होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब इस चैनल के साथ नई पारी शुरू करेंगे टीवी पत्रकार निखिल दुबे
अब इस चैनल के साथ नई पारी शुरू करेंगे टीवी पत्रकार निखिल दुबे
‘एबीपी न्यूज’ न्यूज छोड़कर करीब ढाई महीने पहले ही ‘इंडिया न्यूज’ में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
‘एबीपी न्यूज’ न्यूज छोड़कर करीब ढाई महीने पहले ही ‘इंडिया न्यूज’ में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर अपनी जिम्मेदारी संभालने वाले वरिष्ठ पत्रकार निखिल कुमार दुबे अब अपनी नई पारी ‘न्यूज नेशन’ के साथ शुरू करने जा रहे हैं। इस चैनल में वह एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद पर अपनी भूमिका निभाएंगे।
‘इंडिया न्यूज’ से पहले दुबे ‘एबीपी न्यूज’ में डिप्टी एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वहां 9 जुलाई, 2016 को पदभार संभाला था। पर जब वहां के मैनेजिंग एडिटर मिलिंद खांडेकर ने सितंबर महीने में अचानक चैनल से इस्तीफा दिया था, तो निखिल ने भी अपना इस्तीफा दे दिया था। ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) में ये इनकी दूसरी पारी थी। इससे पहले वे अप्रैल 2006 से अक्टूबर 2009 में एसोसिएट एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के तौर पर भी इस चैनल के साथ काम कर चुके हैं। तब इस चैनल का नाम ‘एबीपी न्यूज’ की जगह ‘स्टार न्यूज’ था।
निखिल कुमार ने 1995 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से एलएलबी करने के बाद 2002 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से मॉसकॉम किया और इसके बाद पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। मई 2003 में उन्होंने ‘सहारा समय’ से अपने करियर की शुरुआत की और नवंबर, 2005 तक वे यहां रहे। ‘सहारा समय’ में अपने सफर के अंतिम दिनों में वे विशेष संवाददाता की भूमिका में थे। इसके बाद उन्होंने अप्रैल 2006 में ‘स्टार न्यूज’ के साथ अपने सफर को आगे बढ़ाया। ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज) के साथ यह उनकी पहली पारी थी। 3 साल 7 महीने यहां रहने के बाद उनके सफर अगला पड़ाव ‘आजतक’ बना। नवंबर 2010 से नवंबर 2012 तक वे सीनियर प्रड्यूसर के तौर पर ‘आजतक’ को अपना योगदान देते रहे। इसके बाद उन्होंने कुछ समय तक फ्रीलांस के तौर पर काम किया।
इसके बाद वे जुलाई 2013 में मुंबई में एंडेमॉल प्रॉडक्शन हाउस (Endemol production house) के साथ जुड़ गए और सितंबर 2013 तक बतौर स्क्रिप्ट राइटर काम किया। फिर वे एसोसिएट एडिटर बनकर ‘इंडिया टीवी’ आ गए। सितंबर 2013 से जनवरी 2014 तक वे यहां रहे। ‘इंडिया टीवी’ के बाद उन्होंने ‘न्यूज एक्सप्रेस’ में बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर काम किया और जनवरी से अगस्त 2014 तक रहे। फिर करीब तीन महीने तक उन्होंने ‘न्यूज24’ का हाथ थामा और डिप्टी एग्जिक्यटिव प्रड्यूसर के तौर पर नवंबर 2014 तक का सफर तय किया। इसके बाद वे एसोसिएट एडिटर बनकर ‘जी न्यूज’ आ गए और जुलाई 2016 तक रहे। ‘जी न्यूज’ के बाद वे एबीपी न्यूज से होते हुए ‘इंडिया न्यूज’ में आए थे।
टैग्स निखिल कुमार दुबे