होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानें कैसे EVM को सीताजी से जोड़ डाला कांग्रेस प्रवक्ता ने
जानें कैसे EVM को सीताजी से जोड़ डाला कांग्रेस प्रवक्ता ने
लोकसभा चुनाव के दौरान तमाम विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता विवादित बयान दे रहे हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
लोकसभा चुनाव के दौरान तमाम नेता विवादित बयान दे रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग भी सख्त रुख अपनाए हुए है और इस तरह के मामलों में कई नेताओं के प्रचार करने पर प्रतिबंध तक लगा चुका है। ऐसे ही एक मामले में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह राजपूत ने सीता माता को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बहाने सीताजी को चुनावी राजनीति में शामिल कर लिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह बयान ‘न्यूज 18 इंडिया’ के कार्यक्रम ‘सुलगते सवाल’ में दिया। दरअसल, इस कार्यक्रम में चुनाव के पहले चरण के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती के ईवीएम पर किए गए ट्वीट पर बहस चल रही थी। इस पर राजपूत का कहना था, ‘जिस तरह से भगवान श्रीराम ने एक आदमी के संदेह के आधार पर सीता माता की अग्निपरीक्षा करा दी थी, उसी तरह चुनाव आयोग और भारत सरकार को ईवीएम पर अगर पूरे भारतवर्ष में एक भी व्यक्ति को संदेह होता है तो उसकी अग्निपरीक्षा करनी चाहिए।’
सुरेंद्र सिंह के इस बयान पर बीजेपी प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने सीताजी की अग्निपरीक्षा को ईवीएम से जोड़कर बोलने पर विरोध जताया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। वहीं, कार्यक्रम में शामिल समाजवादी पार्टी (SP) के प्रवक्ता अमीक जामेई, वरिष्ठ पत्रकार राम कृपाल सिंह, ऑर्गनाइजर के संपादक प्रफुल्ल केतकर ने किसी तरह की टिप्पणी करने से मना कर दिया और अपना पल्ला झाड़ लिया।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व ही ‘न्यूज़ 24’ के चर्चित डिबेट शो ‘सबसे बड़ा सवाल’ में चुनावी डिबेट के दौरान भाजपा और कांग्रेस के प्रवक्ता तो आपस में लड़ बैठे थे। नौबत यहां तक आ गई थी कि एंकर संदीप चौधरी के इस शो में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा के ऊपर पानी का गिलास फेंक दिया था।
टैग्स कांग्रेस चुनाव 2019 सुरेंद्र सिंह राजपूत