होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कश्मीरी पत्रकार के साथ एयरपोर्ट पर हुआ कुछ ऐसा, छोड़नी पड़ी फ्लाइट
कश्मीरी पत्रकार के साथ एयरपोर्ट पर हुआ कुछ ऐसा, छोड़नी पड़ी फ्लाइट
पत्रकार प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाना था जर्मनी। पत्रकार ने कहा, पिछले 13 सालों में कभी नहीं हुआ इस तरह का व्यवहार
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कश्मीरी पत्रकार और लेखक गौहर गिलानी को नई दिल्ली में अधिकारियों द्वारा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर रोककर हिरासत में लेने का मामला सामने आया है। गिलानी जर्मनी के मीडिया संगठन डॉयचे वेले के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे।
पहले भी जर्मनी में डॉयचे वेले के साथ काम कर चुके गिलानी ने बताया कि वह दोबारा डॉयचे वेले के संपादक के रूप में संस्था से जुड़े हैं और इसी सिलसिले में एक सितंबर से शुरू हो रहे आठ दिवसीय पत्रकार प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जर्मनी जा रहे थे।
उन्हें इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर रोककर हिरातत में ले लिया गया और जर्मनी जाने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि, गिलानी का पासपोर्ट और बोर्डिंग पास कुछ घंटों के बाद लौटा दिया गया। गिलानी का कहना है कि पिछले 13 साल में पहली बार उन्हें इस तरह रोका गया।
‘कश्मीर रेज एंड रीजन’ के लेखक गिलानी के अनुसार, एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कश्मीर में मौजूदा स्थिति की वजह से उच्च अधिकारियों के आदेश पर उन्हें रोका गया। हालांकि, मांगने पर भी अधिकारियों ने लिखित आदेश दिखाने से इनकार कर दिया। वहीं, आईजीआई हवाई अड्डे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि गिलानी को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अनुरोध पर हिरासत में लिया गया।
टैग्स कश्मीरी पत्रकार गौहर गिलानी डॉयचे वेले आईजीआई एयरपोर्ट