होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 4 नए चैनल ला रहा है Star, नई कीमतें भी तय
4 नए चैनल ला रहा है Star, नई कीमतें भी तय
'टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (TRAI) के साथ लंबे समय से चल रहे टैरिफ ऑर्डर विवाद में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
'टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (TRAI) के साथ लंबे समय से चल रहे टैरिफ ऑर्डर विवाद में मद्रास हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में शिकस्त मिलने के बाद 'स्टार इंडिया' (Star India) ने अब अपने चैनलों के मासिक अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) और बुके (bouquets) की कीमतें घोषित कर दी हैं। इस ब्रॉडकास्टर का यह भी कहना है कि वह 31 दिसंबर तक चार नए चैनल लॉन्च करेगा
'स्टार इंडिया' की ओर से जिन चार चैनलों को लॉन्च किया जाएगा, उनमें हिंदी मूवी चैनल ‘स्टार गोल्ड थ्रिल्स’ (Star Gold Thrills) और ‘स्टार गोल्ड थ्रिल्स एचडी’ (Star Gold Thrills HD) के अलावा दो क्षेत्रीय स्पोर्ट्स चैनल ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 तेलुगु’ (Star Sports 1 Telugu) और ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 कन्नड़’ (Star Sports 1 Kannada) भी शामिल होंगे। ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 तेलुगु’ और ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 कन्नड़’ चैनलों में से प्रत्येक के लिए 19 रुपए, जबकि ‘स्टार गोल्ड थ्रिल्स’ और ‘स्टार गोल्ड थ्रिल्स एचडी’ में प्रत्येक के लिए कीमत एक रुपए रखी गई है।
बताया जाता है कि स्टार ने बंगाली, मराठी और मलयालम में भी क्षेत्रीय स्पोर्ट्स चैनल लॉन्च करने की योजना तैयार की है। ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी’ (Star Sports 1 Hindi) और ‘स्टार स्पोर्ट्स 1 तमिल’ (Star Sports 1 Tamil) का संचालन यह पहले से कर ही रहा है।
इस बीच स्टार ने ट्राई के टैरिफ ऑर्डर के तहत अपने सभी फ्री टू एयर (FTA) चैनलों को पे चैनल में परिवर्तित कर दिया है। इस ऑर्डर के तहत FTA चैनलों को पे चैनलों के साथ नहीं शामिल किया जा सकता है। अन्य ब्रॉडकास्टर्स ने भी अपने FTA चैनलों को पे चैनलों में परिवर्तित कर दिया है। यानी अब स्टार उत्सव, स्टार उत्सव मूवीज और स्टार स्पोर्ट्स फर्स्ट देखने के लिए प्रति चैनल एक रुपए चुकाने होंगे।
स्टार की ओर से Star Plus, Star Jalsha, Star Maa, Star Suvarna, Asianet, Star Sports 1, Star Sports 1 Hindi, Star Sports Select 1, Star Sports 1 Telugu और Star Sports 1 Kannada का मूल्य 19 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं, Star Vijay और Star Sports 1 Tamil की कीमत प्रति चैनल 17 रुपए रखी गई है, जबकि Asianet Movies के लिए 15 रुपए चुकाने होंगे। Star Movies की कीमत 12 रुपए, जबकि Star Bharat और Star Maa Movies के लिए 10 रुपए रखी गई है। Star World और Star Gold देखने के लिए प्रति चैनल आठ रुपए चुकाने होंगे। अन्य ऐंटरटेनमेंट, मूवी, स्पोर्ट्स और इंफोटेनमेंट जॉनर के चैनलों के लिए एक से छह रुपए कीमत तय की गई है।
ब्रॉडकास्टर की ओर से कुछ एचडी चैनलों को छोड़कर अधिकांश का मूल्य 19 रुपए फिक्स कर दिया गया है। Star Gold HD, Star Gold Select HD, Star World HD, Star World Premiere HD, Star Sports Select HD 2 और Star Pravah HD के लिए 9 से 15 रुपए के बीच कीमत तय की गई है। एच़डी इंफोटेनमेंट चैनलों के लिए एक से 10 रुपए के बीच कीमत रखी गई है।
इसके अलावा एसडी और एचडी चैनलों के लिए बेस और प्रीमियम कैटेगरी में सात भाषा के बुके (bouquets) भी तैयार किए गए हैं। हिंदी, बंगाली और मराठी में एसडी चैनलों के बेस और प्रीमियम बुके का शुल्क क्रमशः 49 और 79 रुपए मासिक होगा, अन्य भाषाओं के एसडी चैनलों के लिए यह शुल्क क्रमशः 39 और 69 रुपए होगा।
वहीं, हिंदी, मराठी और बंगाली में एचडी चैनलों के बेस और प्रीमियम बुके का शुल्क क्रमशः 85 और 120 रुपए मासिक होगा, जबकि अन्य भाषाओं में यह शुल्क क्रमशः 75 और 110 रुपए मासिक होगा।
नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पूरी रेट लिस्ट देखें-
https://www.startv.com/media/2797/rate_card_rio_filing_dt05112018.pdf
टैग्स स्टार इंडिया