होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / क्या आप जानते हैं 'स्वराज्य' मैगजीन को, जिसे पीएम मोदी ने दिया इंटरव्यू...
क्या आप जानते हैं 'स्वराज्य' मैगजीन को, जिसे पीएम मोदी ने दिया इंटरव्यू...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑल इंडिया रेडिया पर तो अपने 'मन की बात' करते हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑल इंडिया रेडिया पर तो अपने 'मन की बात' करते हैं, लेकिन ऐसा देखा गया है कि वे प्रेस कांफ्रेंस और मीडिया साक्षात्कार से बचते रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद पिछले चार सालों में उन्होंने गिने-चुने वरिष्ठ पत्रकारों को ही इंटरव्यू दिया है। इसी वजह से यह आरोप अकसर विपक्ष और मीडिया भी लगाता रहा है कि वे मीडिया से सीधे बात नहीं करते हैं।
लोकसभा चुनाव होने में भले ही करीब एक साल बाकी हो, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी मोड में आ चुके हैं। वे चाहते हैं कि आम लोग विरोधियों की बातों में आएं, उससे पहले ही अपना पक्ष उन तक मजबूती से पहुंचा दिया जाए और शायद यही वजह है कि मीडिया से सीधे बात न करने के आरोप को नकारते हुए उन्होंने पिछले छह महीनों में दो लंबे इंटरव्यू दिए हैं, जिसमें पहला इंटरव्यू न्यूज चैनल ‘जी न्यूज’ को और अब इस बार दूसरा इंटरव्यू 'स्वराज्य' मैगजीन को दिया है।
उनका इंटरव्यू मैगजीन के एडिटोरियल डायरेक्टर आर. जगन्नाथन ने किया है। आर. जगन्नाथन के साथ उनकी टीम में मैगजीन के सीईओ प्रसन्न विश्वनाथन व पब्लिशर अमर गोविंद राजन मौजूद थे। इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने देश से जुड़े हर मुद्दे पर पूछे गए सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। सवाल उनकी कूटनीति से लेकर राजनीति तक के पूछे गए। उनका यह इंटरव्यू इन दिनों चर्चा में है।
गौरतलब है कि उनका इंटरव्यू इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने एक ऐसी मैगजीन को इंटरव्यू दिया है, जिसके बाद कम ही लोग जानते हैं। यहां हम आपको मैगजीन के बार में थोड़ी सी जानकारी दे दें-
'स्वराज्य' एक मंथली मैगजीन है। इस मैगजीन की शुरुआत 1956 में वीकली मैगजीन के तौर पर हुई थी, जिसे सी. राजगोपालाचारी (राजाजी) के सहयोग से खासा सुब्बा राओ ने शुरू किया था। उस दौरान सी. राजगोपालाचारी के मैगजीन में अनेक विषयों पर नियमित लेख प्रकाशित होते थे। 1972 में राजाजी के निधन के बाद मैगजीन में गिरावट शुरू हो गई थी, जिसे संभाला नहीं जा सका और अंततः 1980 में यह बंद हो गई थी। लेकिन 2014 में इसकी शुरुआत दोबारा से धार्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर द्वारा की गई और तब यह मंथली मैगजीन के तौर पर शुरू हुई और तभी इसको ऑनलाइन का स्वरूप देने की भी कवायद शुरू हुई। उस दौरान एडिटोरियल डायरेक्टर के तौर पर इसकी जिम्मेदारी संदीपन देब ने संभाली। सितंबर, 2014 में इसकी वेबसाइट शुरू हुई और जनवरी, 2015 में इस मैगजीन का पहला एडिशन निकला।
लेकिन बाद में चेन्नई स्थित मैगजीन के स्वामित्व वाली कंपनी भारतन पब्लिशर (Bharathan Publications Private Limited) से मैगजीन के अधिकार चेन्नई की कोवई मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (Kovai Media Private Limited) ने खरीद लिए। 2016 में ‘स्वराज्य’ ने क्रिएटिव इंडिया नाम से एक वेबसाइट शुरू की, जो भारतीय संस्कृति और कला पर आधारित है और इसी दौरान उसने करेंट अफेयर्स OpIndia.com नाम से वेबसाइट की शुरुआत की।
'स्वराज्य' मैगजीन को दिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा इंटरव्यू आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं-
https://swarajyamag.com/economy/swarajya-interviews-prime-minister-modi-the-state-of-indian-economy
(फोटो साभार: #स्वराज्य)
समाचार4मीडिया.कॉम देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया में हम अपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स