होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जल्द ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ समूह में शामिल हो सकते हैं सौरभ द्विवेदी
जल्द ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ समूह में शामिल हो सकते हैं सौरभ द्विवेदी
समाचार4मीडिया ने सबसे पहले खबर दी थी कि सौरभ द्विवेदी ‘इंडियन एक्सप्रेस’ समूह के साथ अपनी पारी शुरू कर सकते हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी के बारे में खबर है कि वह जल्द ही ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ (The Indian Express) समूह के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों ने हमारी सहयोगी वेबसाइट ‘एक्सचेंज4मीडिया’ (e4m) से इस खबर की पुष्टि की है।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, सौरभ द्विवेदी के लिए ऐसी भूमिका को लेकर बातचीत चल रही है, जो मुख्य रूप से हिंदी यूट्यूब कंटेंट पर केंद्रित होगी। इसके साथ ही उन्हें ग्रुप के इवेंट्स और पब्लिक एंगेजमेंट पहलों को आकार देने की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।
बता दें कि समाचार4मीडिया ने बुधवार को सबसे पहले खबर दी थी कि सौरभ द्विवेदी ‘इंडियन एक्सप्रेस’ समूह के साथ अपनी पारी शुरू कर सकते हैं।
सौरभ द्विवेदी ने ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह में पिछले दिनों अपनी करीब 12 साल पुरानी पारी को विराम दे दिया था। यहां वह इस समूह के डिजिटल न्यूज पोर्टल ‘द लल्लनटॉप’ (The Lallantop) और ‘इंडिया टुडे’ (हिंदी) में एडिटर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
इसके बाद से ही सौरभ द्विवेदी की नई पारी को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन अब खबर है कि वह ‘इंडियन एक्सप्रेस’ समूह जॉइन कर सकते हैं।
बता दें कि सौरभ द्विवेदी मूलरूप से उत्तर प्रदेश में उरई के रहने वाले हैं। कानपुर से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और फिर यहीं बस गए। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका आगाज 2007 में स्टार न्यूज के साथ इंटर्नशिप से हुआ। इंटर्नशिप पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ वक्त तक एक एस्ट्रो शो में काम किया और फिर ‘टाइम्स‘ समूह से जुड़ गए।
‘नवभारत टाइम्स’ में करीब तीन साल पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने के बाद सौरभ ने न्यूज एडिटर के रूप में ‘भास्कर‘ समूह का दामन थामा और यहां से उनकी सीधे ‘इंडिया टुडे‘ ग्रुप में एंट्री हुई, जहां से पिछले दिनों उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
टैग्स