होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडियाकर्मियों के लिए यूपी सरकार का बड़ा फैसला, NBA ने भी उठाया था ये मुद्दा
मीडियाकर्मियों के लिए यूपी सरकार का बड़ा फैसला, NBA ने भी उठाया था ये मुद्दा
मीडियाकर्मियों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा फैसला लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
भारत में कोरोना की दूसरी लहर बेहद भयावह रूप ले रही है, जिसके साथ ही यह आए दिन नए रिकॉर्ड भी बना रही है। इस बीच कोरोना के खिलाफ जंग में तमाम पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर रिपोर्टिंग कर रहे हैं और तमाम अपडेट्स लोगों तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में देश में कई स्थानों पर पत्रकार कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं और कई तो कोरोना से लड़ते हुए जिंदगी की जंग भी हार गए हैं, लिहाजा इसे देखते हुए मीडियाकर्मियों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता दी जाए। उनके लिए अलग सेंटर अलॉट किए जाएं और जरूरत हो तो उनके कार्य स्थलों पर जाकर निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए उनके 18 साल से ऊपर के परिजनों को फ्री वैक्सीनेशन किया जाए। इसके साथ ही यूपी सरकार ने कोरोना के खिलाफ जंग में पत्रकारों, जजों, सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर घोषित किया है।
बता दें कि कोरोना के चलते देशभर में कई मीडियाकर्मियों की मौत हो चुकी है। रिपोर्टिंग के सिलसिले में मीडियाकर्मियों को फील्ड में जाना पड़ता है, जहां संक्रमण की संभावना ज्यादा रहती है। ऐसे में मीडियकर्मियों की तरफ से यह मांग की जा रही थी उन्हें भी वैक्सीनेशन में प्राथमिकता मिले, जो कि योगी सरकार ने मान ली है और अधिकारियों को यह निर्देश दिया है। इस बारे में निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भी लिखा था।
एनबीए प्रेजिडेंट रजत शर्मा की ओर से लिखे गए इस लेटर में एनबीए का कहना था कि सभी मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन की बहुत आवश्यकता है। ऐसे में निवेदन है कि उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से इन सभी मीडियाकर्मियों और उनके परिवारवालों के लिए वैक्सीन उपलब्ध करा दी जाए तो अच्छा रहेगा। अपने लेटर में एनबीए का यह भी कहना था कि मीडिया संस्थानों की तरफ से हम इसका पूरा खर्चा उठाने के लिए तैयार हैं।
एनबीए की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे गए लेटर की कॉपी आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स पत्रकार मीडिया योगी आदित्यनाथ कोरोना कोविड-19 यूपी सीएम फ्री वैक्सिनेशन