होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस वजह से संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज
इस वजह से संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज
एक न्यूज पोर्टल के संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
गुजरात के एक न्यूज पोर्टल के संपादक के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। 'फेस ऑफ नेशन' न्यूज पोर्टल के एडिटर धवल पटेल ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले पर रिपोर्ट करते हुए गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना जताई थी।
गुजरात पुलिस के अनुसार, धवल पटेल ने कथित तौर पर 7 मई को अपने पोर्टल पर एक खबर लिखी थी, जिसका शीर्षक था, 'मनसुख मंडाविया को हाईकमान ने बुलाया, गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना'। वहीं खबर में कहा गया था कि कि मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के कोरोना वायरस संकट से निपटने के तरीके से आलाकमान खुश नहीं है, लिहाजा रूपाणी के स्थान पर केंद्रीय मंत्री मंसुख मंडाविया को मुख्यमंत्री बना सकता है। मंडाविया केंद्रीय मंत्री और गुजरात से राज्यसभा सांसद हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद अपराध शाखा ने 'फेस ऑफ नेशन' न्यूज पोर्टल के संपादक धवल पटेल के खिलाफ शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 124-ए (राजद्रोह) और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं सहायक पुलिस आयुक्त बीवी गोहिल ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से पटेल को गिरफ्तार नहीं किया गया है, बल्कि हिरासत में लिया गया है और उन्हें कोरोना वायरस की जांच के लिए एसवीपी अस्पताल भेजा गया है।
फिलहाल एडिटर धवल पटेल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी पर पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि अगर कोई सरकार की लीडरशिप की आलोचना करे तो उस पर राजद्रोह के आरोप में केस दर्ज किया जाता है। कांग्रेस ने कहा कि अगर ऐसा है तो फिर बीजेपी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी के खिलाफ केस क्यों नहीं दर्ज किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि बीजेपी सरकार की यह हरकत कायरतापूर्ण है।
दरअसल स्वामी ने अपने ट्वीट में कहा था कि गुजरात में कोरोना वायरस के शिकार होने वालों की संख्या तभी नियंत्रित की जा सकती है जब आनंदीबेन की गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर वापसी हो।
#Gujarat is shocked at cowardly action of CM @vijayrupanibjp under whose direction #Gujaratpolice has arrested Editor of a local website #DhavalPatel under a non bailable clause. Rupani ji, if criticising your leadership is a crime, why not register a case against @Swamy39 also? pic.twitter.com/GwNAHWrzaL
— Shaktisinh Gohil (@shaktisinhgohil) May 11, 2020
टैग्स विजय रुपाणी कोविड 19 धवल पटेल गुजरात कांग्रेस