लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत भूषण स्वास्थ्य और व्यक्तिगत कारणों से कुछ समय के लिए अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों से दूर हो गए थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आउट-ऑफ-होम (OOH) मीडिया क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने भारत भूषण केडिया को सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और नेशनल हेड (Planning & Buying) की जिम्मेदारी सौंपी है। भारत भूषण मुंबई से अपना कामकाज संभालेंगे और लक्ष्य मीडिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमरजीत हुड्डा को रिपोर्ट करेंगे।
नई जिम्मेदारी के तहत भारत भूषण केडिया पूरे देश में कंपनी के प्लानिंग एंड बाइंग कार्य का नेतृत्व करेंगे। उनका मुख्य फोकस रणनीतिक योजना (स्ट्रैटेजिक प्लानिंग) को और मजबूत बनाने, मीडिया बाइंग की दक्षता बढ़ाने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और समूह के विभिन्न क्लाइंट्स को बेहतर मूल्य प्रदान करने पर रहेगा।
लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत भूषण स्वास्थ्य और व्यक्तिगत कारणों से कुछ समय के लिए अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों से दूर हो गए थे। अब कंपनी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पहले से अधिक व्यापक राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है।
भारत भूषण केडिया के पास मीडिया सेल्स, क्लाइंट मैनेजमेंट और आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन क्षेत्र में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने दक्षिण भारत में बड़े क्लाइंट पोर्टफोलियो का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया है और लगातार राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले वह लक्ष्य मीडिया ग्रुप में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने प्रमुख क्लाइंट संबंधों को मजबूत करने, कारोबार बढ़ाने और क्षेत्र में कंपनी की मौजूदगी को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया।
इस नियुक्ति पर लक्ष्य मीडिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमरजीत हुड्डा ने कहा कि भारत भूषण केडिया में व्यावसायिक समझ के साथ-साथ क्लाइंट्स और मीडिया इंडस्ट्री की गहरी जानकारी है। उन्होंने वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है, मजबूत रिश्ते बनाए हैं और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया है। उन्हें विश्वास है कि केडिया का अनुभव और दृष्टिकोण कंपनी की प्लानिंग एंड बाइंग क्षमताओं को और मजबूत करेगा तथा इस क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
वहीं, अपनी नई जिम्मेदारी पर भारत भूषण केडिया ने कहा कि वह ऐसे समय में यह भूमिका संभालकर बेहद खुश हैं, जब मीडिया और OOH इकोसिस्टम तेजी से बदल रहा है। उनके अनुसार आज प्लानिंग और बाइंग में डेटा, टेक्नोलॉजी, मार्केट इंटेलिजेंस और क्लाइंट-केंद्रित सोच का बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वह देशभर की टीमों के साथ मिलकर मजबूत क्षमताएं विकसित करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और ऐसे प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के लिए काम करेंगे, जो क्लाइंट्स को उनके व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करें।
इस कार्यक्रम के तहत उन कम्युनिकेशंस पहलों और कैंपेन को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने प्रभावशाली स्टोरीटैलिंग व स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन के माध्यम से कारोबारी प्रभाव तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
India PR & Corporate Communications Awards (IPRCCA) के 16वें एडिशन में Lotte India (Havmor Ice Cream Division) के मैनेजिंग डायरेक्टर देबब्रत मुखर्जी जूरी चेयर की भूमिका निभाएंगे। अपनी इस भूमिका में वह कम्युनिकेशन, मार्केटिंग और कॉरपोरेट अफेयर्स से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञों के एक प्रतिष्ठित पैनल का नेतृत्व करेंगे।
यह पैनल विभिन्न प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, रणनीतिक सोच, क्रियान्वयन, नवाचार और मापनीय कारोबारी परिणामों के आधार पर करेगा। जूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और कठोर मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित होगी। अनुभवी उद्योग विशेषज्ञ तय मानकों के अनुसार सभी प्रविष्टियों की समीक्षा करेंगे और विजेताओं का चयन करेंगे।
बता दें कि यह पुरस्कार जनसंपर्क (PR), कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और प्रतिष्ठा प्रबंधन (Reputation Management) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने वाले देश के प्रमुख मंचों में शामिल है।
इस कार्यक्रम के तहत उन कैंपेन, स्ट्रैटेजी और कम्युनिकेशंस पहलों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने प्रभावशाली स्टोरीटैलिंग, स्टेकहोल्डर्स के साथ भरोसा कायम करने और स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन के माध्यम से कारोबारी प्रभाव तैयार करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
देबब्रत मुखर्जी के पास एफएमसीजी (FMCG) क्षेत्र में दो दशक से अधिक का लीडरशिप अनुभव है। उन्होंने देश की कई प्रमुख उपभोक्ता कंपनियों में ब्रैंड निर्माण, कारोबारी बदलाव और ग्रोथ स्ट्रैटेजी का नेतृत्व किया है। Lotte India (Havmor Ice Cream Division) के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में उन्होंने कंपनी के विस्तार, उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत बनाने और प्रतिस्पर्धी बाजार में कंज्यूमर्स के साथ कंपनी की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गौरतलब है कि India PR & Corporate Communications Awards समय के साथ कॉरपोरेट स्टोरीटेलिंग, स्टेकहोल्डर एंगेजमेंट, संकट संचार (Crisis Communication), पब्लिक अफेयर्स, ESG कम्युनिकेशन, डिजिटल पीआर और एकीकृत प्रतिष्ठा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह पुरस्कार एजेंसियों, ब्रैंड्स, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों, स्टार्टअप्स और संचार प्रोफेशनल्स को सम्मानित करता है, जिन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान प्रभावशाली अभियान चलाए हैं।
अपनी इस भूमिका में चंद्रदीप कुमार कंपनी के राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया ऑपरेशंस और ग्रोथ एजेंडे का नेतृत्व करेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मार्केटिंग कंपनी एफिकेसी वर्ल्डवाइड (Efficacy Worldwide) ने अपनी लीडरशिप टीम को और मजबूत करते हुए चंद्रदीप कुमार को नेशनल हेड–मीडिया एंड ग्रोथ के पद पर नियुक्त किया है। कंपनी का कहना है कि इस नियुक्ति का उद्देश्य एआई (AI) आधारित मार्केटिंग क्षमताओं को और मजबूत करना तथा कारोबार की रफ्तार को तेज करना है।
नई जिम्मेदारी में चंद्रदीप कुमार कंपनी के राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया ऑपरेशंस और ग्रोथ स्ट्रैटेजी का नेतृत्व करेंगे। इसके साथ ही वे स्ट्रैटेजिक कारोबारी विस्तार को आगे बढ़ाने, क्लाइंट्स को मीडिया, क्रिएटिविटी, डेटा, टेक्नोलॉजी और एआई के बेहतर तालमेल का लाभ दिलाने तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मार्केटिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने पर काम करेंगे। वह कंपनी की नेतृत्व टीम के साथ मिलकर क्लाइंट पार्टनरशिप को मजबूत करने, नए कारोबार के अवसर बढ़ाने और ग्राहकों के लिए बेहतर व्यावसायिक परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
चंद्रदीप कुमार के पास मीडिया और मार्केटिंग क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह इससे पहले डब्ल्यूपीपी (WPP), मुद्रा (Mudra), स्टारकॉम (Starcom) और हाल ही में हवास मीडिया ग्रुप (Havas Media Group) में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने रणनीतिक मीडिया सोच, व्यावसायिक समझ और मजबूत क्लाइंट संबंधों के जरिए कई बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।
पूर्व में उन्होंने हुंडई मोटर्स, वोल्टास, वोल्टास बेको, टाटा 1एमजी, जेबीएल, वाल्वोलिन, सुजाता अप्लायंसेज, नॉर्टन, जूपी, हमदर्द और एम्मा स्लीप जैसे प्रमुख ब्रैंड्स के लिए इंटीग्रेटेड मीडिया और ग्रोथ से जुड़े अभियानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों के निर्माण, नए कारोबारी अवसर विकसित करने और ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक संबंध स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाई है।
अपनी नियुक्ति पर चंद्रदीप कुमार ने कहा, ‘मार्केटिंग ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है, जहां एआई, डेटा और क्रिएटिविटी मिलकर यह तय कर रहे हैं कि ब्रैंड, उपभोक्ताओं से कैसे जुड़ें और बेहतर व्यावसायिक परिणाम हासिल करें। एफिकेसी वर्ल्डवाइड ने स्ट्रैटेजिक सोच और बेहतरीन निष्पादन के दम पर मजबूत पहचान बनाई है। इस महत्वाकांक्षी टीम का हिस्सा बनकर मैं उत्साहित हूं और क्लाइंट्स को एकीकृत तथा टेक्नोलॉजी आधारित मार्केटिंग समाधानों के जरिए विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम करूंगा।’
कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ विष्णु शर्मा ने कहा, ‘चंद्रदीप की नियुक्ति एफिकेसी वर्ल्डवाइड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मीडिया क्षेत्र में उनकी गहरी विशेषज्ञता के साथ-साथ उनके पास रणनीतिक दृष्टि, मजबूत नेतृत्व क्षमता और ग्राहकों को प्राथमिकता देने का नजरिया है। ऐसे समय में जब ब्रैंड्स मीडिया, क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी और एआई को एक साथ जोड़ने वाले साझेदार तलाश रहे हैं, चंद्रदीप का नेतृत्व हमारी क्षमताओं को और मजबूत करेगा। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में कंपनी भविष्य के लिए तैयार भारत की अग्रणी स्वतंत्र मार्केटिंग कंपनियों में अपनी स्थिति और सशक्त करेगी।’
हालांकि, इस संस्थान के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 के आखिर तक था, लेकिन कुछ निजी कारणों के चलते उन्होंने इस पारी को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जानी-मानी न्यूज एंकर ऋचा अनिरुद्ध से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली इस खबर के मुताबिक, ऋचा अनिरुद्ध ने ‘नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड’ (Network18 Media & Investments Limited) के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कड़क’ (Kadak) का साथ छोड़ दिया है।
हालांकि, इस संस्थान के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 के आखिर तक था, लेकिन कुछ निजी कारणों के चलते उन्होंने इस पारी को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है। सूत्रों की मानें तो उन्होंने यहां से इस्तीफा 30 मई को ही दे दिया था और फिलहाल नोटिस पीरियड सर्व कर रही थीं।
खबर यह भी है कि उन्हें यहां कोई दूसरी जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। हालांकि, अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। ऋचा अनिरुद्ध ने पिछले साल अगस्त में बतौर कंसल्टेंट ‘कड़क’ जॉइन किया था और ‘अनकही’ नाम से अपना शो भी कर रही थीं।
बता दें कि ऋचा अनिरुद्ध, भारतीय मीडिया का एक प्रतिष्ठित और जाना-पहचाना नाम है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है और अपनी प्रतिभा के दम पर मीडिया में एक खास मुकाम हासिल किया है।ऋचा अनिरुद्ध की छवि एक गंभीर और जनोन्मुखी पत्रकार व एंकर की है। पूर्व में ऋचा लंबे समय तक ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया) के साथ जुड़ी रहीं, जहां वे चैनल के मशहूर शो 'जिंदगी लाइव' को होस्ट करती थीं।
ऋचा ने अपने पत्रिकारिता करियर की शुरुआत साल 2002 में ज़ी न्यूज के साथ बतौर रिपोर्टर और एंकर की। 2005 में वे ‘चैनल7’ से जुड़ गई। बाद में इस चैनल का नाम बदलकर ‘आईबीएन7’ कर दिया गया और फिर ‘न्यूज18इंडिया’। वर्ष 2007 में उन्हें लोकप्रिय शो ‘जिंदगी लाइव’ को होस्ट करने का मौका मिला। इसी शो ने उन्हें पत्रकारिता जगत में व्यापक पहचान दिलाई। ‘जिंदगी लाइव’ शो को कई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, साथ ही उन्होंने भी कई बार इसकी बेस्ट एंकरिंग का खिताब अपने नाम किया।
यही नहीं, वर्ष 2014 से 2021 तक उन्होंने ‘बिग एफएम’ पर रेडियो शो भी किए हैं। ऋचा अनिरुद्ध को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर गहरी पकड़ है। मीडिया के अतिरिक्त अन्य माध्यमों से भी वे अपने सामाजिक दायित्वों का सम्यक निर्वाह करती हैं। साल 2013 के बाद से टीवी से उन्होंने दूरी भले ही बना ली लेकिन उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल ‘जिंदगी विद ऋचा‘ (Zindagi with Richa) के माध्यम से लोगों से जुड़ाव बनाए रखा। इसके बाद उन्होंने पिछले साल फिर न्यूज रूम में वापसी करते हुए ‘कड़क’ जॉइन किया था, जहां से अब वह अलग हो गई हैं।
टाइम्स नेटवर्क के एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने कुछ सप्ताह पहले इस्तीफा दिया है। राहुल चंद्रन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है, जबकि आंचल जौहर को रोकने की कोशिश की जा रही है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) की ब्रैंडेड कंटेंट लीडरशिप में वरिष्ठ स्तर पर बदलाव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। खबर है कि नेटवर्क के दो सीनियर प्रोफेशनल राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने कुछ समय पहले अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। दोनों एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट के पद पर कार्यरत थे।
हमारी सहयोगी वेबसाइट एक्सचेंज4मीडिया (exchange4media) को कंपनी मैनेजमेंट और इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल चंद्रन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और वह फिलहाल नोटिस पीरियड पर हैं। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही एक नॉन-न्यूज संस्थान से जुड़ सकते हैं। हालांकि उनके अगले कदम का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
‘टाइम्स नेटवर्क’ ने ‘एक्सचेंज4मीडिया’ से राहुल चंद्रन के इस्तीफे की पुष्टि की है। कंपनी मैनेजमेंट ने इस संबंध में किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया। एक्सचेंज4मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार कंपनी आंचल जौहर को रोकने का प्रयास कर रही है।
इसी बीच, ‘टाइम्स नेटवर्क’ के ब्रैंडेड कंटेंट हेड गौरव देवानी को लेकर भी अटकलों का दौर जारी है कि वह यहां से अलग हो रहे हैं। हालांकि, कंपनी के शीर्ष प्रबंधन और स्वयं गौरव देवानी ने एक्सचेंज4मीडिया से बातचीत में इस बात से इनकार किया है कि वह कंपनी छोड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गौरव देवानी ने टाइम्स नेटवर्क में संभाली ये बड़ी जिम्मेदारी
इंडस्ट्री में चर्चा है कि गौरव देवानी अपनी मौजूदा भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वह ऐसी भूमिका चाहते हैं जिसमें कंटेंट की जिम्मेदारी भी शामिल हो, जैसा कि पहले मिहिर भट्ट के पास थी। वह अपनी ब्रैंडेड कंटेंट टीम के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति, अपनी टीम चुनने, मौजूदा टीम की भूमिकाएं तय करने और अपने अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने की अधिक स्वतंत्रता चाहते हैं।
गौरव देवानी अनुभवी प्रोफेशनल हैं, हालांकि उनके आने के बाद हुए इस नए नेतृत्व बदलाव (alignment) को लेकर संगठन के भीतर कुछ असहजता की चर्चा भी रही। आइए अब समझते हैं कि पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या तस्वीर उभर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, गौरव देवानी के ब्रैंडेड कंटेंट हेड बनने के बाद संगठन में हुए नए नेतृत्व बदलाव (alignment) को लेकर कुछ असहजता की चर्चा रही। इसी दौरान राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
‘टाइम्स नेटवर्क’ के शीर्ष प्रबंधन ने एक्सचेंज4मीडिया से स्पष्ट तौर पर कहा है कि गौरव देवानी ने इस्तीफा नहीं दिया है। इसके बावजूद सूत्रों ने बताया है कि गौरव देवानी ने भी कुछ दिन पहले अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, कंपनी ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यदि उनकी भूमिका के विस्तार और अपनी टीम चुनने से जुड़ी मांगें स्वीकार नहीं होती हैं तो वह कंपनी छोड़ सकते हैं। हालांकि वरिष्ठ स्तर पर इस तरह की चर्चाएं अंतिम निर्णय होने तक गोपनीय रखी जाती हैं और इनमें कई दौर की बातचीत होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि गौरव देवानी कंपनी छोड़ते हैं तो आंचल जौहर के टाइम्स नेटवर्क में बने रहने की संभावना बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि शीर्ष प्रबंधन और एचआर को दोनों में से किसी एक विकल्प पर फैसला लेना पड़ सकता है। यदि गौरव देवानी कंपनी में बने रहते हैं तो राहुल चंद्रन और आंचल जौहर के कंपनी छोड़ने की संभावना है। वहीं यदि गौरव देवानी कंपनी छोड़ते हैं तो कम से कम आंचल जौहर के बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यदि गौरव देवानी कंपनी से अलग होते हैं तो टाइम्स टेलिविजन के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट राजेश मदामपथ को ब्रैंडेड कंटेंट के हेड की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। गौरव देवानी की नियुक्ति से पहले यह जिम्मेदारी राजेश मदामपथ के पास रह चुकी है। वर्तमान में वह एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर एन. सुब्रमण्यम के साथ पिकलबॉल (Pickleball) और नई पहलों पर तथा टाइम्स टेलिविजन नेटवर्क के सीईओ आशीष सहगल के साथ सरकारी परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
कुल मिलाकर राहुल चंद्रन के इस्तीफे की पुष्टि हो चुकी है, आंचल जौहर के भविष्य को लेकर बातचीत जारी है और गौरव देवानी को लेकर भी अटकलें बनी हुई हैं। ऐसे में नए नेतृत्व के तहत टाइम्स नेटवर्क का ब्रैंडेड कंटेंट डिपार्टमेंट बदलाव के एक नए दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।
राहुल चंद्रन का टाइम्स नेटवर्क के साथ करीब साढ़े सात वर्षों का सफर रहा है। अक्टूबर 2023 में उन्हें एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट (ब्रैंडेड कंटेंट) बनाया गया था। इससे पहले वह जनवरी 2019 से रीजन हेड (ब्रैंडेड कंटेंट) के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान यहां उन्होंने ब्रैंडेड कंटेंट पहलों का नेतृत्व किया, विज्ञापनदाताओं के लिए कस्टमाइज्ड कंटेंट समाधान तैयार किए और इंटीग्रेटेड रेवेन्यू अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘टाइम्स नेटवर्क’ से पहले राहुल चंद्रन वर्ष 2016 से 2019 तक ‘हिंदुस्तान टाइम्स’(Hindustan Times) में रीजन हेड रहे। इससे पहले उन्होंने लगभग एक दशक तक CNBC-TV18 में नेतृत्वकारी भूमिकाओं में काम किया। इसके अलावा वह बेनेट कोलमैंन एंड कंपनी लिमिटिड (BCCL), Xbox 360 और BPL Mobile से भी जुड़े रहे हैं।
वहीं, आंचल जौहर वर्तमान में ‘टाइम्स नेटवर्क’ में North और East क्षेत्र के ब्रैंडेड कंटेंट, नेटवर्क IPs तथा स्पेशल प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। संगठन में दोबारा लौटने के बाद अक्टूबर 2024 में उन्हें एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया था।
उन्हें मीडिया सेल्स, ब्रैंडेड कंटेंट और स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स का लगभग दो दशक का अनुभव है। टाइम्स नेटवर्क में वापसी से पहले वह ‘जी मीडिया’ (Zee Media) में असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट थीं, जहां उन्होंने जी न्यूज, जी बिजनेस और विऑन के लिए Strategic Partnerships, Branded Content, Reputation Management और IP Sales का नेतृत्व किया।
इससे पहले वह इंडिया टुडे ग्रुप (India Today Group) में डिप्टी जनरल मैनेजर के रूप में IP Sales और Content Solutions संभाल चुकी हैं। वह पहले भी टाइम्स नेटवर्क में डिप्टी जनरल मैनेजर और रीजन हेड रह चुकी हैं। अपने करियर में उन्होंने Zee Entertainment Enterprises, 9X Media, The Walt Disney Company India, Live India और NDTV में भी कार्य किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह भी चर्चा है कि आंचल जौहर न्यूज18 स्टूडियोज (News18 Studios) में मिहिर भट्ट के साथ संभावित भूमिका को लेकर बातचीत कर रही हैं। बताया जा रहा है कि टाइम्स नेटवर्क के अलावा जिन अवसरों पर वह विचार कर रही हैं, उनमें यह प्रमुख विकल्पों में से एक है।
कुल मिलाकर एक इस्तीफे की पुष्टि हो चुकी है, दूसरे पर बातचीत जारी है और तीसरे को लेकर अटकलें बनी हुई हैं। ऐसे में टाइम्स नेटवर्क का ब्रैंडेड कंटेंट विभाग एक नए बदलाव के दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।
टेक्निया इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज (TIAS) के 24वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्रियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। प्रो. संजय द्विवेदी ने AI युग में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर जोर दिया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नई दिल्ली (New Delhi) स्थित टेक्निया इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज (Technia Institute of Advanced Studies-TIAS) का 24वां वार्षिक दीक्षांत समारोह शनिवार को भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर. के. गुप्ता (Dr. R. K. Gupta) ने की।
इस अवसर पर भारतीय जन संचार संस्थान (Indian Institute of Mass Communication-IIMC) के पूर्व महानिदेशक और प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. संजय द्विवेदी (Prof. Sanjay Dwivedi) मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ उद्योग विशेषज्ञ संतोष मित्तल (Santosh Mittal) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. अजय गुप्ता (Dr. Ajay Gupta), डीन डॉ. एम. एन. झा (Dr. M. N. Jha), विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. संजय द्विवेदी (Prof. Sanjay Dwivedi) ने अपने दीक्षांत भाषण में कहा कि दीक्षांत केवल शिक्षा की समाप्ति नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence-AI), डिजिटल संचार और तेज़ तकनीकी बदलाव का है, इसलिए केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, नवाचार करने और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज, राष्ट्र और मानवता के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों से अपील की कि वे AI के इस दौर में विद्यार्थियों को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन (Digital Transformation) के लिए तैयार करें, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।
विशिष्ट अतिथि संतोष मित्तल (Santosh Mittal) ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वैश्विक कॉर्पोरेट जगत की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नेतृत्व क्षमता, नवाचार, टीमवर्क और जीवनभर सीखते रहने की संस्कृति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ स्वयं को विकसित करने वाले लोग ही सफलता प्राप्त करते हैं।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आर. के. गुप्ता (Dr. R. K. Gupta) ने कहा कि टेक्निया इंस्टीट्यूट (TIAS) गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग और विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने ज्ञान, प्रतिभा और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मीडिया व एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कंपनी प्राइम फोकस लिमिटेड (Prime Focus Limited) ने अपने ग्लोबल एनीमेशन कारोबार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया व एंटरटेनमेंट टेक्नोलॉजी क्षेत्र की कंपनी प्राइम फोकस लिमिटेड (Prime Focus Limited) ने अपने ग्लोबल एनीमेशन कारोबार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने दी जानकारी में बताया कि उसकी अप्रत्यक्ष (Indirect) सहायक कंपनी Double Negative Films Limited (DNFL) ने स्पेन की एनीमेशन कंपनी Ánima Kitchent Canarias, S.L. में 48.45% हिस्सेदारी खरीद ली है।
इस अधिग्रहण के लिए DNFL ने करीब 13.70 करोड़ रुपये का नकद भुगतान किया है। कंपनी के मुताबिक, यह सौदा 26 जून 2026 को पूरा हो गया।
Prime Focus ने कहा कि इस निवेश का मुख्य उद्देश्य स्पेन के एनीमेशन प्रोडक्शन सेक्टर और वहां के बाजारों तक अपनी पहुंच बढ़ाना है। इसके साथ ही कंपनी को SETT (Sociedad Española para la Transformación Tecnológica) के साथ साझेदारी का भी लाभ मिलेगा। SETT स्पेन सरकार का एक फंड है, जिसने Ánima Kitchent Canarias में 24.9 मिलियन यूरो तक निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। यह निवेश पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत किया जा रहा है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन का हिस्सा नहीं है। अधिग्रहण के लिए आवश्यक सरकारी और नियामकीय मंजूरियां, जहां लागू होंगी, प्राप्त कर ली गई हैं या की जाएंगी।
Ánima Kitchent Canarias की स्थापना 2014 में हुई थी और यह स्पेन का एक प्रमुख एनीमेशन स्टूडियो है। कंपनी 2D और 3D एनिमेटेड कंटेंट के निर्माण, विकास और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए जानी जाती है। इसके लोकप्रिय ब्रैंड्स में Cuquín, Lea & Pop, Titto Lizzardo, Tippi T-Rex और PINY Institute of New York शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का टर्नओवर 92 करोड़ रुपये, शुद्ध लाभ (PAT) 11 करोड़ रुपये और नेटवर्थ 68 करोड़ रुपये रही। इससे पहले 2024 में कंपनी का टर्नओवर 65 करोड़ रुपये और 2023 में 59 करोड़ रुपये था।
Prime Focus का मानना है कि इस अधिग्रहण से कंपनी की वैश्विक एनीमेशन क्षमताएं मजबूत होंगी और यूरोप, खासकर स्पेन के तेजी से बढ़ते एनीमेशन बाजार में उसकी मौजूदगी और मजबूत होगी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने भारत में अपने कारोबार को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने भारत में अपने कारोबार को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Uber India और South Asia के मौजूदा प्रेजिडेंट प्रभजीत सिंह को भारत का मैनेजिंग डायरेक्टर (Managing Director) नियुक्त किया है।
प्रभजीत सिंह सितंबर 2026 में OpenAI से जुड़ेंगे। वह एशिया-प्रशांत (Asia Pacific) के मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे। भारत में OpenAI के कंज्यूमर और एंटरप्राइज बिजनेस, रणनीतिक साझेदारियों, सरकारी और नियामकीय संस्थाओं के साथ तालमेल और कंपनी के कुल संचालन की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
OpenAI ने कहा कि प्रभजीत सिंह का मुख्य फोकस भारत में कंपनी की रणनीतिक साझेदारियों का विस्तार करना, देश के AI इकोसिस्टम को मजबूत बनाना और कारोबार, संस्थानों तथा सरकारी क्षेत्र में AI के इस्तेमाल को तेज करना होगा।
इससे पहले Uber ने भी पुष्टि की थी कि प्रभजीत सिंह कंपनी छोड़ रहे हैं और एक नई नेतृत्वकारी भूमिका संभालने जा रहे हैं। Uber के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि कंपनी प्रभजीत सिंह के नेतृत्व और पिछले 10 वर्षों में दिए गए योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करती है। साथ ही कंपनी ने कहा कि वह भारत में अपने अगले विकास चरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रभजीत सिंह ने साल 2015 में Uber में जनरल मैनेजर और हेड ऑफ स्ट्रैटेजी के रूप में अपनी शुरुआत की थी। इसके बाद 2020 में उन्हें Uber India और South Asia का प्रेसिडेंट बनाया गया। हाल के वर्षों में वह भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में Uber के मोबिलिटी बिजनेस का नेतृत्व कर रहे थे।
OpenAI की यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से बढ़ते AI बाजारों में से एक बनकर उभर रहा है। ऐसे में कंपनी का यह कदम भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने और AI को बड़े स्तर पर अपनाने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) की 38वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) शुक्रवार, 26 जून 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की गई।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) की 38वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) शुक्रवार, 26 जून 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की गई। बैठक में रखे गए सभी चार प्रस्तावों को शेयरधारकों ने भारी बहुमत से मंजूरी दे दी। कंपनी ने मतदान के नतीजे और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट स्टॉक एक्सचेंज को सौंप दी है।
कंपनी के मुताबिक, AGM के लिए 19 जून 2026 तक कुल 93,884 शेयरधारक पात्र थे। बैठक में 155 सार्वजनिक शेयरधारकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। मतदान रिमोट ई-वोटिंग और AGM के दौरान ई-वोटिंग के माध्यम से कराया गया।
बैठक में सबसे पहले वित्त वर्ष 2025-26 के स्टैंडअलोन वित्तीय नतीजों और निदेशक मंडल व ऑडिटर्स की रिपोर्ट को मंजूरी दी गई। इसके पक्ष में लगभग 99.999% वोट पड़े, जबकि विरोध में बेहद कम वोट दर्ज हुए।
इसके बाद कंपनी के कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों और ऑडिटर्स की रिपोर्ट को भी लगभग सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इस प्रस्ताव के पक्ष में भी करीब 99.999% वोट पड़े।
AGM में निदेशक सेंथिल चेंगलवरायन, जो रोटेशन के आधार पर सेवानिवृत्त हो रहे थे, उन्हें दोबारा निदेशक (डायरेक्टर) नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी शेयरधारकों ने मंजूरी दे दी। हालांकि इस प्रस्ताव पर अन्य प्रस्तावों की तुलना में कुछ अधिक विरोध देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद कुल मतदान में करीब 99.95% वोट इसके पक्ष में रहे।
सेंथिल चेंगलवरायण भारतीय बिजनेस पत्रकारिता में जाना-माना नाम हैं। उन्होंने वर्षों तक विभिन्न संपादकीय और नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं। एनडीटीवी के बोर्ड में शामिल होने से पहले, वह CNBC-TV18 के संस्थापक संपादक (Founding Editor) थे और भारत में बिजनेस न्यूज़ के परिदृश्य को आकार देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
एनडीटीवी में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने चैनल की बिजनेस कंटेंट स्ट्रैटेजी को दर्शकों की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने में अहम योगदान दिया। उनकी संपादकीय दृष्टि और उद्योग का व्यापक अनुभव, चैनल की व्यावसायिक पत्रकारिता को और सशक्त बनाने में सहायक रहा है।
बता दें कि चेंगलवरायण ने मद्रास यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है। इसके बाद, उन्होंने टाइम्स रिसर्च फाउंडेशन इंस्टीट्यूट के स्कूल ऑफ सोशल जर्नलिज्म से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कंपनी के कॉस्ट ऑडिटर्स के पारिश्रमिक (Remuneration) को भी मंजूरी मिल गई। इस प्रस्ताव को भी करीब 99.85% वोटों का समर्थन मिला।
कंपनी ने बताया कि AGM में हुए मतदान की पूरी प्रक्रिया का स्वतंत्र कंपनी सचिव विशाल अरोड़ा एंड एसोसिएट्स ने परीक्षण (Scrutiny) किया। उनकी रिपोर्ट के अनुसार सभी प्रस्ताव आवश्यक बहुमत से पारित हो गए हैं।
NDTV ने कहा कि मतदान के विस्तृत नतीजे और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट कंपनी की वेबसाइट और NSDL के ई-वोटिंग पोर्टल पर भी उपलब्ध करा दी गई है।
इस बीच NDTV के सीईओ व एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि NDTV की वार्षिक आम बैठक (AGM) में हमने अपनी आगे की रणनीति और भविष्य की दिशा साझा की। यह नई शुरुआत भरोसे, डिजिटल विस्तार और नए विकास के अवसरों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ते हुए हमारा फोकस विश्वसनीय पत्रकारिता, नवाचार (Innovation), मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म और टिकाऊ (Sustainable) विकास पर ही रहेगा।
At NDTV’s AGM, we shared the next chapter of our journey - anchored in trust, powered by digital scale and shaped by new growth opportunities.
— Rahul Kanwal (@rahulkanwal) June 26, 2026
As we move ahead, our focus remains clear: credible journalism, innovation, stronger platforms and sustainable growth. @ndtv pic.twitter.com/ViX8qnMupg
कंपनी के अनुसार, Lenovo, CEAT, Jaguar Land Rover, Adidas, Zydus और JBL ने भी FIFA World Cup 2026 के प्रसारण के लिए 'Z' के साथ साझेदारी की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 2026 के नॉकआउट दौर की शुरुआत से पहले ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) के साथ विज्ञापनदाताओं का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। टूर्नामेंट के शुरुआती चरणों में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब कई बड़े ब्रैंड भी 'Z' के साथ जुड़ गए हैं।
कंपनी के अनुसार, Lenovo, CEAT, Jaguar Land Rover, Adidas, Zydus और JBL ने भी FIFA World Cup 2026 के प्रसारण के लिए 'Z' के साथ साझेदारी की है। ये ब्रैंड पहले से जुड़े Mahindra (को-प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर), Diageo (को-पावर्ड बाय स्पॉन्सर) तथा Apple और Pernod Ricard जैसे प्रमुख ब्रैंड्स की सूची में शामिल हुए हैं। कंपनी ने इन सभी ब्रैंड्स के सहयोग की सराहना करते हुए भारत में फुटबॉल को बढ़ावा देने में उनके समर्थन के लिए आभार जताया है।
कंपनी का कहना है कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट नॉकआउट चरण में पहुंच रहा है, दर्शकों के उत्साह के साथ विज्ञापनदाताओं की रुचि भी लगातार बढ़ रही है। विज्ञापनदाता 'Z' के एकीकृत प्लेटफॉर्म के जरिए टेलीविजन और डिजिटल दोनों माध्यमों पर दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच बना रहे हैं।
'Z' के अनुसार, Unite8 Sports चैनलों और ZEE5 पर लाइव मैच, स्टूडियो प्रोग्राम, हाइलाइट्स, मैच विश्लेषण और डिजिटल एक्टिवेशन जैसे विभिन्न माध्यमों के जरिए ब्रैंड उपभोक्ताओं से जुड़ रहे हैं। कंपनी का कहना है कि टेलीविजन और डिजिटल पर उपलब्ध उसकी विज्ञापन सेवाएं ब्रैंड्स को उनके कारोबारी उद्देश्यों के अनुरूप अभियान चलाने और बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद कर रही हैं।
कंपनी ने बताया कि FIFA World Cup 2026 के प्रसारण को अब तक सभी प्लेटफॉर्म्स पर 300 मिलियन (30 करोड़) से अधिक यूनिक दर्शकों तक पहुंच मिली है। वहीं, ZEE5 पर लाखों दर्शक एक साथ लाइव मुकाबले देख रहे हैं। लाइव मैचों, हाइलाइट्स और बहुभाषी स्टूडियो प्रोग्रामिंग के चलते प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की भागीदारी में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इसके अलावा, कंपनी के अनुसार Unite8 Sports 2 भारत के सभी अंग्रेजी स्पोर्ट्स चैनलों में अग्रणी स्थान हासिल करने में सफल रहा है। दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रसिद्ध फुटबॉल विशेषज्ञ, पूर्व खिलाड़ी और जाने-माने कमेंटेटर प्री-मैच, हाफ-टाइम और पोस्ट-मैच विश्लेषण भी पेश कर रहे हैं।
कंपनी ने यह भी बताया कि जहां कई बड़े ब्रैंड टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही जुड़ गए थे, वहीं ग्रुप चरण के दौरान मिले उत्साह के बाद अब नए विज्ञापनदाता भी साझेदारी में रुचि दिखा रहे हैं। कंपनी को राउंड ऑफ 32 (28 जून-3 जुलाई), राउंड ऑफ 16 (4-7 जुलाई) और उसके बाद के मुकाबलों के लिए भी अतिरिक्त ब्रैंड्स से अच्छी मांग मिल रही है।
इस बारे में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (एडवर्टाइजिंग रेवेन्यू) संदीप मेहरोत्रा ने कहा, ‘FIFA World Cup लगातार बड़े पैमाने पर दर्शकों को जोड़ने वाला मंच साबित हुआ है और पिछले कुछ सप्ताह में मिले सकारात्मक रुझान ने विज्ञापनदाताओं का भरोसा और मजबूत किया है। हमारा फोकस विभिन्न श्रेणियों और निवेश क्षमता वाले ब्रैंड्स के लिए उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रभावी विज्ञापन समाधान उपलब्ध कराने पर रहा है। कई नए ब्रैंड हमारे साथ जुड़े हैं और नॉकआउट दौर को लेकर भी विज्ञापनदाताओं की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है। हम अपने साझेदारों को बेहतर परिणाम देने वाले अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
कंपनी का कहना है कि जैसे-जैसे FIFA World Cup 2026 अपने निर्णायक नॉकआउट चरण में आगे बढ़ रहा है, वह दर्शकों की भागीदारी और विज्ञापनदाताओं की साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अनूठे तथा इंटीग्रेटिड सॉल्यूशंस (एकीकृत समाधान) उपलब्ध कराती रहेगी।
TRAI की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में पेड DTH ग्राहकों और एफएम रेडियो विज्ञापन आय में गिरावट दर्ज हुई, जबकि टीवी चैनलों और एफएम नेटवर्क का विस्तार जारी रहा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण' (Telecom Regulatory Authority of India-TRAI) की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही की 'इंडियन टेलीकॉम सर्विसेज परफॉर्मेंस इंडिकेटर रिपोर्ट' से पता चलता है कि देश का पारंपरिक ब्रॉडकास्टिंग उद्योग अभी भी कई चुनौतियों से जूझ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, जहां पेड डीटीएच (Direct-to-Home-DTH) सेवाओं के ग्राहकों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की गई है, वहीं निजी एफएम (FM) रेडियो उद्योग की विज्ञापन आय भी कम हुई है। हालांकि टीवी चैनलों और एफएम नेटवर्क का विस्तार जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक देश में निजी पेड डीटीएच सेवाओं के सक्रिय ग्राहकों की संख्या घटकर 4.91 करोड़ (49.05 मिलियन) रह गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 5.10 करोड़ (50.99 मिलियन) थी। यानी केवल तीन महीनों में करीब 19.4 लाख ग्राहकों की कमी दर्ज की गई। वर्तमान में भारत में 'प्रसार भारती' (Prasar Bharati) के 'डीडी फ्री डिश' (DD Free Dish) को छोड़कर चार निजी पेड डीटीएच ऑपरेटर सेवाएं दे रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती लोकप्रियता, इंटरनेट आधारित वीडियो सेवाओं का विस्तार, बदलती दर्शक आदतें और मुफ्त टीवी सेवाओं की उपलब्धता के कारण पेड टीवी उद्योग लगातार दबाव में है।
हालांकि वितरण कारोबार में चुनौतियों के बावजूद टीवी प्रसारण उद्योग मजबूत बना हुआ है। 31 मार्च 2026 तक 'सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय' (Ministry of Information and Broadcasting-MIB) ने 917 निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों को अपलिंक, डाउनलिंक या दोनों की अनुमति दे रखी थी। इनमें 908 चैनल भारत में डाउनलिंक के लिए उपलब्ध हैं। इनमें 342 पेड टीवी चैनल हैं, जिनमें 238 स्टैंडर्ड डेफिनिशन (SD) और 104 हाई डेफिनिशन (HD) चैनल शामिल हैं, जबकि 566 चैनल फ्री-टू-एयर (Free-to-Air-FTA) श्रेणी के हैं।
एफएम रेडियो क्षेत्र में नेटवर्क विस्तार देखने को मिला। मार्च 2026 तक देश के 120 शहरों में 390 निजी एफएम चैनल संचालित हो रहे थे, जिन्हें 31 निजी एफएम ब्रॉडकास्टर्स चला रहे हैं। पिछली तिमाही में यह संख्या 113 शहरों में 385 चैनलों की थी। इस विस्तार में 'डी.बी. कॉर्प लिमिटेड' (D.B. Corp Ltd.) ने सात नए एफएम स्टेशन शुरू कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं 'जेसीएल इंफ्रा लिमिटेड' (JCL Infra Ltd.) ने लेह (Leh) और कारगिल (Kargil) स्थित दो एफएम स्टेशनों के लाइसेंस वापस कर दिए।
नेटवर्क बढ़ने के बावजूद एफएम रेडियो उद्योग की विज्ञापन आय में गिरावट दर्ज की गई। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में निजी एफएम कंपनियों की कुल विज्ञापन आय 414.03 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछली तिमाही में यह 419.29 करोड़ रुपये थी। इससे संकेत मिलता है कि विज्ञापन बाजार में अभी भी सतर्कता बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, देश में 564 सामुदायिक रेडियो (Community Radio) स्टेशन भी संचालित हो रहे हैं, जो ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में सूचना, शिक्षा और जनहित कार्यक्रमों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
TRAI का मानना है कि भारतीय ब्रॉडकास्टिंग उद्योग इस समय संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। एक ओर टीवी ब्रॉडकास्टर्स नए चैनलों के जरिए अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहे हैं और एफएम नेटवर्क का विस्तार जारी है, वहीं दूसरी ओर पेड डीटीएच सेवाएं ग्राहकों को बनाए रखने और रेडियो उद्योग विज्ञापन मांग में सुस्ती जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इंटरनेट आधारित मनोरंजन सेवाओं और मुफ्त प्रसारण प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती लोकप्रियता पारंपरिक ब्रॉडकास्टिंग उद्योग के कारोबारी मॉडल पर लगातार दबाव बना रही है।