5.4 अरब डॉलर (लगभग 45 हजार करोड़ रुपये) के शेयर चार फैमिली फाउंडेशन को दान किए हैं। इस दान के साथ उन्होंने अमेरिकी लोगों से भी दूसरों की मदद करने और समाज के लिए योगदान देने की अपील की है।

Berkshire Hathaway की ओर से सोमवार को जारी घोषणा के मुताबिक, बफेट ने अपने 6,150 क्लास A शेयरों को 92.25 लाख क्लास B शेयरों में बदलकर ये दान किया है। यह राशि उनकी पहली पत्नी के नाम पर बने फाउंडेशन और उनके तीन बच्चों से जुड़े फाउंडेशन को दी गई है।

चार फाउंडेशन को मिला दान

इस दान में सबसे बड़ा हिस्सा Susan Thompson Buffett Foundation को मिला है। इसे करीब 37 लाख क्लास B शेयर दिए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.2 अरब डॉलर (करीब 18,500 करोड़ रुपये) है।

वहीं, उनके तीन बच्चों से जुड़े फाउंडेशन को करीब 18-18 लाख शेयर दिए गए हैं। इनमें उनकी बेटी सुसान से जुड़ा Sherwood Foundation, बेटे हॉवर्ड का Howard G. Buffett Foundation और बेटे पीटर का NoVo Foundation शामिल है।

बफेट ने कहा कि यह दान उनकी पहले से तय योजना का हिस्सा है। इसके तहत वह Berkshire Hathaway में अपनी पूरी हिस्सेदारी इन चारों फाउंडेशन को दान करना चाहते हैं, ताकि इनके जरिए हर साल ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद की जा सके।

दान के बाद भी बफेट के पास इतने शेयर

इस बड़े दान के बाद भी वॉरेन बफेट के पास कंपनी के 1,82,140 क्लास A शेयर और 1,162 क्लास B शेयर बचे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब बफेट ने इन फाउंडेशन को इतनी बड़ी रकम दान की है। इससे पहले भी वह करीब 6 अरब डॉलर के शेयर इन्हीं चार फाउंडेशन को दे चुके हैं। इस बार के दान में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन शामिल नहीं है। साल 2006 के बाद यह पहली बार है जब उनके इस तरह के दान में गेट्स फाउंडेशन को हिस्सा नहीं मिला है।

तीनों बच्चे मिलकर तय करेंगे दान का इस्तेमाल

बफेट की योजना के मुताबिक, उनके तीनों बच्चे सुसान, हॉवर्ड और पीटर इन फाउंडेशन के जरिए मिलने वाली रकम का इस्तेमाल सामाजिक कार्यों के लिए करेंगे। खास बात यह है कि फंड के इस्तेमाल से जुड़े फैसले तीनों की सहमति से लिए जाएंगे।

यह घोषणा Berkshire Hathaway में नेतृत्व परिवर्तन के बाद आई है। बफेट सितंबर में कंपनी के चेयरमैन पद से हटकर चेयरमैन एमेरिटस बन गए थे। उनके बेटे हॉवर्ड को कंपनी का अगला चेयरमैन चुना गया है, जबकि ग्रेग एबेल CEO की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

बफेट ने उम्मीद जताई कि हॉवर्ड कंपनी की संस्कृति और मूल्यों को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे। उनके मुताबिक, ये मूल्य कंपनी की बैलेंस शीट में दर्ज किसी भी संपत्ति से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।

बफेट ने अपने संदेश में क्या कहा?

अपने सालाना थैंक्सगिविंग संदेश में बफेट ने दूसरों की मदद करने और दयालुता दिखाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी के लिए मददगार बनना ऐसा काम है, जिसका फायदा लंबे समय तक मिलता है।

उन्होंने अपने जीवन में अर्थशास्त्री बेन ग्राहम, वकील जो रोसेनफील्ड और Capital Cities के पूर्व CEO टॉम मर्फी जैसे लोगों से मिले सहयोग को भी याद किया। बफेट के मुताबिक, इन लोगों की मदद और उदारता ने उन्हें और उनके दिवंगत कारोबारी सहयोगी चार्ली मंगर को सफलता हासिल करने में मदद की।

शेयर बाजार में दिखी हल्की गिरावट

इस खबर के बाद मंगलवार को प्री-मार्केट कारोबार में Berkshire Hathaway के क्लास B शेयरों में करीब 0.53 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और इनका भाव 589.72 डॉलर पर आ गया। वॉरेन बफेट का यह कदम उनकी लंबे समय से चली आ रही परोपकार की योजना का हिस्सा है। वह अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा सामाजिक कार्यों के लिए देने की योजना पर काम कर रहे हैं। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

OpenAI ने ट्रैवल AI स्टार्टअप Odessia को खरीदा, अब AI एजेंट्स बनाएंगे लोगों की ट्रिप आसान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए OpenAI ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने AI आधारित ट्रैवल स्टार्टअप Odessia का अधिग्रहण (Acquisition) कर लिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 11 November, 2026
Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
OpenAI8544

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए OpenAI ने एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने AI आधारित ट्रैवल स्टार्टअप Odessia का अधिग्रहण (Acquisition) कर लिया है। इस डील के साथ Odessia के फाउंडर फ्रांसिस डेविडसन (Francis Davidson) भी OpenAI से जुड़ गए हैं। वह कंपनी के साथ मिलकर ट्रैवल सेक्टर के भविष्य पर काम करेंगे।

फ्रांसिस डेविडसन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस अधिग्रहण की जानकारी दी। हालांकि, इस डील की आर्थिक शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है।

डेविडसन के मुताबिक, पिछली गर्मियों में Odessia ने हजारों शुरुआती यूजर्स को उनकी यात्राओं की योजना बनाने में मदद की। इस दौरान कंपनी के जरिए सालाना आधार पर 60 मिलियन डॉलर से ज्यादा की ट्रैवल बुकिंग की योजना बनाई गई। उनका मानना है कि AI आधारित टूल्स की मदद से अब जटिल यात्राओं की योजना बनाना और उनकी बुकिंग करना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है।

क्या करती है Odessia और कैसे काम करती है इसकी AI टेक्नोलॉजी?

Odessia की खासियत यह है कि कंपनी अपने ज्यादातर कामों के लिए AI एजेंट्स का इस्तेमाल करती है। इनमें स्ट्रैटेजी, पार्टनरशिप, डिजाइन, मार्केटिंग, कस्टमर सपोर्ट, लीगल और फाइनेंस जैसे काम शामिल हैं।

डेविडसन के अनुसार, जिन कामों को पूरा करने में आमतौर पर कर्मचारियों को करीब 40 घंटे लगते थे, उन्हें कई बार एडवांस AI मॉडल्स और AI एजेंट्स की मदद से सिर्फ दो घंटे में पूरा किया जा सकता है।

कंपनी का काम करने का तरीका भी पारंपरिक कंपनियों से अलग है। यहां कर्मचारियों को हर छोटा काम खुद करने के बजाय एक साथ कई AI एजेंट्स को संभालने, उनके काम की जांच करने और जरूरत के मुताबिक सुधार करने की जिम्मेदारी दी जाती है।

इसके अलावा, Odessia ने ऐसे AI एजेंट्स भी तैयार किए हैं, जो रोजाना कंपनी के बिजनेस से जुड़े आंकड़ों पर नजर रखते हैं, सॉफ्टवेयर में आने वाली तकनीकी दिक्कतों की पहचान करते हैं, ग्राहकों के फीडबैक की समीक्षा करते हैं और रात के समय सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग करते हैं।

Sonder Holdings के फाउंडर भी रह चुके हैं डेविडसन

Odessia के फाउंडर फ्रांसिस डेविडसन इससे पहले Sonder Holdings की स्थापना कर चुके हैं। यह हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनी थी, जो सुसज्जित अपार्टमेंट और बुटीक होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराती थी।

डेविडसन के नेतृत्व में Sonder ने करीब एक दशक में 600 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू हासिल किया और कंपनी में 1,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करने लगे थे। हालांकि, बाद में कंपनी को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

Odessia के काम करने के तरीके को Sonder से अलग बताते हुए डेविडसन ने कहा कि इस स्टार्टअप का मॉडल AI एजेंट्स पर आधारित है, जो उन कामों को संभाल सकते हैं, जिन्हें पहले बड़ी टीमों की जरूरत होती थी।

AI एजेंट्स के कारोबार में OpenAI की बढ़ती दिलचस्पी

Odessia का अधिग्रहण OpenAI की हालिया खरीदारी की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी अपने AI मॉडल्स के अलावा उनके आसपास बनने वाले टूल्स, तकनीकी ढांचे और एप्लिकेशन पर भी काम कर रही है।

हाल के समय में OpenAI ने डेवलपर टूल्स, AI सिक्योरिटी और डेवलपर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों का भी अधिग्रहण किया है। इनमें Pierre Computer Company, Astral, Promptfoo और Ona जैसी कंपनियां शामिल हैं।

इन अधिग्रहणों के जरिए OpenAI AI आधारित कामकाज के लिए जरूरी तकनीक और सुविधाओं को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, Odessia का अधिग्रहण कंपनी के लिए एक नया कदम है, क्योंकि इसके जरिए वह अब सीधे कंज्यूमर सर्विसेज यानी आम लोगों को मिलने वाली सेवाओं के क्षेत्र में भी AI एजेंट्स की भूमिका बढ़ाना चाहती है।

फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि Odessia की टेक्नोलॉजी और उसके प्रोडक्ट को OpenAI की मौजूदा सेवाओं में किस तरह शामिल किया जाएगा। डेविडसन ने कहा है कि इस प्रोजेक्ट की आगे की दिशा को लेकर अधिक जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी सौदे के बाद स्काईडांस का लागत में कटौती का प्लान

स्काईडांस ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के अधिग्रहण के बाद तीन वर्षों में छह अरब डॉलर की बचत और एचबीओ मैक्स तथा पैरामाउंट+ का संयुक्त स्ट्रीमिंग बंडल लॉन्च करने की योजना बनाई है।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 10 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
skyfance

स्काईडांस (Skydance) ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (Warner Bros. Discovery) के अधिग्रहण के बाद अगले तीन वर्षों में 6 अरब डॉलर की लागत बचाने की योजना का खुलासा किया है। इसके साथ ही कंपनी 2027 की शुरुआत में एचबीओ मैक्स (HBO Max) और पैरामाउंट+ (Paramount+) को मिलाकर एक अंतरिम स्ट्रीमिंग बंडल लॉन्च करेगी।

कंपनी को उम्मीद है कि प्रस्तावित कुल बचत का करीब 30 फीसदी हिस्सा पहले साल में हासिल कर लिया जाएगा। इसमें कम से कम 2.2 अरब डॉलर की बचत कॉरपोरेट ओवरहेड और रियल एस्टेट खर्चों से होगी।

वहीं, मार्केटिंग खर्च में करीब 1 अरब डॉलर की कटौती की जाएगी, जो मौजूदा खर्च से लगभग 20 फीसदी कम होगी। इसके अलावा टेक्नोलॉजी लागत से करीब 1.4 अरब डॉलर बचाने की योजना है।

इस विलय के बाद स्काईडांस पर करीब 87 अरब डॉलर का कुल कर्ज और लगभग 10 अरब डॉलर की नकदी है। ऐसे में कंपनी के सामने मुनाफे में सुधार करने के साथ कंटेंट में निवेश जारी रखने की चुनौती है।

स्काईडांस के लिए स्ट्रीमिंग कारोबार ग्रोथ का प्रमुख आधार बनने की उम्मीद है। तीसरी तिमाही में पैरामाउंट+ का रेवेन्यू 21 फीसदी बढ़ा। वहीं, पैरामाउंट+ के साथ एचबीओ और एचबीओ मैक्स की वैश्विक पहुंच करीब 20.3 करोड़ सब्सक्राइबर्स तक है।

कंपनी अगले साल की शुरुआत में एचबीओ मैक्स और पैरामाउंट+ का संयुक्त सब्सक्रिप्शन बंडल लॉन्च करने की योजना बना रही है। दोनों सेवाओं को पूरी तरह एकीकृत करने से पहले इसे अंतरिम व्यवस्था के तौर पर पेश किया जाएगा। स्काईडांस के सीईओ डेविड एलिसन (David Ellison) ने कहा कि कंपनी करीब एक साल के भीतर दोनों सेवाओं का विलय पूरा करने का लक्ष्य रख रही है।

कंपनी ने यह भी कहा कि अब वह तिमाही आधार पर सब्सक्राइबर्स की संख्या जारी नहीं करेगी। यह फैसला नेटफ्लिक्स (Netflix) की रणनीति के अनुरूप है, जहां सब्सक्राइबर्स की संख्या के बजाय रेवेन्यू, मुनाफे और यूजर एंगेजमेंट जैसे मानकों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।

सितंबर तिमाही में, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी का सौदा पूरा होने से पहले, पैरामाउंट का रेवेन्यू 5 फीसदी बढ़कर 7 अरब डॉलर रहा। स्काईडांस ने कहा कि दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करते समय वह संयुक्त कारोबार के लिए पूरे वित्त वर्ष का अनुमान भी पेश करेगी।

कंपनी ने यह चेतावनी भी दी है कि वार्नर ब्रदर्स की फिल्मों का कमजोर प्रदर्शन चौथी तिमाही के मुनाफे को 20 करोड़ डॉलर तक कम कर सकता है।

विज्ञापनदाताओं और एजेंसियों के लिए इस पुनर्गठन का एक अहम पहलू मार्केटिंग खर्च में 1 अरब डॉलर की प्रस्तावित कटौती है। दूसरी ओर, एचबीओ मैक्स और पैरामाउंट+ के एकीकरण से बड़ा संयुक्त स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म तैयार हो सकता है। इससे कंपनी मनोरंजन कारोबार में दर्शकों तक पहुंच, विज्ञापन उत्पादों और ब्रांड स्पॉन्सरशिप के अवसरों को नए तरीके से पेश कर सकेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

BBC Scotland का टीवी चैनल बंद करने की योजना का विरोध, Ofcom से समीक्षा की मांग

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के स्कॉटलैंड टीवी चैनल को बंद कर ऑनलाइन करने की योजना पर विवाद शुरू हो गया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 29 October, 2026
Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
BBCScotland521

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के स्कॉटलैंड टीवी चैनल को बंद कर ऑनलाइन करने की योजना पर विवाद शुरू हो गया है। स्कॉटलैंड की संस्कृति सचिव मैरी मैकएलन (Màiri McAllan) ने इस फैसले की समीक्षा करने के लिए ब्रिटेन के प्रसारण नियामक Ofcom से अपील की है। उन्होंने चैनल को बंद करने की योजना को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है।

BBC ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि खर्च में कटौती की योजना के तहत BBC Scotland के पारंपरिक टीवी चैनल के साथ BBC Three और Radio 4 Extra को भी ऑनलाइन किया जाएगा। प्रसारक का लक्ष्य 2028 तक 50 करोड़ पाउंड की बचत करना है।

मैकएलन ने Ofcom के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेलानी डॉव्स और स्कॉटलैंड के निदेशक ग्लेन प्रेस्टन को लिखे पत्र में कहा कि BBC Scotland के टीवी चैनल को बंद करने से ब्रिटेन के प्रसारण क्षेत्र में स्कॉटलैंड की पहचान और प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति पीछे जा सकती है।

उन्होंने कहा कि स्कॉटलैंड सरकार इस प्रस्ताव का कड़े शब्दों में विरोध करती है और Ofcom को इसके फैसले तथा दर्शकों पर पड़ने वाले असर की जांच करनी चाहिए।

ऑनलाइन होने से दर्शकों पर पड़ सकता है असर

मैकएलन ने माना कि दर्शकों की देखने की आदतों में बदलाव के साथ प्रसारकों को भी बदलना पड़ता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सेवा प्रसारकों की खास जिम्मेदारी है कि उनकी सेवाएं सभी दर्शकों के लिए उपलब्ध और प्रासंगिक बनी रहें।

उनके मुताबिक, कई दर्शक अब भी पारंपरिक टीवी चैनलों पर निर्भर हैं। ऐसे में कार्यक्रमों को केवल ऑनलाइन उपलब्ध कराने से उन लोगों पर ज्यादा असर पड़ सकता है, जिनके लिए इंटरनेट के जरिए सामग्री देखना आसान नहीं है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि BBC Scotland के पारंपरिक चैनल को बंद करने की योजना ब्रिटेन में लंदन से बाहर के क्षेत्रों तक अधिकार और फैसले पहुंचाने के उद्देश्य के साथ कैसे मेल खाएगी, जबकि इस सेवा के लिए दर्शक लाइसेंस शुल्क भी देते हैं।

‘News at Seven’ बंद करने पर भी आपत्ति

स्कॉटलैंड की संस्कृति सचिव ने BBC के रात के समाचार कार्यक्रम ‘News at Seven’ को बंद करने की योजना पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे स्कॉटलैंड से जुड़ी अहम पत्रकारिता में अस्वीकार्य कटौती बताया।

इस कार्यक्रम के बंद होने से करीब 10 पदों में कटौती होने की आशंका है। यह उन 60 पदों के अलावा होगी, जिनमें कटौती की घोषणा BBC Scotland ने इस साल की शुरुआत में की थी।

मैकएलन ने स्थानीय भाषाओं में प्रसारण के बीच असमानता का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा, उन्होंने BBC One Scotland पर राष्ट्रमंडल खेलों के कवरेज पूरी तरह न होने पर भी सवाल किया।

BBC ने क्या कहा?

BBC के मुताबिक, उसके कई ऐसे कार्यक्रम, जो फिलहाल BBC Scotland के पारंपरिक टीवी चैनल पर दिखाए जाते हैं, आगे ऑनलाइन या स्कॉटलैंड में BBC One और BBC Two पर उपलब्ध होंगे।

इन कार्यक्रमों में ‘Scotland's Home of the Year’, ‘Murder Case’, ‘Inside Barlinnie’, ‘Scottish Cup Final’ और ‘Hogmanay’ शामिल हैं।

हालांकि, मौजूदा योजना के तहत BBC One पर प्रसारित होने वाले स्कॉटलैंड के मुख्य समाचार कार्यक्रम ‘Reporting Scotland’ में बदलाव नहीं किया जाएगा। BBC की रेडियो और ऑनलाइन सेवाओं में भी इस घोषणा के तहत बदलाव की बात नहीं कही गई है।

BBC Scotland की निदेशक हेले वैलेंटाइन ने घोषणा के बाद संकेत दिया था कि आगे और कटौती हो सकती है।

BBC में 2,000 तक नौकरियां घटाने की योजना

BBC ने अगले दो वर्षों में 50 करोड़ पाउंड की बचत करने के लिए 1,800 से 2,000 नौकरियां घटाने की योजना पहले ही घोषित की थी। यह संख्या उसके कुल कर्मचारियों के लगभग दसवें हिस्से के बराबर है।

जून में कटौती के पहले चरण के तहत समाचार, क्षेत्रीय सेवाओं और टीवी-रेडियो सामग्री से जुड़े विभागों में 550 पद खत्म करने की घोषणा की गई थी।

हाल के महीनों में BBC ने ‘Blankety Blank’, ‘Celebrity Mastermind’, ‘Live At The Apollo’ और ‘Football Focus’ जैसे कार्यक्रमों को बंद करने की भी घोषणा की है। रेडियो कार्यक्रमों में कटौती के फैसले भी सामने आए हैं।

BBC में करीब 21,500 पूर्णकालिक कर्मचारी हैं। उसकी आय का बड़ा हिस्सा टीवी लाइसेंस शुल्क से आता है, लेकिन हाल के वर्षों में बेचे जाने वाले टीवी लाइसेंस की संख्या में गिरावट आई है।

Ofcom ने क्या कहा?

Ofcom के प्रवक्ता ने कहा कि किसी सेवा को बंद करने का फैसला BBC बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, नियामक की जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि BBC अपने उद्देश्य और सार्वजनिक सेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करे।

प्रवक्ता के मुताबिक, Ofcom प्रस्तावित बदलावों के बाद ब्रिटेन के अलग-अलग हिस्सों के दर्शकों की जरूरतें पूरी करने की BBC की योजना को समझने के लिए उससे बातचीत करेगा। इसके बाद वह संबंधित कैबिनेट सचिव को जवाब देगा।

BBC एक सार्वजनिक सेवा प्रसारक है। उसका घोषित उद्देश्य निष्पक्ष, उच्च गुणवत्ता वाली और अलग पहचान रखने वाली सामग्री के जरिए सभी दर्शकों को जानकारी देना, शिक्षित करना और उनका मनोरंजन करना है। अब BBC Scotland चैनल को ऑनलाइन करने की योजना पर अंतिम स्थिति और Ofcom की समीक्षा पर आगे की नजर रहेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

मेटा के नए नियमों के खिलाफ नॉर्वे के मीडिया संस्थानों ने उठाया कानूनी कदम

नॉर्वे के प्रमुख मीडिया संस्थानों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा के नए यूजर नियमों को लागू होने से रोकने के लिए कानूनी कदम उठाया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 28 October, 2026
Last Modified:
Wednesday, 28 October, 2026
Meta98651

नॉर्वे के प्रमुख मीडिया संस्थानों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा के नए यूजर नियमों को लागू होने से रोकने के लिए कानूनी कदम उठाया है। मीडिया संस्थानों का कहना है कि इन नियमों से उनके समाचार लेखों, तस्वीरों और वीडियो पर अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्हें यह भी आशंका है कि मेटा उनके कंटेंट का इस्तेमाल अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उत्पादों को विकसित करने के लिए कर सकती है।

मीडिया संस्थानों के मुताबिक, मेटा के नए नियम 20 नवंबर से लागू होने वाले हैं। इन नियमों के तहत कंपनी को मीडिया संस्थानों के लेख, फोटो और वीडियो जुटाने और उनका इस्तेमाल करने का अधिकार मिल सकता है। इसमें पेवॉल के पीछे मौजूद सामग्री भी शामिल है, यानी ऐसा कंटेंट जिसे पढ़ने या देखने के लिए पाठकों को पैसे देने पड़ते हैं।

10 मीडिया संस्थानों ने मिलकर उठाया कदम

इस मामले में नॉर्वे के 10 मीडिया संगठनों ने कानूनी कार्रवाई की है। इनमें सार्वजनिक प्रसारक एनआरके (NRK), मीडिया समूह शिब्स्टेड (Schibsted), अमीडिया (Amedia), पोलारिस (Polaris) और एलर (Aller) के साथ नॉर्वे की समाचार एजेंसी एनटीबी (NTB) भी शामिल हैं।

नॉर्वेजियन मीडिया बिजनेस एसोसिएशन (MBL) की प्रमुख लेने एल्टविक विंडफेल्ड ने कहा कि मीडिया संस्थानों को डर है कि कंपनी अपने नए नियमों के जरिए पत्रकारिता से जुड़ी सामग्री पर अधिकार हासिल करने की कोशिश कर सकती है।

उनके मुताबिक, मीडिया संस्थान अपने पत्रकारों, रिपोर्टरों और दूसरे संसाधनों पर निवेश करके खबरें और दूसरी सामग्री तैयार करते हैं। यदि मेटा इसी सामग्री का इस्तेमाल अपने एआई उत्पादों को विकसित करने में करती है, तो वह ऐसे उत्पाद बना सकती है जो उन्हीं मीडिया संस्थानों की सेवाओं से सीधे मुकाबला करें।

उन्होंने इसे प्रतिस्पर्धा के लिहाज से अनुचित बताया।

नियम नहीं मानने पर अकाउंट हटाने का विकल्प?

मीडिया संस्थानों का कहना है कि मेटा के नए नियम सभी पेशेवर अकाउंट चलाने वालों पर लागू होंगे। इनमें मीडिया संस्थानों के अलावा कंपनियां और खुदरा कारोबार करने वाले व्यवसाय भी शामिल हैं।

याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, इन नियमों पर आपत्ति जताने का उनके पास कोई प्रभावी विकल्प नहीं बचेगा। उनके अनुसार, नियमों को स्वीकार नहीं करने की स्थिति में अकाउंट हटाना ही एकमात्र विकल्प रह सकता है।

इसी वजह से मीडिया संगठनों ने ओस्लो जिला अदालत में अंतरिम रोक लगाने की मांग की है। वे चाहते हैं कि मामले के गुण-दोष पर अंतिम फैसला आने तक नए नियम लागू न किए जाएं।

मेटा ने क्या कहा?

समाचार एजेंसी एएफपी (AFP) के सवालों के जवाब में मेटा ने कहा कि उसने नए यूजर नियमों को लागू करने की तारीख बढ़ाकर 20 नवंबर कर दी है।

कंपनी के मुताबिक, इस देरी का उद्देश्य अपने साझेदारों और अन्य संबंधित पक्षों को यह समझाने के लिए अतिरिक्त समय देना है कि नए नियमों में क्या बदलाव हो रहे हैं और क्या नहीं बदल रहा है।

हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मेटा ने इस विवाद पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है।

पहले भी मेटा को मुकदमे की चेतावनी दे चुके हैं मीडिया संस्थान

यह पहली बार नहीं है, जब नॉर्वे के मीडिया संगठनों ने मेटा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। 14 अक्टूबर को एमबीएल और एनआरके ने कंपनी को मुकदमा करने की चेतावनी दी थी।

उस समय मीडिया संस्थानों ने आरोप लगाया था कि मेटा ऐसे भ्रामक विज्ञापनों से कमाई कर रही है, जिनमें उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल करके इंटरनेट यूजर्स को धोखा दिया जा रहा है।

ताजा विवाद पत्रकारिता सामग्री के इस्तेमाल और एआई उत्पादों के विकास में मीडिया संस्थानों के कंटेंट की भूमिका को लेकर है। अब इस मामले में अदालत का फैसला यह तय करने में अहम हो सकता है कि नए नियमों को लागू करने की मेटा की योजना पर क्या असर पड़ेगा।

गौरतलब है कि फिलहाल मीडिया संस्थानों ने नए नियमों को लागू होने से रोकने के लिए कानूनी कदम उठाया है। उपलब्ध जानकारी में अदालत की ओर से नियमों पर रोक लगाए जाने का कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

तुर्किये में मीडिया की आजादी के समर्थन में सड़कों पर उतरे हजारों लोग

तुर्किये में मीडिया पर बढ़ते दबाव के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। शनिवार को इस्तांबुल और अंकारा में हुए प्रदर्शनों में पत्रकारों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं ने हिस्सा लिया।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 26 October, 2026
Last Modified:
Monday, 26 October, 2026
Turkey41

तुर्किये में स्वतंत्र मीडिया पर बढ़ते दबाव के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। शनिवार को इस्तांबुल और अंकारा में हुए प्रदर्शनों में पत्रकारों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों की गिरफ्तारी, खबरों पर सेंसरशिप और मीडिया संस्थानों पर सरकारी नियंत्रण बढ़ने का विरोध किया। साथ ही, जेल में बंद पत्रकारों को रिहा करने और प्रेस की आजादी सुनिश्चित करने की मांग की।

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, अंकारा में पुलिस ने प्रदर्शन में करीब 3,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया। यहां प्रदर्शनकारियों ने ‘बस बहुत हुआ’ और ‘अब हमारा दम घुट रहा है’ जैसे नारे लगाए। वहीं, इस्तांबुल में प्रदर्शनकारियों ने जेल में बंद पत्रकारों की तस्वीरें दिखाईं और कहा कि वे दबाव के आगे नहीं झुकेंगे।

दो महीने में 11 पत्रकार जेल में बंद

तुर्किये में मीडिया की आजादी को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। तुर्किश जर्नलिस्ट्स यूनियन के मुताबिक, पिछले दो महीनों में अधिकारियों ने 11 पत्रकारों को जेल में डाल दिया है। इसके अलावा, कई मीडिया संस्थानों को भी बंद किया गया है।

इस महीने की शुरुआत में पुलिस ने तुर्किये के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले न्यूज चैनलों में शामिल हॉक टीवी (Halk TV) के कार्यालय पर छापा मारा था। चैनल का प्रसारण रोक दिया गया और वहां सरकार की ओर से नियुक्त प्रशासक बैठा दिया गया।

इसके अलावा, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म टी24 (T24) की वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद कर दिए गए। अधिकारियों ने इसके लिए ‘एलजीबीटी प्रचार’ से जुड़ी सामग्री का हवाला दिया।

ये कदम उन मीडिया संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर देखे जा रहे हैं, जिन्हें राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन और उनकी सरकार का आलोचक माना जाता है।

‘पत्रकारों के साथ जनता के सूचना पाने के अधिकार की भी लड़ाई’

इस्तांबुल में हुए प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ पत्रकार जफर अरापकिरली ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ पत्रकारों की आजादी के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के सूचना पाने के अधिकार की रक्षा के लिए भी है।

एएफपी से बातचीत में उन्होंने कहा कि पत्रकारों की गिरफ्तारी, मीडिया संस्थानों पर कब्जा, खबरों पर रोक और सोशल मीडिया तक पहुंच बाधित करने जैसे कदमों से लोगों को डराने और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

अरापकिरली ने कहा कि समाज को यह दिखाना जरूरी है कि वह इस तरह के दबाव को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके खिलाफ खुद कई मुकदमे चल रहे हैं।

तुर्किश जर्नलिस्ट्स यूनियन के अध्यक्ष गोकहान दुरमुस ने कहा कि हाल के दिनों में बड़े प्रसारण संस्थानों और लोकप्रिय न्यूज प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति बन रही है, जहां खबरों के लिए एक ही आवाज और एक ही स्रोत रह जाए।

जेल में बंद पत्रकार का संदेश भी पढ़ा गया

अंकारा में प्रदर्शन के दौरान बंद किए गए न्यूज प्लेटफॉर्म टी24 के पत्रकार गोकसेर ताहिनजियोग्लू ने कहा कि यह आंदोलन पत्रकारों के अधिकारों के साथ-साथ आम जनता के सूचना पाने के अधिकार की रक्षा के लिए भी है।

प्रदर्शन में जेल में बंद अखबार बिरगुन (BirGün) के पत्रकार इस्माइल अरी का पत्र भी पढ़ा गया। अरी को इस महीने सात महीनों के भीतर दूसरी बार गिरफ्तार किया गया था।

जेल से भेजे गए अपने पत्र में उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ पत्रकारिता करने की वजह से जेल में रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों से पत्रकारों के काम में दखल नहीं देने, संविधान का पालन करने और उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने देने की मांग की।

अरी पर एक सरकारी अधिकारी का अपमान करने और भ्रामक जानकारी सार्वजनिक रूप से फैलाने के आरोप हैं। उनके खिलाफ शिकायत तुर्किये के प्रसारण नियामक प्रमुख एबुबेकिर शाहिन ने की थी।

2016 के बाद से बढ़ीं मीडिया पर पाबंदियां

तुर्किये में 2016 में तख्तापलट की नाकाम कोशिश के बाद से पत्रकारिता पर पाबंदियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। पत्रकारों को मुकदमों, गिरफ्तारियों और डिजिटल सेंसरशिप का सामना करना पड़ा है। वहीं, सरकार मीडिया प्रोफेशनल पर फर्जी खबरें फैलाने के आरोप भी लगाती रही है।

हालांकि, तुर्किये की सरकार बार-बार इन आरोपों से इनकार करती रही है कि पत्रकारों को सिर्फ अपना काम करने के कारण गिरफ्तार या जेल में बंद किया जाता है।

इस्तांबुल और अंकारा में हुए ताजा प्रदर्शनों ने एक बार फिर देश में स्वतंत्र पत्रकारिता, मीडिया की आजादी और जनता के सूचना पाने के अधिकार को लेकर बहस तेज कर दी है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

डेटा प्राइवेसी मामले में मेटा पर 25 अरब डॉलर का जुर्माना, फैसले को चुनौती देगी कंपनी

फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा को डेटा प्राइवेसी से जुड़े मामले में बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य की एक अदालत ने कंपनी पर 25 अरब डॉलर का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Saturday, 24 October, 2026
Last Modified:
Saturday, 24 October, 2026
Meta54210

फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा को डेटा प्राइवेसी से जुड़े मामले में बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य की एक अदालत ने कंपनी पर 25 अरब डॉलर का जुर्माना लगाने का आदेश दिया है। अदालत ने माना कि मेटा ने यूजर्स को उनकी निजी जानकारी की सुरक्षा और दूसरे मामलों को लेकर गुमराह किया था। हालांकि, कंपनी ने इस फैसले को चुनौती देने की बात कही है।

न्यू मैक्सिको के जज फ्रांसिस मैथ्यू ने बुधवार को यह आदेश दिया। इससे तीन सप्ताह से कुछ अधिक समय पहले जूरी ने पाया था कि मेटा ने डेटा प्राइवेसी, नफरत फैलाने वाली सामग्री और अन्य मुद्दों पर 26 भ्रामक बयान दिए थे। जूरी के मुताबिक, इन बयानों की पहुंच लाखों लोगों तक हो सकती थी और इनके चलते राज्य के उपभोक्ता संरक्षण कानून का 4.3 करोड़ से अधिक बार उल्लंघन हुआ।

219 अरब डॉलर से ज्यादा हो सकता था जुर्माना

जज ने कहा कि राज्य के कानून के तहत मेटा पर 219 अरब डॉलर से अधिक का जुर्माना लगाया जा सकता था, लेकिन उन्होंने इसे घटाकर 25 अरब डॉलर कर दिया। इसके बावजूद यह रकम अमेरिका में किसी कंपनी पर लगाए गए सबसे बड़े आर्थिक दंडों में से एक मानी जा रही है।

यह फैसला मेटा के लिए आर्थिक नुकसान के साथ उसकी छवि के लिहाज से भी बड़ा झटका है। कंपनी का कारोबार काफी हद तक यूजर्स के डेटा के इस्तेमाल और उसी के आधार पर उन्हें उनकी पसंद के मुताबिक विज्ञापन दिखाने पर निर्भर करता है।

फैसले को चुनौती देगी मेटा

मेटा ने इस फैसले को स्वीकार करने के बजाय इसके खिलाफ अपील करने की बात कही है। कंपनी का कहना है कि उसे भरोसा है कि अपील में वह इस फैसले को पलटने में सफल होगी।

मेटा के मुख्य कानूनी अधिकारी सी.जे. महोनी ने कहा कि इस फैसले और राज्य के अटॉर्नी जनरल के रवैये के कारण न्यू मैक्सिको में कारोबार करना लगभग असंभव हो जाएगा। उनका आरोप है कि इस मुकदमे के जरिए ऑनलाइन मंचों पर लोगों की बातचीत को नियंत्रित करने वाले नए नियम लागू करने की कोशिश की गई है।

महोनी ने कहा कि कंपनी ऐसा मंच बनाने के लिए काम करती रहेगी, जहां लोग सुरक्षित तरीके से अपनी बात रख सकें। उनके मुताबिक, मेटा लाखों अमेरिकी लोगों को आपस में जोड़ने, छोटे कारोबारों की मदद करने और अमेरिका की प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत करने में भी भूमिका निभाती है।

दूसरी ओर, न्यू मैक्सिको के अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज ने इस जुर्माने को अमेरिका के कॉरपोरेट इतिहास में किसी कंपनी पर लगाए गए सबसे बड़े आर्थिक दंडों में से एक बताया।

कैम्ब्रिज एनालिटिका मामले के बाद शुरू हुआ था विवाद

मेटा के खिलाफ यह मुकदमा साल 2021 में दायर किया गया था। इसकी पृष्ठभूमि में कैम्ब्रिज एनालिटिका से जुड़ा मामला था। यह ब्रिटेन की एक राजनीतिक सलाहकार कंपनी थी, जिसने एक थर्ड-पार्टी ऐप के जरिए करीब 8.7 करोड़ फेसबुक यूजर्स का निजी डेटा उनकी सहमति के बिना हासिल किया था।

इस डेटा का इस्तेमाल मतदाताओं की पसंद और व्यवहार का आकलन करने तथा उन्हें निशाना बनाकर राजनीतिक संदेश पहुंचाने के लिए किया गया था। इस खुलासे के बाद फेसबुक की डेटा सुरक्षा व्यवस्था पर दुनियाभर में सवाल उठे थे।

न्यू मैक्सिको प्रशासन का आरोप था कि मेटा को पता था कि बाहरी पक्षों को यूजर्स की निजी जानकारी तक व्यापक पहुंच मिल रही है, फिर भी कंपनी ने लोगों को यह नहीं बताया कि उनके डेटा का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है। राज्य ने यह आरोप भी लगाया कि कंपनी ने अपने कारोबार को फायदा पहुंचने की स्थिति में नफरत फैलाने वाली सामग्री और गलत जानकारी को लेकर पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाई।

हालांकि, मेटा ने इन आरोपों से इनकार किया। कंपनी ने अदालत में कहा कि वह यूजर्स का डेटा बेचती नहीं है और राज्य यह साबित करने में नाकाम रहा कि उपभोक्ताओं को वास्तव में गुमराह किया गया था। मेटा ने जुर्माने की सीमा 3.45 अरब डॉलर तय करने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इससे कहीं अधिक रकम का आदेश दिया।

पहले भी लग चुका है 5 अरब डॉलर का जुर्माना

कैम्ब्रिज एनालिटिका विवाद के बाद मेटा पर पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। साल 2019 में अमेरिका के संघीय व्यापार आयोग ने कंपनी पर 5 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया था। यह कार्रवाई फेसबुक यूजर्स के निजी डेटा के इस्तेमाल से जुड़े मामले में की गई थी।

न्यू मैक्सिको का मौजूदा फैसला एक बार फिर इस बात पर ध्यान खींचता है कि सोशल मीडिया कंपनियों को यूजर्स की निजी जानकारी सुरक्षित रखने और उसके इस्तेमाल में कितनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी कानूनी मुश्किलें

मेटा को सिर्फ डेटा प्राइवेसी के मामले में ही कानूनी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। कंपनी के सोशल मीडिया मंचों पर बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर भी कई मामले चल रहे हैं।

इस साल की शुरुआत में न्यू मैक्सिको में दो मुकदमों के बाद मेटा पर कुल 94.2 करोड़ डॉलर का आर्थिक दंड लगाया गया था। इन मामलों में आरोप था कि कंपनी के मंचों के जरिए युवाओं के यौन शोषण को बढ़ावा मिला और मेटा ने अपने मंचों की सुरक्षा को लेकर उपभोक्ताओं को गुमराह किया।

इसके अलावा, इंस्टाग्राम और फेसबुक के किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर भी कंपनी को हजारों मुकदमों और अमेरिकी सांसदों की जांच का सामना करना पड़ रहा है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, इस सिलसिले में एक और मुकदमा अगले सप्ताह शुरू होने वाला था।

अगस्त में छह अन्य अमेरिकी राज्यों ने भी मेटा के साथ एक समझौता किया था। इसके तहत किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर कंपनी के मंचों के कथित नुकसान से जुड़े दावों को निपटाने के लिए कुल 45.92 करोड़ डॉलर का भुगतान तय किया गया था।

अपील के बाद तय होगा जुर्माने का भविष्य

मेटा पर लगाया गया 25 अरब डॉलर का जुर्माना अंतिम फैसला साबित होगा या नहीं, यह अपील की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। अपील के दौरान इस रकम में बदलाव हो सकता है या फैसला पलटा भी जा सकता है।

फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया कंपनियों के लिए एक अहम चेतावनी है। यूजर्स का डेटा किस तरह जुटाया जाता है, उसका इस्तेमाल कैसे होता है, मंचों पर हानिकारक सामग्री को कैसे रोका जाता है और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं- इन सभी मुद्दों पर कंपनियों की जवाबदेही बढ़ रही है। मेटा के लिए अब अगली चुनौती अदालत में इस फैसले को चुनौती देना और अपनी डेटा सुरक्षा व्यवस्था का बचाव करना है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

CNN को अलविदा कहेंगी बियाना गोलोड्रिगा, 9 साल से नेटवर्क के हैं संग

अमेरिकी न्यूज नेटवर्क CNN की पत्रकार बियाना गोलोड्रिगा (Bianna Golodryga) ने नौ साल बाद नेटवर्क छोड़ने का फैसला किया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 23 October, 2026
Last Modified:
Friday, 23 October, 2026
BiannaGolodryga784

अमेरिकी न्यूज नेटवर्क CNN की पत्रकार बियाना गोलोड्रिगा (Bianna Golodryga) ने नौ साल बाद नेटवर्क छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह एक ऐसे नए अवसर की ओर बढ़ रही हैं, जिसे वह छोड़ना नहीं चाहती थीं। हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है।

गोलोड्रिगा ने CNN में अपने सफर के दौरान साथ काम करने वाले सहकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें सहकर्मियों का समर्थन मिला और कई अच्छी दोस्ती भी हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही अपने अगले कदम के बारे में जानकारी साझा करेंगी।

गोलोड्रिगा CNN International पर जैन आशेर (Zain Asher) के साथ ‘वन वर्ल्ड’ (One World) शो की सह-एंकरिंग करती रही हैं। इससे पहले वह नेटवर्क में ग्लोबल अफेयर्स एनालिस्ट की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। शो में उनका आखिरी दिन शुक्रवार होगा।

उनका यह फैसला ऐसे समय आया है, जब CNN ने कुछ दिन पहले ही घोषणा की थी कि क्रिस्टियाने अमनपोर (Christiane Amanpour) अपने रोजाना प्रसारित होने वाले CNN International शो की जिम्मेदारियां धीरे-धीरे कम करेंगी और अगले साल नेटवर्क छोड़ देंगी।

CNN में पूर्णकालिक रूप से जुड़ने से पहले, गोलोड्रिगा ‘CBS This Morning’ की सह-होस्ट रह चुकी हैं। साल 2019 में CNN से पूर्णकालिक रूप से जुड़ने से पहले वह CBS News और CNN, दोनों के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर रही थीं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

एलन मस्क का Skydance में $1 बिलियन का निवेश, मीडिया कारोबार से जुड़ाव बढ़ने के संकेत!

दुनिया के बड़े उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने मीडिया कंपनी स्काईडांस (Skydance) में करीब एक बिलियन डॉलर का निवेश किया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 23 October, 2026
Last Modified:
Friday, 23 October, 2026
ellonMusk65123

दुनिया के बड़े उद्योगपतियों में शामिल एलन मस्क ने मीडिया कंपनी स्काईडांस (Skydance) में करीब एक बिलियन डॉलर (एक अरब डॉलर) का निवेश किया है। CNBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने यह जानकारी दी है। हालांकि, मस्क और स्काईडांस की ओर से इस निवेश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रॉयटर्स ने इस मामले पर मस्क और स्काईडांस के प्रतिनिधियों से प्रतिक्रिया मांगी, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला था। ऐसे में फिलहाल इस निवेश की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

यह खबर ऐसे समय आई है, जब कुछ सप्ताह पहले ही पैरामाउंट स्काईडांस (Paramount Skydance) ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (Warner Bros. Discovery) का 110 अरब डॉलर का अधिग्रहण पूरा किया था। इस सौदे के बाद संयुक्त कंपनी ने स्काईडांस नाम अपनाया। इस विलय से पैरामाउंट पिक्चर्स, वार्नर ब्रदर्स, HBO, CNN और CBS जैसे बड़े मीडिया ब्रैंड्स के साथ उनके स्ट्रीमिंग कारोबार भी एक समूह के अंतर्गत आ गए हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क का यह निवेश स्काईडांस की इक्विटी निवेश जुटाने की बड़ी योजना का हिस्सा है। इससे पहले सेमाफोर (Semafor) ने भी इस बारे में खबर दी थी। इक्विटी निवेश का मतलब है कि कंपनी में हिस्सेदारी के बदले पैसा लगाया जाता है।

लैरी एलिसन परिवार से पुराने संबंध

मस्क का स्काईडांस में कथित निवेश ओरेकल (Oracle) के सह-संस्थापक लैरी एलिसन के परिवार के साथ उनके पुराने संबंधों को भी दिखाता है। लैरी एलिसन के बेटे डेविड एलिसन स्काईडांस का नेतृत्व करते हैं।

साल 2022 में लैरी एलिसन ने ट्विटर के अधिग्रहण के लिए मस्क को 1 अरब डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई थी। ट्विटर का नाम अब X है। ऐसे में स्काईडांस में मस्क के कथित निवेश को दोनों परिवारों के कारोबारी संबंधों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

SpaceX के बड़े निवेश की भी हुई थी चर्चा

इस खबर से पहले मीडिया क्षेत्र के अनुभवी निवेशक जॉन मेलोन ने भी स्काईडांस में संभावित बड़े निवेश को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने अनुमान जताया था कि मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) भविष्य में स्काईडांस में 8 अरब से 10 अरब डॉलर तक का निवेश कर सकती है। इसके साथ ही दोनों कंपनियों के बीच कंटेंट से जुड़ी बड़ी साझेदारी की संभावना भी जताई गई थी।

हालांकि, स्पेसएक्स के संभावित निवेश और ऐसी किसी साझेदारी की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे फिलहाल एक संभावना और अनुमान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

टेक्नोलॉजी आधारित मीडिया कंपनी बनने की तैयारी

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के अधिग्रहण के बाद स्काईडांस खुद को टेक्नोलॉजी पर ज्यादा ध्यान देने वाली मीडिया कंपनी के रूप में आगे बढ़ा रही है। कंपनी लागत घटाने और कारोबार के लिए नई इक्विटी पूंजी जुटाने की दिशा में भी काम कर रही है।

मीडिया उद्योग के लिए मस्क का कथित निवेश इसलिए अहम है, क्योंकि इससे भविष्य में कंटेंट के वितरण, टेक्नोलॉजी और X जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के बीच कारोबारी अवसर पैदा हो सकते हैं। हालांकि, फिलहाल इक्विटी निवेश की खबर के अलावा ऐसी किसी अतिरिक्त साझेदारी या समझौते की पुष्टि नहीं हुई है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए