होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को किया तलब, अब देने होंगे इन सवालों के जवाब
कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को किया तलब, अब देने होंगे इन सवालों के जवाब
दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को पूर्व केंद्रीय मंत्री...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले में दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को आरोपी मान लिया है। कोर्ट ने प्रिया रमानी को बतौर आरोपी 25 फरवरी को पेश होने का आदेश दिया है। पटियाला हाउस कोर्ट स्थित एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट समर विशाल ने अकबर की ओर से दाखिल याचिका और पेश साक्ष्यों पर विचार करने के बाद रमानी के खिलाफ समन जारी किया।
25 फरवरी को प्रिया रमानी को कोर्ट में पेश होकर बताना होगा कि उन्होंने एमजे अकबर पर यौन शोषण के आरोप क्यों लगाए और अपने आरोपों को साबित करने के लिए रमानी के पास क्या सबूत, दस्तावेज और गवाह मौजूद हैं। दूसरी तरफ अदालत द्वारा तलब किए जाने के बाद प्रिया रमानी ने एक ट्वीट कर कहा, ‘अब अपना पक्ष रखने का समय आ गया है।’
Time to tell our side of the story :) https://t.co/q5H9jTZ4UJ
— Priya Ramani (@priyaramani) January 29, 2019
गौरतलब है कि #MeToo कैंपेन के तहत प्रिया रमानी ने अकबर पर 20 साल पहले उनके साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हालांकि अकबर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। इसके बाद अकबर ने प्रिया रमानी के खिलाफ दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अकबर ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद पिछले वर्ष 17 अक्टूबर को विदेश राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
प्रिया रमानी बतौर पत्रकार एमजे अकबर के साथ काम कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर प्रिया रमानी के इस आरोप के बाद तो एमजे अकबर पर यौन शोषण के आरोप लगाने वाली महिला पत्रकारों की जैसे बाढ़ सी आ गई थी। यह मामला सामने आने के बाद संपादकों की संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर और तहलका के पूर्व प्रधान संपादक तरुण तेजपाल की सदस्यता निलंबित कर दी थी।
टैग्स एमजे अकबर प्रिया रमानी