होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अंतरराष्ट्रीय संगठन ने की पत्रकार नेहा दीक्षित के लिए सुरक्षा की मांग, IWPC भी आया सामने
अंतरराष्ट्रीय संगठन ने की पत्रकार नेहा दीक्षित के लिए सुरक्षा की मांग, IWPC भी आया सामने
फ्रीलांस जर्नलिस्ट नेहा दीक्षित ने हाल ही में बताया था कि उन्हें पांच महीने से लगातार रेप, एसिड अटैक और मर्डर की धमकियां मिल रही हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
फ्रीलांस जर्नलिस्ट नेहा दीक्षित ने हाल ही में बताया था कि उन्हें पांच महीने से लगातार रेप, एसिड अटैक और मर्डर की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें कई अनजान नम्बरों से फोन भी आ रहा है और उनका पीछा भी किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया था कि 25 जनवरी को किसी ने उनके घर में भी घुसने की कोशिश की।
वहीं इस मामले पर अब इंडियन वीमन्स प्रेस कॉर्प्स (IWPC) सामने आई है और नेहा दीक्षित को मिल रही धमकियों पर चिंता जाहिर की है। IWPC ने अपने बयान में कहा इस मामले में अभी तक FIR दाखिल नहीं की गई है, जो कि हैरानी वाली बात है। IWPC ने यह भी कहा कि ऐसा दीक्षित को डराने और उन्हें अपने काम को पूरा करने से रोकने के लिए किया जा रहा है।
IWPC ने कहा, ‘ये उन्हें चुप कराने और उन तथ्यों को बाहर लाने से रोकने के लिए किया जा रहा है, जो सत्ता के खिलाफ हो सकते हैं। निश्चित रूप से, ये प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है और मीडिया पेशेवरों को चुप कराने की ठोस रणनीति है।’
IWPC ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से दीक्षित की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय मीडिया अधिकार संगठन रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) ने पत्रकार नेहा दीक्षित के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की और कहा कि उनके घर पर किसी के द्वारा घुसने के प्रयास को 'अलार्म सिग्नल' के तौर पर देखा जाना चाहिए।
दुनिया भर में प्रेस की आजादी पर नजर रखने वाली इस संस्था ने कहा कि हो सकता है कि घर में घुसने का प्रयास भले ही हल्की बात लग रही हो, लेकिन चूंकि दीक्षित ने यह भी खुलासा किया है कि उसे पिछले पांच महीनों से उन लोगों के धमकी भरे फोन आ रहे हैं, जो स्पष्ट तौर पर उसकी जासूसी कर रहे हैं और वे नेहा के बारे में पल-पल की खबर रखे हुए हैं और वे जानते हैं कि नेहा इस पल कहां है। यही बात ही सुरक्षा बलों से उसकी सुरक्षा करने को कहता है।
दीक्षित ने आरएसएफ से कहा, ‘एक बार जब मैं बालकनी पर गई, तो फोन करने वाले ने कहा, ओह! तो आप बालकनी पर खड़ी हैं। आपको लगता है कि आप एक महान रिपोर्टर हैं? मैं तुम्हारे चेहरे पर तेजाब फेंक दूंगा।’ दूसरी बार, उन्होंने कहा, ‘तुम्हारा पति घर पर नहीं है और तुम अपने दोस्तों के साथ हो? मैं आपका बलात्कार करूंगा और आपके नग्न शरीर को सड़क पर फेंक दूंगा।’
दीक्षित ने कहा कि उन्हें दिसंबर से एक दिन में पांच या छह कॉल मिलने लगीं। उन्होंने कहा, ‘दो या तीन अलग-अलग आवाजें हैं, लेकिन वे सैकड़ों की संख्या में कॉल कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि वे नहीं जानती कि यह घटना किस विशेष रिपोर्ट से ताल्लुक रखती है, लेकिन वे कहती हैं कि वे इतना जानती है कि यह उनके काम से ही संबंधित है और इस तरह से उनके काम को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फोन करने वाला बार-बार उन्हें रिपोर्टर-रिपोर्टर कहता है।
बता दें कि नेहा दीक्षित पत्रकार हैं और दिल्ली में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर के बताया कि उन्हें पिछले चार महीने यानी सितम्बर 2020 से लगातार रेप, एसिड अटैक और मर्डर की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें कई अनजान नम्बरों से फोन भी आ रहा है और उनका पीछा भी किया जा रहा है।
भारतीय स्वतंत्र पत्रकार नेहा दीक्षित को पिछले साल ‘कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स’ (सीपीजे) द्वारा ‘इंटरनेशनल प्रेस फ्रीडम अवॉर्ड 2019’ से नवाज़ा गया था। सीपीजे के अनुसार उनका यह सम्मान दुनिया भर के ‘साहसी पत्रकारों को सम्मान देने’ के लिए था। बता दें कि नेहा दीक्षित ‘द वायर’ के लिए नियमित रूप से लिखती रही हैं।
टैग्स पत्रकार नेहा दीक्षित Neha Dixit आरएसएफ पुलिस प्रोटेक्शन रिपोर्टर विदाआउट बॉर्डर