होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / रामलला प्रतिष्ठा दिवस पर रिलीज हुआ मनोज भावुक का भावपूर्ण गीत ‘मेरे राम’
रामलला प्रतिष्ठा दिवस पर रिलीज हुआ मनोज भावुक का भावपूर्ण गीत ‘मेरे राम’
रामलला प्रतिष्ठा दिवस की तीसरी वर्षगांठ पर कवि-गीतकार मनोज भावुक का नया हिंदी भजन ‘मेरे राम’ रिलीज हुआ है, जो आस्था, संवेदना और आत्मिक जुड़ाव को अभिव्यक्त करता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर भगवान राम को समर्पित एक विशेष हिंदी गीत ‘मेरे राम’ रिलीज किया गया है। यह गीत आज ही एसआरके म्यूजिक चैनल पर सामने आया, जिसने श्रोताओं के बीच आध्यात्मिक भावनाओं को गहराई से छू लिया है।
इस गीत के रचनाकार हिंदी और भोजपुरी साहित्य के चर्चित कवि-गीतकार मनोज भावुक हैं। ‘मेरे राम’ किसी स्थान, मूर्ति या आयोजन विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि उस राम की अनुभूति कराता है जो हर क्षण मनुष्य के साथ रहते हैं और सच्चे भाव से पुकारने पर संबल बनते हैं। गीत के शब्द जीवन की उलझनों, सामाजिक विडंबनाओं और आंतरिक खालीपन को उजागर करते हुए राम को पूर्णता का प्रतीक बताते हैं।
भोजपुरी फिल्म ‘मेहमान’ के लिए रचित यह गीत अभिनेता अरविंद अकेला कल्लू की आवाज़ में रिकॉर्ड किया गया है। फिल्म के निर्माता रोशन सिंह और सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं, जबकि निर्देशन लाल बाबू पंडित ने किया है। दिसंबर 2025 में रिलीज होने वाली इस पारिवारिक फिल्म के कई गीतों में यह एकमात्र हिंदी रचना है, जो राम की सार्वभौमिकता को रेखांकित करती है।
गीत का संगीत प्रख्यात संगीतकार रजनीश मिश्रा ने तैयार किया है। मनोज भावुक और रजनीश मिश्रा की जोड़ी पहले भी कई यादगार गीत दे चुकी है। साहित्य, पत्रकारिता और सिनेमा में समान रूप से सक्रिय मनोज भावुक को उनके योगदान के लिए अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
टैग्स