होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / एडिटर्स गिल्ड ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पत्रकारों को बाहर निकाले जाने की आलोचना
एडिटर्स गिल्ड ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पत्रकारों को बाहर निकाले जाने की आलोचना
एडिटर्स गिल्ड ने कहा एक ऐसे व्यक्ति द्वारा मीडिया चैनलों को चयनात्मक तरीके से निशाना बनाना परेशान करने वाली घटना है, जो उच्च संवैधानिक पद पर काबिज हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा सोमवार को कोच्चि में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दो अलग-अलग चैनलों से जुड़े पत्रकारों को बाहर किए जाने के मामले में एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने नाराजगी व्यक्त की है।
एडिटर्स गिल्ड ने अपने बयान में कहा कि एक ऐसे व्यक्ति द्वारा मीडिया चैनलों को चयनात्मक तरीके से निशाना बनाना बहुत ही परेशान करने वाली घटना है, जो उच्च संवैधानिक पद पर काबिज हैं और जिन्हें प्रेस की स्वतंत्रता सहित लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक माना जाता है।
मीडिया को सत्ता में बैठे लोगों की आलोचना करने का अधिकार है और आलोचनात्मक कवरेज प्रेस मीट तक पहुंच से इनकार करने की वजह नहीं हो सकती है। लिहाजा एडिटर्स गिल्ड ने मीडिया को सार्वजनिक क्षेत्र में सूचना तक पहुंच से रोकने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई है।
EGI takes strong exception to arbitrary act by the Governor of Kerela of expelling journalists of two news channels from a press meet on Nov 7. Guild notes with concern the increasing tendency of selective targeting of media and blocking access to information in public domain. pic.twitter.com/XGstDfiRJP
— Editors Guild of India (@IndEditorsGuild) November 8, 2022
बता दें कि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने 7 नवंबर को कोच्चि में आयोजित एक प्रेस मीट के दौरान ‘कैराली न्यूज’ और ‘मीडिया वन’ चैनलों के पत्रकारों को बाहर जाने के लिए कह दिया था। उन्होंने नाराज होते हुए कहा था कि वह इन दो चैनलों से बात नहीं करेंगे। इसके बाद उन्होंने तब तक मीडिया से बात नहीं की, जब तक चैनलों के पत्रकारों को वहां से हटा नहीं दिया गया।
इसके बाद उन्होंने कहा कि मैंने मीडिया को बहुत महत्वपूर्ण माना है। मैंने हमेशा मीडिया को जवाब दिया है, लेकिन खुद को अब और समझाने में सक्षम नहीं हूं, जो मीडिया के रूप में वास्तव में पार्टी कैडर हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह लोग एक पार्टी के सदस्य हैं इसलिए यदि इन चैनलों में से कोई भी प्रेस मीटिंग में भाग ले रहा है, तो कृपया चले जाओ। अगर यहां ‘कैराली’ और ‘मीडिया वन’ के संवाददाता हैं, तो मैं चला जाऊंगा। मैं इन लोगों से बात नहीं करूंगा।
इसके बाद राज्यपाल ने दावा किया कि ‘मीडिया वन’ शाह बानो मामले को लेकर उनसे केवल बदला ले रहा है। उन्होंने कहा, ‘आप (मीडिया वन) मेरे खिलाफ अभियान चला रहे हैं।’
बता दें कि इससे पहले राजभवन ने इन दोनों चैनलों सहित चार मलयालम चैनलों को 24 अक्टूबर को राज्यपाल की एक प्रेस बैठक में भाग लेने से रोक दिया था।
गौरतलब है कि ‘कैराली न्यूज’ सत्तारूढ़ माकपा का चैनल है। इसके अलावा चैनल ‘मीडिया वन’ को सुरक्षा मंजूरी के मुद्दों पर सूचना-प्रसारण से लाइसेंस नवीनीकरण का सामना करना पड़ रहा है।
टैग्स एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया आरिफ मोहम्मद खान रिपोर्टर्स केरल के राज्यपाल मलयालम चैनल मीडिया वन