होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इंडिया 2047 यूथ कॉन्क्लेव: राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
इंडिया 2047 यूथ कॉन्क्लेव: राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
'ABP Network India 2047 Youth Conclave' में राजस्थान सरकार के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने नौकरियों, पेपर लीक, औद्योगिक निवेश और युवाओं के लिए नई योजनाओं पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
'ABP Network के India 2047 Youth Conclave' में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने युवाओं, रोजगार और सिस्टम सुधार को लेकर सरकार का स्पष्ट रुख सामने रखा। सीनियर एडिटर मेघा प्रसाद के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं और व्यवस्थागत बदलाव किए जा रहे हैं।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि सरकार ने चार लाख नौकरियों का वादा किया था, जिनमें से अब तक 90 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अशोक गहलोत के कार्यकाल में 19 बार पेपर लीक हुए, जबकि मौजूदा सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर अपराध है। एक अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत, मानसिक दबाव और परिवार की आर्थिक कुर्बानी के बाद परीक्षा देता है, और जब पेपर रद्द होता है तो उसका पूरा जीवन प्रभावित हो जाता है। ऐसा 19 बार होना सिस्टम की विफलता को दर्शाता है।
राठौड़ ने कहा कि बदलाव एक दिन में नहीं आता, लेकिन इच्छाशक्ति हो तो सिस्टम बदला जा सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार नई नीतियां ला रही है, जिससे सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ें। अप्रैल से दिसंबर के बीच प्रतिदिन औद्योगिक प्लॉट आवंटन किए गए, जिससे निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने हाल ही में शुरू की गई योजना का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को 10 लाख रुपये तक का बिना ब्याज ऋण दिया जा रहा है, जिसमें मार्जिन मनी की सुविधा भी है। मंत्री ने कहा कि समय बदल रहा है और राजस्थान का युवा अब नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है।
टैग्स