होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / प्रत्येक भारतीय के पास बेहतर भविष्य की दिशा में योगदान निभाने का अच्छा मौका: अनिल एंटनी
प्रत्येक भारतीय के पास बेहतर भविष्य की दिशा में योगदान निभाने का अच्छा मौका: अनिल एंटनी
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में ‘एक्सचेंज4मीडिया’ के प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट शांतनु डेविड के साथ बातचीत कर रहे थे बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल एंटनी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘एक्सचेंज4मीडिया’ (exchange4media) ने एक बार फिर देश के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रवक्ताओं की लिस्ट तैयार की है। नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित ‘द पार्क' होटल में 01 अक्टूबर 2023 को आयोजित एक कार्यक्रम में इस लिस्ट में शामिल पार्टी प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा की गई और उन्हें सम्मानित भी किया गया। यह इस कार्यक्रम का दूसरा एडिशन था।
पुरस्कार वितरण से पहले परिचर्चाओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें देश में राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ तमाम ऐसे विषयों को शामिल किया गया था, जो कि राजनीतिक प्रवक्ता अक्सर सार्वजनिक क्षेत्र में अपने काम के दौरान देखते और व्यवहार में लाते हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल एंटनी ने ‘एक्सचेंज4मीडिया’ के प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट शांतनु डेविड के साथ ‘How can spokespersons convey authenticity and credibility to viewers?’ यानी दर्शकों के बीच पार्टी प्रवक्ता कैसे प्रामाणिकता और विश्वसनीयता के साथ अपनी बात रख सकते हैं और जनता के बीच अपना भरोसा बढ़ा सकते हैं? पर चर्चा की।
बता दें कि अनिल एंटनी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी के बेटे हैं जो पूर्व में यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। अनिल एंटनी ने तब सुर्खियां बटोरीं थीं, जब उन्होंने कांग्रेस छोड़ी थी और इससे भी ज्यादा तब सुर्खियों में आए जब वे भाजपा में शामिल हुए थे।
शांतनु डेविड के साथ बातचीत के दौरान अनिल एंटनी का कहना था, ‘मैं स्वीकार करूंगा कि पिछले कुछ महीने हमारे लिए बहुत परिवर्तनकारी रहे हैं। मैंने इसी साल जनवरी में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। मैं एक कांग्रेसी परिवार में पला-बढ़ा हूं। मेरे पिता अभी भी कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों में से एक हैं। इसलिए जिस दिन मैंने इस्तीफा दिया, मैंने कुछ बहुत स्पष्ट तथ्यों का उल्लेख किया, जिन्हें मैंने अपने दिल की गहराई से महसूस किया।’
अनिल एंटनी ने कहा कि जब उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, तब उनका किसी और पार्टी में शामिल होने का कोई इरादा नहीं था। अनिल एंटनी के अनुसार, ‘लेकिन फिर काफी विचार-विमर्श के बाद छह अप्रैल को मैं बीजेपी में शामिल हो गया। मैं बीजेपी नेतृत्व का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे एक प्लेटफॉर्म दिया, जहां से मैं बीजेपी के स्थापना दिवस पर पार्टी में शामिल हो सका।’
इसके साथ ही अनिल एंटनी का यह भी कहना था कि सरकार अभी जो कर रही है, वह आने वाली पीढ़ियों पर दशकों तक प्रभाव पैदा करेगा। अनिल एंटनी के अनुसार, ‘इसलिए यह प्रत्येक भारतीय, खासकर युवाओं के लिए बहुत अच्छा अवसर है। आप अभी देश को देखें तो हम एक बहुत युवा देश हैं, जहां औसत आयु 27 वर्ष है। देश की 65 प्रतिशत आबादी 40 वर्ष से कम है और लगभग 30 प्रतिशत लोगों की उम्र 18 वर्ष से कम है। मेरे पास कुछ कौशल और कुछ विशेषज्ञता है। मेरी रुचि के कुछ क्षेत्र हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि इन सबके साथ मैं इनमें अपना योगदान दे सकता हूं।’
इसके साथ ही अनिल एंटनी का यह भी कहना था, ‘हमारे पास अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक उद्देश्य हैं और उन क्षेत्रों में आगे बढ़ते रहने की योजना है जहां अभी तक हमारी मजबूत मौजूदगी नहीं है। मैं देश के ऐसे ही हिस्से से आता हूं। इसलिए मेरे लिए, मेरे जैसे किसी व्यक्ति के लिए, यह फिर से पार्टियों में योगदान करने और अपनी छाप छोड़ने का अच्छा अवसर है और मैं इसी पर काम कर रहा हूं।’
अनिल एंटनी और शांतनु डेविड के बीच इस पूरी बातचीत का वीडियो आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स एक्सचेंज4मीडिया पार्टी प्रवक्ता अनिल एंटनी शांतनु डेविड