एंटरटेनमेंट नेटवर्क इंडिया लिमिटेड (ENIL) में 1 सितंबर 2026 से बड़ा बदलाव हुआ है। Times Horizon Private Limited (THPL) अब ENIL की नई प्रमोटर बन गई है।
by
Vikas Saxena
एंटरटेनमेंट नेटवर्क इंडिया लिमिटेड (ENIL) में 1 सितंबर 2026 से बड़ा बदलाव हुआ है। Times Horizon Private Limited (THPL) अब ENIL की नई प्रमोटर बन गई है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि एक योजना के तहत Bennett, Coleman & Company Limited (BCCL) के गैर-प्रकाशन कारोबार को Times Horizon में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस कारोबार में ENIL में BCCL की हिस्सेदारी भी शामिल थी।
इस बदलाव के बाद Times Horizon ने ENIL के 71.15 फीसदी इक्विटी शेयर और वोटिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही वह ENIL की प्रमोटर बन गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह बदलाव BCCL और Times Horizon के बीच हुई कंपोजिट स्कीम ऑफ अरेंजमेंट के तहत हुआ है। यह योजना 1 सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। यह व्यवस्था कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 230 से 232 और दूसरे लागू नियमों के तहत की गई है।
इस योजना के तहत BCCL के गैर-प्रकाशन कारोबार (Non-Publishing Business) को अलग करके Times Horizon में ट्रांसफर कर दिया गया है। इस कारोबार को EIBME Business कहा गया है। इसमें शिक्षा, निवेश, प्रसारण, मीडिया, मनोरंजन और इससे जुड़े दूसरे कारोबार शामिल हैं।
खास बात यह है कि इस कारोबार के साथ ENIL में BCCL की शेयर हिस्सेदारी भी Times Horizon को ट्रांसफर हो गई है।
ENIL में 71.15% हिस्सेदारी अब Times Horizon के पास
योजना लागू होने के बाद Times Horizon ने ENIL के 71.15 फीसदी शेयर और वोटिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं। यही वजह है कि अब Times Horizon को ENIL का प्रमोटर माना जाएगा। ENIL रेडियो कारोबार में Radio Mirchi ब्रांड के लिए जानी जाती है। कंपनी के प्रमोटर ढांचे में यह बदलाव Times Group के कारोबार के पुनर्गठन का हिस्सा है।
BCCL के शेयरधारकों को क्या मिला?
इस पुनर्गठन के बदले Times Horizon ने BCCL के शेयरधारकों को भी शेयर जारी किए हैं। योजना के मुताबिक, BCCL के हर 1 शेयर के बदले Times Horizon का 1 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर जारी किया गया है। इन शेयरों की फेस वैल्यू ₹10 प्रति शेयर है। इसके अलावा Sanma Properties Limited को 2,86,955 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर तरजीही आधार पर जारी किए गए हैं।
Times Horizon में 50.05% वोटिंग अधिकार पर इनकी पकड़
इस योजना के बाद Sanma Properties Limited, Arth Udyog Limited, TM Investments Limited, Vineet Jain और Bharat Nidhi Limited Times Horizon में एक साथ काम करेंगे। इनके पास Times Horizon में कुल मिलाकर 50.05 फीसदी वोटिंग अधिकार हैं। यानी इन मौजूदा शेयरधारकों की Times Horizon में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी और वोटिंग ताकत बनी रहेगी।
1 सितंबर से लागू हुई योजना
BCCL और Times Horizon ने कंपनी को बताया है कि यह पूरी योजना 1 सितंबर 2026 को प्रभावी हो गई है। इसके साथ ही BCCL का संबंधित गैर-प्रकाशन कारोबार और ENIL में उसकी हिस्सेदारी Times Horizon में चली गई है। इसका सीधा असर ENIL के प्रमोटर ढांचे पर पड़ा है और Times Horizon अब ENIL की प्रमोटर कंपनी बन गई है।
इससे पहले वह यहां चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत थे और स्पोर्ट्स टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
by
Samachar4media Bureau
दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण.कॉम (Jagran.com) में कार्यरत अभिषेक निगम को पदोन्नति मिली है। प्रमोशन के बाद उन्हें डिप्टी एडिटर बनाया गया है। वह इस वेबसाइट में पूरे खेल सेक्शन की जिम्मेदारी संभालते हैं।
मूल रूप से इंदौर के रहने वाले अभिषेक निगम दिसंबर 2022 से इस संस्थान के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत थे और खेल डेस्क का नेतृत्व कर रहे थे। संस्थान में उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
करीब 12 वर्षों के मीडिया अनुभव वाले अभिषेक निगम ने अपने करियर के दौरान कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। इनमें नईदुनिया.कॉम, स्पोर्ट्सकीड़ा, अमर उजाला (AUW) और टाइम्स नाउ शामिल हैं।
शिक्षा की बात करें तो अभिषेक निगम ने इंदौर स्थिति देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) से मास कम्युनिकेशन में पीजी किया है। समाचार4मीडिया की ओर से अभिषेक निगम को नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs ने अपनी एक सहायक कंपनी Argoid Analytics Private Limited को बंद कर दिया है।
by
Vikas Saxena
मीडिया टेक्नोलॉजी कंपनी Amagi Media Labs ने अपनी एक सहायक कंपनी Argoid Analytics Private Limited को बंद कर दिया है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि Argoid Analytics के स्वैच्छिक परिसमापन की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 को पूरी हो गई।
Argoid Analytics, Amagi Media Labs की पूरी तरह से स्वामित्व वाली सहायक कंपनी थी। इसे बंद करने की मंजूरी नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT), बेंगलुरु बेंच ने दी थी। इसके बाद रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) ने भी इसे अपने रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया।
कंपनी के कारोबार पर नहीं होगा असर
Amagi ने कहा है कि Argoid Analytics कोई महत्वपूर्ण सहायक कंपनी नहीं थी। इसलिए इसे बंद करने का Amagi के कारोबार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
कंपनी के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक Argoid Analytics का Amagi के कारोबार में कोई योगदान नहीं था। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का टर्नओवर या आय शून्य थी। वहीं, Amagi की नेटवर्थ में भी Argoid Analytics का योगदान शून्य था।
नवंबर 2025 में शुरू हुई थी प्रक्रिया
Argoid Analytics को बंद करने की प्रक्रिया 17 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी। खास बात यह है कि यह प्रक्रिया Amagi Media Labs के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले ही शुरू हो गई थी। Amagi ने इस बारे में जानकारी 19 जनवरी 2026 को जारी अपने प्रॉस्पेक्टस में भी दी थी। अब 31 अगस्त को परिसमापन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ Argoid Analytics को आधिकारिक तौर पर भंग कर दिया गया है।
Amagi को नहीं मिली कोई रकम
कंपनी ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत Amagi को कोई रकम नहीं मिली है। यह किसी कंपनी को बेचने का सौदा नहीं था, इसलिए इसमें किसी खरीदार का मामला भी नहीं है। Amagi ने यह जानकारी सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत BSE और NSE को दी है।
देश की बड़ी मल्टीप्लेक्स कंपनी PVR INOX ने अपने शेयरधारकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। कंपनी के बोर्ड ने ₹300 करोड़ तक के शेयर बायबैक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
by
Vikas Saxena
देश की बड़ी मल्टीप्लेक्स कंपनी PVR INOX ने अपने शेयरधारकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। कंपनी के बोर्ड ने ₹300 करोड़ तक के शेयर बायबैक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत कंपनी अधिकतम 20,68,965 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर (fully paid-up equity shares) वापस खरीदेगी।
कंपनी इन शेयरों को ₹1,450 प्रति शेयर की कीमत पर खरीदेगी। यह कीमत कंपनी के मौजूदा बाजार भाव से काफी ज्यादा है। बायबैक के लिए कंपनी टेंडर ऑफर का रास्ता अपनाएगी।
मौजूदा भाव से करीब 18% ज्यादा है बायबैक कीमत
PVR INOX के शेयर मंगलवार सुबह करीब 9:29 बजे ₹1,226.30 के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस दौरान शेयर में करीब 1.54 फीसदी की तेजी थी। ऐसे में ₹1,450 का बायबैक भाव मौजूदा बाजार कीमत से करीब 18 फीसदी ज्यादा है।
मंगलवार को शेयर ने ₹1,244 पर कारोबार की शुरुआत की और दिन के दौरान ₹1,244 का ऊपरी स्तर और ₹1,224.40 का निचला स्तर छुआ।
4 सितंबर है रिकॉर्ड डेट
PVR INOX ने बायबैक में हिस्सा लेने वाले शेयरधारकों की पात्रता तय करने के लिए 4 सितंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट के तौर पर तय किया है। यानी इस तारीख के आधार पर यह तय होगा कि कौन से शेयरधारक बायबैक में हिस्सा लेने के योग्य होंगे और उन्हें कितने शेयर वापस बेचने का अधिकार मिलेगा।
कंपनी के मुताबिक, प्रस्तावित बायबैक उसके पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर पूंजी और फ्री रिजर्व के कुल मूल्य का करीब 4.09 फीसदी है। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड कंसोलिडेटेड वित्तीय आंकड़ों के आधार पर यह अनुपात करीब 4.07 फीसदी है।
प्रमोटर भी बायबैक में लेंगे हिस्सा
PVR INOX ने बताया कि कंपनी के प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों ने भी प्रस्तावित बायबैक में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है। कंपनी के बोर्ड ने इस इरादे को संज्ञान में लिया है। बायबैक की पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए कंपनी ने एक बायबैक कमेटी भी बनाई है। इस कमेटी को लेनदेन से जुड़े जरूरी फैसले लेने और प्रक्रिया को पूरा करने के अधिकार दिए गए हैं।
बायबैक की बढ़ सकती है कीमत
कंपनी ने यह भी बताया है कि बोर्ड या बायबैक कमेटी जरूरत पड़ने पर ₹1,450 प्रति शेयर की बायबैक कीमत को बढ़ा सकती है। हालांकि, ऐसा करने पर बायबैक में खरीदे जाने वाले शेयरों की संख्या कम की जा सकती है। यह बदलाव रिकॉर्ड डेट से एक कार्यदिवस पहले तक किया जा सकता है। हालांकि, बायबैक का कुल आकार ₹300 करोड़ से ज्यादा नहीं होगा और यह सेबी के लागू नियमों के तहत किया जाएगा।
₹300 करोड़ में ये खर्च शामिल नहीं
PVR INOX ने साफ किया है कि ₹300 करोड़ की बायबैक राशि में लेनदेन से जुड़े दूसरे खर्च शामिल नहीं हैं। इनमें ब्रोकरेज, टैक्स, सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स, जीएसटी, स्टांप ड्यूटी, फाइलिंग फीस, कानूनी और सलाहकार शुल्क तथा अन्य संबंधित खर्च शामिल हैं।
कंपनी ने बायबैक के लिए DAM Capital Advisors Ltd को मैनेजर नियुक्त किया है। वहीं, कंपनी के कंपनी सेक्रेटरी मुरली मनोहर जैन को इस बायबैक के लिए अनुपालन अधिकारी बनाया गया है।
PVR INOX के शेयर ने दिया अच्छा रिटर्न
बायबैक का ऐलान ऐसे समय हुआ है जब PVR INOX के शेयर ने हाल के महीनों में अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले एक महीने में शेयर करीब 7.74 फीसदी चढ़ा है, जबकि छह महीने में इसमें 20.99 फीसदी की तेजी आई है।
साल 2026 की शुरुआत से अब तक शेयर करीब 20.91 फीसदी ऊपर है। पिछले एक साल में भी इसमें करीब 9.86 फीसदी की बढ़त हुई है। हालांकि, पांच साल की अवधि में शेयर का रिटर्न अभी भी -15.02 फीसदी है। PVR INOX के शेयर का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर ₹1,284.50 और निचला स्तर ₹907.40 है। मौजूदा भाव पर शेयर अपने 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर के काफी करीब कारोबार कर रहा है। वहीं, कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब ₹11,989 करोड़ है।
प्रीति खुल्लर को प्रॉक्टर एंड गैंबल में डायरेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। वह कंपनी में ऑपरेशंस और सप्लाई चेन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालती रही हैं।
by
Samachar4media Bureau
प्रीति खुल्लर (Preeti Khullar) को प्रॉक्टर एंड गैंबल (Procter & Gamble) में डायरेक्टर (Director) के पद पर पदोन्नति मिली है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) के जरिए अपनी नई भूमिका की जानकारी साझा की।
इस पदोन्नति से पहले प्रीति खुल्लर कंपनी की फैब्रिक लिक्विड्स बिजनेस यूनिट (Fabric Liquids Business Unit) में सीनियर मैनेजर – कैपेसिटी एक्सपेंशन एंड लॉन्च लीडर (Senior Manager – Capacity Expansion & Launch Leader) के तौर पर काम कर रही थीं।
प्रीति खुल्लर ने साल 2018 में प्रॉक्टर एंड गैंबल के साथ अपने करियर की शुरुआत ऑपरेशंस मैनेजर – फेम केयर बिजनेस यूनिट (Operations Manager – Fem Care Business Unit) के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने कंपनी में अलग-अलग वरिष्ठ पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं और अपने अनुभव के आधार पर आगे बढ़ती रहीं।
उनके पास प्रोसेस और सप्लाई चेन लीडरशिप (Process and Supply Chain Leadership) के क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है। उनके पेशेवर अनुभव में मैन्युफैक्चरिंग (Manufacturing), सोर्सिंग (Sourcing), ऑटोमेशन (Automation), सप्लाई चेन ऑपरेशंस (Supply Chain Operations) और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग (Contract Manufacturing) जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
प्रॉक्टर एंड गैंबल से पहले प्रीति खुल्लर इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (Indian School of Business) और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries Limited) के साथ भी काम कर चुकी हैं।
नई भूमिका में वह अपने ऑपरेशनल और सप्लाई चेन अनुभव का इस्तेमाल करते हुए नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगी। मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन से जुड़े क्षेत्रों में उनका लंबा अनुभव उनकी नई भूमिका में महत्वपूर्ण रहेगा।
इससे पहले वह यहां डिप्टी न्यूज एडिटर (DNE) के तौर पर कार्यरत थे और उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
by
Samachar4media Bureau
दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण.कॉम (Jagran.com) में कार्यरत नितेश श्रीवास्तव को पदोन्नति मिली है। प्रमोशन के बाद उन्हें एसोसिएट एडिटर बनाया गया है। साथ ही, उन्हें जागरण की हाइपरलोकल टीम की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
मूल रूप से वाराणसी के रहने वाले नितेश श्रीवास्तव जनवरी 2023 से इस संस्थान के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह डिप्टी न्यूज एडिटर (DNE) के तौर पर कार्यरत थे और उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की टीम का नेतृत्व कर रहे थे। संस्थान में उनके योगदान और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
करीब 16 वर्षों के मीडिया अनुभव वाले नितेश श्रीवास्तव ने अपने करियर के दौरान कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। इनमें टोटल टीवी, नवोदय टाइम्स, अमर उजाला (AUW), एनडीटीवी कंवर्जेंस, जनसत्ता डिजिटल और India.com Hindi शामिल हैं।
शिक्षा की बात करें तो नितेश श्रीवास्तव ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से नितेश श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण.कॉम (Jagran.com) की एडिटोरियल टीम में रूही परवेज़ को प्रमोशन मिला है। इस संस्थान में वह करीब आठ साल से काम कर रही हैं।
by
Samachar4media Bureau
दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण.कॉम (Jagran.com) की एडिटोरियल टीम में रूही परवेज़ को प्रमोशन मिला है। उन्हें एडिटर-इंफो, फीचर एंड लाइफस्टाइल बनाया गया है। इस संस्थान में वह करीब आठ साल से काम कर रही हैं।
अपनी नई भूमिका में रूही जागरण के नॉन-न्यूज कंटेंट पोर्टफोलियो को देख रही हैं। इसमें स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट के साथ हरजिंदगी (HerZindagi) और ओनलीमायहेल्थ (OnlyMyHealth) शामिल हैं। इसके अलावा वह जागरण के एडिटोरियल ऑपरेशंस से भी जुड़ी हैं। इसमें अलग-अलग एडिटोरियल टीमों और फंक्शंस के साथ मिलकर बेहतर प्लानिंग और काम के सुचारु क्रियान्वयन पर फोकस करना शामिल है।
उनकी भूमिका में एडिटोरियल लीडरशिप के साथ कंटेंट और ऑडियंस स्ट्रैटेजी, टीम मैनेजमेंट और ऑपरेशंस भी शामिल हैं। वह एसईओ, प्रोडक्ट, मार्केटिंग और एनालिटिक्स जैसी टीमों के साथ भी काम करती हैं। इसका उद्देश्य ऑडियंस के व्यवहार को समझना और कंटेंट की परफॉर्मेंस व पहुंच को मजबूत करना है। वह पूर्व की तरह जागरण डिजिटल के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडेय को रिपोर्ट कर रही हैं।
रूही परवेज़ ने जुलाई 2018 में जागरण न्यू मीडिया में डिप्टी एडिटर के तौर पर काम शुरू किया था। अक्टूबर 2023 में वह एसोसिएट एडिटर बनीं। अप्रैल 2025 में उन्होंने असिस्टेंट जनरल मैनेजर की भूमिका संभाली और जुलाई 2026 से वह एडिटर के पद पर हैं।
इससे पहले उन्होंने नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड में फरवरी 2017 से जुलाई 2018 तक डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर काम किया। इससे पहले हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल स्ट्रीम्स में मार्च 2010 से जनवरी 2016 तक अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया। रूही ने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत वॉयस ऑफ इंडिया में मई 2008 में स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर की थी और दिसंबर 2009 तक वहां काम किया।
खेल पत्रकारिता रूही के करियर का एक अहम हिस्सा रही है। जागरण.कॉम में अपने सफर के दौरान उन्होंने खेल से आगे बढ़कर लाइफस्टाइल, हेल्थ और एंटरटेनमेंट जैसी प्रमुख कंटेंट कैटेगरी में भी काम किया। इस दौरान उन्हें अलग-अलग तरह के ऑडियंस, कंटेंट स्ट्रैटेजी और एडिटोरियल टीमों के साथ काम करने का अनुभव मिला।
डिजिटल पत्रकारिता में लंबे अनुभव के दौरान रूही ने इस माध्यम में हुए बदलावों को करीब से देखा है। उनका फोकस मजबूत एडिटोरियल जजमेंट के साथ यह समझने पर भी है कि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर ऑडियंस कंटेंट को किस तरह खोजती और देखती है।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो रूही परवेज़ ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स में बीए किया है। इसके बाद उन्होंने भारतीय विद्या भवन से मास कम्युनिकेशन/मीडिया स्टडीज में मास्टर्स की डिग्री ली है। समाचार4मीडिया की ओर से रूही परवेज़ को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
भारत उन देशों में शामिल है जहां बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक को लेकर समर्थन अपेक्षाकृत ज्यादा है। इंडोनेशिया में 90 फीसदी लोगों ने इसका समर्थन किया।
by
Samachar4media Bureau
भारत में 14 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर व्यापक रोक को लेकर लोगों का समर्थन बढ़ता दिख रहा है। इप्सोस (Ipsos) के एजुकेशन मॉनिटर 2026 के अनुसार, सर्वे में शामिल 78 फीसदी भारतीय वयस्क इस बात से सहमत हैं कि 14 साल से कम उम्र के बच्चों को स्कूल के अंदर और बाहर सोशल मीडिया इस्तेमाल करने से रोका जाना चाहिए। वहीं 20 फीसदी लोगों ने इससे असहमति जताई।
भारत में समर्थन का यह स्तर 31 देशों के औसत 73 फीसदी से पांच प्रतिशत अंक ज्यादा है। खास बात यह है कि पिछले साल भारत में इस प्रस्ताव को 68 फीसदी लोगों का समर्थन मिला था। यानी एक साल में समर्थन में 10 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।
इप्सोस के सर्वे में 31 देशों के 23,537 ऑनलाइन वयस्कों को शामिल किया गया। इन लोगों की उम्र 75 साल से कम थी और सर्वे 19 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच किया गया।
भारत उन देशों में शामिल है जहां बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक को लेकर समर्थन अपेक्षाकृत ज्यादा है। इंडोनेशिया में 90 फीसदी लोगों ने इसका समर्थन किया, जबकि मलेशिया में यह आंकड़ा 83 फीसदी, फ्रांस में 82 फीसदी और इटली में 81 फीसदी रहा।
दक्षिण अफ्रीका, कोलंबिया और स्पेन में 79 फीसदी समर्थन दर्ज हुआ। मैक्सिको और भारत दोनों में यह आंकड़ा 78 फीसदी रहा। वहीं जर्मनी में समर्थन सबसे कम 48 फीसदी रहा। थाईलैंड में 54 फीसदी, जापान में 63 फीसदी, ब्राजील में 67 फीसदी और अमेरिका में 69 फीसदी लोगों ने बच्चों के लिए ऐसी पाबंदी का समर्थन किया।
सर्वे के आंकड़े भले ही समर्थन की मजबूत तस्वीर दिखाते हों, लेकिन ऐसी पाबंदी को लागू करना आसान नहीं होगा। बच्चे अलग-अलग प्लेटफॉर्म के बीच आसानी से जा सकते हैं, गलत उम्र बताकर अकाउंट बना सकते हैं और ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं जिन्हें सीधे तौर पर सोशल मीडिया की श्रेणी में नहीं रखा जाता।
इसी वजह से उम्र की पुष्टि, प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी और नियमों को लागू कराने की व्यवस्था अहम होगी। दुनिया के जिन देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध या सीमाएं लगाने की कोशिश हुई है, वहां भी कानून बनाने के साथ उसके प्रभावी क्रियान्वयन को बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
समरजीत सिंह ने अपनी नई जिम्मेदारी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की।
by
Samachar4media Bureau
‘रिपब्लिक वर्ल्ड’ (Republic World) ने समरजीत सिंह को चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (ब्रैंडेड कंटेंट) नियुक्त किया है। समरजीत सिंह ने अपनी नई जिम्मेदारी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की।
लिंक्डइन पर उन्होंने लिखा, ‘मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने रिपब्लिक वर्ल्ड में चीफ रेवेन्यू ऑफिसर- ब्रैंडेड कंटेंट के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है।’
रिपब्लिक वर्ल्ड से जुड़ने से पहले समरजीत सिंह एकाया नेटवर्क (Ekaaya Network) में को-फाउंडर और सीईओ के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह ‘AI in Action’ के को-फाउंडर और ‘Mad Influence’ में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
समरजीत सिंह मीडिया इंडस्ट्री के अनुभवी पेशेवर हैं और उन्हें इस क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने मीडिया, डिजिटल और टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए नए कारोबार शुरू करने, इंडस्ट्री कम्युनिटी विकसित करने और मजबूत राजस्व मॉडल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एपीएक्स लग्जरी ने मेघना शर्मा को प्रेस्टिज इंडिया का संपादक नियुक्त किया है। लग्जरी मीडिया ब्रांड प्रेस्टिज अब भारत में अपना संस्करण लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।
by
Samachar4media Bureau
एपीएक्स लग्जरी (APX Luxury), जिसे पहले बर्डालग्जरी (BurdaLuxury) के नाम से जाना जाता था, ने मेघना शर्मा (Meghna Sharma) को प्रेस्टिज इंडिया (Prestige India) का संपादक नियुक्त किया है। अंतरराष्ट्रीय लग्जरी लाइफस्टाइल मीडिया ब्रांड प्रेस्टिज (Prestige) अब भारत में अपना संस्करण शुरू करने जा रहा है।
मेघना शर्मा को लाइफस्टाइल और लग्जरी पब्लिशिंग (Luxury Publishing) के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने लंबे करियर में वह द टाइम्स ऑफ इंडिया (The Times of India), एल'ऑफिशियल इंडिया (L’Officiel India), कॉस्मोपॉलिटन इंडिया (Cosmopolitan India), हार्पर्स बाजार (Harper’s Bazaar), ब्राइड्स टुडे (Brides Today), द वर्ड मैगजीन (The Word. Magazine) और मैनिफेस्ट (Manifest) जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशनों के साथ काम कर चुकी हैं।
भारत में प्रेस्टिज के विस्तार की तैयारी
एपीएक्स लग्जरी लिमिटेड (APX Luxury Limited) की इंडिया सेल्स एंड मार्केटिंग की कंट्री डायरेक्टर अनेशा सन्याल (Anesha Sanyal) ने मेघना शर्मा की नियुक्ति को लेकर कहा कि प्रेस्टिज ने एशिया में संस्कृति, लोगों, कारोबार और समकालीन जीवन के जरिए लग्जरी को देखने की अपनी अलग संपादकीय पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि भारत में इस दृष्टिकोण को सामने लाना मौजूदा समय में खास तौर पर प्रासंगिक है। उनके मुताबिक, भारत लग्जरी, डिजाइन, फैशन, हॉस्पिटैलिटी और संस्कृति से जुड़े वैश्विक विमर्श को तेजी से प्रभावित कर रहा है।
अनेशा सन्याल के अनुसार, भारतीय संपादकीय परिदृश्य की मेघना शर्मा की समझ प्रेस्टिज इंडिया को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके अनुभव से भारत में ब्रांड की संपादकीय दिशा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मेघना शर्मा ने जताई खुशी
अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर मेघना शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से प्रेस्टिज की संपादकीय शैली की प्रशंसक रही हैं। उनके मुताबिक, ब्रांड लग्जरी को केवल एक कैटेगरी के रूप में नहीं देखता, बल्कि इसे संस्कृति और महत्वाकांक्षा को समझने के एक नजरिए के तौर पर पेश करता है।
उन्होंने कहा कि भारत में इसी संपादकीय सोच को विकसित करना उनके लिए खास अनुभव होगा। मेघना के मुताबिक, भारत डिजाइन, शिल्प और कारोबार से जुड़े वैश्विक संवाद को लगातार प्रभावित कर रहा है।
प्रेस्टिज इंडिया के जरिए अब इसी बदलते भारतीय परिदृश्य को लग्जरी, संस्कृति और समकालीन जीवन के नजरिए से सामने लाने की तैयारी है। मेघना शर्मा की नियुक्ति को इसी विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
नवभारत टाइम्स, मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद अब यह कमान ललित वर्मा संभालने जा रहे हैं।
by
Samachar4media Bureau
नवभारत टाइम्स, मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद अब यह कमान ललित वर्मा संभालेंगे। उच्च पदस्थ सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर अभी घोषणा का इंतजार है। बता दें कि इससे पहले ललित वर्मा करीब तीन साल से नवभारत टाइम्स, मुंबई में डिप्टी रेजिडेंट एडिटर के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे।
यह भी पढ़ें: NBT मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर सेवानिवृत्त, अब नई पारी की तैयारी
ललित वर्मा पिछले करीब 19 वर्षों से टाइम्स ऑफ इंडिया समूह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सितंबर 2007 में नवभारत टाइम्स के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह नवभारत टाइम्स के एनसीआर संस्करण में कॉपी एडिटर, सीनियर कॉपी एडिटर और चीफ कॉपी एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।
मई 2014 में उन्हें सांध्य टाइम्स का संपादक बनाया गया था। करीब 10 वर्षों तक उन्होंने सांध्य टाइम्स के संपादक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद अगस्त 2023 में वह नवभारत टाइम्स, मुंबई में डिप्टी रेजिडेंट एडिटर के तौर पर जुड़े।
नवभारत टाइम्स से पहले ललित वर्मा दैनिक भास्कर समूह के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने यहां कॉपी एडिटर के रूप में विभिन्न डेस्क की जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय सहारा में जिला संवाददाता के तौर पर भी काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने हरियाणा से जिला समाचारों की रिपोर्टिंग की।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन/मीडिया स्टडीज में मास्टर डिग्री और जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा किया है। इसके अलावा उन्होंने अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य में भी मास्टर डिग्री हासिल की है। वह पत्रकारिता एवं जनसंचार में यूजीसी-नेट क्वालिफाइड हैं।
ललित वर्मा नवभारत टाइम्स के लिए लेखन भी करते रहे हैं। वह ‘कभी-कभी’ नाम से कॉलम लिखते रहे हैं। उनके लेख नवभारत टाइम्स के एडिट पेज पर प्रकाशित होते रहे हैं।