होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / शमशेर सिंह की टीम में शामिल हुए मिहिर रंजन, नए चैनल में निभाएंगे बड़ी भूमिका
शमशेर सिंह की टीम में शामिल हुए मिहिर रंजन, नए चैनल में निभाएंगे बड़ी भूमिका
मिहिर रंजन इससे पहले एबीपी न्यूज के साथ जुड़े हुए थे, जहां उन्होंने कुछ महीने पहले ही एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट के पद से इस्तीफा दिया था
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार शमशेर सिंह एक बड़े बिजनेस हाउस का नया चैनल लॉन्च करने की कवायद में लगे हैं। बताया जाता है कि यह चैनल नोएडा से लॉन्च होगा और इसके साथ लोगों के जुड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में वरिष्ठ पत्रकार मिहिर रंजन भी अब इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ जुड़ गए हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों से पता चला है कि वह यहां कंसल्टिंग एडिटर की भूमिका निभाएंगे।
मिहिर रंजन इसके पहले एबीपी न्यूज के साथ जुड़े हुए थे, जहां उन्होंने कुछ महीने पहले ही एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट के पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद वह IIM, इंदौर में डिजिटल मीडिया का एक कोर्स करने चले गए थे। इस कोर्स के पूरा होने के बाद वह अब इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ जुड़ गए हैं। बता दें कि ABP न्यूज में वह करीब दो साल तक रहे। उन्होंने मई 2020 में बतौर आउटपुट हेड ‘एबीपी न्यूज’ जॉइन किया था।
मिहिर रंजन को विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ काम करने का लंबा अनुभव है। ’एबीपी न्यूज’ से पहले वह ’रिपब्लिक भारत’ (Republic Bharat) से जुड़े हुए थे। वह ‘रिपब्लिक टीवी’ की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा रहे हैं और ‘रिपब्लिक भारत’ में आउटपुट एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वह ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (TV Today Network) में भी अपनी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
‘टीवी टुडे नेटवर्क’ के साथ अपनी 13-14 साल की लंबी पारी के दौरान वह कई अहम प्रोग्राम भी कर चुके हैं। यही नहीं, मिहिर रंजन करीब पांच साल तक जानी-मानी न्यूज एजेंसी ‘यूएनआई’ (UNI) के साथ भी काम कर चुके हैं। इसमें करीब ढाई साल उन्होंने लखनऊ और करीब ढाई साल दिल्ली में बतौर रिपोर्टर और डेस्क पर अपनी जिम्मेदारी संभाली है।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले मिहिर रंजन ने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित मीडिया शिक्षण संस्थान ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (IIMC) से पढ़ाई की है। इसके साथ ही उन्होंने डिफेंस करेसपॉन्डेंट (Defence Correspondent) का कोर्स भी किया है।
टैग्स एबीपी न्यूज चैनल शमशेर सिंह मिहिर रंजन