‘एनडीटीवी’ (NDTV) ने तीन दशक से ज्यादा की यात्रा के बाद अपनी नई ब्रैंड आइडेंटिटी ‘When It Really Matters’ पेश की है। इसके साथ ही NDTV 24x7 अब सिर्फ NDTV के नाम से जाना जाएगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख न्यूज ब्रैंड ‘एनडीटीवी’ (NDTV) ने तीन दशक से ज्यादा की यात्रा के बाद अपनी नई ब्रैंड आइडेंटिटी ‘When It Really Matters’ पेश की है। इसके साथ ही NDTV 24x7 अब सिर्फ NDTV के नाम से जाना जाएगा। कंपनी के मुताबिक, यह बदलाव NDTV के 24 घंटे चलने वाले टेलीविजन न्यूज चैनल से आगे बढ़कर एक ऐसे न्यूज ब्रैंड के रूप में विकसित होने को दर्शाता है, जो टीवी, वेबसाइट, ऐप, सोशल मीडिया, स्ट्रीमिंग और कनेक्टेड टीवी समेत अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक ही पहचान के साथ मौजूद है।
जब NDTV 24x7 की शुरुआत हुई थी, तब 24 घंटे चलने वाला टेलीविजन न्यूज अपने आप में एक खास पहचान और बड़ी पेशकश थी। लेकिन आज दर्शक अलग-अलग माध्यमों और प्लेटफॉर्म पर खबरों से जुड़ते हैं। ऐसे में NDTV 24x7 से NDTV की ओर बढ़ना इसी बदलाव को दर्शाता है। अब एक ही NDTV अलग-अलग स्क्रीन और प्लेटफॉर्म पर दर्शकों तक पहुंचेगा।
नई पहचान के साथ NDTV ने अपनी विजुअल पहचान और लुक एंड फील में भी बदलाव किया है। यह बदलाव उसके टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाई देगा। कंपनी के मुताबिक, यह उस न्यूज ब्रैंड के सफर का अगला अध्याय है, जिसने तीन दशक से ज्यादा समय में लगातार बदलते देश और सूचना के बदलते माहौल को कवर किया है।
‘When It Really Matters’ क्यों है खास?: नई ब्रैंड पहचान के केंद्र में NDTV का संपादकीय उद्देश्य ‘When It Really Matters’ है। आज खबरों की संख्या बहुत ज्यादा है और सूचनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। एक ही घटना को लेकर अलग-अलग दावे, राय, अनुमान और प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलती हैं। ऐसे माहौल में पत्रकारिता की जिम्मेदारी सिर्फ सूचना देने तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि यह समझाना भी जरूरी हो जाता है कि किसी खबर की वास्तविक अहमियत क्या है।
NDTV की नई सोच इसी संपादकीय समझ पर आधारित है। इसके तहत तीन सवालों पर जोर दिया गया है-
1: इससे क्या बदलता है?
2: इसका असर किन लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा?
3: यह क्यों मायने रखता है?
NDTV के मुताबिक, नई पहचान उसकी तीन दशक से ज्यादा पुरानी विश्वसनीयता और पत्रकारिता की बुनियाद पर आधारित है, लेकिन साथ ही यह आज के भारत में खबरों को देखने, समझने और उनसे जुड़ने के बदलते तरीके को भी ध्यान में रखती है।
इस बदलाव पर एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि जब NDTV 24x7 शुरू हुआ था, तब 24x7 का मतलब 24 घंटे चलने वाली टेलीविजन न्यूज का आना था। आज खबरें हर जगह और हर समय उपलब्ध हैं। दर्शक NDTV को टेलीविजन, ऐप, वेबसाइट, सोशल मीडिया, कनेक्टेड टीवी और दूसरे उभरते प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में 24x7 एक माध्यम को दर्शाता है, जबकि NDTV ब्रैंड को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ‘When It Really Matters’ यह स्पष्ट करता है कि NDTV किस चीज के लिए खड़ा होना चाहता है। उनके मुताबिक, ऐसी दुनिया में जहां सूचनाओं की भरमार है, पत्रकारिता को लोगों को सिर्फ यह नहीं बताना चाहिए कि क्या हो रहा है, बल्कि यह भी समझाना चाहिए कि किस चीज पर ध्यान देना जरूरी है और क्यों। इसके साथ ही राहुल कंवल ने कहा कि NDTV पिछले तीन दशकों की विश्वसनीयता और पत्रकारिता की बुनियाद पर आगे बढ़ रहा है और आज के भारत तथा आने वाली दुनिया के लिए खुद को तैयार कर रहा है।
वहीं, एनडीटीवी के मैनेजिंग एडिटर शिव अरूर ने कहा कि ऐसे समय में जब प्रतिस्पर्धी शोर के बीच खबरें कई बार दब जाती हैं, ‘When It Really Matters’ NDTV को एक स्पष्ट संपादकीय दिशा देता है। उन्होंने कहा कि यह इस बात की याद दिलाता है कि किस खबर पर सिर्फ ध्यान जा रहा है और किस खबर का वास्तविक महत्व है, दोनों के बीच अंतर किया जाए। साथ ही उन स्टोरीज, सवालों और उनके प्रभावों पर ध्यान केंद्रित किया जाए, जो जनता के लिए वास्तव में महत्वपूर्ण हैं। शिव अरूर के मुताबिक, यही उद्देश्य NDTV के खबरों को रिपोर्ट करने, उनकी व्याख्या करने और महत्वपूर्ण खबरों के साथ बने रहने के तरीके को दिशा देगा।
टीवी और डिजिटल पहचान को एक साथ लाने पर जोर: एनडीटीवी की नई पहचान बदलते भारतीय दर्शकों को भी ध्यान में रखती है। आज का दर्शक पहले से ज्यादा युवा, कनेक्टेड, महत्वाकांक्षी और सूचनाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पत्रकारिता के सामने भी नई जिम्मेदारियां हैं।
नई पहचान में इस बात पर जोर दिया गया है कि खबरों में तेजी जरूरी है, लेकिन सिर्फ तेजी पर्याप्त नहीं है। किसी खबर तक पहुंच महत्वपूर्ण है, लेकिन संदर्भ के बिना वह भ्रम को बढ़ा सकती है। इसी तरह तीखे सवाल जरूरी हैं, लेकिन धैर्य, नजरिया और जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
एनडीटीवी की नई विजुअल पहचान उसके ऑन-एयर और डिजिटल प्लेटफॉर्म को एक ज्यादा एकीकृत रूप में जोड़ती है। यह ऐसे समय में किया गया बदलाव है, जब टेलीविजन और डिजिटल न्यूज के बीच की सीमाएं तेजी से कम हो रही हैं। नई पहचान एनडीटीवी के टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म, पत्रकारिता, सार्वजनिक संवाद और भारत समेत दुनिया भर के दर्शकों के साथ उसके जुड़ाव में दिखाई देगी।
प्रियंका भार्गव ने फ्लिपकार्ट में सात साल से अधिक समय बिताने के बाद लॉरियल में नई पारी शुरू की है। वह अगस्त से जनरल मैनेजर और CMI हेड की भूमिका संभाल रही हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
प्रियंका भार्गव (Priyanka Bhargav) ने फ्लिपकार्ट (Flipkart) से आगे बढ़ते हुए लॉरियल (L'Oréal) में नई पारी शुरू की है। उन्होंने कंपनी में जनरल मैनेजर और सीएमआई हेड (General Manager and CMI Head) यानी वाइस प्रेसिडेंट (VP) की जिम्मेदारी संभाली है। उनके कंपनी बदलने की जानकारी उनके लिंक्डइन प्रोफाइल (LinkedIn Profile) से सामने आई है।
प्रियंका ने अगस्त में अपनी नई भूमिका संभाली। इससे पहले वह फ्लिपकार्ट में हेड- कंज्यूमर इंटेलिजेंस एंड ब्रांड स्ट्रैटेजी (Head-Consumer Intelligence & Brand Strategy) के पद पर थीं। वह मई 2019 में फ्लिपकार्ट से जुड़ी थीं और कंपनी में सात साल से अधिक समय तक काम किया।
फ्लिपकार्ट से पहले प्रियंका भार्गव इनमोबी (InMobi) के साथ जुड़ी थीं। इससे पहले वह मिंत्रा (Myntra) और आईएमआरबी इंटरनेशनल (IMRB International) में भी अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुकी हैं।
एबीपी नेटवर्क में अपनी करीब सात साल पुरानी पारी को विराम देकर अविनाश राय ने इंडिया टुडे समूह के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘द लल्लनटॉप’ (The Lallantop) में वापसी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एबीपी नेटवर्क में अपनी करीब सात साल पुरानी पारी को विराम देकर अविनाश राय ने इंडिया टुडे समूह के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘द लल्लनटॉप’ (The Lallantop) में वापसी की है। उन्होंने यहां पर बतौर वीडियो हेड जॉइन किया है। अविनाश राय ने स्वयं सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह एक बार फिर द लल्लनटॉप के साथ जुड़ गए हैं। अविनाश राय ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘सात साल बाद घरवापसी। नया ठिकाना The Lallantop। अब से लिखना-पढ़ना सब यहीं पर...।’
अविनाश राय करीब 14 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और राजस्थान पत्रिका तथा नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। इसके बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और द लल्लनटॉप से जुड़े।
अविनाश राय वर्ष 2017 से 2019 तक द लल्लनटॉप में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्य कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने एबीपी नेटवर्क का रुख किया। एबीपी नेटवर्क में वह न्यूज एडिटर (न्यूज एंड इलेक्शन प्रोग्रामिंग) के पद पर कार्यरत रहे, जहां से अब द लल्लनटॉप में उनकी वापसी हुई है।
शिक्षा की बात करें तो अविनाश राय ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक (B.A.) किया है। इसके अलावा उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से भी पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से अविनाश राय को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
प्रशांति मोकतान के पास डिजिटल मीडिया, ऑडियंस ग्रोथ और कंटेंट स्ट्रैटेजी के क्षेत्र में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एनडीटीवी (NDTV) ने अपने सोशल मीडिया नेटवर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रशांति मोकतान को ‘हेड ऑफ इंस्टाग्राम’ नियुक्त किया है। इस भूमिका में वह NDTV की इंस्टाग्राम स्ट्रैटेजी का नेतृत्व करेंगी। साथ ही नेटवर्क के व्यापक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट, ऑडियंस एंगेजमेंट और ग्रोथ से जुड़ी पहलों को भी दिशा देंगी।
मीडिया उपभोग के बदलते दौर में सोशल मीडिया न्यूज की खोज, शेयर करने और उन पर चर्चा का प्रमुख माध्यम बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए NDTV ने अपने सोशल मीडिया फोकस को और मजबूत करने के लिए यह नियुक्ति की है।
प्रशांति मोकतान के पास डिजिटल मीडिया, ऑडियंस ग्रोथ और कंटेंट स्ट्रैटेजी के क्षेत्र में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव है। NDTV से जुड़ने से पहले वह बिजनेस टुडे में सीनियर असिस्टेंट एडिटर के पद पर कार्यरत थीं। वहां उन्होंने ब्रैंड के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का नेतृत्व किया।
इस नियुक्ति के बारे में एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि सोशल मीडिया लोगों के न्यूज देखने और महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़ने के तरीके को तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि NDTV अपनी डिजिटल उपस्थिति को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहा है और प्रशांति की ऑडियंस की समझ तथा प्लेटफॉर्म-आधारित स्टोरीटेलिंग की विशेषज्ञता दर्शकों के साथ मजबूत संबंध बनाने में मदद करेगी।
एनडीटीवी के चीफ कंटेंट ऑफिसर विनय सरावगी ने कहा कि बेहतरीन पत्रकारिता को वहीं पहुंचना चाहिए जहां दर्शक मौजूद हैं। उनके अनुसार प्रशांति के पास संपादकीय समझ, रचनात्मकता और ऑडियंस इनसाइट्स का मजबूत संयोजन है, जो NDTV की पहुंच और प्रासंगिकता को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर और बढ़ाने में मदद करेगा।
अपनी नई जिम्मेदारी पर प्रशांति मोकतान ने कहा कि आज न्यूज को खोजने, समझने और उन पर बातचीत का हिस्सा बनने में सोशल मीडिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि NDTV भारत के सबसे प्रतिष्ठित समाचार ब्रांड्स में से एक है और वह नए दर्शकों तक इसकी कहानी कहने की शैली को पहुंचाने तथा प्रत्येक प्लेटफॉर्म के अनुरूप विशिष्ट और प्रासंगिक फॉर्मेट विकसित करने को लेकर उत्साहित हैं।
प्रशांति मोकतान ने क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु से जर्नलिज्म, साइकोलॉजी और इंग्लिश में डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने नई दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है।
भारतपे ने युगल तिवारी को चीफ प्रोडक्ट एंड मार्केटिंग ऑफिसर नियुक्त किया है। इससे पहले वह पेटीएम में प्रोडक्ट लीडर के तौर पर यूपीआई, रिवॉर्ड्स और कंज्यूमर ऐप से जुड़े कारोबार संभाल रहे थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतपे (BharatPe) ने युगल तिवारी (Yugal Tiwari) को चीफ प्रोडक्ट एंड मार्केटिंग ऑफिसर (Chief Product and Marketing Officer) यानी सीपीएमओ (CPMO) नियुक्त किया है। वह कंपनी में प्रोडक्ट और मार्केटिंग से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
भारतपे में नियुक्ति से पहले तिवारी पेटीएम (Paytm) में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट II, प्रोडक्ट (Senior Vice President II, Product) के पद पर थे। पेटीएम से पहले वह दो साल से अधिक समय तक क्रेड (CRED) से जुड़े रहे। वह पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) के साथ भी काम कर चुके हैं।
पेटीएम में अपनी भूमिका के दौरान तिवारी कंपनी के कंज्यूमर ऐप (Consumer App) से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोडक्ट चार्टर्स संभाल रहे थे। इनमें यूपीआई पेमेंट्स (UPI Payments), ऑनबोर्डिंग जर्नी (Onboarding Journey), ऐप होमस्क्रीन (App Homescreen), रेफरल (Referral), रिवॉर्ड्स और लॉयल्टी प्रोग्राम (Rewards and Loyalty Program) शामिल थे।
टिम्सी जयपुरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि न्यूज रूम से बाहर निकले, कैमरे का सामना किए और कुछ लिखे हुए उन्हें लगभग चार महीने हो चुके हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया इंडस्ट्री से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। CNBC-TV18 की पूर्व एडिटर (फाइनेंस एंड इकोनॉमिक पॉलिसी) टिम्सी जयपुरिया ने अपने अगले प्रोफेशनल सफर की घोषणा की है। CNBC-TV18 से अलग होने के करीब चार महीने बाद उन्होंने ‘Newsconomy’ नाम से अपनी नई पत्रकारिता पहल की घोषणा की है।
टिम्सी जयपुरिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि न्यूज रूम से बाहर निकले, कैमरे का सामना किए और कुछ लिखे हुए उन्हें लगभग चार महीने हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि CNBC-TV18 को अलविदा कहते समय उन्हें यह अहसास था कि उनके करियर का एक अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन अगला अध्याय कैसा होगा, इसकी तस्वीर तब स्पष्ट नहीं थी।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बीते चार महीने बदलाव, आत्ममंथन, अनिश्चितताओं और कई महत्वपूर्ण बातचीतों से भरे रहे। इस दौरान बहुत कुछ ऐसा था जिसे वह कहना चाहती थीं और बहुत कुछ ऐसा भी था जो अनकहा रह गया।
टिम्सी ने बताया कि आखिरकार उन्होंने एक बार फिर कैमरे का सामना किया। उनके अनुसार यह अनुभव परिचित भी था और पूरी तरह अलग भी, क्योंकि इस बार उनके पास अपनी बात कहने के लिए कुछ अपना है। इसी पोस्ट के जरिए उन्होंने ‘Newsconomy’ का उल्लेख करते हुए अपनी नई पत्रकारिता पहल का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि हाल ही में टिम्सी जयपुरिया ने CNBC-TV18 से अपनी 10 साल लंबी पारी समाप्त करने की घोषणा की थी। वह चैनल में एडिटर-फाइनेंस एंड इकोनॉमिक पॉलिसी के पद पर कार्यरत थीं। इससे पहले वह द हिंदुस्तान टाइम्स लिमिटेड (The Hindustan Times Limited) में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट, बिजनेस ब्यूरो के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। आर्थिक नीति, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, टैक्सेशन, रियल एस्टेट और कॉरपोरेट मामलों की रिपोर्टिंग में उन्हें करीब 18 वर्षों का अनुभव है।
इस नई जिम्मेदारी के साथ कंपनी ने उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने प्रमुख बिजनेस ऑपरेशंस की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
रियल एस्टेट टेक कंपनी प्रॉपर्टीपिस्टल (PropertyPistol) ने हेमंत बजाज को चीफ बिजनेस एंड मार्केटिंग ऑफिसर (CBMO) के पद पर प्रमोट किया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ कंपनी ने उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने प्रमुख बिजनेस ऑपरेशंस की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है।
अपने विस्तारित दायित्वों के तहत हेमंत बजाज कंपनी के प्रमुख बिजनेस वर्टिकल्स—प्राइमरी सेल्स, मैंडेट्स, सिंडिकेट और लोन्स—की निगरानी करेंगे। इसके अलावा वे रणनीति निर्माण और परिचालन क्रियान्वयन (ऑपरेटिंग एग्जीक्यूशन) की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इस भूमिका के जरिए कंपनी के प्रमुख राजस्व-सृजन और ग्राहक-केंद्रित कार्यों को एकीकृत नेतृत्व के तहत लाया गया है, जहां विकास, परिचालन दक्षता और व्यावसायिक प्रदर्शन की जवाबदेही भी उन्हीं के पास होगी।
हेमंत बजाज इसी वर्ष प्रॉपर्टीपिस्टल में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के रूप में शामिल हुए थे। कंपनी के अनुसार, उन्होंने व्यवसाय में बेहतर निष्पादन संस्कृति विकसित करने, उत्पादकता बढ़ाने और प्रमुख विकास पहलों पर निवेश से बेहतर प्रतिफल (ROI) हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फैले 500 से अधिक सदस्यों वाले बिजनेस संगठन का नेतृत्व सौंपा गया है।
कंपनी का कहना है कि हेमंत बजाज लाभदायक विकास, बेहतर यूनिट इकोनॉमिक्स और परिचालन क्षमता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देंगे। उन्हें भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया और मध्य-पूर्व के बाजारों में बिजनेस ग्रोथ, मार्केटिंग, ऑपरेशंस और संगठनात्मक विस्तार का व्यापक नेतृत्व अनुभव हासिल है।
इस नियुक्ति के बारे में प्रॉपर्टीपिस्टल के फाउंडर एवं प्रबंध निदेशक (Founder & Managing Director) आशीष नारायण अग्रवाल ने कहा, ‘हेमंत में व्यावसायिक प्राथमिकताओं को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलने की सिद्ध क्षमता है। उनके भीतर स्वामित्व और जवाबदेही की मजबूत भावना है। उनकी भूमिका का विस्तार उनके अब तक के योगदान और नेतृत्व क्षमता का स्वाभाविक विस्तार है। प्रॉपर्टीपिस्टल के अगले विकास चरण में उनका विस्तारित दायित्व हमारी प्रमुख व्यावसायिक इकाइयों में वृद्धि और परिचालन प्रदर्शन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’
वहीं, अपनी नई जिम्मेदारी पर हेमंत बजाज ने कहा, ‘हमारा उद्देश्य केवल प्रत्येक बिजनेस वर्टिकल का विस्तार करना नहीं है, बल्कि विकास की आर्थिक दक्षता को भी बेहतर बनाना है। मेरा फोकस कंपनी की व्यावसायिक क्षमता को और मजबूत करने, राजस्व उत्पादकता बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने पर रहेगा कि विस्तार बेहतर कारोबारी परिणामों में परिवर्तित हो। प्रॉपर्टीपिस्टल पहले ही डेवलपर्स, ब्रोकर्स और होमबायर्स के बीच महत्वपूर्ण पैमाना हासिल कर चुकी है। अब अगला चरण इस पैमाने का अधिक प्रभावी उपयोग करने का है। स्पष्ट लक्ष्यों के साथ इस स्ट्रैटेजी का असर आने वाले समय में कारोबार के आंकड़ों में दिखाई देगा।’
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की मीडिया किट में भारतीय संस्कृति, स्थानीय उत्पाद, शिल्प और आधुनिक पहचान को शामिल कर इसे सम्मेलन की याद से आगे ब्रांड इंडिया का प्रभावी माध्यम बनाया गया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हर बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मीडिया किट (Media Kit) देना अब एक परंपरा बन चुका है। पत्रकारों और प्रतिनिधियों को जानकारी, स्मृति चिन्ह और उपयोगी सामान से भरा बैग दिया जाता है। हालांकि, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 ने इस परंपरा को एक अलग सोच के साथ आगे बढ़ाया है।
ब्रिक्स (BRICS) 2026 की मीडिया किट को सिर्फ सम्मेलन की याद के तौर पर तैयार नहीं किया गया, बल्कि इसमें भारत की संस्कृति, स्थानीय उत्पादों, शिल्प और समकालीन पहचान को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
ब्रांडिंग (Branding) के नजरिए से देखें तो यह पहल काफी अहम है। किसी सम्मेलन में भाषण कुछ मिनटों तक रहता है और स्क्रीन पर दिखाई गई प्रस्तुति खत्म होने के बाद पीछे छूट जाती है। इसके मुकाबले एक लैपटॉप बैग (Laptop Bag) लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्रिक्स किट का रंगीन डिजाइन और इसमें शामिल उत्पाद सम्मेलन के बाद भी एयरपोर्ट, ऑफिस और बैठकों तक पहुंच सकते हैं।
किट में कॉफी, मखाना, हस्तनिर्मित बैग और स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए कई अन्य उत्पाद शामिल हैं। इन चीजों के जरिए ‘वोकल फॉर लोकल’ (Vocal for Local) और ‘मेक इन इंडिया’ (Make in India) जैसे विचारों को सीधे अनुभव से जोड़ा गया है। विदेशी प्रतिनिधि भारतीय शिल्प और स्थानीय उत्पादों को केवल किसी पुस्तिका में पढ़ने के बजाय उन्हें इस्तेमाल करके समझ सकते हैं।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की विजुअल आइडेंटिटी (Visual Identity) के तौर पर इस्तेमाल किया गया कमल भी अलग-अलग उपहारों में नजर आता है। मग, रेफ्रिजरेटर मैग्नेट, बैग और दूसरी वस्तुओं को एक समान डिजाइन और पहचान से जोड़ने की कोशिश की गई है। इससे पूरी मीडिया किट एक साझा ब्रांड एक्सपीरियंस (Brand Experience) देती है।
इस किट के जरिए भारत की कहानी केवल संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं रहती। इसमें भारतीय शिल्प, मैन्युफैक्चरिंग (Manufacturing), उद्यमिता और तकनीक की झलक भी दिखाई देती है। पत्रकार और प्रतिनिधि इन उत्पादों को अपने देश वापस ले जाकर इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे सम्मेलन की पहचान लंबे समय तक बनी रह सकती है।
इसी वजह से यह मीडिया किट एक ‘साइलेंट एंबेसडर’ (Silent Ambassador) की तरह काम करती है। सम्मेलन खत्म होने के बाद भी बैग, मग और स्थानीय उत्पादों के जरिए ब्रिक्स 2026 की पहचान दूसरे देशों तक पहुंचती रहेगी। यह दिखाता है कि अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मीडिया किट सिर्फ उपहार नहीं, बल्कि ब्रांड इंडिया (Brand India) को दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हो सकती है।
न्यूज नेशन में करीब चार वर्षों से कार्यरत धीरज शर्मा को मीडिया में करीब 19 वर्षों का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
न्यूज नेशन ने अपने तमाम एंप्लॉयीज को सैलरी इंक्रीमेंट दिया है और कई लोगों के पद भी बढ़ाए गए हैं।
इसी कड़ी में, डिजिटल (वेबसाइट) में धीरज शर्मा को असिस्टेंट एडिटर से डिप्टी एडिटर के पद पर प्रमोट कर उन्हें अहम भूमिका दी गई है।
अपनी इस भूमिका में वह वेबसाइट मॉनिटरिंग के साथ कंटेंट स्ट्रैटेजी और एडवांस प्लानिंग कर रहे हैं, साथ ही एक्सप्लेनर की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।
न्यूज नेशन में करीब चार वर्षों से कार्यरत धीरज शर्मा को मीडिया में करीब 19 वर्षों का अनुभव है। पूर्व में वह ‘राजस्थान पत्रिका’, ‘सहारा’, ‘पंजाब टुडे’, ‘डीडी न्यूज’ और ‘CNEB’ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।
पढ़ाई लिखाई की बात करें तो धीरज शर्मा ने कॉर्मस में बैचलर डिग्री के साथ BJMC किया है। समाचार4मीडिया की ओर से धीरज शर्मा को उनके प्रमोशन के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
रैडिको खेतान ने डॉ. आशीष श्रीवास्तव को चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर नियुक्त किया है। वह कंपनी की आईटी स्ट्रैटेजी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और टेक्नोलॉजी कैपेबिलिटी को मजबूत करेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
रैडिको खेतान (Radico Khaitan) ने डॉ. आशीष श्रीवास्तव (Dr Ashish Shrivastava) को चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (Chief Information Officer) नियुक्त किया है। नई भूमिका में वह कंपनी के इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी फंक्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव का फोकस कंपनी की टेक्नोलॉजी कैपेबिलिटी मजबूत करने, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन (Digital Transformation) को आगे बढ़ाने और ऑपरेशनल एफिशिएंसी (Operational Efficiency) बेहतर करने पर रहेगा। इसके साथ ही वह बिजनेस ग्रोथ को सपोर्ट करेंगे और कंपनी के व्यापक लक्ष्यों के साथ टेक्नोलॉजी प्रायोरिटीज को जोड़ने का काम करेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव को इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आईटी स्ट्रैटेजी (IT Strategy), टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट और ऑर्गनाइजेशनल लीडरशिप (Organisational Leadership) के क्षेत्र में अनुभव है। उनके प्रोफेशनल अनुभव में आईटी मैनेजमेंट, टेक्नोलॉजी स्ट्रैटेजी, बिजनेस ऑपरेशंस और स्ट्रैटेजिक प्लानिंग भी शामिल हैं।
रैडिको खेतान से जुड़ने से पहले उन्होंने फाइनेंशियल सॉफ्टवेयर एंड सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (Financial Software & Systems Pvt. Ltd.) और एफएसएस (FSS), सीएमएस इंफो सिस्टम्स (CMS Info Systems) तथा एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स (Allied Blenders & Distillers) में अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया है।
PVR INOX Limited की 31वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों ने बैठक के एजेंडे में रखे गए सभी 8 प्रस्तावों को जरूरी बहुमत के साथ मंजूरी दे दी है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
PVR INOX Limited की 31वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों ने बैठक के एजेंडे में रखे गए सभी 8 प्रस्तावों को जरूरी बहुमत के साथ मंजूरी दे दी है। कंपनी ने 11 सितंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंजों को दी जानकारी में AGM के मतदान परिणाम और स्क्रूटिनाइजर (Scrutinizer) की रिपोर्ट साझा की है। कंपनी की 31वीं AGM 11 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग/अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम से आयोजित हुई।
कंपनी के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट पर कुल 2,52,376 शेयरधारक थे। AGM में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कुल 159 शेयरधारकों ने हिस्सा लिया। इनमें 7 प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप से, जबकि 152 सार्वजनिक शेयरधारक थे।
पहले प्रस्ताव में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी के ऑडिट किए गए स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय विवरणों के साथ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स और ऑडिटर्स की रिपोर्ट को मंजूरी देने की बात थी। इस प्रस्ताव के पक्ष में 99.9989 प्रतिशत वोट पड़े। कुल 6,96,38,118 वोट प्रस्ताव के पक्ष में और 780 वोट इसके खिलाफ पड़े।
दूसरे प्रस्ताव के तहत रेणुका रामनाथ की रोटेशन के आधार पर निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी गई। उन्हें 99.0308 प्रतिशत वोट मिले। उनके पक्ष में 6,89,95,913 वोट पड़े, जबकि 6,75,263 वोट विरोध में रहे।
तीसरे प्रस्ताव में अजय कुमार बिजली की रोटेशन के आधार पर निदेशक के रूप में पुनर्नियुक्ति को मंजूरी मिली। इस प्रस्ताव के पक्ष में 99.3074 प्रतिशत वोट पड़े। कुल 6,91,88,603 वोट पक्ष में और 4,82,573 वोट विरोध में पड़े।
इसके अलावा, स्वतंत्र निदेशक विषेश चंदर चंडीओक, दिनेश कनाबार, शिशिर बैजल और दीप मिश्रा हैरिस को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पारिश्रमिक के भुगतान से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिल गई। विषेश चंदर चंडीओक के प्रस्ताव को 99.9945 प्रतिशत, दिनेश कनाबार के प्रस्ताव को 99.9947 प्रतिशत, शिशिर बैजल के प्रस्ताव को 99.6392 प्रतिशत और दीप मिश्रा हैरिस के प्रस्ताव को 99.6392 प्रतिशत वोट मिले।
आठवें और आखिरी प्रस्ताव में शुवा मंडल को कंपनी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी गई। यह एक विशेष प्रस्ताव था और इसके पक्ष में 99.8453 प्रतिशत वोट पड़े। कुल 6,95,63,441 वोट पक्ष में और 1,07,774 वोट विरोध में पड़े।
कंपनी ने बताया कि मतदान के लिए रिमोट ई-वोटिंग की सुविधा 7 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे शुरू हुई थी और 10 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक चली। AGM में शामिल सदस्यों के लिए भी ई-वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट के मुताबिक किसी भी शेयरधारक ने रिमोट ई-वोटिंग और AGM के दौरान ई-वोटिंग, दोनों सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं किया।
मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए कंपनी के बोर्ड ने 11 मई 2026 को DPV & Associates LLP के मैनेजिंग पार्टनर देवेश कुमार वशिष्ठ को स्क्रूटिनाइजर (Scrutinizer) नियुक्त किया था। स्क्रूटिनाइजर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि मतदान प्रक्रिया की जांच NSDL के ई-वोटिंग प्लेटफॉर्म से मिले आंकड़ों के आधार पर की गई।
इस तरह PVR INOX की 31वीं AGM में वित्तीय विवरणों की मंजूरी, दो मौजूदा निदेशकों की पुनर्नियुक्ति, चार स्वतंत्र निदेशकों के पारिश्रमिक और एक नए स्वतंत्र निदेशक की नियुक्ति से जुड़े सभी 8 प्रस्ताव शेयरधारकों के जरूरी बहुमत से मंजूर हो गए।