होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पहली बार महिला एंकर ने पढ़ी न्यूज, सोशल मीडिया हुआ खुश
पहली बार महिला एंकर ने पढ़ी न्यूज, सोशल मीडिया हुआ खुश
पहले तो महिलाओं को गाड़ी चलाने का आधिकार मिला, फिर फुटबॉल मैच देखने की छूट दी गई है और अब...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सऊदी अरब में बदलाव की बयार बहने लगी है। यहां पहले तो महिलाओं को गाड़ी चलाने का आधिकार मिला, फिर फुटबॉल मैच देखने की छूट दी गई है और अब 20 सितंबर का दिन भी महिलाओं के लिए एक और नई आजादी लेकर आया। दरअसल, यहां कोई महिला पहली बार टीवी न्यूज एंकर बनी।
सऊदी अरब में वियाम अल दखील पहली महिला न्यूज एंकर बनीं, जिन्होंने सऊदी अरब के मुख्य चैनल सउदिया पर शाम की न्यूज पढ़ी। उन्होंने न्यूज एंकर उमर अल नाशवान के साथ खबरें पढ़ी। सोशल मीडिया पर इसकी जमकर प्रशंसा की जा रही है और इस कदम को महिलाओं के लिए नया मील का पत्थर बताया जा रहा है, क्योंकि ये चैनल सरकार के द्वारा संचालित होता है।
दरअसल सऊदी अरब में ये कदम प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के विजन 2030 के तहत उठाया गया है, जिसके तहत सऊदी अरब में अब महिलाओं की आजादी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की हिस्सेदारी भी अन्य क्षेत्रों में बढ़ सके।
गौरतलब है कि वियाम अल दखील पत्रकारिता के पेशे से ही जुड़ी हैं, लेकिन इस चैनल पर प्राइम टाइम की न्यूज को पेश करने का उनका ये पहला अवसर है। इससे पहले वह सीएनबीसी अरबिया के लिए काम कर चुकी हैं। इसके अलावा बहरीन के अल अरब न्यूज चैनल के लिए न्यूज प्रजेंट कर चुकी हैं।
टैग्स एंकर सऊदी अरब