होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / टीवी पत्रकार को धमकाना बीजेपी नेता व दो शिक्षकों को यूं पड़ गया भारी
टीवी पत्रकार को धमकाना बीजेपी नेता व दो शिक्षकों को यूं पड़ गया भारी
काफी समय से मिल रही धमकी के बाद पत्रकार ने जताई थी अपनी हत्या की आशंका
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
टीवी पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बीजेपी नेता व दो शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज का है। बताया जाता है कि तिर्वा क्रासिंग निवासी पत्रकार की शिकायत के बाद एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने यह एफआईआर दर्ज की है। अपनी शिकायत में एक निजी टीवी चैनल के संवाददाता नित्य प्रकाश मिश्रा का कहना था कि उन्होंने पिछले दिनों तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय टिकरा को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की थी। इसमें शिक्षकों के विवाद व बच्चों के साथ हो रहे भेदभाव को हाईलाइट किया गया था।
नित्य प्रकाश मिश्रा का कहना था कि इस विद्यालय में तैनात शिक्षक सुरजीत सिंह समेत उनके रिश्तेदार शिक्षक विवेक सिंह व विवेक के पिता और स्थानीय भाजपा नेता हरिबक्श सिंह ने उन पर दबाव बनाया कि वे खबर न चलाएं। नित्य प्रकाश मिश्रा का कहना था कि इस बात से इनकार करने पर शिक्षक व उनके रिश्तेदारों ने उनके दफ्तर में कई साथियों के साथ आकर जान से मारने की धमकी दी और 13 जून को विवेक सिंह ने मोबाइल पर फिर से धमकी दी। इसके बाद नित्य प्रकाश मिश्रा ने अपनी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी। अब एसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में तीनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक भीमसेन पौनिया का कहना है कि आरोपित शिक्षकों को पकड़कर जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स पत्रकार को धमकी नित्य प्रकाश मिश्रा