होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / स्वाति मालीवाल को संपादक ने लिया आड़े हाथ, मांगी माफी
स्वाति मालीवाल को संपादक ने लिया आड़े हाथ, मांगी माफी
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने विवाद बढ़ने के बाद अपने ट्विटर अकाउंट से डिलीट किया विडियो
पंकज शर्मा 6 years ago
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल अपने ट्विटर हैंडल पर एक पुराना विडियो पोस्ट कर विवादों में घिर गई हैं। इस विडियो में अधेड़ उम्र का व्यक्ति एक बच्ची के साथ यौन दुर्व्यवहार कर रहा था। विडियो के साथ उन्होंने लोगों से आरोपित की पहचान की अपील भी की थी, ताकि पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार कर सके।
विडियो पोस्ट करने के बाद से ही स्वाति मालीवाल के इस कदम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। इस बारे में पत्रकार और ‘न्यूजमिनट’ (NewsMinute) वेबसाइट की एडिटर-इन-चीफ धन्य राजेंद्रन का कहना था, ‘हैदराबाद का यह विडियो मार्च का है। आरोपित को पकड़ लिया गया था। मुझे बड़ा आश्चर्य है कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रेप के विडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर रही हैं।’ उन्होंने स्वाति मालीवाल को भेजे रिप्लाई में यह भी कहा था, ‘यदि आप इस तरह के अपराध रोकने के लिए प्रयास कर रही हैं तो बच्चों के यौन दुर्व्यवहार से जुड़े ऑनलाइन विडियो शेयर करना बंद करें।’ एक अन्य सोशल मीडिया यूजर का कहना था कि इस तरह का विडियो शेयर करने पर उसका ट्विटर अकाउंट निलंबित कर दिया गया था। इस यूजर ने स्वाति मालीवाल को वह विडियो डिलीट करने की सलाह दी थी।
हालांकि, विवाद बढ़ने पर स्वाति मालीवाल ने वह विडियो अपने अकाउंट से डिलीट कर दिया है। एक ट्वीट में स्वाति मालीवाल ने सफाई देते हुए कहा है, सोशल मीडिया में वायरल इस विडियो को देखकर मेरा खून खौल गया था। मैंने उस विडियो को इसलिए शेयर किया था कि बच्ची से गलत हरकत कर रहे व्यकित की पहचान हो सके और आरोपित को कड़ी सजा दिलाई जा सके। मेरा मकसद सिर्फ बच्ची को न्याय दिलाना था। इससे यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए मैं माफी मांगती हूं। विडियो डिलीट कर दिया गया है।‘
This v disturbing video was viral on social media. Made my blood boil. Want the man 2 get strongest punishment. Shared video so that he is identified! However, hv deleted it & sought report from Police. Apologize if I have hurt sentiments. Intention is only to get justice 4 girl.
— Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) July 23, 2019
मालीवाल के ट्वीट डिलीट करने से पहले इसे 200 से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका था। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि यह आईपीसी की धारा 228A का उल्लंघन है। हालांकि अभी तक मालीवाल के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली महिला आयोग चीफ ने वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट से डिलीट कर दिया है।’
टैग्स दिल्ली महिला आयोग धन्य राजेंद्रन