होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / एमेजॉन प्राइम वीडियो के पूर्व कंटेंट हेड विजय सुब्रमण्यम ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम
एमेजॉन प्राइम वीडियो के पूर्व कंटेंट हेड विजय सुब्रमण्यम ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम
‘एमेजॉन प्राइम वीडियो’ (Amazon Prime Video) इंडिया के पूर्व कंटेंट हेड और मीडिया इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्ती विजय सुब्रमण्यम (Vijay Subramaniam) ने अब नई दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘एमेजॉन प्राइम वीडियो’ (Amazon Prime Video) इंडिया के पूर्व कंटेंट हेड और मीडिया इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्ती विजय सुब्रमण्यम (Vijay Subramaniam) ने अब नई दिशा में कदम बढ़ाए हैं। दरअसल, विजय सुब्रमण्यम ने घोषणा की है कि उन्होंने दक्षिण भारतीय क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारतीय बाजार के लिए मल्टी-प्लेटफॉर्म कंटेंट को डेवलप, क्यूरेट, फाइनेंस और प्रड्यूस करने के लिए एक इंडिपेंडेंट कंटेंट इनक्यूबेटर '29SeptemberWorks' की स्थापना की है।
चेन्नई और कोच्चि में अपनी मौजूदगी के साथ 29September Works का मुख्यालय बेंगलुरु बनाया गया है। यह फिल्मों और शो के साथ काम कर रहा है और अपनी क्रिएटिव व डेवलपमेंट टीम का विस्तार करने की प्रक्रिया में है।
बताया जाता है कि '29SeptemberWorks' नए और स्थापित रचनाकारों और उत्पादकों के साथ काम करने पर ध्यान केंद्रित करेगा, ताकि वे अपने काम को अखिल भारतीय स्तर पर बाजार में विकसित और प्रदर्शित कर सकें। कंपनी पहले से ही इस दिशा में काम कर रही है, जिसमें मलयालम व तमिल में फिल्में और तमिल व कन्नड़ में सीरीज शामिल हैं। दूसरी ओर, सुब्रमण्यम प्रमुख प्रोडक्शन हाउसेज के साथ साझेदारी कर रहे हैं, ताकि उनकी आगामी योजनाओं को आकर्षक और प्रभावशाली कंटेंट के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
विजय को टीवी, रेडियो, प्रिंट और डिजिटल से लेकर मीडिया के सभी रूपों में काम करने का 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। ‘एमेजॉन’ से पहले वह ‘द वॉल्ट डिज्नी कंपनी’ (The Walt Disney Company) में एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (मीडिया नेटवर्क्स) के पद पर काम कर रहे थे। वर्ष 2003 से 2007 तक वह ‘एमटीवी नेटवर्क्स’ (MTV Networks) में सेल्स डायरेक्टर भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह ‘ईएनआईएल’ (ENIL), ‘स्टार इंडिया’ (Star India) और ‘स्टारडस्ट’ (Stardust) में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
इस बारे में '29SeptemberWorks' के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर विजय सुब्रमण्यम का कहना है, ‘भारतीय कंटेंट काफी आगे है। एक तरफ इस कंटेंट और एंटरटेनमेंट को पसंद करने वालों की काफी संख्या है, दूसरी तरफ कुछ बेहतरीन कंटेंट क्रिएटर्स हैं, जिन्हें दुनिया ने भी देखा है। '29SeptemberWorks' नए जमाने की मनोरंजन कंपनी बनने के लिए तैयार है, जो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्टोरीटैलर्स को सशक्त बनाने, विशेष रूप से भारत के दक्षिण से अपने शिल्प को पूरे भारत में ले जाने के लिए और सक्षम बनाने के लिए तैयार है। मुझे खुशी है कि '29SeptemberWorks' को अपने लॉन्चिंग चरण में ही इतनी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है।’
टैग्स एमेजॉन प्राइम वीडियो विजय सुब्रमण्यम 29सितंबरवर्क्स