होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस कंपनी से जुड़े TikTok ने पूर्व इंडिया प्रमुख निखिल गांधी, मिली ये जिम्मेदारी
इस कंपनी से जुड़े TikTok ने पूर्व इंडिया प्रमुख निखिल गांधी, मिली ये जिम्मेदारी
निखिल गांधी ने इसी साल मई में ‘टिकटॉक’ के हेड (मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, तुर्की और साउथ एशिया) के पद से इस्तीफा दे दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
शॉर्ट वीडियो ऐप ‘टिकटॉक’ (TikTok) के पूर्व इंडिया हेड निखिल गांधी ने अब अपनी नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने अब ‘एमएक्स मीडिया’ (MX Media) में बतौर चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) के पद पर जॉइन किया है। बता दें कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘एमएक्स प्लेयर’ (MX Player) और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म ‘एमएक्स टकाटक‘ (MX TakaTak) का स्वामित्व और संचालन इसी कंपनी के पास है। गांधी ने इसी साल मई में ‘टिकटॉक’ के हेड (मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, तुर्की और साउथ एशिया) के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अक्टूबर 2019 में ‘टिकटॉक’ के इंडिया और साउथ एशिया हेड के रूप में जॉइन किया था।
अपनी नई भूमिका में निखिल गांधी मुंबई और सिंगापुर से अपना काम देखेंगे और इन प्लेटफार्म्स को उनके विकास के अगले चरण में ले जाने के लिए जिम्मेदार होंगे। इस बारे में ‘एमएक्स मीडिया’ के सीईओ करण बेदी का कहना है, ‘निखिल के पास पारंपरिक और उभरते मीडिया प्लेटफॉर्म्स दोनों में दशकों का अनुभव है। ‘एमएक्स’ को विकास के अगले स्तर तक ले जाने में हमें उनके अनुभव का काफी लाभ मिलेगा। हम उसके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।’
वहीं, अपनी नई भूमिका के बारे में निखिल गांधी का कहना है, ‘एमएक्स प्लेयर अब तक वीडियो मनोरंजन क्षेत्र में अग्रणी है। मैं एमएक्स टीम में शामिल होने के लिए बहुत उत्साहित हूं और इसे विकास के अगले चरण तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।’
‘टिकटॉक’ को जॉइन करने से पहले निखिल गांधी ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) के प्रेजिडेंट और सीओओ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इससे पहले वह ‘द वॉल्ट डिज्नी’ (The Walt Disney) कंपनी में वाइस प्रेजिडेंट भी रह चुके हैं। बता दें कि ‘बाइटडांस’ (ByteDance) के स्वामित्व वाले शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म ‘टिकटॉक’ ने भारत सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद भारत में अपना कारोबार बंद कर दिया था। इससे देश में टिकटॉक के 2000 एम्प्लॉयीज प्रभावित हुए थे। इसके बाद कंपनी ने निखिल गांधी को मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, तुर्की और साउथ एशिया का हेड बनाया था।
टैग्स टिकटॉक एमएक्स प्लेयर निखिल गांधी बाइटडांस करण बेदी