होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ZEEL-SONY के मर्जर को लेकर पुनीत गोयनका ने एम्प्लॉयीज को लिखा ईमेल, कही ये बात
ZEEL-SONY के मर्जर को लेकर पुनीत गोयनका ने एम्प्लॉयीज को लिखा ईमेल, कही ये बात
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘ के बोर्ड की ओर से विलय को मंजूरी मिल गई है। दोनों कंपनियों ने इस डील से जुड़े करार पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया’ (SPNI) और ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘ (ZEEL) के विलय को आधिकारिक रूप से मंजूरी मिलने के बाद 'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ पुनीत गोयनका काफी राहत महसूस कर रहे हैं।
दोनों कंपनियों द्वारा इस डील से जुड़े करार पर हस्ताक्षर करने के बाद पुनीत गोयनका ने एम्प्लॉयीज को एक इंटरनल ईमेल लिखा है। इस ईमेल में गोयनका ने कहा है, ‘जी और सोनी का विलय कंपनी के लिए काफी महत्वपूर्ण दिन है। इस मर्जर के बाद बनने वाली कंपनी एक व्यापक मनोरंजन बिजनेस तैयार करेगी, जिसमें हम विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तमाम विकल्पों के रूप में अपने कंज्यूमर्स को कंटेंट उपलब्ध करा सकेंगे। यह कंपनी घरेलू और वैश्विक मोर्चे पर अन्य खिलाड़ियों से प्रतिद्वंद्विता के लिए काफी बेहतर स्थिति में होगी।’
पुनीत गोयनका के ईमेल के अनुसार, ’आप सभी के साथ इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम को शेयर करते हुए मैं काफी खुश हूं। ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘के बोर्ड की ओर से विलय को मंजूरी मिल गई है। दोनों कंपनियों ने इस डील से जुड़े करार पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण दिन है। मैं मीडिया और निवेशकों के साथ अपनी बातचीत शुरू करने से पहले इस खबर को आप सभी के साथ साझा करना चाहता था। यह वास्तव में प्रस्तावित विलय की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जिसका उद्देश्य एक प्रमुख मीडिया और मनोरंजन कंपनी बनाना है।’
अपने ईमेल में पुनीत गोयनका ने लिखा है, ‘यह दोनों तरफ की टीमों के अथक प्रयासों के बिना संभव नहीं होता। संयुक्त कंपनी से अपार तालमेल की उम्मीद है और यह संयुक्त कंपनी घरेलू और वैश्विक मोर्चे पर अन्य खिलाड़ियों से प्रतिद्वंद्विता के लिए काफी बेहतर स्थिति में होगी। साथ मिलकर हम दुनिया भर में विभिन्न जॉनर, स्क्रीन और भाषाओं में अपने कंज्यूमर्स के लिए मनोरंजन को फिर से परिभाषित करेंगे।’
गोयनका ने यह भी कहा कि ZEEL को अपने प्रतिबद्ध कार्यबल के प्रयासों की बदौलत मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में पावरहाउस के रूप में पहचाना जाता है। उन्होंने कहा, ‘मैं आपके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए आपका बहुत आभारी हूं। वास्तव में आपके इन लगातार प्रयासों और मेहनत के बल पर ही ‘जी’ को सर्वव्यापी मीडिया और मनोरंजन पावरहाउस बनाने में मदद मिली है। हम इस क्षेत्र में अग्रणी के रूप में पहचाने जाते हैं और अब इस गति को बढ़ाने और विकास में तेजी लाने का समय है, जिससे हम अपने सभी शेयरहोल्डर्स के लिए अधिक अवसर और उच्च मूल्य तैयार कर सकें।’
इसके साथ ही पुनीत गोयनका ने ZEEL के एम्प्लॉयीज को अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने और भविष्य के लिए तैयार रहने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे अपनी कार्य प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित करने और एक रोमांचक नए भविष्य के लिए खुद को तैयार करने का आग्रह करूंगा। हमेशा की तरह मैं आप सभी को प्रगति से अवगत कराता रहूंगा। एक बार फिर मैं आज की घोषणा को संभव बनाने में आपके योगदान के लिए आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं।’
टैग्स पुनीत गोयनका सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया विलय जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ब्रॉडकास्ट न्यूज जी-सोनी मर्जर