होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / संपादक ने महिला पत्रकार को बोला कुछ ऐसा, हुए गिरफ्तार
संपादक ने महिला पत्रकार को बोला कुछ ऐसा, हुए गिरफ्तार
बांग्लादेश पुलिस ने एक अखबार के संपादक को मानहानि के आरोप में गिरफ्तार किया है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बांग्लादेश पुलिस ने एक अखबार के संपादक को मानहानि के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कोर्ट के आदेश पर पर हुई है। दरअसल, एक महिला पत्रकार ने संपादक पर टीवी टॉक शो के दौरान उन्हें ‘चरित्रहीन’ बोलने का आरोप लगाया है। इस बयान के बाद पिछले दिनों उनकी काफी आलोचना हुई थी।
बता दें कि संपादक का नाम मोइनुल होसैन है और वे दैनिक अखबार ‘डेली न्यू नेशन’ के मालिक भी हैं। मोइनुल होसैन पेशे से एक वकील भी हैं।
जासूसी शाखा के संयुक्त आयुक्त महबूब अलाल ने संवाददाताओं से कहा कि हमने वकील मोइनुल होसैन को (उत्तर पश्चिमी) रंगपुर के एक अदालत द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रियाओं के लिए उन्हें मंगलवार को अदालत के समक्ष पेश किए जाने से पहले जासूस शाखा कार्यालय में पुलिस हिरासत में रखा जाएगा।
गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को एक टॉक शो के दौरान मौजूद महिला पत्रकार मसूदा भट्टी ने उनसे सवाल किया था कि क्या वे नवगठित विपक्षी मोर्चे में कट्टरपंथी जमात-ए-इस्लामी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं? इस पर होसैन ने उनसे कहा, ‘मैं आशंका जाहिर करने के लिए आपको धन्यवाद देता हूं और आपको ‘चरित्रहीन’ कहना चाहता हूं।’इसके बाद से ही होसैन की चौतरफा आलोचना हो रही थी।
कई महिला कार्यकर्ताओं और संगठनों ने उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था, जिनमें से तीन में होसैन को पहले ही जमानत मिल गई थी। हालांकि इस बीच मसूदा भट्टी ने यह भी बताया कि होसैन अपने बयान के लिए उनसे माफी मांग चुके हैं। लेकिन तब तक रंगपुर की अदालत उनके नाम गैरजमानती वारंट जारी कर चुकी थी और इसी के आधार पर उन्हें सोमवार की रात जासूसी शाखा ने गिरफ्तार किया। उन्हें जाति समाजवादी दल (जेएसडी) के राजनेता एएसएम अब्दुर रब के निवास से लगभग 10 बजे गिरफ्तार किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि होसैन के खिलाफ छह मानहानि के मामले दायर किए गए थे, जिसमें वे तीन में जमानत हासिल करने में कामयाब रहे। अधिकारी ने कहा कि हमने उन मामलों में से एक में उन्हें गिरफ्तार किया जहां उन्हें उच्च न्यायालय के आदेश के तहत संरक्षित नहीं किया गया था।
बता दें कि होसैन सरकार के प्रख्यात आलोचक हैं। हालांकि वे किसी भी पार्टी से संबंधित नहीं हैं, 78 वर्षीय अपने दक्षिणपंथी राजनीतिक विचारों के लिए जाने जाते हैं।
होसैन बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) की पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान मंत्री पद के दर्जे के साथ सलाहकार भी रह चुके हैं। इस बार बीएनपी की अगुवाई में बने यूनिटी फ्रंट के गठन में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है। वे बांग्लादेश के सबसे पुराने अखबारों में से एक ‘डेली इत्तेफाक’ के संपादक मंडल के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। हालांकि उनके छोटे भाई- अनवर बांग्लादेश के मौज़ूदा सत्ताधारी गठबंधन की सरकार में मंत्री हैं।
टैग्स संपादक बांग्लादेश डेल न्यूज नेशन