होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TV Today Network ने इस न्यूज पोर्टल पर लगाए गंभीर आरोप, मांगा दो करोड़ का हर्जाना
TV Today Network ने इस न्यूज पोर्टल पर लगाए गंभीर आरोप, मांगा दो करोड़ का हर्जाना
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट में दर्ज कराए गए इस मामले में 28 अक्टूबर को सुनवाई हो सकती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘इंडिया टुडे’ (India Today) और ‘आजतक’ (Aajtak) न्यूज चैनल्स के स्वामित्व वाले ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (TV Today Network) ने ‘न्यूजलांड्री’ (News Laundry) न्यूज पोर्टल, इसके प्रबंधन और वरिष्ठ संपादकीय सहयोगियों के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। इसके साथ ही ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ ने अपने न्यूज एंकर्स, मैनेजमेंट और एंप्लॉयीज को ‘बदनाम’ करने के लिए क्षतिपूर्ति के रूप में दो करोड़ रुपये से ज्यादा का हर्जाना मांगा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट में दर्ज कराए गए इस मामले में 28 अक्टूबर को सुनवाई हो सकती है। दर्ज मुकदमे में ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ ने आरोप लगाया है कि न्यूजलॉन्ड्री ने अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विभिन्न वीडियो अपलोड किए हैं, जिनमें उसने ‘टीवी टुडे’ नेटवर्क’ के कॉपीराइट का उल्लंघन किया है। इसके साथ ही दुर्भावनापूर्ण रूप से मीडिया ग्रुप के मैनेजमेंट और इसके द्वारा संचालित चैनल्स की न्यूज, रिपोर्टिंग और न्यूज एंकर्स के बारे में असत्य, अनुचित और अपमानजनक टिप्पणी की है।
यह भी आरोप है कि न्यूजलॉन्ड्री ने उसके (टीवी टुडे नेटवर्क के) द्वारा तैयार अथवा प्रसारित तमाम मूल कार्यक्रमों के अधिकांश हिस्सों को दोबारा से तैयार अथवा पब्लिश किया है, जो कॉपीराइट का उल्लंघन है। ‘टीवी टुडे’ नेटवर्क’ द्वारा दर्ज कराए गए केस में न्यूजलॉन्ड्री मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के अलावा, इसके सह-संस्थापक अभिनंदन सेखरी, निदेशक प्रशांत सरीन, निदेशक रूपक कपूर, कार्यकारी संपादक मनीषा पांडे, संवाददाता आयुष तिवारी, स्तंभकार हृदयेश जोशी और कार्यकारी संपादक अतुल चौरसिया व रमन कृपाल को प्रतिवादी बनाया गया है।
वहीं, न्यूजलॉन्ड्री के सह-संस्थापक और मामले में प्रतिवादियों में से एक, सेखरी ने कहा कि किसी के बारे में रिपोर्ट करना मानहानिकारक नहीं है। उनका कहना है कि यदि कोई न्यूज वेबसाइट न्यूज की आलोचना करने, उस पर टिप्पणी करने या उसका विश्लेषण करने के लिए किसी अन्य मीडिया संस्थान की फुटेज का उपयोग करती है, तो यह कॉपीराइट उल्लंघन का मामला नहीं है। इस तरह की शिकायतों के पीछे की मंशा उन्हें काम करने से रोकना है।
इसके साथ ही सेखरी ने कहा है कि इंडिया टुडे के बार-बार कॉपीराइट उल्लंघन के आरोपों के बाद उनके यूट्यूब चैनल को फ्रीज कर दिया गया है। इस बारे में पोर्टल की ओर से यूट्यूब को जवाब भेज दिया गया है। सेखरी के अनुसार, ‘शुक्रवार को उनकी इस मामले पर यूट्यूब से बातचीत हुई थी, जिसमें यूट्यूब ने कहा कि उन्होंने अन्य पक्ष को जवाब भेज दिया है और इसके बाद ही चैनल को रिस्टोर करने में लगभग दस दिन का समय लग सकता है।’ बता दें कि ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ से पहले ‘न्यूजलॉन्ड्री’ पर ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड’ (BCCL) यानी ‘टाइम्स ग्रुप’ द्वारा भी 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।
टैग्स टीवी टुडे नेटवर्क मानहानि न्यूजलॉन्ड्री दो करोड़ अभिनंदन सेखरी