होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / यहां पत्रकारों पर बढ़े हमले के मामले, एक साल में 91 घटनाएं हुई दर्ज, 7 की मौत
यहां पत्रकारों पर बढ़े हमले के मामले, एक साल में 91 घटनाएं हुई दर्ज, 7 की मौत
पत्रकारों पर हमले और धमकियों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि पिछले साल अप्रैल से मीडियाकर्मियों के खिलाफ हमलों की अब तक 91 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पाकिस्तान में पत्रकारों पर हमले और धमकियों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि पिछले साल अप्रैल से मीडियाकर्मियों के खिलाफ हमलों की अब तक 91 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें 7 पत्रकारों और एक ब्लॉगर की हत्या शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए काम करने वाले एक गैर-सरकारी संगठन फ्रीडम नेटवर्क ने 'पाकिस्तान प्रेस फ्रीडम रिपोर्ट 2019-20' प्रकाशित की, जिसमें बताया गया है कि पत्रकारों के साथ हुई घटनाओं से पता चलता है कि पाकिस्तान में लगातार पत्रकारों को धमकाया और परेशान किया जा रहा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान के चारों सूबों समेत इस्लामाबाद में मई 2019 से लेकर अप्रैल 2020 तक पत्रकारों और मीडिया प्रैक्टीशनर्स के खिलाफ हमलों की 91 घटनाएं हुई हैं। इनमें 7 पत्रकारों की हत्या, 2 का अपहरण, 9 की गिरफ्तारी, 10 पर हमले जिनसे पांच गंभीर रूप से घायल हुए। इसके अलावा जबानी धमकियों के 23, सेंसरशिप के 10 मामले और 8 मामले कानूनी कार्रवाई के हैं।
वहीं दूसरी तरफ, देश में पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक कार्य स्थल इस्लामाबाद है, क्योंकि उन 91 घटनाओं में से 31 मामले इस्लामाबाद में दर्ज हुए हैं। इसके बाद सिंध दूसरे नंबर पर आता है, जहां पिछले एक साल में 24 मामले दर्ज हुए हैं। पंजाब 20, खैबर पख्तूनख्वा 13 और बलूचिस्तान तीन मामले सामने आए हैं।
फ्रीडम नेटवर्क के कार्यकारी निदेशक इकबाल खट्टक ने कहा कि 'पाकिस्तान में पत्रकारिता को नियंत्रित करने, पत्रकारों को मारने, धमकी देने और परेशान करने सहित सेंसरशिप के विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।'
उन्होंने कहा, 'आंकड़ों के मुताबिक इस्लामाबाद सहित सभी चार प्रांतों में पत्रकारों के लिए पाकिस्तान में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। उन पर हर जगह हमले हो रहे हैं और आश्चर्यजनक रूप से राज्य और उनकी संस्थाओं की इनमें महत्वपूर्ण भूमिका है।'
टैग्स पत्रकार मीडिया पाकिस्तान