होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इंडियन एक्सप्रेस की 100 प्रभावशाली शख्सियतों की लिस्ट में शामिल हुए ये पूर्व संपादक
इंडियन एक्सप्रेस की 100 प्रभावशाली शख्सियतों की लिस्ट में शामिल हुए ये पूर्व संपादक
अखबार द्वार हर साल ऐसी सूची तैयार की जाती है, जिसमें विभिन्न मानदंडों के आधार पर देश की ताकतवर शख्सियतों को शामिल किया जाता है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सभापति की गैरमौजूदगी में जिस तरह वह सदन का कामकाज संभालते हैं, वह काबिले तारीफ है। इंडियन एक्सप्रेस ने भी उनकी इसी काबिलियत को प्रमुख आधार मानते हुए उन्हें 100 असरदार भारतीयों की सूची में शामिल किया है। इसके साथ ही अखबार ने चौथी दक्षिण एशिया स्पीकर समिट में हरिवंश नारायण सिंह के भाषण को उनका ‘पावर पंच’ बताया है। मालदीव में हुई इस समिट में हरिवंश नारायण ने पाकिस्तान के उपसभापति कासिम सूरी के कश्मीर को मुद्दा बनाने के सभी प्रयासों को विफल कर दिया था।
इंडियन एक्सप्रेस की सूची में हरिवंश नारायण सिंह 60वें स्थान पर हैं, जबकि पहले पर प्रधानमंत्री मोदी और दूसरे पर गृहमंत्री अमित शाह हैं। हरिवंश नारायण को पहली बार इस सूची में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 1956 में जन्मे हरिवंश नारायण ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए और पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है।
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 1977 में टाइम्स ऑफ इंडिया से की। अक्टूबर 1989 तक उन्होंने ‘रविवार’ पत्रिका में सहायक संपादक की भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने फिर से टाइम्स ऑफ इंडिया का रुख किया और समूह की सबसे लोकप्रिय साप्ताहिक पत्रिका ‘धर्मयुग’ के साथ जुड़े। वह मुंबई से पत्रिका का कामकाज देखते थे।
टाइम्स ऑफ इंडिया को अलविदा कहने के साथ ही हरिवंश नारायण ने कोलकता के आनंद बाजार पत्रिका समूह के साप्ताहिक ‘रविवार’ में नई पारी शुरू की। इसके अलावा 1990 से जनवरी 2017 तक वह प्रभात खबर के प्रधान संपादक भी रहे। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कार्यकाल के दौरान हरिवंश नारायण सिंह ने 1990-91 में प्रधानमंत्री कार्यालय में सहायक सूचना सलाहकार (संयुक्त सचिव) के पद पर भी अपनी सेवाएं दी थीं।
पत्रकार होने के नाते हरिवंश नारायण सिंह को लिखने और पढ़ने का काफी शौक है। वह अब तक कई पुस्तकें लिख और संपादित कर चुके हैं। उनमें से कुछ हैं: झारखंडः समय और सवाल, झारखंडः सपने और यथार्थ, झारखंडः अस्मिता के आयाम, झारखंडः सुशासन अब भी संभावना है, जोहार झारखंड, संताल हूल, झारखंडः दिसुम मुक्तिगाथा और सृजन के सपने, बिहारनामा, बिहारःरास्ते की तलाश, बिहारः अस्मिता के आयाम, जनसरोकार की पत्रकारिता, शब्द संसार, दिल से मैंने दुनिया देखी, चंद्रशेखर के विचार, चंद्रशेखर संवाद एक-उथल-पुथल और ध्रुवीकरण, चंद्रशेखर संवाद दो-रचनात्मक बेचैनी में, चंद्रशेखर संवाद तीन-एक दूसरे शिखर से, चंद्रशेखर के बारे में और मेरी जेल डायरीः चंद्रशेखर, ‘चंद्रशेखर : द लास्ट आइकन ऑफ आइडियोलॉजिकल पॉलिटिक्स’।
समाचार4मीडिया की ओर से हरिवंश नारायण सिंह को इस नई उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई।
इंडियन एक्सप्रेस की इस पूरी लिस्ट के लिए आप IE100: The list of most powerful Indians in 2019 पर क्लिक कर सकते हैं।
टैग्स इंडियन एक्सप्रेस हरिवंश नारायण सिंह 100 प्रभावशाली भारतीय