Havas Media Network में बड़ा बदलाव, Carey Loh बने सिंगापुर के नए CEO

ग्लोबल मीडिया एजेंसी नेटवर्क Havas Media Network ने अपनी सिंगापुर ऑपरेशंस की कमान कैरी लोह (Carey Loh) को सौंपी है। उन्हें कंपनी का नया CEO नियुक्त किया गया है।

Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
Havas878


ग्लोबल मीडिया एजेंसी नेटवर्क Havas Media Network ने अपनी सिंगापुर ऑपरेशंस की कमान कैरी लोह (Carey Loh) को सौंपी है। उन्हें कंपनी का नया CEO नियुक्त किया गया है। वह पंकज नायक की जगह लेंगे, जिन्होंने दूसरी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों को निभाने के लिए इस पद से हटने का फैसला किया है।

कैरी लोह इससे पहले मई 2025 से WPP Media Singapore में क्लाइंट प्रेजिडेंट के तौर पर काम कर रहे थे। इससे पहले दिसंबर 2024 से मई 2025 तक वह GroupM Singapore में भी इसी पद पर रहे थे।

Loh को मीडिया और ऐडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री में काम करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने सात साल से ज्यादा समय Mindshare Singapore में बिताया है। यहां जनवरी 2021 से नवंबर 2024 तक उन्होंने मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह मैनेजिंग पार्टनर, क्लाइंट लीडरशिप के पद पर भी काम कर चुके हैं।

MEC, Microsoft और Havas में भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां

Mindshare से पहले कैरी लोह ने हॉन्गकॉन्ग और चीन में MEC के साथ कई अहम पदों पर काम किया। वह हॉन्गकॉन्ग में  मैनेजिंग पार्टनर और क्लाइंट लीड रहे, जबकि संघाई में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली।

इसके अलावा, Beijing में रहते हुए उन्होंने चीन में Microsoft के ग्लोबल ऐडवर्टाइजिंग और मीडिया कारोबार का नेतृत्व किया।

अपने करियर की शुरुआत में कैरी लोह मई से दिसंबर 2009 तक Beijing में Havas Media Group के डिजिटल के हेड भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने Starcom Media और Euro RSCG में भी डिजिटल से जुड़ी नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाई हैं।

क्लाइंट पार्टनरशिप और इनोवेशन पर रहेगा फोकस

नई जिम्मेदारी में कैरी लोह, Havas India, Southeast Asia और North Asia के ग्रुप सीईओ राणा बरुआ को रिपोर्ट करेंगे। उनकी प्राथमिकता सिंगापुर में नेटवर्क की मीडिया क्षमताओं को मजबूत करना, क्लाइंट पार्टनरशिप बढ़ाना, इनोवेशन को गति देना और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम तैयार करना होगा।

अपनी नियुक्ति पर कैरी लोह ने कहा कि सिंगापुर एक तेजी से बदलता हुआ बाजार है। यहां कंपनियां ग्राहकों से जुड़ने, टेक्नोलॉजी अपनाने और कारोबार को आगे बढ़ाने के नए तरीकों पर काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सही टैलेंट, डेटा, टेक्नोलॉजी और क्रिएटिविटी को एक साथ लाकर क्लाइंट्स को अपने ग्राहकों के साथ बेहतर संबंध बनाने और कारोबार में अच्छे नतीजे हासिल करने में मदद की जा सकती है।

Rana Barua ने सिंगापुर को बताया अहम ग्रोथ मार्केट

Havas India, Southeast Asia और North Asia के Group CEO Rana Barua ने कहा कि सिंगापुर एशिया में Havas Media Network के लिए एक अहम ग्रोथ मार्केट है। यह कंपनी की 'Growth, powered by desire' रणनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि कंपनी सिंगापुर में Havas Play, CSA और Havas Market जैसी अपनी प्रमुख क्षमताओं का विस्तार जारी रखेगी। इसका मकसद मीडिया कारोबार को अधिक मजबूत और एकीकृत बनाना है, ताकि क्लाइंट्स को बेहतर समाधान दिए जा सकें।

जनवरी 2025 में Havas से जुड़े थे पंकज नायक

पंकज नायक जनवरी 2025 में Havas Media Network से जुड़े थे। उन्हें सिंगापुर ऑपरेशंस का सीईओ और Southeast Asia का प्रेजिडेंट बनाया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नेटवर्क की क्षमताओं को मजबूत करने, लीडरशिप टीम तैयार करने और नए कारोबार को बढ़ाने पर काम किया।

पंकज नायक के मुताबिक, उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर नई नियुक्तियों के साथ Havas Market और CSA की शुरुआत की। इससे सोशल और इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग, ई-कॉमर्स और डेटा जैसे क्षेत्रों में एजेंसी की क्षमताओं का विस्तार हुआ।

उनके कार्यकाल में Havas Media Singapore को कई नए क्लाइंट्स भी मिले। इनमें Puma Southeast Asia और Vincar शामिल हैं। इसके अलावा Direct Asia Insurance के साथ कंपनी की साझेदारी का विस्तार हुआ और इसमें Budget Direct को भी शामिल किया गया। Havas Play की टीम में बदलाव के बाद एजेंसी को CAAS/SAA और Paradox Hotels जैसे नए क्लाइंट्स भी मिले।

पंकज नायक ने कहा कि अब सही लीडरशिप टीम तैयार होने के बाद उनके लिए अगली चुनौती की ओर बढ़ने का समय है। उन्होंने बताया कि वह सिंगापुर मुख्यालय वाली एक कमर्शियल एक्सपेंशन और ग्रोथ कंसल्टेंसी के साथ साझेदारी को लेकर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, 2027 में अपनी अगली पारी शुरू करने से पहले वह कुछ समय आराम करना चाहते हैं।

पंकज नायक इससे पहले अप्रैल 2022 से दिसंबर 2024 तक dentsu Singapore में Media Group में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर थे। इससे पहले वह OMD APAC में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर और Omnicom Media Group में कई रीजनल लीडरशिप के पदों पर काम कर चुके हैं।

एशिया-पैसिफिक में भी जारी हैं लीडरशिप बदलाव

Havas के एशिया-पैसिफिक कारोबार में हाल के समय में कई बड़े नेतृत्व बदलाव हुए हैं। सिंगापुर में अप्रैल में Havas Media Network ने टेरेसा गोह (Teresa Goh) को Havas Play Singapore का जनरल मैनेजर नियुक्त किया था। उन्होंने Kenny Yap की जगह ली थी।

वहीं, हॉन्गकॉन्ग में सितंबर में चार्ली क्लाक (Charlie Clack) को मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया था। उन्होंने Andrew Cawte की जगह ली, जो एजेंसी के साथ 11 साल बिताने के बाद रिटायर हुए। 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

AGM में देरी पर SAB Events को ROC से मिली राहत, मिला अतिरिक्त समय

कंपनी ने बताया कि महाराष्ट्र के मुंबई स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) ने उसकी ओर से दाखिल आवेदन को मंजूरी देते हुए यह समय बढ़ाया है।

Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
SavEvents541

मीडिया कंपनी SAB Events & Governance Now Media Limited को वित्त वर्ष 2025-26 की सालाना आम बैठक (AGM) आयोजित करने के लिए 2 महीने और 10 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। कंपनी ने 10 नवंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि महाराष्ट्र के मुंबई स्थित रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) ने उसकी ओर से दाखिल आवेदन को मंजूरी देते हुए यह समय बढ़ाया है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 31 मार्च 2026 को समाप्त होने के बाद अपनी AGM आयोजित करने के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके लिए कंपनी ने कंपनीज एक्ट, 2013 की धारा 96(1) के तहत ROC के पास आवेदन किया था। कंपनी ने इस संबंध में 19 अक्टूबर 2026 को भी स्टॉक एक्सचेंजों को जानकारी दी थी।

ROC की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, कंपनी को AGM आयोजित करने के लिए 2 महीने और 10 दिन की अतिरिक्त मोहलत दी गई है। इससे पहले कंपनी की AGM आयोजित करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 थी।

बोर्ड की मंजूरी के बाद तय होगी AGM की तारीख

कंपनी ने बताया कि अब वह ROC की ओर से दी गई अतिरिक्त समय-सीमा के भीतर वित्त वर्ष 2025-26 की AGM आयोजित करेगी। बैठक की तारीख कंपनी के बोर्ड की मंजूरी के बाद तय की जाएगी और इसकी जानकारी उचित समय पर स्टॉक एक्सचेंजों को दी जाएगी।

ROC ने अपने आदेश में कंपनी को भविष्य में कंपनीज एक्ट, 2013 के प्रावधानों का समय पर पालन करने की सलाह भी दी है।

SAB Events & Governance Now Media Limited की ओर से यह जानकारी कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कैलाशनाथ मार्कंड अधिकारी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी है।  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

JioStar से Paytm पहुंचे सप्तर्षि मंडल, संभालेंगे जनरल मैनेजर-वेस्ट की जिम्मेदारी

उनका JioStar के साथ करीब एक साल का कार्यकाल रहा। इससे पहले वह Viacom18 के साथ भी जुड़े हुए थे।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
Saptarshi Mandal

 मीडिया और विज्ञापन जगत से जुड़े सप्तर्षि मंडल (Saptarshi Mandal) ने जियोस्टार (JioStar) से विदाई लेकर पेटीएम (Paytm) के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। उन्होंने Paytm में जनरल मैनेजर-वेस्ट (General Manager-West) के पद पर जॉइन किया है। इसकी जानकारी उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की है।

अपने लिंक्डइन पोस्ट में सप्तर्षि मंडल ने JioStar Sports के साथ अपने सफर को सीखने, अच्छे रिश्ते बनाने और यादगार अनुभवों से भरा बताया। उन्होंने Paytm Ads के साथ नई शुरुआत को लेकर खुशी जताई। साथ ही कहा कि नई भूमिका में वह कारोबार को आगे बढ़ाने और बेहतर एंगेजमेंट सॉल्यूशंस पर काम करेंगे।

Paytm से पहले सप्तर्षि मंडल JioStar में एसोसिएट डायरेक्टर- ऐड सेल्स डिजिटल एंड LTV, JioStar Sports के पद पर कार्यरत थे। उनका JioStar के साथ करीब एक साल का कार्यकाल रहा। इससे पहले वह Viacom18 के साथ भी जुड़े हुए थे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

द इंडियन एक्सप्रेस के बाद अब एसोसिएटेड प्रेस से जुड़ीं प्रशांति त्यागी

वह यहां मल्टीप्लेटफॉर्म प्रोड्यूसर (Multiplatform Producer) के पद पर जुड़ी हैं। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
Prashanti Tyagi

पत्रकार प्रशांति त्यागी ने अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी द एसोसिएटेड प्रेस (The Associated Press) के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। वह यहां मल्टीप्लेटफॉर्म प्रोड्यूसर (Multiplatform Producer) के पद पर जुड़ी हैं। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की।

अपनी नई भूमिका को लेकर प्रशांति त्यागी ने लिंक्डइन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वह एसोसिएटेड प्रेस के ग्लोबल वीडियो प्रोडक्शन के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़ी हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का एक बड़ा अवसर बताते हुए इस सफर में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार भी जताया।

एसोसिएटेड प्रेस से जुड़ने से पहले प्रशांति त्यागी द इंडियन एक्सप्रेस में प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रही थीं। इसके अलावा वह एनडीटीवी प्राइम टाइम और मोजो स्टोरी के लिए भी कंटेंट प्रोड्यूस कर चुकी हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Tata Play के एमडी हरित नागपाल हुए रिटायर, कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे

कंपनी में करीब 16 साल का लंबा सफर पूरा करने के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी छोड़ी है। उनका रिटायरमेंट 2 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
Harit Nagpal

मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा प्ले (Tata Play) के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) हरित नागपाल ने 65 वर्ष की उम्र में अपने पद से रिटायरमेंट ले लिया है। कंपनी में करीब 16 साल का लंबा सफर पूरा करने के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी छोड़ी है। हालांकि, वह कंपनी में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य के तौर पर जुड़े रहेंगे।

उनका रिटायरमेंट 2 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है। टाटा समूह की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स के लिए निर्धारित रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत उन्होंने यह कदम उठाया है।

हरित नागपाल अगस्त 2010 में टाटा स्काई (Tata Sky) से जुड़े थे। उस समय कंपनी इसी नाम से जानी जाती थी। उन्होंने विक्रम कौशिक की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। विक्रम कौशिक ने 2004 में कंपनी की शुरुआत के समय से इसका नेतृत्व किया था और उसी साल के अंत में रिटायर हो गए थे।

हरित नागपाल को टेलीकॉम, रिटेल और कंज्यूमर बिजनेस के क्षेत्र में काम करने का व्यापक अनुभव रहा है। टाटा स्काई से जुड़ने से पहले हरित नागपाल वोडाफोन (Vodafone) में ग्रुप मार्केटिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह शॉपर्स स्टॉप (Shoppers Stop), पेप्सी (Pepsi), मैरिको (Marico) और लैक्मे (Lakme) जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में भी काम कर चुके हैं।

हरित नागपाल ने पंजाब यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली स्थित फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS) से एमबीए भी किया है। वह डीटीएच ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने नियामकीय और व्यावसायिक बदलावों के बीच डीटीएच सेक्टर के हितों का प्रतिनिधित्व किया।

हरित नागपाल के कार्यकाल में कंपनी ने अपनी पहचान को केवल सैटेलाइट टेलीविजन सेवा प्रदाता तक सीमित नहीं रखा। टाटा स्काई से टाटा प्ले (Tata Play) में बदलाव इसी रणनीति का हिस्सा था। इसके जरिए कंपनी ने खुद को केवल डीटीएच कनेक्शन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के बजाय एक व्यापक एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया।

कंपनी ने ब्रॉडबैंड और ओटीटी एग्रीगेशन के क्षेत्र में भी विस्तार किया। इसका उद्देश्य पारंपरिक टेलीविजन सेवाओं को इंटरनेट आधारित सेवाओं के साथ जोड़ना था।  

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

जन्मदिन विशेष: PepsiCo से HT Media तक, जानें कैसा रहा समुद्र भट्टाचार्य का सफर

समुद्र भट्टाचार्य ने 9 नवंबर को अपना जन्मदिन मनाया। वह एक अनुभवी कारोबारी हैं, जिन्हें पब्लिशिंग सेक्टर में आने से पहले कंज्यूमर बिजनेस में दो दशक से ज्यादा काम करने का अनुभव रहा है।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
Samudra4521

समुद्र भट्टाचार्य (Samudra Bhattacharya) ने 9 नवंबर को अपना जन्मदिन मनाया। वह एक अनुभवी कारोबारी हैं, जिन्हें पब्लिशिंग सेक्टर में आने से पहले कंज्यूमर बिजनेस में दो दशक से ज्यादा काम करने का अनुभव रहा है। फिलहाल वह HT Media के प्रिंट और रेडियो कारोबार के सीईओ हैं। इसके साथ ही वह Hindustan Media Ventures Ltd के भी चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) हैं।

अक्टूबर 2019 में HT Media के प्रिंट कारोबार की जिम्मेदारी संभालने से पहले भट्टाचार्य मनीला में थे। वहां वह फिलीपींस में PepsiCo के जॉइंट वेंचर का संचालन कर रहे थे। HT Media में उनकी जिम्मेदारी प्रिंट प्रोडक्ट्स को आगे बढ़ाने और अलग-अलग बाजारों में कारोबार के विकास के नए मौके तलाशने की थी। HT Media ग्रुप के अखबारों में अंग्रेजी दैनिक Hindustan Times, हिंदी दैनिक हिन्दुस्तान और बिजनेस अखबार Mint शामिल हैं।

IIM Lucknow से की पढ़ाई, P&G से शुरू किया करियर

समुद्र भट्टाचार्य IIM Lucknow के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भारत में Procter & Gamble (P&G) से की थी। इसके बाद उन्होंने करीब सात साल तक Asian Paints के साथ काम किया। इस दौरान वह मिडिल ईस्ट में कंपनी के सेल्स, मार्केटिंग और जनरल मैनेजमेंट से जुड़े काम संभालते रहे।

साल 2006 में वह PepsiCo India से जुड़े। यहां उन्हें फ्रंटलाइन सेल्स से लेकर फ्रेंचाइजी बॉटलिंग कारोबार की जिम्मेदारी संभालने तक के अलग-अलग अनुभव मिले। बाद में वह PepsiCo के फिलीपींस स्थित जॉइंट वेंचर का नेतृत्व करने के लिए मनीला चले गए।

प्रिंट और डिजिटल रीडरशिप को लेकर रहा है फोकस

साल 2023 में WAN-IFRA के एक फोरम में भट्टाचार्य ने कहा था कि अखबारों ने प्रिंट में वर्षों के दौरान जो भरोसा बनाया है, उसका फायदा उन्हें ऑनलाइन पाठकों तक पहुंचने में मिल सकता है। इससे अखबार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नए पाठक जोड़ने के साथ अपने मौजूदा पाठकों को भी बनाए रख सकते हैं।

इंडस्ट्री के प्रमुख संगठनों में भी निभा रहे हैं भूमिका

भट्टाचार्य Indian Newspaper Society (INS) की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य भी हैं। सितंबर 2026 में उन्हें Media Research Users Council India (MRUCI) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में शामिल किया गया।

MRUCI भारतीय रीडरशिप सर्वे (Indian Readership Survey) को दोबारा शुरू करने और अलग-अलग मीडिया प्लेटफॉर्म पर दर्शकों व पाठकों की संख्या मापने के तरीकों को अपडेट करने की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे में भट्टाचार्य की इस बोर्ड में नियुक्ति को मीडिया ऑडियंस रिसर्च से जुड़े काम में उनकी भूमिका के लिहाज से अहम माना जा सकता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Disney और Adobe की AI को लेकर बड़ी साझेदारी, थीम पार्क से लेकर ESPN तक होगा इस्तेमाल

एंटरटेनमेंट और मीडिया की दिग्गज कंपनी Disney ने AI टेक्नोलॉजी कंपनी Adobe के साथ कई साल का समझौता किया है। इसके तहत दोनों कंपनियां Disney के लिए खास जनरेटिव AI मॉडल विकसित करेंगी।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
AdobeWaltDisney841

एंटरटेनमेंट और मीडिया की दिग्गज कंपनी Disney ने AI टेक्नोलॉजी कंपनी Adobe के साथ कई साल का समझौता किया है। इसके तहत दोनों कंपनियां Disney के लिए खास जनरेटिव AI मॉडल विकसित करेंगी। इनका इस्तेमाल Disney के थीम पार्क, फिल्म स्टूडियो और स्पोर्ट्स मीडिया कारोबार में AI टूल्स को बड़े स्तर पर लागू करने के लिए किया जाएगा।

इस साझेदारी की शुरुआत Disney के Experiences डिवीजन और Walt Disney Studios के इनोवेशन हब StudioLAB से होगी। इसके जरिए थीम पार्क, रिसॉर्ट और क्रूज लाइन से जुड़े प्रोजेक्ट्स को तैयार करने में लगने वाला समय कम करने और नए आइडिया विकसित करने की प्रक्रिया को तेज करने पर काम किया जाएगा।

इसके अलावा Adobe, Disney के साथ मिलकर ESPN के स्पोर्ट्स फैंस के जुड़ाव को बढ़ाने और ESPN के पुराने कंटेंट को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए भी AI टूल्स का इस्तेमाल करेगा।

Disney के किरदारों और कंटेंट पर आधारित होंगे AI मॉडल

इस समझौते के तहत Adobe के Firefly Foundry प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म कंपनियों को अपने हिसाब से AI मॉडल बनाने और उन्हें इस्तेमाल में लाने की सुविधा देता है।

दोनों कंपनियां ऐसे जनरेटिव AI मॉडल विकसित करेंगी, जिन्हें Disney की बौद्धिक संपदा (Intellectual Property यानी IP) पर ट्रेन किया जाएगा। इनकी मदद से ऐसे आउटपुट तैयार किए जा सकेंगे, जिनका इस्तेमाल प्रोडक्शन के काम में किया जा सकेगा।

ये AI मॉडल निजी और खास तौर पर Disney के लिए तैयार किए जाएंगे। यानी इनका इस्तेमाल Disney के अपने कारोबार और जरूरतों के हिसाब से होगा।

थीम पार्क के डिजाइन और प्रोजेक्ट तैयार करने में मिलेगी मदद

Disney Experiences के तहत कंपनी के दुनिया भर के थीम पार्क, रिसॉर्ट और क्रूज लाइन आते हैं। इस डिवीजन के प्रोजेक्ट्स को तैयार करने में कई साल लग जाते हैं। नई साझेदारी का एक प्रमुख मकसद इस प्रक्रिया को तेज करना है।

Disney Experiences के क्रिएटिव, डिजाइन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट से जुड़े विभाग Walt Disney Imagineering ने पहले ही एक कस्टम इमेज जनरेशन मॉडल और स्केच-टू-इमेज मॉडल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

स्केच-टू-इमेज मॉडल की मदद से हाथ से बनाए गए साधारण चित्रों को पूरी तरह तैयार कॉन्सेप्ट आर्ट में बदला जा सकता है। इससे डिजाइन टीमों को किसी नए आइडिया का विजुअल रूप जल्दी देखने और उसमें बदलाव करने में मदद मिलेगी।

Disney के R&D टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट काइल लॉफलिन ने कहा कि कंपनी के प्रोजेक्ट्स को तैयार करने में आमतौर पर सालों लगते हैं। Adobe Firefly Foundry की मदद से रचनात्मक प्रक्रिया को तेज किया जा सकता है। जिस काम में पहले कई महीने लगते थे, उसे अब घंटों या दिनों में पूरा करना संभव हो सकता है।

उन्होंने बताया कि इन टूल्स की मदद से डिजाइन के कई विकल्प तेजी से तैयार किए जा सकते हैं। इससे निर्माण के दौरान महंगे बदलावों की जरूरत भी कम हो सकती है।

लॉफलिन ने यह भी स्पष्ट किया कि इन AI टूल्स का मकसद Disney Imagineering में काम करने वाले लोगों की जगह लेना नहीं है, बल्कि उनके रचनात्मक काम को तेज और आसान बनाना है।

ESPN के स्पोर्ट्स कंटेंट में भी होगा AI का इस्तेमाल

Disney और Adobe की साझेदारी का दूसरा बड़ा हिस्सा ESPN है। दोनों कंपनियां AI की मदद से स्पोर्ट्स फैंस के साथ जुड़ाव बढ़ाने और ESPN के पुराने कंटेंट को नए दर्शकों तक पहुंचाने पर काम करेंगी।

इसके तहत ESPN के बड़े कंटेंट आर्काइव को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए AI टूल्स विकसित किए जाएंगे। इससे पुराने स्पोर्ट्स वीडियो और अन्य कंटेंट को दर्शकों के सामने नए तरीकों से पेश करने के अवसर मिल सकते हैं।

Disney में लागत घटाने की भी चर्चा

यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है, जब Disney के खर्चों को लेकर भी चर्चा चल रही है। इसी महीने की शुरुआत में Bloomberg News ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि Disney हजारों नौकरियों में कटौती करने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने कुछ मैनेजर्स से सालाना खर्च में 20% तक की बचत का लक्ष्य रखने को कहा है।

हालांकि, Disney और Adobe की ओर से घोषित AI साझेदारी का मुख्य उद्देश्य कंपनी के अलग-अलग कारोबार में रचनात्मक प्रक्रिया को तेज करना, नए समाधान विकसित करना और कंटेंट की पहुंच बढ़ाना है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'द ट्रेड डेस्क' के नतीजे अनुमान से बेहतर : शेयर 15% से ज्यादा चढ़े

द ट्रेड डेस्क ने तीसरी तिमाही में 736 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया। अनुमान से बेहतर नतीजों के बाद शेयर 15.5 फीसदी चढ़े, जबकि कंपनी ने एआई और शेयर बायबैक पर भी ध्यान बढ़ाया।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
thetradedesk

द ट्रेड डेस्क (The Trade Desk) ने वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 736 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया है। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 0.5 फीसदी कम है। हालांकि, कंपनी का प्रदर्शन उसके अनुमान से बेहतर रहा। नतीजे जारी होने के बाद कंपनी के शेयरों में तेज उछाल देखने को मिला।

कंपनी के बाजार आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को शेयर 15.5 फीसदी की बढ़त के साथ 14.93 डॉलर पर बंद हुए। कारोबार के दौरान शेयर की कीमत 15.29 डॉलर तक पहुंच गई थी।

कंपनी की नेट इनकम घटकर 38 मिलियन डॉलर रह गई, जो पिछले साल 116 मिलियन डॉलर थी। वहीं, एडजस्टेड ईबीआईटीडीए (EBITDA) 317 मिलियन डॉलर से घटकर 266 मिलियन डॉलर पर आ गया। एडजस्टेड ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 43 फीसदी से घटकर 36 फीसदी रह गया।

कंपनी के सीईओ जेफ ग्रीन (Jeff Green) ने कहा कि तीसरी तिमाही में कंपनी ने महत्वपूर्ण प्रगति की है और उसका प्रदर्शन तिमाही की शुरुआत में लगाए गए अनुमानों से काफी बेहतर रहा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कंपनी अभी उस ग्रोथ स्तर से नीचे है, जिसकी उम्मीद वह खुद से करती है।

कंपनी का कस्टमर रिटेंशन रेट 95 फीसदी से ऊपर बना हुआ है। यह लगातार एक दशक से अधिक समय से इस स्तर पर कायम है। इसके अलावा, कंपनी ने शेयर बायबैक की मंजूरी में 731 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी की है। इससे भविष्य में शेयरों की पुनर्खरीद के लिए उपलब्ध कुल राशि 1 अरब डॉलर हो गई है।

द ट्रेड डेस्क ग्रोथ बढ़ाने के लिए प्रोडक्ट इनोवेशन पर ध्यान दे रही है। तिमाही के दौरान कंपनी ने कोकाई जुमा (Kokai Zuma) पेश किया। इसमें एजेंटिक एआई (Agentic AI) क्षमताओं और नए डिजाइन वाला इंटरफेस शामिल है। इसका उद्देश्य विज्ञापन अभियानों को तेजी से चलाना और बेहतर तरीके से ऑप्टिमाइज करना है।

नेटफ्लिक्स (Netflix) ने भी द ट्रेड डेस्क के साथ अपना इंटीग्रेशन बढ़ाया है। नवंबर से विज्ञापनदाता कोकाई के जरिए ऑडियंस टारगेटिंग के लिए फर्स्ट-पार्टी और थर्ड-पार्टी डेटा का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म के भीतर ही कैंपेन के परिणामों का मापन करने की सुविधा भी आगे शुरू होने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

BARC रेटिंग संकट से बदला शेमारू का फोकस, जानिए क्या है कंपनी की रणनीति

शेमारू एंटरटेनमेंट के CEO हिरेन गड़ा ने Q2 और H1 FY27 की अर्निंग्स कॉल में कंपनी के डिजिटल और पारंपरिक कारोबार, OTT, यूट्यूब, AI, क्षेत्रीय कंटेंट और भविष्य की योजनाओं पर बात की।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
shemaroo654

शेमारू एंटरटेनमेंट (Shemaroo Entertainment) के CEO हिरेन गड़ा ने कंपनी के वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) और पहली छमाही (H1 FY27) के नतीजों पर हुई अर्निंग्स कॉन्फ्रेंस कॉल में कारोबार की मौजूदा स्थिति, डिजिटल और पारंपरिक मीडिया बिजनेस, OTT प्लेटफॉर्म, यूट्यूब, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की।

उन्होंने बताया कि कंपनी का कारोबार धीरे-धीरे पारंपरिक मीडिया से डिजिटल की ओर बढ़ रहा है। दूसरी तिमाही में डिजिटल मीडिया की हिस्सेदारी कुल कारोबार में 54% तक पहुंच गई। वहीं, टीवी रेटिंग की व्यवस्था में लंबे समय से जारी रुकावट (BARC Rating Blackout) के कारण पारंपरिक मीडिया कारोबार पर दबाव बना हुआ है। कंपनी अब डिजिटल बिजनेस को मजबूत करने, खर्चों को नियंत्रित रखने और कंटेंट में सोच-समझकर निवेश करने पर ध्यान दे रही है।

आइए जानते हैं कि अर्निंग्स कॉल के दौरान हिरेन गड़ा ने कंपनी की रणनीति और कारोबार को लेकर क्या-क्या अहम बातें कहीं।

डिजिटल कारोबार बना कंपनी की ग्रोथ का बड़ा आधार

हिरेन गड़ा ने बताया कि शेमारू के कारोबार में पारंपरिक मीडिया से डिजिटल मीडिया की ओर बदलाव हो रहा है। कंपनी का डिजिटल बिजनेस लगातार बढ़ रहा है, जबकि पारंपरिक मीडिया कारोबार में गिरावट देखने को मिल रही है। यही वजह है कि डिजिटल कारोबार में अच्छी ग्रोथ के बावजूद कंपनी की कुल कमाई में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं दिख रही है।

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी के कुल कारोबार में डिजिटल मीडिया की हिस्सेदारी 54% रही। वहीं, पहली छमाही में यह हिस्सेदारी करीब 48% थी।

कंपनी के CFO आशीष गुप्ता के मुताबिक, दूसरी तिमाही में डिजिटल मीडिया से कंपनी को करीब 76 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 26% ज्यादा है। वहीं, पारंपरिक मीडिया से रेवेन्यू करीब 66 करोड़ रुपये रहा, जिसमें सालाना आधार पर 21% की गिरावट आई।

पहली छमाही में डिजिटल मीडिया रेवेन्यू 63% बढ़कर 131 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पारंपरिक मीडिया रेवेन्यू 9% घटकर 142 करोड़ रुपये रहा।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, डिजिटल बिजनेस में B2B लाइसेंसिंग डील और यूट्यूब से मिलने वाले विज्ञापन रेवेन्यू में सुधार ने ग्रोथ को सहारा दिया है।

BARC रेटिंग का ब्लैकआउट टीवी कारोबार के लिए बड़ी चुनौती

हिरेन गड़ा ने टीवी रेटिंग के मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि BARC रेटिंग का लंबे समय से बंद रहना टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसका असर केवल विज्ञापन की कमाई पर ही नहीं, बल्कि नए कंटेंट में निवेश के फैसलों पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि जब किसी टीवी चैनल की रेटिंग का आंकड़ा उपलब्ध नहीं होता, तो विज्ञापनदाताओं के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि उनका विज्ञापन कितना असरदार रहा। इसी तरह, चैनल भी यह नहीं जान पाते कि किसी नए प्रोग्राम या मौजूदा प्रोग्राम में बदलाव से दर्शकों की संख्या पर क्या असर पड़ा है।

इससे विज्ञापनदाता टीवी पर विज्ञापन देने को लेकर सतर्क हो जाते हैं। कई विज्ञापनदाता अपने विज्ञापन बजट को कम कर देते हैं या फिर डिजिटल, प्रिंट जैसे दूसरे माध्यमों की ओर रुख कर लेते हैं।

हिरेन गड़ा ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई चैनल किसी फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर या कोई बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट दिखाता है, तो रेटिंग के आंकड़े नहीं होने की स्थिति में यह अंदाजा लगाना मुश्किल होता है कि उस कार्यक्रम को कितने दर्शक देखेंगे। ऐसे में विज्ञापन की कीमत तय करना भी चुनौती बन जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस स्थिति का असर ब्रॉडकास्टर्स के कंटेंट निवेश पर पड़ रहा है। जब चैनलों को अपने बड़े कार्यक्रमों से सही कमाई की उम्मीद नहीं दिखती, तो वे नए कंटेंट पर खर्च कम करने लगते हैं। शेमारू ने भी अपने चैनलों के बजट को इसी वजह से कम किया है।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, कंपनी के पारंपरिक मीडिया कारोबार के दोनों हिस्से यानी टीवी ब्रॉडकास्टिंग और टीवी से जुड़ी कंटेंट सिंडिकेशन गतिविधियां इस समस्या से प्रभावित हुई हैं।

OTT में गुजराती कंटेंट पर सबसे ज्यादा ध्यान

OTT कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी की रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर हिरेन गड़ा ने कहा कि शेमारू का मुख्य फोकस गुजराती क्षेत्रीय कंटेंट को मजबूत करना रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी को इस दिशा में अच्छी कामयाबी मिली है। गुजराती दर्शकों के बीच शेमारू के ब्रांड की पहचान और लोकप्रियता मजबूत हुई है। कंटेंट की खपत से जुड़े आंकड़े भी अच्छे रहे हैं।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शेमारू को गुजराती मनोरंजन के बड़े और प्रमुख प्लेटफॉर्म के तौर पर स्थापित करने में सफलता मिली है।

वहीं, हिंदी कंटेंट के मामले में कंपनी के पास पहले से ही एक बड़ा कंटेंट लाइब्रेरी मौजूद है, जिसका अलग-अलग माध्यमों से इस्तेमाल कर कमाई की जा रही है। कंपनी इस लाइब्रेरी को नया बनाए रखने के लिए पुराने कंटेंट के साथ-साथ नए कंटेंट में भी निवेश करती है। हालांकि, निवेश और मार्केटिंग के लिहाज से कंपनी का सबसे ज्यादा ध्यान गुजराती कंटेंट पर है।

कंटेंट खरीदने में अब डिजिटल कमाई को प्राथमिकता

कंटेंट खरीदने पर होने वाले खर्च के बारे में पूछे जाने पर हिरेन गड़ा ने कहा कि कंपनी का ज्यादातर कंटेंट निवेश डिजिटल बिजनेस पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि शेमारू आमतौर पर किसी कंटेंट के अलग-अलग अधिकारों का एक बंडल खरीदती है। इससे कंपनी को उसी कंटेंट को अपने OTT प्लेटफॉर्म, यूट्यूब और दूसरे माध्यमों पर इस्तेमाल करने के साथ-साथ भारत और विदेशों में लाइसेंसिंग या सिंडिकेशन के जरिए कमाई करने का मौका मिलता है।

हिरेन गड़ा ने कहा कि पिछले कुछ तिमाहियों में कंपनी ने कंटेंट खरीदने के फैसलों में डिजिटल कमाई की संभावना को सबसे अहम आधार बनाया है। यानी कंपनी अब ऐसा कंटेंट खरीदने पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जिसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग तरीकों से कमाई के लिए इस्तेमाल किया जा सके।

हालांकि, उन्होंने OTT, यूट्यूब और ब्रॉडकास्टिंग के लिए कंटेंट खरीदने पर अलग-अलग कितना खर्च किया गया, इसका विस्तृत आंकड़ा साझा नहीं किया।

AI पर चल रहा बड़ा काम, कई टीमें जुटीं

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर हिरेन गड़ा ने बताया कि कंपनी में AI को अपनाने और इसके इस्तेमाल को तेजी से बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि कंपनी AI को कारोबार के कई क्षेत्रों में काम करने की क्षमता बढ़ाने वाले एक बड़े माध्यम के रूप में देखती है। इसका इस्तेमाल केवल कंटेंट बनाने, उसकी भाषा बदलने या वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि कंपनी इससे कहीं ज्यादा व्यापक स्तर पर काम कर रही है।

हिरेन गड़ा ने बताया कि कंपनी ने पिछले साल दिसंबर में एक कॉरपोरेट फिल्म बनाई थी, जिसे इस साल जून में AI के बेहतरीन इस्तेमाल के लिए अवॉर्ड मिला। उनके मुताबिक, यह इस बात का उदाहरण है कि कंपनी AI के क्षेत्र में किस स्तर पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कंपनी में AI को लेकर कई टीमें अलग-अलग स्तर पर काम कर रही हैं। इसके अलावा, कई ऐसी पहल भी चल रही हैं, जिनके बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने की स्थिति नहीं है।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, AI कंपनी के लिए एक बड़ा फोकस एरिया है और इसके इस्तेमाल को लेकर एक व्यापक ट्रांसफॉर्मेशन पहल पर काम किया जा रहा है।

मलयालम मार्केट में धीरे-धीरे आगे बढ़ेगी कंपनी

क्षेत्रीय भाषाओं में विस्तार की योजना पर बात करते हुए हिरेन गड़ा ने बताया कि शेमारू ने दक्षिण भारतीय क्षेत्रीय कंटेंट में करीब तीन साल पहले काम शुरू किया था। कंपनी के लिए यह सफर अब तक काफी दिलचस्प और अच्छा रहा है।

उन्होंने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री का उदाहरण देते हुए कहा कि कंपनी को मलयालम की बड़ी थिएट्रिकल फिल्मों में से एक 'लोकाह' (Lokah) के साथ जुड़ने का मौका मिला। इस फिल्म को अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर भी वितरित किया जा रहा है और इससे अभी भी कमाई हो रही है। इसके अलावा, कंपनी ने कई दूसरी मलयालम फिल्मों में भी भागीदारी की है।

हिरेन गड़ा ने कहा कि मलयालम फिल्म बाजार तेजी से बढ़ने वाले थिएट्रिकल बाजारों में शामिल रहा है। इस भाषा के कंटेंट की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छी संभावनाएं हैं। इसी वजह से कंपनी ने इस बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का फैसला किया। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि कंपनी इस क्षेत्र में तेजी से विस्तार करने के बजाय धीरे-धीरे और लगातार आगे बढ़ना चाहती है।

यूट्यूब पर 75 मिलियन सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार

यूट्यूब कारोबार को लेकर हिरेन गड़ा ने कहा कि कंपनी के चैनलों पर दर्शकों की अच्छी भागीदारी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कंपनी के प्रमुख चैनल 'शेमारू फिल्मी गाने' (Shemaroo Filmi Gaane) ने 75 मिलियन यानी 7.5 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, 'शेमारू एंटरटेनमेंट' चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या भी दूसरी तिमाही में 62.3 मिलियन यानी 6.23 करोड़ तक पहुंच गई। कंपनी के सभी यूट्यूब चैनलों को मिलाकर दूसरी तिमाही में करीब 9.6 बिलियन व्यूज मिले।

हिरेन गड़ा ने कहा कि दुनिया भर में बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के बीच दर्शकों की भागीदारी को लेकर कंपनी लगातार नजर रख रही है। उनके मुताबिक, कई बड़े प्लेटफॉर्म पर एंगेजमेंट की रफ्तार धीमी हुई है, जबकि यूट्यूब की ग्रोथ जारी है।

उन्होंने कहा कि यूट्यूब के पास यूजर्स और कंटेंट का बहुत बड़ा नेटवर्क है। ज्यादा यूजर्स से कंटेंट की पहुंच बढ़ती है और अच्छी पहुंच से दर्शकों की भागीदारी को और मजबूती मिलती है।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, कनेक्टेड टीवी समेत कई दूसरे माध्यमों पर भी यूट्यूब के लिए ग्रोथ की संभावनाएं मौजूद हैं। ऐसे में आने वाले समय में भी कंपनी के रेवेन्यू और विज्ञापन कारोबार में यूट्यूब की अहम भूमिका बनी रह सकती है।

गुजराती और हिंदी में वेब सीरीज पर भी निवेश

कंपनी की कंटेंट प्रोडक्शन रणनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में हिरेन गड़ा ने बताया कि शेमारू पिछले कुछ समय से वेब सीरीज बना रही है। उन्होंने कहा कि इस साल कंपनी ने गुजराती भाषा में दो और हिंदी भाषा में दो वेब सीरीज जोड़ी हैं। इन चारों सीरीज में कंपनी ने अपेक्षाकृत बड़ा निवेश किया है।

हिरेन गड़ा के मुताबिक, वेब सीरीज कंपनी के कंटेंट ऑफरिंग का अहम हिस्सा हैं। इनके जरिए दर्शकों को फिल्मों के अलावा अलग तरह की कहानियां और मनोरंजन उपलब्ध कराया जा सकता है। कंपनी आगे भी अपनी कंटेंट रणनीति में वेब सीरीज को महत्वपूर्ण स्थान देती रहेगी।

टीवी ब्रॉडकास्टिंग और ShemarooMe में हो रहा निवेश

कंपनी के नए कारोबार से जुड़े निवेश पर बात करते हुए हिरेन गड़ा ने स्पष्ट किया कि करीब 19.9-20 करोड़ रुपये के नए निवेश का संबंध मुख्य रूप से दो पहलों से है। इनमें टेलीविजन ब्रॉडकास्टिंग और ShemarooMe शामिल हैं।

टीवी ब्रॉडकास्टिंग कारोबार को लेकर उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने चैनलों के पोर्टफोलियो, प्रोग्रामिंग और कंटेंट रणनीति की समीक्षा की है। कई स्तरों पर खर्च और निवेश को तर्कसंगत बनाया गया है। उनके मुताबिक, कंपनी ने इस कारोबार को पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में लाने के लिए कई बदलाव किए हैं। अगर भविष्य में टीवी रेटिंग या उसके मापन की कोई व्यवस्था दोबारा शुरू होती है, तो कंपनी को इस कारोबार में बेहतर अवसर मिल सकते हैं।

वहीं, ShemarooMe के बारे में उन्होंने कहा कि OTT इंडस्ट्री अभी भी निवेश के दौर में है। ऐसे में कंपनी भी अपने OTT कारोबार में निवेश जारी रख रही है, लेकिन खर्च को नियंत्रित और समझदारी से करने पर जोर है।

कंपनी कंटेंट, उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं और ब्रांड की पहचान को मजबूत करने पर निवेश कर रही है। हिरेन गड़ा का मानना है कि जैसे-जैसे OTT कारोबार बड़े स्तर पर पहुंचेगा और इंडस्ट्री में मुनाफे की स्थिति बनेगी, शेमारू को भी अपने मौजूदा निवेश का फायदा मिल सकता है।

कंटेंट खरीदने के बाद कमाई में कितना समय लगता है?

कंटेंट खरीदने के बाद उससे कमाई शुरू होने के समय को लेकर हिरेन गड़ा ने बताया कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि कंपनी ने उस कंटेंट के अधिकार कब से शुरू होने वाले खरीदे हैं। कई बार कंपनी भविष्य के अधिकार खरीदती है, जो दो या तीन साल बाद शुरू होते हैं। वहीं, कुछ कंटेंट के अधिकार तुरंत प्रभाव से भी मिल जाते हैं। इसके बाद कंपनी तय करती है कि किस कंटेंट को किस प्लेटफॉर्म पर और किस समय उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए विंडोइंग की रणनीति अपनाई जाती है, ताकि किसी कंटेंट से अधिकतम कमाई की जा सके।

उन्होंने बताया कि टीवी लाइसेंसिंग का कारोबार आमतौर पर फिक्स्ड फीस पर आधारित होता है। कंपनी किसी टीवी चैनल के साथ करीब पांच साल के अधिकारों के लिए एक तय रकम का समझौता करती है। ऐसे में उस अधिकार से मिलने वाली रकम का भुगतान अपेक्षाकृत कम समय में हो जाता है।

डिजिटल में लाइसेंसिंग और सिंडिकेशन के तहत एक, दो या तीन साल के अधिकार बेचे जा सकते हैं। वहीं, यूट्यूब, ShemarooMe और दूसरे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट से लगातार कमाई होती है। इस तरह की कमाई आमतौर पर महीने-दर-महीने कंपनी को मिलती रहती है।

FY27 में EBITDA पॉजिटिव होने की उम्मीद पर क्या बोले हिरेन गड़ा?

कंपनी के मुनाफे और भविष्य के वित्तीय प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर हिरेन गड़ा ने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक EBITDA ब्रेकईवन हासिल करने की अपनी महत्वाकांक्षा पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से इसे आधिकारिक गाइडेंस के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यह कंपनी की अपनी आकांक्षा और लक्ष्य है।

हिरेन गड़ा ने कहा कि पहली छमाही में कंपनी का EBITDA नुकसान काफी कम होकर करीब 4 करोड़ रुपये रह गया है। अगर आने वाले समय में BARC रेटिंग से जुड़ी स्थिति में सुधार होता है और कंपनी की दूसरी पहलों का फायदा मिलता है, तो इस लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की अच्छी संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ तिमाहियों में कंपनी ने लागत घटाने, कैश फ्लो बेहतर करने और ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने के लिए जो कदम उठाए हैं, उनका फायदा लगातार मिल रहा है।

उनके मुताबिक, डिजिटल कारोबार की हिस्सेदारी 50% से ज्यादा होने के बाद कंपनी के मार्जिन में सुधार के लिए भी एक नया अवसर बन सकता है।

कंपनी के कर्ज को कम करने की भी योजना

नेट डेब्ट यानी कंपनी के कुल कर्ज को लेकर पूछे गए सवाल पर हिरेन गड़ा ने कहा कि कंपनी की महत्वाकांक्षा इसे मौजूदा स्तर से नीचे लाने की है। उन्होंने बताया कि दूसरी तिमाही में कंपनी ने अपने कर्ज को पिछले स्तर के आसपास बनाए रखा है। कंपनी की कैश फ्लो स्थिति भी मजबूत बनी हुई है। 

वहीं, वित्त लागत में बढ़ोतरी को लेकर CFO आशीष गुप्ता ने बताया कि यह मुख्य रूप से फंड के इस्तेमाल के समय में होने वाले बदलाव के कारण है। कंपनी जब कंटेंट खरीदने के लिए ओवरड्राफ्ट और कैश क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल करती है, तो अलग-अलग महीनों में ब्याज खर्च में थोड़ा उतार-चढ़ाव हो सकता है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की कुल करीब 300 करोड़ रुपये की देनदारी के मुकाबले वित्त लागत में लगभग 45 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो मामूली है। उनके मुताबिक, कंपनी ने नया कर्ज नहीं बढ़ाया है, बल्कि उपलब्ध फंड के इस्तेमाल के समय में बदलाव हुआ है।

दूसरी तिमाही में घाटा हुआ कम

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शेमारू एंटरटेनमेंट का ऑपरेशंस से रेवेन्यू करीब 141 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 2% कम है।

हालांकि, कंपनी ने अपने घाटे में बड़ी कमी दर्ज की है। दूसरी तिमाही में EBITDA नुकसान घटकर करीब 2 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 55 करोड़ रुपये था। इसी तरह, नेट लॉस भी 45 करोड़ रुपये से घटकर 8 करोड़ रुपये रह गया।

पहली छमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू करीब 273 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान EBITDA नुकसान 110 करोड़ रुपये से घटकर करीब 4 करोड़ रुपये और नेट लॉस 91 करोड़ रुपये से घटकर करीब 16 करोड़ रुपये रह गया।

CFO आशीष गुप्ता के मुताबिक, घाटे में कमी की मुख्य वजह पहले किए गए तेज अमॉर्टाइजेशन का पूरा होना, लागत में कटौती और निवेश से जुड़ी पहलों का फायदा मिलना है।

उन्होंने यह भी बताया कि नए कारोबार से जुड़ी पहलों पर दूसरी तिमाही में करीब 20 करोड़ रुपये और पहली छमाही में करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए गए। अगर इन निवेशों को अलग रखा जाए, तो मौजूदा कारोबार से दूसरी तिमाही में EBITDA करीब 18 करोड़ रुपये और पहली छमाही में करीब 35 करोड़ रुपये होता।

त्योहारों के दौरान डिजिटल और टीवी विज्ञापन मांग में सुधार

त्योहारी सीजन में विज्ञापन मांग को लेकर हिरेन गड़ा ने कहा कि कंपनी को डिजिटल और पारंपरिक दोनों तरह के मीडिया कारोबार में मांग बढ़ती हुई दिखाई दी है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल कारोबार में विज्ञापन की मांग में अच्छा सुधार आया है। पारंपरिक मीडिया में भी मांग बढ़ी है, लेकिन BARC रेटिंग की समस्या के कारण विज्ञापन खर्च अभी भी अपनी पूरी क्षमता के अनुसार नहीं हो पा रहा है।

हिरेन गड़ा ने कहा कि पिछले साल GST में कटौती और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चुनौतियों के कारण त्योहारी सीजन में गिरावट देखने को मिली थी। इसके मुकाबले इस साल डिजिटल और पारंपरिक दोनों कारोबार में ग्रोथ देखने को मिल रही है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और विज्ञापनदाताओं की बढ़ती लागत के कारण बाजार में आगे भी सतर्कता बनी रह सकती है।

आने वाले समय में कंपनी का फोकस क्या रहेगा?

अर्निंग्स कॉल के दौरान हिरेन गड़ा की बातों से साफ है कि शेमारू एंटरटेनमेंट अब अपने कारोबार को डिजिटल मीडिया के हिसाब से आगे बढ़ाना चाहती है। कंपनी का जोर गुजराती क्षेत्रीय कंटेंट, यूट्यूब, OTT, डिजिटल लाइसेंसिंग और AI के इस्तेमाल को बढ़ाने पर है।

वहीं, पारंपरिक टीवी कारोबार में कंपनी खर्च को नियंत्रित रखते हुए रेटिंग व्यवस्था में सुधार का इंतजार कर रही है। कंपनी ने अपने कंटेंट निवेश को भी डिजिटल कमाई की संभावनाओं से जोड़ना शुरू कर दिया है।

कंपनी के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती BARC रेटिंग का ब्लैकआउट और पारंपरिक मीडिया कारोबार में विज्ञापन की कमजोर स्थिति है। इसके बावजूद डिजिटल बिजनेस में बढ़ती हिस्सेदारी, यूट्यूब पर मजबूत दर्शक आधार और लागत में कमी से कंपनी को आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

IFFI गोवा 2026 में स्टार्टअप्स को मिलेगा ग्लोबल मंच, WaveX ने मांगे आवेदन

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म और उससे जुड़ी तकनीकों के क्षेत्र में काम करने वाले स्टार्टअप्स से IFFI गोवा 2026 में हिस्सा लेने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
waves847

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म और उससे जुड़ी तकनीकों के क्षेत्र में काम करने वाले स्टार्टअप्स से IFFI गोवा 2026 में हिस्सा लेने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके तहत स्टार्टअप्स को WAVES Bazaar में WaveX Startup Pavilion के जरिए अपने प्रोडक्ट, तकनीक और नए समाधान पेश करने का मौका मिलेगा। 20वां WAVES Film Bazaar 20 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल का मकसद उभरते स्टार्टअप्स को देश और दुनिया के फिल्म एवं मीडिया उद्योग के सामने अपनी तकनीक दिखाने के लिए एक खास मंच देना है। इसके जरिए स्टार्टअप्स को फिल्म निर्माताओं, प्रोडक्शन हाउस और निवेशकों से जुड़ने के साथ कारोबार और सहयोग के नए अवसर भी मिल सकते हैं।

किन स्टार्टअप्स को मिलेगा मौका?

इस कार्यक्रम में फिल्म और उससे जुड़े टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करने वाले DPIIT से रजिस्टर्ड स्टार्टअप्स आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले स्टार्टअप्स का चयन WaveX की ओर से गठित चयन समिति की स्क्रीनिंग और मूल्यांकन प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।

इच्छुक और योग्य स्टार्टअप्स WAVES Bazaar के लिए आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन फॉर्म और इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए wavex.wavesbazaar.com पर जा सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए मंत्रालय ने WaveX के ईमेल पते Wavex-mib@gov.in पर संपर्क करने को कहा है।

क्या है WaveX?

WaveX सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की स्टार्टअप एक्सेलेरेटर और इनक्यूबेशन पहल है। इसका मकसद मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में नए विचारों, तकनीक और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। इसके तहत एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स, एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) और मीडिया टेक्नोलॉजी से जुड़े स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया जाता है।

IFFI के बारे में

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) की शुरुआत 1952 में हुई थी। गोवा में हर साल आयोजित होने वाला यह फिल्म महोत्सव भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, प्रोड्यूसर्स और सिनेमा से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाता है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TRAI ने IP टेलीकॉम कनेक्शन के लिए तय की पोर्ट की चार्ज सीमा, 1 जनवरी से लागू होंगे नियम

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम नेटवर्क के बीच IP आधारित कनेक्शन (Interconnection) के लिए पोर्ट चार्ज की अधिकतम सीमा तय कर दी है।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
TRAI9851

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम नेटवर्क के बीच IP आधारित कनेक्शन (Interconnection) के लिए पोर्ट चार्ज की अधिकतम सीमा तय कर दी है। इसके तहत 1 Gbps क्षमता वाले IP पोर्ट के लिए सालाना अधिकतम 5.6 लाख रुपये और 10 Gbps क्षमता वाले पोर्ट के लिए 42.3 लाख रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। ये नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।

TRAI ने 9 नवंबर 2026 को ‘द टेलीकम्युनिकेशन इंटरकनेक्शन (पोर्ट चार्जेज) (थर्ड अमेंडमेंट) रेगुलेशंस, 2026’ जारी किए। इन संशोधनों के जरिए मौजूदा पोर्ट चार्ज व्यवस्था में IP आधारित इंटरकनेक्शन को भी शामिल किया गया है। अभी तक यह व्यवस्था मुख्य रूप से पुराने E1/TDM आधारित पोर्ट तक सीमित थी।

क्या है नया बदलाव?

TRAI के मुताबिक, पोर्ट की परिभाषा में बदलाव किया गया है। अब इसमें पुराने E1 पोर्ट (2.048 Mbps) के साथ IP पोर्ट को भी शामिल किया गया है। IP पोर्ट की क्षमता Mbps या Gbps में बताई जा सकेगी।

नए नियमों के तहत 1 Gbps IP पोर्ट के लिए सालाना अधिकतम 5.6 लाख रुपये और 10 Gbps IP पोर्ट के लिए 42.3 लाख रुपये का शुल्क तय किया गया है। हालांकि, टेलीकॉम कंपनियां आपसी सहमति से इन निर्धारित सीमाओं से कम शुल्क पर भी समझौता कर सकती हैं।

इसके अलावा, कंपनियां 1 Gbps और 10 Gbps के अलावा दूसरी क्षमता वाले IP पोर्ट के लिए भी आपसी सहमति से व्यवस्था कर सकती हैं। ऐसे पोर्ट का शुल्क तय करने के लिए इन्हीं दोनों निर्धारित क्षमताओं पर आधारित पद्धति का पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल करना होगा।

सभी तरह की टेलीकॉम सेवाओं पर लागू होंगे IP पोर्ट चार्ज

TRAI ने साफ किया है कि IP पोर्ट चार्ज फिक्स्ड-लाइन, मोबाइल, नेशनल लॉन्ग डिस्टेंस और इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस सेवाओं पर समान रूप से लागू होंगे। वहीं, पहले से तय पोर्ट चार्ज केवल E1 पोर्ट पर लागू रहेंगे।

नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए TRAI ने वित्तीय दंड का एक चरणबद्ध ढांचा भी तय किया है। इसके तहत नियमों के कुछ प्रावधानों का उल्लंघन करने पर हर उल्लंघन के मामले में प्रति सर्विस एरिया अधिकतम 15 लाख रुपये तक का वित्तीय दंड लगाया जा सकेगा।

कंसल्टेशन के बाद तय किए गए नियम

TRAI ने इंटरकनेक्शन से जुड़े मौजूदा नियमों की समीक्षा के लिए 3 अप्रैल 2025 को प्री-कंसल्टेशन पेपर जारी किया था। इसके बाद 10 नवंबर 2025 को कंसल्टेशन पेपर जारी कर संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे गए।

इस प्रक्रिया के दौरान 17 पक्षों ने अपने सुझाव दिए, जबकि 9 पक्षों ने इन सुझावों पर जवाबी टिप्पणियां जमा कीं। इसके अलावा, 28 जनवरी 2026 को इस मुद्दे पर ओपन हाउस डिस्कशन भी आयोजित किया गया। इन सुझावों और अपने विश्लेषण के आधार पर TRAI ने नए संशोधनों को अंतिम रूप दिया है।

TRAI का कहना है कि इन बदलावों से इंटरकनेक्शन के नियमों को नई तकनीक के अनुरूप बनाया जा सकेगा। साथ ही, टेलीकॉम कंपनियों को पोर्ट चार्ज के मामले में अधिक स्पष्टता मिलेगी और अलग-अलग नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए