होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पूर्व मुख्यमंत्री के बचाव में उतरीं पाकिस्तानी पत्रकार, ISI से संबंधों को लेकर कही ये बात
पूर्व मुख्यमंत्री के बचाव में उतरीं पाकिस्तानी पत्रकार, ISI से संबंधों को लेकर कही ये बात
पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही कैप्टन अमरिंदर सिंह पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम (Aroosa Alam) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही कैप्टन अमरिंदर सिंह पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम (Aroosa Alam) को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अरूसा आलम पर ISI एजेंट होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह बनाम पंजाब कांग्रेस की लड़ाई में अरूसा आलम को लेकर वार-पलटवार का सिलसिला चल रहा है। इस तनातनी के बीच फंसी पाकिस्तान पत्रकार अरूसा आलम ने मामले में अब अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आलम ने कहा कि उसका ISI से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र एक महिला का अपमान कर रहा है। मुझे दुख होता है कि मेरी फोटो बार-बार शेयर की जा रही है। मेरा भी एक परिवार, बच्चे और दोस्त हैं। मैं दोहराती हूं कि मैं निर्दोष हूं। आलम ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने दुनिया के सामने उनकी दोस्ती को स्वीकार किया था।
पंजाब के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने पिछले सप्ताह कहा था कि आलम का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के साथ कोई संबंध है या नहीं इसकी जांच की जाएगी। वहीं, अरूसा आलम ने मंगलवार को कहा कि वह इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के साथ अपने कथित संबंधों को लेकर भारतीय एजेंसियों की जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। साथ ही आलम ने इन आरोपों को अपमानजनक और बेहद निराशाजनक बताया।
उन्होंने कहा था कि भारत मेरे खिलाफ आधारहीन प्रोपगैंडा की जांच करने के लिए किसी तीसरे देश के जांचकर्ताओं की भी मदद ले सकता है।
67 वर्षीय महिला पत्रकार ने कहा, ‘16 साल पहले जब किन्हीं कारणों से मुझे भारतीय वीजा देने से मना कर दिया गया था, उस वक्त भारत सरकार ने ऐसी जांच की थी और बाद में वीजा जारी किया गया था और तबस लेकर हर साल मुझे एक साल का वीजा ड्यू क्लीयरेंस के बाद मिलता था। पत्रकार ने कहा कि वह अंतिम बार नवंबर में भारत यात्रा पर गयी थीं। उन्होंने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह अभी भी उनके अच्छे मित्र हैं।
उन्होंने कहा, ‘इस विवाद के बावजूद कैप्टन साहिब अभी भी मेरे अच्छे मित्र हैं।’ उन्होंने कटाक्ष किया कि उनके माध्यम से आईएसआई ने आखिर क्या ‘राज’ हासिल कर लिया होगा। उन्होंने गुस्से में कहा, ‘ये आरोप अपमानजनक और बेहद निराशाजनक हैं।’
वहीं, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ से फोन पर बात करते हुए अरूसा आलम ने कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वे इतना नीचे गिर सकते हैं। सुखजिंदर रंधावा, पीपीसीसी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी (नवजोत कौर सिद्धू) बहुत बड़े घाघ हैं। वे कैप्टन को शर्मिंदा करने के लिए मेरा इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि क्या वे इतने बदहवास हो गए हैं कि उन्हें अपने राजनीतिक मंसूबों के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
अरूसा ने आगे कहा कि मेरे पास उनके लिए एक मैसेज है। कृपया बड़े हो जाओ और अपने घर को व्यवस्थित करो। पंजाब में कांग्रेस अपनी अंदरुनी साजिश के चलते जमीन खो चुकी है। उन्होंने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि युद्ध के बीच में अपने सेनापति को कौन बदलता है?
उन्होंने कहा कि अब कृपया अपनी लड़ाई अपने दम पर लड़ें, आप मुझे इस पंजाब कांग्रेस और सरकार के झमेले में क्यों घसीट रहे हैं?
इसके अलावा अरूसा आलम ने कहा कि वह पंजाब कांग्रेस के नेताओं से बेहद निराश हैं और वापस कभी भारत नहीं आएंगी, क्योंकि वह पूरे घटनाक्रम से आहत हैं और उनका दिल टूट गया है।
बता दें कि अरूसा आलम पाकिस्तानी पत्रकार हैं, जो रक्षा संबंधी मामलों को कवर करती हैं। अरूसा आलम कैप्टन अमरिंदर सिंह की करीबी दोस्त रही हैं। कैप्टन के मुख्यमंत्री रहते हुए अरूसा आलम कई सालों तक पंजाब में रही हैं।
टैग्स कांग्रेस पाकिस्तानी पत्रकार पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पाकिस्तानी पत्रकार .अरूसा आलम