होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TRP Case: BARC इंडिया के पूर्व CEO पार्थो दासगुप्ता की पुलिस हिरासत 30 दिसंबर तक बढ़ी
TRP Case: BARC इंडिया के पूर्व CEO पार्थो दासगुप्ता की पुलिस हिरासत 30 दिसंबर तक बढ़ी
टीआरपी (TRP) से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार BARC इंडिया के पूर्व चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर पार्थो दासगुप्ता की पुलिस हिरासत अवधि कोर्ट ने 30 दिसंबर तक बढ़ा दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
टीआरपी (TRP) से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) इंडिया के पूर्व चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पार्थो दासगुप्ता की पुलिस हिरासत अवधि कोर्ट ने 30 दिसंबर तक बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस ने सोमवार को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में एक रिपोर्ट पेश की। इस रिपोर्ट में पुलिस का कहना था कि टीआरपी से छेड़छाड़ के लिए BARC के इस पूर्व अधिकारी ने लाखों रुपये लिए।
इस रिपोर्ट में पुलिस की जांच के हवाले से कहा गया है कि आरोपित चैनल्स ने अपने चैनलों की टीआरपी को अवैध रूप से बढ़ाने के लिए ‘साजिश’ की और दासगुप्ता को कई बार, कभी-कभी डॉलर में भुगतान किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दासगुप्ता ने कथित तौर पर आभूषणों और अन्य अचल संपत्तियों में इस पैसे को लगाया है। दासगुप्ता के आवास से पुलिस ने घड़ियां, लैपटॉप, मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
पुलिस ने दासगुप्ता को रिमांड पर लेने के लिए मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिस पर कोर्ट ने दासगुप्ता की हिरासत 30 दिसंबर तक बढ़ा दी है। पुलिस का आरोप है कि दासगुप्ता की जानकारी में टीआरपी के आंकड़ों में हेरफेर की गई, जिससे टाइम्स नाउ और सीएनएन-न्यूज18 रेटिंग चार्ट में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर खिसक गए।
बता दें कि टीआरपी से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने 24 दिसंबर को को BARC इंडिया के पूर्व सीईओ पार्थो दासगुप्ता को गिरफ्तार किया है। वहीं, इससे पहले BARC इंडिया के पूर्व चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) रोमिल रामगढ़िया को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि टीआरपी से छेड़छाड़ का मामला अक्टूबर में तब सामने आया था, जब ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) द्वारा देश में टीवी दर्शकों की संख्या मापने के लिए घरेलू पैनल के प्रबंधन का जिम्मा संभालने वाली एजेंसी ‘हंसा रिसर्च’ (Hansa Research) के अधिकारी नितिन देवकर ने एक शिकायत दर्ज की, जिसमें कहा गया था जिन घरों में बार-ओ-मीटर लगे हैं, उन घरों को भुगतान करके कुछ टीवी चैनल्स दर्शकों की संख्या में हेरफेर कर रहे हैं।
टैग्स बार्क इंडिया टाइम्स नाउ टीआरपी गिरफ्तार रिपब्लिक टीवी सीईओ मुंबई पुलिस टीआरपी घोटाला टीआरपी केस पार्थोदास गुप्ता