होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / आज का दिन आकाशवाणी के लिए क्यों है ऐतिहासिक, जानें...
आज का दिन आकाशवाणी के लिए क्यों है ऐतिहासिक, जानें...
राष्ट्रीय रेडियो प्रसारक आकाशवाणी ने विदेशी श्रोताओं के लिए अपना पहला प्रसारण...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
राष्ट्रीय रेडियो प्रसारक आकाशवाणी ने विदेशी श्रोताओं के लिए अपना पहला प्रसारण आज ही के दिन यानी 1 अक्टूबर 1939 को शुरू किया था। यह प्रसारण सेवा पश्तो भाषा में शुरू की गई थी। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी के दुष्प्रचार का मुकाबला करने के मकसद से तत्कालीन ब्रिटिश शासकों ने इस सेवा की शुरुआत की थी। आकाशवाणी ने फैसला किया है कि इस ऐतिहासिक अवसर की 80वीं वर्षगांठ पर पूरे साल जश्न मनाया जाएगा और इसकी शुरूआत इसी हफ्ते से होगी। यह जश्न अगले साल 1 अक्टूबर तक चलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि आकाशवाणी की विदेशी सेवा की शुरूआत तो हुई थी ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के दुष्प्रचार को फैलाने की मंशा से, लेकिन अब इसने विश्व मंच पर ‘भारत की आवाज’ का रूप ले लिया है।
आकाशवाणी के विदेशी सेवा प्रभाग के प्रमुख अमलानज्योति मजुमदार ने बताया, ‘पिछले साल फैसला किया गया था कि एक अक्तूबर को विदेशी प्रसारण दिवस के तौर पर मनाया जाएगा और सोमवार को ऐसा पहला अवसर होगा। विदेश में सभी भारतीय मिशन विदेशी प्रसारण दिवस मनाएंगे।’
उन्होंने कहा, ‘मिशन वह सामग्री सर्कुलेट करने वाले हैं जो हमने उन्हें भेजा है, ताकि संबंधित देशों में श्रोताओं को आकाशवाणी की विदेशी सेवाओं की मौजूदगी के बारे में जागरूक किया जा सके।’
मजुमदार ने कहा कि अगले साल आकाशवाणी के पहले विदेशी प्रसारण की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जश्न की शुरुआत सोमवार को सिरी फोर्ट सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगी। उन्होंने कहा कि अगले एक साल तक चलने वाले जश्न के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
टैग्स आकाशवाणी