होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / MIB ने खाली करायी 11 लाख वर्ग फुट जगह, कबाड़ से कमाए करोड़ों रुपए
MIB ने खाली करायी 11 लाख वर्ग फुट जगह, कबाड़ से कमाए करोड़ों रुपए
सूचना-प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न शाखाओं की इमारतों के निर्माण स्थल की ऑडिट प्रक्रिया के फलस्वरूप देश के 20 शहरों में 11 लाख वर्ग फुट से अधिक स्थान खाली कराया गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
सूचना-प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न शाखाओं की इमारतों के निर्माण स्थल की ऑडिट प्रक्रिया के फलस्वरूप देश के 20 शहरों में 11 लाख वर्ग फुट से अधिक स्थान खाली कराया गया है। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार अनौपचारिक बातचीत में दी।
केंद्र के स्वच्छ भारत मिशन के अनुरूप अनुराग ठाकुर खुद मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों में स्पेस ऑडिट और स्क्रैप के निपटान की अगुवाई कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि मंत्रालय से जुड़़ी इमारतों की ऑडिट और प्रभावी प्रबंधन पहल स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा थी और इससे कबाड़ का निपटारा करके 22 करोड़ रुपए अर्जित किये गए।
ठाकुर ने बताया कि मंत्रालय की इमारतों का ऑडिट 29 सितंबर से शुरू हुआ था, जब उन्होंने अहमदाबाद में दूरदर्शन केंद्र का दौरा किया था और यह सोमवार को भोपाल दौरे के साथ समाप्त हुआ। मुंबई में मंत्रालय से जुड़ी इमारतों का ठाकुर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद 90 हजार वर्ग फुट क्षेत्र को खाली कराया जा सका।
देश के जिन 20 शहरों में इमारतों में स्थान खाली कराये गए हैं, उनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कुर्नूल, चेन्नई, त्रिशूर, तिरुवनंतपुरम, जबलपुर, चंडीगढ़, लखनऊ, कोयंबटूर, अमृतसर, संभलपुर, पुडुचेरी, बरहमपुर, भोपाल आदि शामिल हैं।
अनुराग ठाकुर ने यह भी जानकारी दी कि खाली जगह को किराए पर दि जा सकेगा, जिससे प्रसार भारती को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। वहीं, निजी भवनों के स्थान पर सरकारी भवनों के उपलब्ध स्थान का उपयोग करने से किराए की राशि की भी बचत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में इसका उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि पिछले दिनों सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने भी मुंबई, अहमदाबाद, कोलकता, शिलांग सहित कई शहरों में अपने दफ्तरों में कूड़ा कचरा हटाने का भरपूर प्रयास किया।
टैग्स सूचना-प्रसारण मंत्रालय ऑडिट