होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब दोबारा नहीं शुरू होगी इन 8 लोकप्रिय मैगजींस की प्रिंटिंग
अब दोबारा नहीं शुरू होगी इन 8 लोकप्रिय मैगजींस की प्रिंटिंग
कोविड-19 के कारण मई में इन मैगजींस को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, जिन्हें अब दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोनावायरस (कोविड-19) के कारण देश-विदेश की मीडिया इंडस्ट्री काफी बुरी तरह प्रभावित हुई है। तमाम मीडिया संस्थानों से जहां वेतन कटौती व छंटनी की खबरें सुनने को मिली हैं, वहीं कई अखबार व मैगजींस को अपने प्रिंट संस्करण बंद तक करने पड़े हैं। अब खबर है कि ऑस्ट्रेलिया की कई लोकप्रिय मैगजींस NW, OK!, Harper's Bazaar और Elle को स्थायी रूप से बंद किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रमुख मीडिया समूह ‘बाउर मीडिया’ (Bauer Media) ऑस्ट्रेलिया ने इस बारे में अपने स्टाफ को बताया है कि कोरोना महामारी के कारण विज्ञापन की कमी और सोशल डिस्टेंसिंग के मद्देनजर जिन आठ मैगजींस की प्रिंटिंग मई में स्थगित की गई थी, उन्हें अब स्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इस निर्णय से तमाम लोगों की नौकरी पर संकट उत्पन्न हो गया है।
इस फैसले से जिन अन्य मैगजींस पर असर पड़ेगा, उनमें InStyle, Men’s Health, Women’s Health और Good Health शामिल हैं। उन मैगजींस के अधिकांश स्टाफ को मई में काम करने से रोक दिया गया था, लेकिन बाउर इस मामले में आगे बातचीत करेगी। बाउर मीडिया (ANZ) के चीफ एग्जिक्यूटिव ब्रेंडल हिल (Brendon Hill) का कहना है कि बंद किए गए पब्लिकेशंस की बहाली विज्ञापन मार्केट पर निर्भर थी, जो वापस नहीं आए।
बाउर की ओर से वर्तमान में 30 से अधिक मैगजींस का पब्लिकेशन किया जाता है। इनमें Australian Women's Weekly, Marie Claire और New Idea शामिल हैं। कंपनी की प्रवक्ता का कहना है कि वह अपने बिजनेस की समीक्षा करना जारी रखेगी। बता दें कि कुछ दिनों पूर्व जर्मनी के बाउर मीडिया ग्रुप की ऑस्ट्रेलियाई शाखा को वेंचर कैपिटल फर्म मरकरी कैपिटल (Mercury Capital) को बेच दिया गया है। हालांकि अभी कंपनी को इसका रीब्रैंड और रीनेम करना बाकी है।
टैग्स मैगजींस बाउर मीडिया