होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / उदय शंकर ने बताया, बुलंदियों तक पहुंचने में कैसे काम आईं पत्रकार के रूप में मिली ये 'सीख'
उदय शंकर ने बताया, बुलंदियों तक पहुंचने में कैसे काम आईं पत्रकार के रूप में मिली ये 'सीख'
वेनेट यूनिवर्सिटी के पहले दीक्षांत समारोह में उदय शंकर को दी गई डॉक्टरेट की मानद उपाधि
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘स्टार’ (Star) और ‘डिज्नी इंडिया’ (Disney India) के चेयरमैन और ‘द वॉल्ट डिज्नी कंपनी एशिया पैसिफिक’ (The Walt Disney Company Asia Pacific) के प्रेजिडेंट उदय शंकर के नाम एक और खास उपलब्धि जुड़ गई है। दरअसल, ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ ग्रुप की ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट यूनिवर्सिटी (BENNETT UNIVERSITY) ने उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया है।
शनिवार को हुए यूनिवर्सिटी के पहले वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि उदय शंकर को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Honoris Causa) से सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उदय शंकर ने अपनी सफलता के सूत्र भी साझा किए।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उदय शंकर ने बताया कि कैसे एक पत्रकार के रूप में उन्हें तमाम तरह के अनुभव हुए थे और रिस्क लेने की आदत पड़ी। मैनेजमेंट के क्षेत्र में आने पर पत्रकारिता के दौरान सीखे गए यही गुर उनकी सफलता के फॉर्मूले में तब्दील हो गए। उन्होंने कहा,‘टाइम्स स्कूल ऑफ जर्नलिज्म (TSJ) में नौ महीने के प्रशिक्षण के साथ ही कुछ साल मैंने इस संस्थान में काम किया और इस दौरान मुझे अच्छी पत्रकारिता सीखने के साथ ही अच्छे पत्रकारों के साथ काम करने का मौका मिला।’
उदय शंकर का यह भी कहना था, ‘पत्रकारिता में आप चीजों को बारीकी से परखना सीखते हैं। इसके अलावा पत्रकारिता से ही मैने सवाल पूछने की ताकत को समझा और मुझे महसूस हुआ कि सवाल तो काफी मौलिक और साधारण थे, लेकिन उत्तर नहीं। पत्रकारिता में कई लोगों ने अपना खास मुकाम हासिल किया है, उसकी वजह यही है कि उन्होंने सवाल पूछने की कला समझी और सही सवाल पूछे।’
उदय शंकर ने बताया कि कैसे टाइम्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और बेनेट यूनिवर्सिटी के चांसलर विनीत जैन से उन्हें विनम्रता का गुर सीखने को मिला। उदय शंकर ने कहा, ‘आपके चांसलर ने मुझे एक बहुत ही दिलचस्प बात सिखाई थी कि कभी भी अपने आप को ज्यादा सीरियसली मत लो, क्योंकि कितनी भी बड़ी हेडलाइन हो, वो 24 घंटे बाद अप्रासंगिक हो जाती है।’
उन्होंने कहा, ‘जिंदगी और आप हेडलाइंस की तरह हैं। आज आप काफी महत्वपूर्ण हैं। आज मैं जीते हैं, आज में काम कर रहे हैं, आज पर फोकस कर रहे हैं, लेकिन आने वाले कल को भूल जाते हैं। मैंने हमेशा अपनी जिंदगी में ये सिद्धांत अपनाए हैं और मैंने वह दौर भी देखा है, जो पत्रकारों की जिंदगी का अहम हिस्सा है।’
बता दें कि इंडियन टीवी इंडस्ट्री में ‘स्टार इंडिया’ के सीईओ जैसे प्रतिष्ठित पद पर पहुंचने से पूर्व उदय शंकर ने अपना करियर ‘टाइम्स ऑफ’ इंडिया में बतौर पत्रकार शुरू किया था। वह ‘टाइम्स स्कूल ऑफ जर्नलिज्म (TSJ) के छात्र भी रह चुके हैं।
Mr. Uday Shankar ( @ushanx ), President, The Walt Disney Company APAC & Chairman, Star & Disney India was the Chief Guest at @bennettuniv First Annual #Convocation Ceremony today. The University conferred the degree of Doctor of Philosophy (Honoris Causa) upon Mr. Uday Shankar. pic.twitter.com/hkxQG7uWnm
— Bennett University (@bennettuniv) July 27, 2019
टैग्स उदय शंकर बेनेट यूनिवर्सिटी डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी