होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / IBLF: मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास ने बताया, जीवन में कैसे रहें खुश
IBLF: मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास ने बताया, जीवन में कैसे रहें खुश
देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान ‘BW बिजनेस वर्ल्ड’ ने गुरुवार को ‘इंडिया बिजनेस लिटरेचर फेस्टिवल’ (IBLF) का आयोजन किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान ‘BW बिजनेस वर्ल्ड’ ने गुरुवार को ‘इंडिया बिजनेस लिटरेचर फेस्टिवल’ (IBLF) का आयोजन किया। यह इस कार्यक्रम का दूसरा एडिशन था। गुरुग्राम स्थित ‘द लीला’ होटल में आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश के शीर्ष लेखक, शिक्षाविद, विद्वान और प्रकाशकों ने शिरकत की। इस मौके पर लाइफ कोच और मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास ने भी अपनी किताब Energize Your Mind: A Monk's guide to mindful living के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने यह भी समझाया कि जीवन में खुश कैसे रहा जाए।
गौर गोपाल दास ने अपने खराब अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि मेरे साथ कई बार ऐसा हुआ है, जो मुझे दुख पहुंचाता है, लेकिन इसके बावजूद मैं शांत रहा हूं और शांति की राह पर चलते ही आपके सामने बोलने की स्थिति में हूं, क्योंकि जब आप डिस्टर्ब होते हैं, तो आप कुछ भी अच्छा नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति से कैसे निपटना है, ये पूरी तरह से हम पर निर्भर करता है। खुश रहिये, ये जीवन है, परेशानियां आएंगी और जाएंगी, लेकिन खुश रहना एक विकल्प है और हमें वही चुनना है।
उन्होंने आगे कहा कि जीवन में अधिकांश लोग तीन चीजों से डरते हैं, पहला भीड़ के सामने बोलने से, दूसरा मृत्यु से और तीसरा हवाई जहाज में सफर करने से, लेकिन इस लिस्ट में आजकल तीन और डर का जुड़ाव हो गया है। मोबाइल फोन की बैट्री का डाउन हो जाना, वाई-फाई का सिग्नल का चला जाना और बफरिंग करना। गोपाल दास ने कहा कि जिस तरह फ्लाइट के टेक ऑफ करती है और लैंडिंग करती है उस पर हमारा बस नहीं होता, उसी तरह परेशानी या समस्या भी हमारे बस में नहीं होती। हमारे बस में है, तो इतना ही कि हम कैसे बर्ताव करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सबकी जिंदगी में समस्याएं आती हैं, हर जीवन का अंत होता है। तकलीफ जिंदगी से है, लेकिन मौत को लोग यूं ही बदनाम करते हैं। सबकी जिंदगी में आज परेशानियां हैं। हर कोई आज पैसा कमा रहा है, लेकिन दिमाग की संतुष्टि नहीं है। वह चैन से सो नहीं सकते। हम इंसान हैं तो हमें दुख भी होगा और खुशी भी, लेकिन हम हर परिस्थिति में कैसे बर्ताव करते हैं, ये पूरी तरह हम पर निर्भर करता है। इसलिए खुश रहने का सोचिये और आस-पास खुशी बनाए रखिए।
गौर गोपाल दास ने आगे कहा कि उन्होंने अपनी किताब Energize Your Mind: A Monk's guide to mindful living में अपने अनुभवों को साझा किया है। वह मानते हैं कि जिंदगी एक यात्रा है और हमें चलते रहना है। कैसी भी परिस्थिति क्यों न हो, हमें आगे बढ़ता रहना है। उन्होंने कहा कि सन्यास महज संतों जैसे कपड़े पहन लेना, बल्कि एक माइंडसेट है, जिस दिन आप इस माइंडसेट को क्रैक कर लेंगे, आप भी सन्यासी बन जाएंगे।
टैग्स BW बिजनेस वर्ल्ड गौर गोपाल दास इंडिया बिजनेस लिट्रेचर फेस्टिवल