होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अपनी इस खबर के लिए ‘टीवी9 भारतवर्ष’ को जताना पड़ा खेद
अपनी इस खबर के लिए ‘टीवी9 भारतवर्ष’ को जताना पड़ा खेद
सोशल मीडिया पर चैनल को करना पड़ रहा है आलोचनाओं का सामना
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
अब इसे सोशल मीडिया का प्रभाव कहें या ब्रेक करने की जल्दबाजी कि मीडिया संस्थान सत्यता जांचे बिना ही खबर चला देते हैं और बाद में शर्मिंदा होना पड़ता है। हिंदी चैनल ‘टीवी9 भारतवर्ष’ के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। चैनल ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक विडियो को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायकों से जोड़ते हुए एक न्यूज पैकेज तैयार किया था, इसके अलावा अपनी वेबसाइट पर भी उसे चस्पा कर दिया था। यह बात जब पार्टी तक पहुंची तो उसके नेता भड़क गए, जिसके बाद चैनल को खेद जताना पड़ा।
यदि ‘टीवी9 भारतवर्ष’ की टीम विडियो और उसमें किये गए दावों की सच्चाई पता लगाने का प्रयास करती तो उसे इस तरह शर्मिंदा न होना पड़ता। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक विडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ नेताओं को मणिपुर की युवतियों के साथ अश्लील डांस करते दिखाया गया है। इस विडियो के संबंध में दावा किया गया है कि उक्त नेता बिहार के विधायक हैं और मणिपुर में स्टडी टूर पर गए हैं। इसी के आधार पर ‘टीवी9 भारतवर्ष’ ने अपने न्यूज पैकेज के साथ ट्वीट किया कि ‘RJD विधायक यदुवंश यादव मणिपुर में लड़कियों के साथ मना रहे थे रंगरेलिया, विडियो वायरल’। चैनल के इस ट्वीट के बारे में जैसे ही राजद को पता चला, उसकी तरफ से तुरंत आपत्ति जताई गई।
पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से चैनल के कंसल्टिंग एडिटर अजित अंजुम को लिखा गया ‘ये भेड़चाल पत्रकारिता छोड़िए। विडियो में दिख रहा व्यक्ति राजद विधायक नहीं है। यदुवंशजी तो बुजुर्ग विधायक हैं। @ajitanjum जी तहकीकात करवाइये। सत्यता वेरिफ़ाई करवाये बिना किसी का काल्पनिक चरित्रहनन करना कौन सी पत्रकारिता है? अगर एमएलए साहब ने चैनल पर मानहानि का मुकदमा किया तो?’ इसके बाद ‘टीवी9 भारतवर्ष’ ने अपनी गलती पर खेद जताया।
चैनल ने अपने जवाबी ट्वीट में लिखा, ‘कई वेबसाइट और चैनल पर चलने के बाद यह खबर हमारे यहां भी चली, लेकिन बाद में कहा गया कि राजद विधायक उस विडियो में नहीं हैं। @tv9bharatvarsh इस भूल के लिए खेद व्यक्त करता है।’ इतना ही नहीं, जिस ट्वीट और न्यूज पैकेज पर राजद की तरफ से आपत्ति जताई गई थी, उसे भी तत्काल डिलीट कर दिया गया।
हालांकि, ट्वीट हटाने के बाद भी सोशल मीडिया पर चैनल की आलोचना बंद नहीं हुई। आकाश नामक यूजर ने लिखा, ‘क्या ट्वीट डिलीट कर देने भर से आपकी जिम्मेदारी पूरी हो जाएगी? आप लोग पत्रकारिता कर रहे हैं या चाटुकारिता? पत्रकार का मतलब तक आपको शायद पता नहीं है। जो वॉट्सऐप पर आया वो छाप दिया अपने चैनल पर? क्या आपकी पत्रकारिता है। @TV9Bharatvarsh आप में औऱ @amitmalviya में क्या अंतर’?
इसी तरह नेहा बिस्बास ने ट्वीट किया ‘@TV9Bharatvarsh ने @RJDforIndia के विधायक पर झूठा आरोप लगाया और विरोध करने पर ट्वीट डिलीट कर दिया। सवाल यह है कि इसने दुबारा ट्वीट कर माफी क्यों नहीं मांगी और क्यों नहीं BJP-JDU नेता का नाम आया? @RJDforIndia नेता को ऐसी न्यूज एजेंसी पर मानहानि का केस दर्ज कर देना चाहिए’। वैसे यह खबर एक स्थानीय समाचारपत्र में भी छपी थी, संभव है कि यही ध्यान में रखते हुए टीवी9 भारतवर्ष ने उसे चला दिया, फिर भी खबर की सत्यता की जांच तो जरूरी थी।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स टीवी9 भारतवर्ष राजद विधायक यदुवंश यादव