होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / चुनावों को लेकर Polstrat & News X ने यूं टटोली गोवा व पंजाब के लोगों की ‘नब्ज’
चुनावों को लेकर Polstrat & News X ने यूं टटोली गोवा व पंजाब के लोगों की ‘नब्ज’
अगले कुछ महीनों में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी सिलसिले में Polstrat-NewsX ने मिलकर प्री-पोल सर्वे में दो राज्यों (गोवा व पंजाब) के लोगों की नब्ज टटोलने की कोशिश की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अगले कुछ महीनों में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी सिलसिले में Polstrat- NewsX ने मिलकर दो राज्यों (गोवा व पंजाब) के लोगों की नब्ज टटोलने की कोशिश की है। इस प्री-पोल सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि पंजाब के चुनाव में आम आदमी पार्टी सबको चौंकाकर अपनी सरकार बना सकती है वहीं गोवा में भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी अपनी जमीन बचाने में कामयाब होती हुई दिखाई दे रही है।
पंजाब- इस सर्वे के मुताबिक पंजाब में कांग्रेस अपनी सत्ता बचाने में सफल होती हुई नहीं दिखाई दे रही है। राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से पार्टी को 35.20% वोटों के साथ 40-45 सीट मिलती हुई दिखाई दे रही हैं, वहीं आम आदमी पार्टी को 38.83% वोटों के साथ 47-52 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा काफी समय बीजेपी की सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल को 21.01% वोट मिलने का अनुमान है और वह सिर्फ 22-26 सीटें लाने में कामयाब होती हुई दिखाई दे रही है। बीजेपी की बात करें तो पार्टी के पास इस राज्य में खोने के लिए कुछ भी नहीं है और इस सर्वे के मुताबिक सिर्फ 2.3% वोटों के साथ बीजेपी एक से दो सीट ला सकती है।
वहीं पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर की बात करें तो जनता उनके कांग्रेस छोड़ने से खुश नहीं है। 35 फीसदी से भी अधिक लोगों ने उनके इस निर्णय पर नाराजगी जाहिर की है। अगर मुद्दों की बात करें तो 39 फीसदी लोगों ने इस बात को स्वीकार किया है कि रोजगार उनके लिए अहम मुद्दा है वहीं 20% लोगों का मानना है कि कृषि कानून और एमएसपी मुद्दा चुनाव में प्रभाव रखेगा। जब जनता से सीएम फेस के बारे में बात की गई तो 33% लोग ऐसे हैं जो राज्य में नया सीएम चाहते हैं वहीं मौजूदा सीएम चन्नी 22 फीसदी लोगों की पसंद हैं और पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर 16 फीसदी लोगों की पसंद बने हुए हैं। बाकी चेहरों में नवजोत सिंह सिद्धू नौ फीसदी और सुखबीर सिंह बादल 17 फीसदी लोगों की पसंद हैं।
गोवा- बात करें गोवा की तो राज्य में एक बार फिर बीजेपी का परचम लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि 32.80 फीसदी वोट शेयर के साथ कुल 40 विधानसभा सीटों में से बीजेपी 20 -22 सीट जीत सकती है। 22.10 फीसदी वोट शेयर के साथ आम आदमी पार्टी को 5 -7 मिलने का अनुमान जाहिर किया गया है। देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी इंडियन नेशनल कांग्रेस को 18.80 फीसदी वोटों शेयर के साथ 4-6 सीट मिल सकती हैं।
बीजेपी के वर्तमान सीएम प्रमोद सावंत आज भी सीएम के तौर और लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। 31 फीसदी से भी अधिक लोग उन्हें दोबारा सीएम बनते हुए देखना चाहते हैं। दूसरी ओर 23 फीसदी लोग कांग्रेस के दिगंबर कामत को सीएम के तौर पर पसंद करते हैं। यहां खनन (19%), पर्यटन (14.30%), विनिर्माण (13.80%), कोरोना टीकाकरण (12.20%) और ऐतिहासिक विरासत (11.10%) प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं।
आम आदमी पार्टी के बारे में 33.50 फीसदी लोगों का कहना है कि पार्टी अपना वजूद बनाने में नाकामयाब रही है, वहीं बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के बारे में 38 फीसदी लोगों का मानना है कि पार्टी का राज्य में कोई प्रभाव नहीं है।
टैग्स न्यूजएक्स चुनाव पूर्व आकलन मत सर्वेक्षण गोवा चुनाव पंजाब चुनाव