कंपनी के CFO आशीष मालुश्ते ने कॉन्फ्रेंस कॉल में डिविडेंड और शेयर बायबैक की संभावनाओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर बोर्ड स्तर पर चर्चा शुरू हो चुकी है।
by
Vikas Saxena
UFO Moviez को आने वाली बड़ी फिल्मों से अपने विज्ञापन कारोबार में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। कंपनी के डिजिटल सिनेमा नेटवर्क बिजनेस के CEO सिद्धार्थ भारद्वाज का कहना है कि इस बार आने वाली फिल्मों की लाइनअप काफी अच्छी है और विज्ञापनदाता भी इसे लेकर उत्साहित हैं। वहीं, कंपनी के CFO आशीष मालुश्ते ने संकेत दिया कि कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी या चौथी तिमाही तक डिविडेंड और शेयर बायबैक को लेकर अपनी कैपिटल डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी स्पष्ट कर सकती है।
कंपनी के अधिकारियों ने ये बातें 4 नवंबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजों पर हुई कॉन्फ्रेंस कॉल में कहीं। इसके अगले दिन जारी वित्तीय नतीजों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में UFO Moviez का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 17 फीसदी बढ़कर 129.9 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 15 फीसदी घटकर 6.4 करोड़ रुपये रह गया।
आने वाली फिल्मों से विज्ञापन कारोबार को लेकर उम्मीद
सिद्धार्थ भारद्वाज ने कहा कि तीसरी और चौथी तिमाही में फिल्मों की लाइनअप काफी मजबूत है। इनमें कई फिल्में ऐसी हैं, जो पहले से लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं या बड़े सितारों और स्टूडियो से जुड़ी हैं। इस वजह से विज्ञापनदाताओं की दिलचस्पी बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि अब विज्ञापनदाता केवल किसी एक फिल्म को ध्यान में रखकर विज्ञापन देने के बजाय कई फिल्मों को एक साथ देखते हुए अपने बजट की योजना बना रहे हैं। कंपनी को उम्मीद है कि आने वाली दो तिमाहियां उसके लिए पिछली कुछ तिमाहियों के मुकाबले बेहतर रहेंगी।
आने वाली फिल्मों में 'रामायण पार्ट 1', शाहरुख खान की 'किंग', 'एवेंजर्स: डूम्सडे', 'जुमांजी: ओपन वर्ल्ड', 'एथा' और 'ये प्रेम मोल लिया' शामिल हैं। कंपनी ने हालांकि अगली दो तिमाहियों के लिए कोई निश्चित रेवेन्यू लक्ष्य नहीं दिया है।
डिविडेंड और बायबैक पर बोर्ड स्तर पर चर्चा
कंपनी के CFO आशीष मालुश्ते ने कॉन्फ्रेंस कॉल में डिविडेंड और शेयर बायबैक की संभावनाओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर बोर्ड स्तर पर चर्चा शुरू हो चुकी है। कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी या चौथी तिमाही तक अपनी कैपिटल डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी को लेकर स्पष्ट जानकारी दे सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कंपनी के पास करीब 119 करोड़ रुपये के टैक्स लॉस हैं, जो कोविड के दौरान कारोबार प्रभावित होने की वजह से जमा हुए थे। हालांकि, NCLT से मंजूर पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत कंपनी ने Companies Act के तहत खातों में दिख रहे पुराने घाटे को हटा दिया था। इसके चलते कंपनी के लिए डिविडेंड देने या शेयर बायबैक करने पर उस वजह से कोई रोक नहीं है।
प्रमोटर हिस्सेदारी में आई गिरावट पर CFO ने कहा कि यह प्रमोटर की ओर से शेयर बेचने के कारण नहीं हुई है। कंपनी के शुरुआती प्रमोटरों में शामिल Apollo International के नॉन-प्रमोटर श्रेणी में आने की वजह से प्रमोटर होल्डिंग में बदलाव दिखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाउंडर प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी में कोई बिक्री या कमी नहीं हुई है।
अब जानिए कैसे रहे कंपनी के वित्तीय नतीजे
UFO Moviez का दूसरी तिमाही में कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 129.9 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 111.3 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 17 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, कंपनी का EBITDA 21.8 करोड़ रुपये से घटकर 21.3 करोड़ रुपये रह गया।
वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले साल की दूसरी तिमाही के 7.5 करोड़ रुपये से घटकर 6.4 करोड़ रुपये रह गया। इस तरह रेवेन्यू में बढ़ोतरी के बावजूद मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 241.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 220.3 करोड़ रुपये था। इस दौरान EBITDA 41.1 करोड़ रुपये से घटकर 40.2 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 14.1 करोड़ रुपये से घटकर 12.1 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक उसके पास 165.7 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड कैश था। बकाया कर्ज को घटाने के बाद नेट कैश 86.5 करोड़ रुपये रहा।
तिमाही में 386 फिल्में हुईं रिलीज
कंपनी के CEO राजेश मिश्रा ने बताया कि जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में अलग-अलग भाषाओं और वर्जन को मिलाकर कुल 386 फिल्में रिलीज हुईं। पिछले साल की समान तिमाही में यह संख्या 462 थी। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 399 फिल्में रिलीज हुई थीं।
उन्होंने कहा कि इस दौरान फिल्मों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। 'हनुमान अंश' ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि 'आवारापन 2' को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। दूसरी ओर, 'बैटवारा 1947' और 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। 'मिर्जापुर: द मूवी' ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
कंपनी के विज्ञापन नेटवर्क में अब कुल 3,946 स्क्रीन शामिल हैं। इनमें 2,606 मल्टीप्लेक्स और 1,340 सिंगल स्क्रीन हैं।
रिपब्लिक भारत के सीनियर न्यूज एडिटर और सीनियर एंकर राम मोहन शर्मा अब नए समय पर दर्शकों से रूबरू होंगे।
by
Samachar4media Bureau
रिपब्लिक भारत के सीनियर न्यूज एडिटर और सीनियर एंकर राम मोहन शर्मा अब नए समय पर दर्शकों से रूबरू होंगे। अब वह शाम 6 बजे की जगह रोजाना रात 9 बजे ‘ये भारत की बात है’ शो के साथ दर्शकों के बीच आएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी है।
राम मोहन शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘समय की सबसे अच्छी बात यही है कि वो बदलता रहता है। नए दायित्वों में शाम 6 बजे की जगह रोज रात 9 बजे आपसे मुलाकात होगी। महाभारत में मिले स्नेह के लिए आप का धन्यवाद।’
समय की सबसे अच्छी बात यही है कि वो बदलता रहता है। नए दायित्वों में शाम 6 बजे की जगह रोज़ रात 9 बजे आपसे मुलाकात होगी। #महाभारत में मिले स्नेह के लिए आप का धन्यवाद। अब देखिए देश का नंबर 1 न्यूज़ शो #येभारतकीबातहै #YeBharatKiBaatHai रोज़ रात 9 बजे मेरे साथ @Republic_Bharat पर https://t.co/zrvKG1cVPo
— Ram Mohan Sharma (@ramm_sharma) November 9, 2026
गौरतलब है कि रिपब्लिक भारत के इस प्राइम टाइम शो को पहले सीनियर एंकर मृदुल शर्मा होस्ट कर रहे थे, जिन्होंने इस संस्थान को अलविदा बोल दिया है।
जीतेंद्र दीक्षित को प्रमोशन देकर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर बनाया गया है। इसके साथ ही वह नेटवर्क के मुंबई हेड ऑफ इनपुट की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं, प्रसन्न जोशी अब NDTV मराठी के नए एडिटर होंगे।
by
Samachar4media Bureau
एनडीटीवी नेटवर्क ने मुंबई में अपनी संपादकीय और इनपुट टीम में अहम बदलाव किए हैं। इस संबंध में नेटवर्क की चीफ पीपल ऑफिसर पूर्वा मिश्रा ने 5 नवंबर को आंतरिक संदेश जारी कर एंप्लॉयीज को जानकारी दी। इसके मुताबिक, जीतेंद्र कुमार दीक्षित को प्रमोशन देकर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर बनाया गया है। इसके साथ ही वह नेटवर्क के मुंबई हेड ऑफ इनपुट की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
नई जिम्मेदारी के तहत मुंबई में NDTV मराठी का असाइनमेंट डेस्क, अंग्रेजी, हिंदी और मराठी चैनलों के ब्यूरो तथा बिजनेस चैनल NDTV Profit की कैमरा टीम भी दीक्षित को रिपोर्ट करेगी। इसके अलावा मुंबई में काम करने वाले रिपोर्टर्स, फील्ड कैमरापर्सन्स और असाइनमेंट टीम उनके साथ मिलकर काम करेंगे। नेटवर्क का मानना है कि इससे न्यूज गैदरिंग के काम में बेहतर तालमेल, समन्वय और कवरेज को मजबूती मिलेगी।
दीक्षित बीते करीब डेढ़ साल से NDTV मराठी के संपादक का पद अंतरिम तौर पर संभाल रहे थे। इस दौरान उनके नेतृत्व में चैनल ने कई ऐसी खबरें कीं, जिनका जमीनी स्तर पर असर देखने को मिला और जो काफी चर्चा में रहीं। इनमें RTO घोटाले पर की गई रिपोर्टिंग भी शामिल है। NDTV मराठी पर इस मामले में रिपोर्टिंग के बाद स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन हुआ। वहीं, महाराष्ट्र की इस साल की बड़ी राजनीतिक खबरों में शामिल ऑपरेशन टाइगर-2 को भी सबसे पहले इसी चैनल ने ब्रेक किया।
करीब 30 साल के पत्रकारिता अनुभव वाले जीतेंद्र दीक्षित वर्ष 2024 से NDTV के साथ जुड़े हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने देश और विदेश की कई बड़ी खबरें कवर की हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ उनकी पहचान एक लेखक के तौर पर भी है। उन्होंने अंग्रेजी और हिंदी में सात किताबें लिखी हैं, जिनमें से कुछ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।
दीक्षित की नई जिम्मेदारी के बाद अब NDTV मराठी के एडिटर का प्रभार प्रसन्न जोशी संभालेंगे। NDTV ने उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करते हुए मराठी चैनल का नया एडिटर नियुक्त किया है। जोशी को प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव है। उन्हें महाराष्ट्र के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य की अच्छी समझ के साथ न्यूजरूम नेतृत्व और एंकरिंग के क्षेत्र में भी अनुभव है।
NDTV से जुड़ने से पहले प्रसन्न जोशी पुढारी (Pudhari) न्यूज टीवी में एडिटर के पद पर कार्यरत थे। वह बीबीसी मराठी, एबीपी नेटवर्क, Saam TV, सकाल मीडिया ग्रुप, जी मीडिया और जय महाराष्ट्र जैसे मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
जोशी की शैक्षणिक योग्यता में मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया स्टडीज, मार्केटिंग एंड एडवर्टाइजमेंट तथा डिफेंस एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज में पोस्टग्रेजुएट डिग्रियां शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने मीडिया एंड डिसेबिलिटी कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया है।
NDTV के मुताबिक, प्रसन्न जोशी चैनल की संपादकीय दिशा और विकास का नेतृत्व करेंगे। वहीं, जीतेंद्र दीक्षित की नई भूमिका मुंबई में नेटवर्क के अलग-अलग चैनलों और टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा रिपोर्टिंग को और मजबूत बनाने में अहम होगी।
परवीन महतानी ने फीनिक्स मिल्स लिमिटेड में ग्रुप हेड – लीगल का पद संभाला है। इससे पहले वह महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स में चीफ लीगल ऑफिसर की जिम्मेदारी निभा रही थीं।
by
Samachar4media Bureau
परवीन महतानी ने फीनिक्स मिल्स लिमिटेड (The Phoenix Mills Limited) में ग्रुप हेड – लीगल के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नियुक्ति की जानकारी साझा की और नए पेशेवर अध्याय को लेकर उत्साह जताया।
अपनी पोस्ट में महतानी ने लिखा कि हर नया अध्याय नई संभावनाएं और कुछ सार्थक करने के अवसर लेकर आता है। उन्होंने कहा, "हर नया अध्याय नई संभावनाओं और कुछ सार्थक करने का अवसर लेकर आता है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैंने फीनिक्स मिल्स लिमिटेड में ग्रुप हेड – लीगल के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।"
उन्होंने नई भूमिका में विकास, योगदान और नए अवसरों को तलाशने के महत्व पर भी जोर दिया।
फीनिक्स मिल्स लिमिटेड में यह नियुक्ति महतानी के करियर का एक नया पड़ाव है। इससे पहले वह महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स लिमिटेड (Mahindra Lifespace Developers Limited) में चीफ लीगल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी Zee Entertainment Enterprises Ltd (ZEEL) के शेयरों में रविवार, 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान अच्छी तेजी देखने को मिली।
by
Samachar4media Bureau
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी Zee Entertainment Enterprises Ltd (ZEEL) के शेयरों में रविवार, 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान अच्छी तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 11.1% उछलकर 71 रुपये तक पहुंच गया। इस तेजी की वजह कंपनी की ओर से 12 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक की जानकारी देना है। इस बैठक में शेयरधारकों के हित में कुछ बड़े फैसलों पर विचार किया जाएगा।
कंपनी ने 6 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड की बैठक में हाल के दिनों में शेयर की कीमत में आई गिरावट को लेकर निवेशकों की चिंताओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही निवेशकों का भरोसा बढ़ाने और लंबे समय में शेयरधारकों को बेहतर रिटर्न देने के लिए संभावित कदमों पर भी विचार किया जाएगा।
इन प्रस्तावों में कंपनी के पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों का बायबैक (Buyback), अंतरिम डिविडेंड (Interim Dividend) देने या दूसरे जरूरी कदम उठाने का विकल्प शामिल है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि फिलहाल इन प्रस्तावों पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। 12 नवंबर को होने वाली बैठक में चर्चा के बाद ही इस बारे में निर्णय लिया जाएगा।
52 हफ्ते के निचले स्तर से संभले ZEEL के शेयर
ZEEL के शेयरों में आई यह तेजी ऐसे समय में देखने को मिली है, जब पिछले कुछ महीनों से कंपनी का शेयर दबाव में था। जून 2026 में कंपनी के शेयर ने 118.40 रुपये का 52 हफ्ते का उच्च स्तर छुआ था। इसके बाद इसमें लगातार गिरावट आई और 4 नवंबर 2026 को यह 60.63 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया।
मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान आई तेजी के बावजूद लंबी अवधि में शेयर का प्रदर्शन कमजोर रहा है। पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 3% चढ़ा है, जबकि एक महीने में इसमें लगभग 0.5%, तीन महीने में 28% और एक साल में करीब 31% की गिरावट दर्ज की गई है।
12 नवंबर की बैठक से पहले ट्रेडिंग विंडो बंद
कंपनी ने बोर्ड बैठक से पहले अपने कुछ कर्मचारियों और उनसे जुड़े लोगों के लिए ट्रेडिंग विंडो भी बंद कर दी है। यह प्रतिबंध उन कर्मचारियों और उनके करीबी लोगों पर लागू होगा, जिन्हें कंपनी से जुड़ी गोपनीय और शेयर की कीमत को प्रभावित करने वाली जानकारी मिल सकती है।
SEBI के इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों और कंपनी की आंतरिक आचार संहिता के तहत यह विंडो 12 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक के नतीजे घोषित होने के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी।
दूसरी तिमाही में मुनाफा 40% घटा
कंपनी के शेयरों में गिरावट के बीच ZEEL के वित्तीय नतीजे भी दबाव दिखा रहे हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40% घटकर 45.6 करोड़ रुपये रह गया। यह लगातार दूसरी तिमाही है, जब कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि, इस दौरान कंपनी की ऑपरेटिंग रेवेन्यू में 13% की बढ़ोतरी हुई और यह 2,224.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। सब्सक्रिप्शन से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी ने इसमें मदद की। वहीं, पिछली तिमाही के मुकाबले कंपनी का नेट प्रॉफिट 39% घटा, जबकि ऑपरेटिंग रेवेन्यू में 17% की बढ़ोतरी हुई।
कंपनी का EBITDA मार्जिन 3.2% रहा। इन आंकड़ों से पता चलता है कि रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद कंपनी को मुनाफा बढ़ाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
ZEE5 की कमाई में दोगुनी बढ़ोतरी
कंपनी के CEO पुनीत गोयनका ने दूसरी तिमाही के प्रदर्शन पर कहा कि कारोबार को भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों के बीच आगे बढ़ाने के लिए कंपनी ने लंबी अवधि की रणनीति पर ध्यान दिया है।
उन्होंने कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म की कमाई दोगुनी हुई है, जबकि सब्सक्रिप्शन से होने वाली आय में सालाना आधार पर 30% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें अलग-अलग भाषाओं के कंटेंट और अंतरराष्ट्रीय खेलों से जुड़े कंटेंट की अहम भूमिका रही।
निवेशकों की नजर अब 12 नवंबर के फैसले पर
ZEEL की 12 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक पर निवेशकों की नजर रहेगी। खासतौर पर यह देखना होगा कि कंपनी शेयर बायबैक, अंतरिम डिविडेंड या किसी दूसरे विकल्प को मंजूरी देती है या नहीं। यदि कंपनी बायबैक का फैसला करती है, तो शेयरधारकों को तय शर्तों के मुताबिक अपने शेयर कंपनी को बेचने का मौका मिल सकता है। वहीं, अंतरिम डिविडेंड के जरिए कंपनी सीधे शेयरधारकों को भुगतान कर सकती है।
हालांकि, इन दोनों विकल्पों का आकार, कीमत और दूसरी शर्तें क्या होंगी, यह बोर्ड के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल कंपनी का मकसद निवेशकों की चिंताओं को दूर करना और उनका भरोसा मजबूत करना है।
शिक्षा क्षेत्र की कंपनी Zee Learn Limited के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और होल-टाइम डायरेक्टर मनीष रस्तोगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
by
Vikas Saxena
शिक्षा क्षेत्र की कंपनी Zee Learn Limited के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) और होल-टाइम डायरेक्टर मनीष रस्तोगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के मुताबिक, उनका पद छोड़ना रिटायरमेंट की निर्धारित उम्र पूरी होने के कारण हुआ है। यह बदलाव 8 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है।
कंपनी ने 8 नवंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज व नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि मनीष रस्तोगी की कंपनी में सेवाएं सुपरएनुएशन यानी तय रिटायरमेंट उम्र पूरी होने के चलते समाप्त हुई हैं। यह फैसला कंपनी की रिटायरमेंट पॉलिसी और उनकी नियुक्ति की शर्तों के अनुसार लिया गया है।
कंपनी ने सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत इस बदलाव की जानकारी दी है। फाइलिंग में साफ किया गया है कि रस्तोगी के पद छोड़ने के पीछे रिटायरमेंट की उम्र पूरी होने के अलावा कोई अन्य महत्वपूर्ण कारण नहीं है। वह कंपनी में प्रमुख प्रबंधकीय व्यक्ति (KMP) भी थे।
बोर्ड को सौंपा पत्र
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के साथ मनीष रस्तोगी का बोर्ड को सौंपा गया पत्र भी साझा किया गया है। इस पत्र में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए कंपनी की चेयरपर्सन, बोर्ड के सदस्यों और अन्य हितधारकों का आभार जताया है।
उन्होंने बोर्ड से अपने पद छोड़ने की जानकारी को रिकॉर्ड में लेने और इससे जुड़ी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने का अनुरोध किया है।
डिजाइन बनाने और उन्हें ऑनलाइन पब्लिश करने की सुविधा देने वाले प्लेटफॉर्म Canva ने अपने एम्प्लॉयीज की संख्या में 22% से ज्यादा कटौती करने का फैसला किया है।
by
Samachar4media Bureau
डिजाइन बनाने और उन्हें ऑनलाइन पब्लिश करने की सुविधा देने वाले प्लेटफॉर्म Canva ने अपने एम्प्लॉयीज की संख्या में 22% से ज्यादा कटौती करने का फैसला किया है। कंपनी के इस फैसले से कम से कम 1,271 एम्प्लॉयीज की नौकरी प्रभावित होगी। हालांकि, सभी एम्प्लॉयीज को सीधे नौकरी से हटाया जाएगा या कुछ लोगों की भूमिका और काम करने की जगह बदली जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
कंपनी का कहना है कि वह अब छोटी लेकिन ज्यादा जिम्मेदारी के साथ काम करने वाली टीम बनाना चाहती है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कंपनी की ग्रोथ में पिछले करीब एक दशक की सबसे धीमी रफ्तार देखने को मिली है।
Canva की CEO मेलानी पर्किन्स ने एम्प्लॉयीज को भेजे एक संदेश में इस बदलाव को कंपनी के 13 साल के इतिहास का सबसे मुश्किल दौर बताया है।
प्रभावित एम्प्लॉयीज को मिलेंगी कई सुविधाएं
आमतौर पर कंपनियों में छंटनी के बाद एम्प्लॉयीज को कुछ समय तक आर्थिक मदद दी जाती है, लेकिन Canva ने नौकरी छोड़ने वाले एम्प्लॉयीज के लिए कई दूसरी सुविधाओं का भी ऐलान किया है।
कंपनी प्रभावित एम्प्लॉयीज को MacBook देगी। CEO मेलानी पर्किन्स के मुताबिक, हर कर्मचारी के पास अपना लैपटॉप नहीं होता। इसलिए कंपनी छोड़ने वाले एम्प्लॉयीज को उनका इस्तेमाल किया हुआ लैपटॉप अपने पास रखने का विकल्प दिया जाएगा।
इसके अलावा, एम्प्लॉयीज को अपना कारोबार या नया प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए 10,000 डॉलर की ग्रांट के लिए आवेदन करने का मौका भी मिलेगा।
नौकरी जाने के बाद एक साल तक मिलेगी हेल्थकेयर सुविधा
Canva फिलहाल 37 देशों में काम कर रही है और उसके पास करीब 5,700 एम्प्लॉयीज हैं। इनमें भारत के एम्प्लॉयीज भी शामिल हैं। कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि किन देशों या विभागों में सबसे ज्यादा कटौती होगी।
जिन देशों में कंपनी अपने एम्प्लॉयीज को हेल्थकेयर की सुविधा देती है, वहां प्रभावित एम्प्लॉयीज को नौकरी छोड़ने के बाद भी 12 महीने तक इसका लाभ मिलता रहेगा। इसके अलावा, एम्प्लॉयीज और उनके परिवारों को एक साल तक कंपनी के कर्मचारी सहायता कार्यक्रम (Employee Assistance Program) का फायदा भी मिलेगा।
नई नौकरी पाने में भी करेगी मदद
Canva प्रभावित एम्प्लॉयीज को LinkedIn Premium का एक साल का सब्सक्रिप्शन भी देगी। इसके साथ उन्हें करियर कोचिंग और इंटरव्यू की तैयारी में मदद मिलेगी, ताकि वे दूसरी नौकरी तलाश सकें।
कंपनी ने यह भी बताया है कि प्रभावित एम्प्लॉयीज को सप्ताह के अंत तक Slack और Gmail का एक्सेस मिलता रहेगा। इससे उन्हें अपनी टीम के साथ जरूरी बातचीत और काम से जुड़ी जानकारी हासिल करने का समय मिलेगा।
10 हजार डॉलर की मदद से शुरू कर सकेंगे अपना बिजनेस
Canva ने प्रभावित एम्प्लॉयीज के लिए 10,000 डॉलर की ग्रांट देने का भी प्रावधान किया है। जो कर्मचारी अपना स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं या किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करना चाहते हैं, वे कंपनी के कलेक्टिव फंड के तहत इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, इस रकम से शुरू किए जाने वाले कारोबार या प्रोजेक्ट पर Canva किसी तरह का मालिकाना हक या हिस्सेदारी (Equity) नहीं मांगेगी। इच्छुक एम्प्लॉयीज को इसके लिए 14 दिसंबर तक अपनी रुचि दर्ज करानी होगी।
19 साल की उम्र में मेलानी पर्किन्स ने रखी थी कंपनी की नींव
Canva की शुरुआत मेलानी पर्किन्स ने तब की थी, जब वह सिर्फ 19 साल की थीं। उनका मकसद डिजाइनिंग के काम को आसान बनाना था, ताकि आम लोग भी बिना किसी खास तकनीकी जानकारी के पोस्टर, लोगो, बिजनेस कार्ड और दूसरे डिजाइन तैयार कर सकें।
आज Canva दुनिया के प्रमुख ऑनलाइन डिजाइन प्लेटफॉर्म में शामिल है। हालांकि, कंपनी की मौजूदा ग्रोथ में आई सुस्ती के बीच एम्प्लॉयीज की संख्या घटाने का उसका फैसला कारोबार की आगे की रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत देता है।
मीडिया और एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी कंपनी प्राइम फोकस (प्राइम फोकस Limited) के शेयरधारकों ने कंपनी की एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EOGM) में रखे गए सभी चार प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।
by
Vikas Saxena
मीडिया और एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी कंपनी प्राइम फोकस (प्राइम फोकस Limited) के शेयरधारकों ने कंपनी की एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EOGM) में रखे गए सभी चार प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इनमें Brahma AI Holdings Limited और उसकी भारतीय इकाई Brahma AI Services India Limited पर कंपनी का नियंत्रण समाप्त करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
कंपनी ने 7 नवंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि EOGM इसी दिन दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। मतदान के नतीजे और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट भी कंपनी ने जारी की है।
Brahma AI पर नियंत्रण खत्म करने के प्रस्ताव को मंजूरी
पहला प्रस्ताव विशेष प्रस्ताव था। इसके तहत शेयरधारकों से Brahma AI Holdings Limited और इसके जरिए Brahma AI Services India Limited पर कंपनी का नियंत्रण समाप्त करने की मंजूरी मांगी गई थी। दोनों कंपनियां प्राइम फोकस की अनलिस्टेड मटेरियल सब्सिडियरी हैं।
इस प्रस्ताव के पक्ष में कुल पड़े वोटों में से 99.28% वोट मिले, जबकि 0.72% वोट इसके खिलाफ पड़े। इस तरह प्रस्ताव जरूरी बहुमत से पास हो गया।
DNEG और Brahma AI के बीच लेनदेन को भी मंजूरी
दूसरे प्रस्ताव में कंपनी की अनलिस्टेड मटेरियल सब्सिडियरी DNEG S.à.r.l. और Brahma AI Holdings Limited के बीच मटेरियल रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन को मंजूरी देने की बात थी। इस प्रस्ताव के पक्ष में 95.68% वोट पड़े, जबकि 4.32% वोट विरोध में रहे।
तीसरे प्रस्ताव में Double Negative Holdings Limited और Brahma AI Holdings Limited के बीच मटेरियल रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन को मंजूरी दी गई। इसके पक्ष में 95.68% वोट मिले और 4.32% वोट इसके खिलाफ पड़े।
चौथा प्रस्ताव DNEG S.à.r.l. और Brahma AI Holdings Limited के बीच प्लेटफॉर्म लाइसेंस व्यवस्था से जुड़े मटेरियल रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन को मंजूरी देने का था। इसे 99.30% वोटों के समर्थन से पास किया गया, जबकि 0.70% वोट विरोध में पड़े।
कितने शेयरधारकों ने लिया हिस्सा?
कंपनी के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 की कट-ऑफ तारीख तक उसके कुल 29,675 शेयरधारक थे। EOGM में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप से एक और पब्लिक कैटेगरी से 67 शेयरधारकों ने हिस्सा लिया।
कंपनी ने मतदान के नतीजों के साथ स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट अपनी वेबसाइट और CDSL के ई-वोटिंग पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई है।
कंपनी ने इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों के तहत अपनी ट्रेडिंग विंडो भी बंद कर दी है। यह विंडो 1 अक्टूबर 2026 से बंद है और बोर्ड बैठक समाप्त होने के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी।
by
Samachar4media Bureau
मीडिया कंपनी जागरण प्रकाशन लिमिटेड (Jagran Prakashan Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजों को मंजूरी देने के लिए 13 नवंबर को बोर्ड बैठक बुलाई है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को इसकी जानकारी दी।
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की यह बैठक शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को होगी। इसमें 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही और छमाही के लिए कंपनी के अनऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसॉलिडेटेड वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी।
इसके साथ ही कंपनी ने इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों के तहत अपनी ट्रेडिंग विंडो भी बंद कर दी है। यह विंडो 1 अक्टूबर 2026 से बंद है और बोर्ड बैठक समाप्त होने के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी। इस दौरान कंपनी के नामित व्यक्ति और उनके करीबी रिश्तेदार कंपनी के शेयरों में कारोबार नहीं कर सकेंगे।
इंडिया टुडे ग्रुप के इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से करीब 2,000 किसान, नीति निर्माता और कृषि विशेषज्ञ होंगे शामिल, ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ रखी गई है थीम
by
Samachar4media Bureau
इंडिया टुडे ग्रुप की ओर से 11 और 12 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026’ का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कॉन्फ्रेंस में पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे। इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के 2,000 से अधिक किसान, नीति निर्माता और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल होंगे।
इस सम्मेलन का उद्देश्य भारतीय कृषि के भविष्य और किसानों की आकांक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना है। सम्मेलन में किसानों, नीति निर्माताओं, राजनयिकों, उद्योग जगत के प्रमुख लोगों और कृषि वैज्ञानिकों को एक मंच पर लाया जाएगा। यहां कृषि क्षेत्र के विकास, चुनौतियों से निपटने की क्षमता और नए अवसरों पर चर्चा होगी।
महिंद्रा ट्रैक्टर्स की ओर से प्रस्तुत और महाधन एग्रीटेक के सह-प्रस्तुत इस सम्मेलन की थीम ‘स्मार्ट किसान, विकसित भारत’ रखी गई है। सम्मेलन में आधुनिक कृषि तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसमें प्रिसिजन फार्मिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित संसाधन प्रबंधन और जलवायु के अनुकूल फसल किस्मों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर होने वाले नवाचारों को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ना है।
पैनल चर्चाओं के साथ इस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में इनोवेशन और उद्यमिता की स्टोरीज भी प्रस्तुत की जाएंगी। इसमें विशेष रूप से उन किसानों और महिला उद्यमियों के अनुभवों पर ध्यान दिया जाएगा, जिन्होंने पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक तरीकों के साथ जोड़कर अपनी आजीविका बेहतर बनाई है और ग्रामीण भारत में नए अवसर पैदा किए हैं।
इस सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 20 किसान भी अपनी सफलता और संघर्ष की कहानियां साझा करेंगे। वे अपने खेतों में हासिल की गई उपलब्धियों और चुनौतियों से पार पाने के अनुभवों को अपनी भाषा और अपने अंदाज में लोगों के सामने रखेंगे।
इससे पहले वह कंपनी में प्रेजिडेंट और हेड ऑफ कॉरपोरेट प्लानिंग एंड ग्रुप स्ट्रैटेजी के पद पर कार्यरत थे।
by
Samachar4media Bureau
कार्तिकेय जोशी को Uno Minda में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह कंपनी में प्रेजिडेंट और हेड ऑफ कॉरपोरेट प्लानिंग एंड ग्रुप स्ट्रैटेजी के पद पर कार्यरत थे।
कार्तिकेय जोशी को ऑटोमोटिव और हेल्थ-टेक सेक्टर में काम करने का 20 साल से ज्यादा का अनुभव है।
अपने करियर के दौरान उन्होंने Curo Healthcare, Bosch Chassis Systems Controls India, Philips और Robert Bosch Engineering and Business Solutions जैसी कंपनियों में भी विभिन्न पदों पर काम किया है।