होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / गुजरात पुलिस की हिरासत में रहे संपादक डॉ. राकेश पाठक, राजेश बादल ने जतायी नाराजगी
गुजरात पुलिस की हिरासत में रहे संपादक डॉ. राकेश पाठक, राजेश बादल ने जतायी नाराजगी
वरिष्ठ पत्रकार व ‘कर्मवीर’ पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. राकेश पाठक को गुजरात की अहमदाबाद पुलिस ने शनिवार को हिरासत में लिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
वरिष्ठ पत्रकार व ‘कर्मवीर’ पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ. राकेश पाठक को गुजरात की अहमदाबाद पुलिस ने शनिवार को हिरासत में लिया। हालांकि 6 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पाठक के मुताबिक, वह गांधी जयंती के अवसर पर साबरमती आश्रम में बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करने गए थे। वे साबरमती आश्रम के थोड़ी दूर एक होटल में रुके थे। लेकिन पुलिस को शायद संदेह था कि वह आश्रम में सत्याग्रह करने वाले थे। लिहाजा अहमदाबाद पुलिस ने उन्हें दो बार हिरासत में लिया। पहले सुबह 6.30 बजे उन्हें होटल से उठा ले गयी। करीब 5.30 घटें हिरासत में रखने के बाद दोपहर 12 बजे छोड़ दिया और फिर करीब 12.45 पर साबरमती आश्रम से दोबारा हिरासत में लिया और फिर करीब 2.45 पर छोड़ा।
उन्होंने इसका जिक्र अपनी फेसबुक वॉल पर किया है। उन्होंने कहा कि दो बार हिरासत में लेने की कोई वाजिब वजह पुलिस नहीं बता सकी। ऊपर से आदेश और इंटेलिजेंस इनपुट की बात कहती रही।
वहीं इस घटना को लेकर वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ने नाराजगी व्यक्त की है और एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया से इसकी निंदा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राकेश पाठक के साथ यह कैसा सुलूक है? गांधी का देश, गांधी का प्रदेश, गांधी का आश्रम, गांधी जयंती, साबरमती आश्रम को प्रणाम करने गए साथी वरिष्ठ, नवभारत और नई दुनिया के संपादक रहे, एडिटर्स गिल्ड के सदस्य पत्रकार डॉक्टर राकेश पाठक को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। एक बार नहीं, दो बार। यहां तक कि होटल से तड़के उठाया तो खादी के कपड़े भी नहीं पहनने दिए। उनका जुर्म यह था कि अभी तक उन्होंने साबरमती आश्रम नहीं देखा था तो गांधी जयंती पर वे महात्मा गांधी को प्रणाम करने वहां गए थे। अव्वल तो वहां सत्याग्रह करने का उनका कोई कार्यक्रम ही नही था। पुलिस को खुफिया सूत्रों से खबर लगी थी कि राकेश पाठक वहां सत्याग्रह करने वाले हैं। एक बारगी मान भी लीजिए कि था तो सत्याग्रह गांधी का ही प्रसाद इस देश को है। उनसे किसी को क्या खतरा था। गिल्ड से इसकी निंदा करने की अपेक्षा करता हूं।
टैग्स गुजरात डॉ. राकेश पाठक अहमदाबाद पुलिस