होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस फोटो जर्नलिस्ट की बहादुरी की CRPF भी कायल
इस फोटो जर्नलिस्ट की बहादुरी की CRPF भी कायल
जम्मू-कश्मीर के फोटो जर्नलिस्ट ने बीते दिनों कुछ ऐसा किया कि उनकी जमकर तारीफ हो रही...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
जम्मू-कश्मीर के फोटो जर्नलिस्ट वसीम अंद्राबी ने बीते दिनों कुछ ऐसा किया कि उनकी जमकर तारीफ हो रही है। यही नहीं, सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) ने उन्हें विशेष तौर पर शुक्रिया अदा किया है।
दरअसल, 28 नंवबर को सुरक्षा बलों ने लश्कर के शीर्ष कमांडर नावेद जट्ट को मुठभेड़ में मार गिराया था। इस दौरान पत्थरबाजों ने अचानक जवानों पर हमला बोल दिया था। वसीम भी बाकी पत्रकारों के साथ मौके पर मौजूद थे, तभी उन्होंने देखा कि एक पत्थर सीधा कांस्टेबल प्रणाम सिंह को लगा और उनके सिर से खून बहने लगा। प्रणाम सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की ज़रूरत थी, लेकिन पत्थरबाजी के चलते सुरक्षा बलों के लिए यह मुश्किल हो रहा था। वसीम चाहते तो इस पूरे वाक्ये को अपने कैमरे में कैद करने तक ही खुद को सीमित रख सकते थे, लेकिन उन्होंने मानवता का परिचय दिया।
वसीम ने अपना कैमरा किनारे रखा और दौड़कर घायल प्रणाम सिंह के करीब पहुंचे। लगातार बरसते पत्थरों के बीच वो सिंह को सहारा देकर सेना की जीप तक लाए, जिसके बाद उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला जा सका।
वसीम को तारीफ करते हुए सीआरपीएफ के डीजी आर.आर भटनागर ने कहा कि वे वसीम के शुक्रगुज़ार हैं, जिन्होंने समय रहते जवान की मदद की। भटनागर का यह भी कहना है कि वसीम को सीआरपीएफ की तरफ से प्रशंसा पत्र के साथ-साथ नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। 16वीं बटालियन के जवान प्रणाम सिंह की सर्जरी की गई है, लेकिन उनकी हालत नाजुक है।
मानवता का परिचय देने वाले वसीम अंद्राबी एक स्थानीय अख़बार से जुड़े हुए हैं। वसीम का कहना है कि उन्होंने बस एक ज़रूरतमंद की मदद की, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाना ज़रूरी थी। भविष्य में अगर अभी ऐसे हालात बने, तो भी वो यही करेंगे।
टैग्स पत्रकार वसीम अंद्राबी