होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भारतीय राजदूत ने कुछ इस अंदाज में पाकिस्तानी पत्रकारों की कर दी बोलती बंद
भारतीय राजदूत ने कुछ इस अंदाज में पाकिस्तानी पत्रकारों की कर दी बोलती बंद
केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाये जाने के मुद्दे पर पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी करारा झटका लगा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाये जाने के विरोध के मुद्दे पर पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भी करारा झटका लगा है। यूएनएससी की जम्मू-कश्मीर मसले पर शुक्रवार को हुई अनौपचारिक चर्चा में भारत को बदनाम करने की चीन और पाकिस्तान की कोशिशें नाकाम रहीं। चीन की मांग पर बुलायी गई इस बैठक में रूस, अमेरिका सहित लगभग सभी देश भारत के साथ खड़े नजर आये। हालांकि चीन ने पाकिस्तान के सुर-में-सुर मिलाने का काम किया और रूस ने कश्मीर मुद्दे पर द्विपक्षीय बातचीत का समर्थन किया।
कश्मीर पर चर्चा के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कई पत्रकारों ने भारतीय राजदूत और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन पर हावी होने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपने जवाबों से पाकिस्तानी पत्रकारों की बोलती बंद कर दी। भारत के राजदूत ने साफ किया कि लोकतंत्र में आतंकवाद की कोई जगह नहीं है। पाकिस्तान से बातचीत के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर वह आतंक को खत्म करते हैं तो हम बात करने के लिए तैयार हैं।
जब एक पत्रकार ने सवाल किया कि क्या ये प्रतिबंध एक खुले लोकतंत्र होने की भारत की छवि को कमजोर करते हैं? अकबरुद्दीन ने इस पत्रकार को करारा जवाब दिया। अकबरुद्दीन ने कहा,' हमारे सवालों का किसी ने जवाब नहीं दिया। जो लोग (चीनी और पाकिस्तानी राजदूत) यहां आए थे, वो ऐसे ही चले गए। एक खुले लोकतंत्र के प्रतिनिधि के रूप में मैं सवालों के जवाब देने को तैयार हूं।'
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर लिए गए भारत के इस फैसले पर बाहरी अन्य देशों को कोई मतलब नहीं होना चाहिए। पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में जेहाद के नाम पर हिंसा फैला रहा है। अकबरुद्दीन ने साफ कहा कि कश्मीर पूरी तरह से भारत का अंदरूनी मामला है। अकबरुद्दीन ने कहा कि कश्मीर मुद्दे पर सभी मसले हम बातचीत से सुलझाए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हिंसा किसी भी मसले का हल नहीं है, पाकिस्तान को आतंकवाद फैलाना खत्म करना होगा।
इस दौरान अकबरुद्दीन ने सबसे पहले पाकिस्तान के तीन पत्रकारों के सवालों के जवाब दिये। जैसे ही पाकिस्तान के आखिरी पत्रकार ने उनसे सवाल दागा कि नयी दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच वार्ता कब होगी? अकबरुद्दीन पोडियम से आगे बढ़े और कहा, 'चलिए, मुझे इसकी शुरुआत सबसे पहले आपसे रूबरू होकर करने का मौका दीजिए। हाथ मिलाने दीजिए।’ इसके बाद अकबरुद्दीन ने एक-एक कर तीनों पाकिस्तानी पत्रकारों से हाथ मिलाया। इस दौरान वहां पत्रकारों ने जमकर ठहाके लगाए। इसका विडियो भी सामने आया है, जिसे आप यहां देख सकते हैं।
#WATCH: Syed Akbaruddin, India’s Ambassador to UN says,"so, let me start by coming across to you and shaking hands. All three of you," to a Pakistani journalist when asked,"when will you begin a dialogue with Pakistan?" pic.twitter.com/0s06XAaasl
— ANI (@ANI) August 16, 2019
टैग्स पाकिस्तानी पत्रकार जम्मू-कश्मीर आर्टिकल 370 सैयद अकबरुद्दीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद