ESOP स्कीम के तहत 'बालाजी टेलीफिल्म्स' ने एम्प्लॉयीज को यूं बनाया अपना हिस्सेदार

बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने अपने एम्प्लॉयीज को ESOP (एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान) के तहत 51,997 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं।

Vikas Saxena by
Published - Tuesday, 10 March, 2026
Last Modified:
Tuesday, 10 March, 2026
BalajiTelefilms8784


बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड ने अपने एम्प्लॉयीज को ESOP (एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान) के तहत 51,997 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। कंपनी की नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी ने 9 मार्च 2026 को एक प्रस्ताव पारित कर इस आवंटन को मंजूरी दी।

कंपनी ने बताया कि ये शेयर बालाजी टेलीफिल्म्स ESOP स्कीम 2023 के तहत पात्र एम्प्लॉयीज को दिए गए हैं। प्रत्येक शेयर का फेस वैल्यू 2 रुपये है और एम्प्लॉयीज ने इन्हें 55.28 रुपये प्रति शेयर के एक्सरसाइज प्राइस पर लिया है।

इस आवंटन के बाद कंपनी की पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल बढ़ गई है। पहले कंपनी की पेड-अप कैपिटल 24,35,19,688 रुपये थी, जिसमें 12,17,59,844 शेयर शामिल थे। अब यह बढ़कर 24,36,23,682 रुपये हो गई है और कुल 12,18,11,841 शेयर हो गए हैं।

कंपनी ने इस बारे में जानकारी BSE व NSE को भेजी है। साथ ही संबंधित सभी जानकारी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई गई है।

कंपनी के मुताबिक, एम्प्लॉयीज को दिए गए ये नए शेयर मौजूदा इक्विटी शेयरों के समान होंगे और उन्हें डिविडेंड समेत सभी अधिकार मिलेंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

हिमांशु सिंह बघेल ने दैनिक भास्कर के साथ शुरू की नई पारी

राजस्थान पत्रिका और अमर उजाला डिजिटल में काम कर चुके हिमांशु दैनिक भास्कर समूह के एडिटोरियल डेस्क से जुड़े

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
Himanshu Singh

पत्रकार हिमांशु सिंह बघेल ने दैनिक भास्कर (Dainik Bhaskar) के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। इससे पहले वह अमर उजाला डिजिटल (Amar Ujala Digital) से जुड़े हुए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नई शुरुआत की जानकारी साझा की है।

हिमांशु ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'नया सफर, नई जिम्मेदारियां और कुछ बेहतर करने का जुनून। दैनिक भास्कर के साथ अब एक नई पारी की शुरुआत... सच्ची बात, बेधड़क।'

मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना के रहने वाले हिमांशु सिंह बघेल को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब तीन साल का अनुभव है। हिमांशु सिंह बघेल इससे पहले राजस्थान पत्रिका (Rajasthan Patrika) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यहां उन्होंने डिजिटल और प्रिंट, दोनों माध्यमों के लिए काम किया। इसके बाद वह अमर उजाला डिजिटल से जुड़े थे।

अब दैनिक भास्कर समूह के एडिटोरियल डेस्क से जुड़कर उन्होंने अपने पेशेवर सफर का नया अध्याय शुरू किया है। हिमांशु सिंह बघेल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से हिमांशु को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रोहन वैद्य बने ओक्टा के भारत प्रमुख : संभालेंगे बिजनेस और कमर्शियल स्ट्रैटेजी

ओक्टा ने रोहन वैद्य को भारत के वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर नियुक्त किया है। वह कमर्शियल स्ट्रैटेजी, बिजनेस ऑपरेशंस, एंटरप्राइज ग्राहक संबंधों और पार्टनरशिप को मजबूत करने पर काम करेंगे।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
okta

ओक्टा (Okta) ने रोहन वैद्य को भारत के लिए वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर नियुक्त किया है। नई भूमिका में वह भारत में कंपनी की कमर्शियल स्ट्रैटेजी (Commercial Strategy), बिजनेस ऑपरेशंस (Business Operations) और एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ संबंधों की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वैद्य इससे पहले पालो ऑल्टो नेटवर्क्स (Palo Alto Networks) में आइडेंटिटी सिक्योरिटी (Identity Security) से जुड़े वरिष्ठ नेतृत्व पद पर कार्यरत थे। उन्हें एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है।

उनकी विशेषज्ञता आइडेंटिटी सिक्योरिटी, प्रिविलेज्ड एक्सेस मैनेजमेंट (Privileged Access Management) और आइडेंटिटी गवर्नेंस (Identity Governance) जैसे क्षेत्रों में है।

पालो ऑल्टो नेटवर्क्स से पहले वैद्य ने साइबरआर्क (CyberArk) में करीब एक दशक तक काम किया। यहां उन्होंने कंपनी के क्षेत्रीय कारोबार को विकसित करने और विस्तार देने में योगदान दिया। साइबरआर्क में वह भारत और सार्क क्षेत्र के एरिया वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं।

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत में ओक्टा के कर्मचारियों की संख्या 1,000 तक पहुंच गई है। कंपनी बेंगलुरु में अपने रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) ऑपरेशंस का भी विस्तार कर रही है। यहां स्थानीय इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमें कंपनी के वैश्विक टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म को विकसित करने में योगदान दे रही हैं।

अपनी नई भूमिका में वैद्य भारत में ओक्टा के कारोबार को आगे बढ़ाने, एंटरप्राइज ग्राहकों के साथ संबंध मजबूत करने और बाजार में पार्टनरशिप को विस्तार देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

TDSAT ने सोनार बांग्ला को हैथवे के 20.65 लाख रुपये चुकाने का आदेश दिया

TDSAT ने हैथवे डिजिटल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सोनार बांग्ला को 20.65 लाख रुपये और 9 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज चुकाने का आदेश दिया है, भुगतान के लिए दो महीने दिए।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
hathway

टेलीकॉम डिस्प्यूट्स सेटलमेंट एंड अपीलेट ट्रिब्यूनल (TDSAT) ने हैथवे डिजिटल लिमिटेड (Hathway Digital Ltd) के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सोनार बांग्ला (Sonar Bangla) को 20.65 लाख रुपये के बकाया भुगतान का आदेश दिया है।

इसके साथ ही इस रकम पर 9 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज (Simple Interest) भी देना होगा। ट्रिब्यूनल ने भुगतान के लिए दो महीने की समयसीमा तय की है। यह मामला चैनल प्रमोशन (Channel Promotion) और प्लेसमेंट सेवाओं (Placement Services) के भुगतान से जुड़ा है। हैथवे और सोनार बांग्ला के बीच 8 फरवरी 2019 को एक समझौता (MoU) हुआ था।

इसके तहत हैथवे को पश्चिम बंगाल में अपने नेटवर्क पर सोनार बांग्ला चैनल का प्रमोशन करना था। इस सेवा के लिए सालाना 30 लाख रुपये और लागू टैक्स का भुगतान तय किया गया था।

यह समझौता 1 फरवरी 2019 से 31 जनवरी 2020 तक लागू था। हैथवे का दावा था कि समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद भी सोनार बांग्ला के मौखिक आश्वासन पर उसने प्रमोशनल सेवाएं जारी रखीं और भुगतान के साथ नए समझौते का भरोसा दिया गया। भुगतान नहीं होने पर हैथवे ने बकाया राशि की वसूली के लिए TDSAT में याचिका दायर की।

सोनार बांग्ला ने हैथवे के दावे का विरोध किया। कंपनी ने कहा कि मूल समझौते की अवधि खत्म होने के बाद कोई नया MoU नहीं हुआ था। उसने कोरोना महामारी और चक्रवात अम्फान के कारण कारोबारी परिस्थितियों पर असर पड़ने का तर्क भी दिया। साथ ही कंपनी ने कहा कि जनवरी 2020 के बाद सेवाएं जारी रखने के लिए उसने औपचारिक सहमति नहीं दी थी।

TDSAT ने मामले से जुड़े दस्तावेजों, बिलों, नोटिस और दोनों पक्षों के बयानों पर विचार किया। ट्रिब्यूनल ने पाया कि समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद भी सोनार बांग्ला ने हैथवे की प्रमोशनल सेवाओं का इस्तेमाल किया। ट्रिब्यूनल के अनुसार, इससे सेवाएं जारी रखने के लिए दोनों पक्षों के बीच अप्रत्यक्ष सहमति (Implied Consent) साबित होती है।

इसके आधार पर ट्रिब्यूनल ने हैथवे के 20.65 लाख रुपये के दावे को स्वीकार कर लिया। सोनार बांग्ला को दो महीने के भीतर बकाया रकम चुकाने और मुकदमे की अवधि सहित आगे के लिए 9 प्रतिशत साधारण ब्याज देने का आदेश दिया गया है। भुगतान नहीं होने की स्थिति में आदेश को कानूनी प्रक्रिया के जरिए लागू कराया जा सकता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

पेपे जींस इंडिया में आकाश रामबाबू बने एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – डिजिटल कॉमर्स

आकाश रामबाबू ने पेपे जींस इंडिया में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट डिजिटल कॉमर्स के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह अपैरल ग्रुप इंडिया में विभिन्न नेतृत्व भूमिकाओं में रहे।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
pepejeans

आकाश रामबाबू (Akash Rambaboo) ने पेपे जींस इंडिया लिमिटेड (Pepe Jeans India Limited) में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – डिजिटल कॉमर्स (Associate Vice President – Digital Commerce) के पद पर जॉइन किया है।

इससे पहले वह पांच साल से अधिक समय तक अपैरल ग्रुप इंडिया (Apparel Group India) से जुड़े रहे। यहां उन्होंने ई-कॉमर्स, टेक्नोलॉजी, कस्टमर इनसाइट्स और लॉयल्टी से संबंधित विभिन्न नेतृत्व पदों पर काम किया।

अपैरल ग्रुप में उनकी पिछली जिम्मेदारी हेड – कस्टमर इनसाइट्स एंड लॉयल्टी (Head – Customer Insights & Loyalty) की थी। वह मार्च से नवंबर 2026 तक इस भूमिका में रहे।

इससे पहले, नवंबर 2023 से फरवरी 2026 तक उन्होंने हेड – ई-कॉमर्स सॉल्यूशंस एंड लॉयल्टी (Head – Ecommerce Solutions and Loyalty) के तौर पर काम किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी की आठ वेबसाइटों और तीन मोबाइल एप्लिकेशन के टेक्नोलॉजी रोडमैप की जिम्मेदारी संभाली।

रामबाबू इससे पहले फाइंड (Fynd) में सेल्स और अकाउंट मैनेजमेंट से जुड़ी भूमिकाओं में भी काम कर चुके हैं। यहां उनकी जिम्मेदारियों में ब्रांड पार्टनरशिप, मार्केटप्लेस इंटीग्रेशन और ई-कॉमर्स ऑपरेशंस शामिल थे।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म उबर ईट्स (Uber Eats) से की थी, जहां वह रेस्टोरेंट पार्टनरशिप मैनेजर के तौर पर कार्यरत थे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

विज्ञापन की रेस में वही आगे, जो मार्केटर्स को दे असली वैल्यू: प्रशांत कुमार

WPP Media के साउथ एशिया CEO प्रशांत कुमार ने भारतीय विज्ञापन बाजार, डिजिटल मीडिया, डेटा, AI, विज्ञापन मापन और कॉमर्स के बदलते स्वरूप पर अपनी बात रखी।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
e4mMediaAce5874.jpg

भारतीय विज्ञापन बाजार में कौन सबसे आगे रहेगा, इसका जवाब सिर्फ बड़ी एजेंसी या बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के पास नहीं है। आने वाले समय में वही कंपनियां आगे बढ़ेंगी, जो ब्रैंड्स को वास्तविक फायदा पहुंचाएंगी। सिर्फ बड़ा नेटवर्क या ज्यादा पहुंच होना अब कामयाबी की गारंटी नहीं है। यह कहना है WPP Media के साउथ एशिया CEO प्रशांत कुमार (Prasanth Kumar) का।

e4m Confluence: The Media Investments Summit 2026 में एक्सचेंज4मीडिया के को-फाउंडर नवल आहूजा (Nawal Ahuja) के साथ फायरसाइड चैट में प्रशांत कुमार ने भारतीय विज्ञापन बाजार, डिजिटल मीडिया, डेटा, AI, विज्ञापन मापन और कॉमर्स के बदलते स्वरूप पर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि विज्ञापन बाजार में किसी एक या दो कंपनियों की जीत के बजाय पूरी इंडस्ट्री की तरक्की देखने को मिलेगी। उनके मुताबिक, मार्केटर्स को जो भी प्लेटफॉर्म या गतिविधि वास्तविक फायदा पहुंचाएगी, उसकी अहमियत बढ़ेगी।

2 लाख करोड़ रुपये का है भारतीय विज्ञापन बाजार

चर्चा की शुरुआत करते हुए नवल आहूजा ने भारतीय विज्ञापन बाजार के आकार और उसमें आ रहे बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि WPP के अनुमान के मुताबिक, भारतीय विज्ञापन बाजार करीब 2 लाख करोड़ रुपये का है और इस साल इसमें 8.8% की ग्रोथ रहने की उम्मीद है।

पिछले एक दशक में विज्ञापन खर्च में डिजिटल की हिस्सेदारी 12% से बढ़कर 56% हो गई है। प्रशांत कुमार ने कहा कि आने वाले समय में यह बाजार और जटिल होगा, क्योंकि उपभोक्ताओं के पास अब उत्पादों के साथ-साथ मीडिया प्लेटफॉर्म के भी ज्यादा विकल्प हैं।

उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कौन जीत रहा है, बल्कि यह है कि कौन मार्केटर को वास्तविक वैल्यू दे रहा है। जो भी ऐसा कर पाएगा, वह आगे बढ़ेगा।

ब्रैंड्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म की अपनी-अपनी जिम्मेदारी

कुछ बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ब्रैंड्स की बढ़ती निर्भरता के सवाल पर प्रशांत कुमार ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि प्लेटफॉर्म ने ब्रैंड्स से कुछ छीन लिया है। डेटा की सुरक्षा के लिए अब क्लीन रूम (Clean Rooms) जैसी तकनीक उपलब्ध है, जिससे कंपनियां अपने डेटा को सुरक्षित रखते हुए उसका इस्तेमाल कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी ब्रैंड का मुख्य उद्देश्य सही उपभोक्ताओं, बाजारों और प्रोडक्ट कैटेगरी में अपनी पकड़ मजबूत करके कारोबार बढ़ाना होना चाहिए।

वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म की भी अपनी जिम्मेदारी है। उन्हें सिर्फ उपभोक्ताओं से कमाई करने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि अपने ब्रैंड और कारोबार को मजबूत करने पर भी काम करना चाहिए।

विज्ञापन के असर को मापने के लिए निष्पक्ष व्यवस्था जरूरी

विज्ञापन के असर और उसकी सही माप को लेकर प्रशांत कुमार ने माना कि इस दिशा में इंडस्ट्री की प्रगति उम्मीद के मुताबिक तेज नहीं रही है।

उन्होंने कहा कि विज्ञापनदाता, एजेंसीज और पब्लिशर्स, सभी की इस स्थिति में जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, विज्ञापन के असर को जांचने और उसकी पुष्टि करने का काम एक ही पक्ष के हाथ में नहीं होना चाहिए। इसके लिए निष्पक्ष जांच और वैलिडेशन की व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल हो या पारंपरिक मीडिया, हर प्लेटफॉर्म को यह जवाब देना चाहिए कि क्लाइंट का पैसा कहां और किस तरह खर्च हो रहा है। 2030 और 2035 को ध्यान में रखते हुए इंडस्ट्री के प्रमुख पक्षों को इस दिशा में अब गंभीरता से काम करना चाहिए।

प्रशांत कुमार ने यह भी कहा कि किसी कैंपेन की सफलता को सिर्फ बिक्री के आंकड़ों से नहीं मापना चाहिए। ब्रैंड की पहचान, उसकी छवि और उपभोक्ताओं के बीच भरोसा जैसे पहलू भी लंबे समय तक कारोबार को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी हैं।

डेटा और ब्रैंड सेफ्टी पर बढ़ाना होगा ध्यान

डेटा के इस्तेमाल पर बात करते हुए प्रशांत कुमार ने कहा कि ब्रैंड्स अब अपने फर्स्ट-पार्टी डेटा को बेहतर बनाने के साथ सेकंड और थर्ड-पार्टी डेटा का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।

उन्होंने Digital Personal Data Protection Act को इंडस्ट्री के लिए एक अवसर बताया। हालांकि, उनके मुताबिक असली बदलाव तभी माना जाएगा, जब देश के बड़े 300 विज्ञापनदाताओं से आगे भी कंपनियां डेटा की अहमियत को समझें।

उन्होंने कहा कि जिस दिन हर विज्ञापनदाता ब्रैंड सेफ्टी और व्यूएबिलिटी (Viewability) के महत्व को समझने लगेगा, उस दिन भारतीय विज्ञापन इकोसिस्टम को ज्यादा विकसित और भरोसेमंद कहा जा सकेगा।

AI के पीछे भागने के बजाय प्रगति पर दें ध्यान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर प्रशांत कुमार ने कहा कि इंडस्ट्री को हर हाल में परफेक्शन हासिल करने के पीछे भागने के बजाय लगातार आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि AI आज मार्केटिंग टीमों को तेजी से नए विकल्प और अलग-अलग संभावनाएं दिखा सकता है, लेकिन किसी कैटेगरी में किस रणनीति से जीत हासिल करनी है, इसका फैसला अभी भी मार्केटिंग टीम को ही करना होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि AI के दौर में एजेंसीज को अपने दूसरे दर्शक यानी एल्गोरिदम को भी समझना होगा। इससे टारगेटिंग, क्रिएटिव और उपभोक्ताओं के साथ जुड़ने के नए तरीके सामने आएंगे।

प्रशांत कुमार के मुताबिक, जैसे वनडे क्रिकेट के बाद T20 आने से खेल के आंकड़ों और प्रदर्शन को मापने के तरीके बदले, वैसे ही AI के आने से मार्केटिंग के मापदंडों में भी बदलाव देखने को मिलेगा।

कॉमर्स में पांच क्षेत्रों से बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

चर्चा में कॉमर्स का बढ़ता बाजार भी एक अहम मुद्दा रहा। नवल आहूजा ने बताया कि कॉमर्स में 29% ग्रोथ का अनुमान है। इस पर प्रशांत कुमार ने कहा कि कॉमर्स को पांच प्रमुख हिस्सों में देखा जा सकता है। इनमें ई-कॉमर्स, मार्केटप्लेस, डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C), क्रिएटर इकोसिस्टम और कंटेंट-टू-कॉमर्स शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि भारत में करीब 30 करोड़ ऑनलाइन यूजर्स हैं। ऐसे में कॉमर्स के इस बाजार की पहुंच अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुई है।

प्रशांत कुमार के मुताबिक, फिलहाल ऑनलाइन कॉमर्स का दबाव किराना दुकानों के बजाय हाइपरमार्केट और सुपरमार्केट पर ज्यादा दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि ब्रैंड्स को यह समझना होगा कि कॉमर्स से उनके कारोबार में वास्तव में नई ग्रोथ आ रही है या यह सिर्फ बिक्री के एक माध्यम से दूसरे माध्यम में बदलाव है।

एजेंसीज को क्वालिटी और बेहतर काम पर देना होगा जोर

मीडिया एजेंसीज के कामकाज में सुधार को लेकर प्रशांत कुमार ने कहा कि उन्हें काम की संख्या बढ़ाने के बजाय उसकी क्वालिटी पर ध्यान देना चाहिए। एक ही तरह के काम को बार-बार करने से बचना होगा। साथ ही टीमों के बीच सही जानकारी साझा करने और क्लाइंट की उम्मीदों को बेहतर तरीके से समझने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि एजेंसीज को सोच-समझकर जोखिम लेने चाहिए और अपने काम करने के तरीके में लगातार सुधार करना चाहिए।

दो दशक से ज्यादा समय तक इस इंडस्ट्री में काम करने के बाद भी प्रेरित रहने के सवाल पर प्रशांत कुमार ने कहा कि अगर आपके सामने कोई चुनौती नहीं है, तो आप बोर हो जाएंगे। उनके मुताबिक, नए क्लाइंट जीतना उन्हें नई ऊर्जा देता है, जबकि क्लाइंट खोना अच्छा अनुभव नहीं होता। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सिर्फ CMO तक सीमित न रहें मीडिया एजेंसीज, CEO के एजेंडे को भी समझें: हर्ष राजदान

मीडिया एजेंसीज की भूमिका अब सिर्फ विज्ञापन की योजना बनाने और मीडिया स्पेस खरीदने तक सीमित नहीं रह सकती। उन्हें ब्रैंड्स के लिए बिजनेस कंसल्टिंग पार्टनर के रूप में काम करना होगा

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
e4mMediaAce454.jpg

मीडिया एजेंसीज की भूमिका अब सिर्फ विज्ञापन की योजना बनाने और मीडिया स्पेस खरीदने तक सीमित नहीं रह सकती। उन्हें ब्रैंड्स के लिए बिजनेस कंसल्टिंग पार्टनर के रूप में काम करना होगा और यह साबित करना होगा कि उनकी रणनीतियों से कंपनियों की कमाई और मुनाफे में कितना योगदान मिल रहा है। यह कहना है डेंट्सु के साउथ एशिया CEO हर्ष राजदान (Harsha Razdan) का।

e4m Confluence 2026 में ‘From Media Buying to Business Building’ विषय पर आयोजित फायरसाइड चैट के दौरान हर्ष राजदान ने कहा कि कंपनियों के CEO और CFO की बदलती अपेक्षाओं के कारण मीडिया एजेंसीज और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर्स (CMOs) की जिम्मेदारियां भी बदल रही हैं।

उनके मुताबिक, अब एजेंसीज केवल विज्ञापन की पहुंच (Reach), कैंपेन की डिलीवरी और कम लागत जैसे आंकड़ों के आधार पर अपने काम को सही नहीं ठहरा सकतीं। उन्हें यह समझना होगा कि क्लाइंट के सामने कौन-सी कारोबारी चुनौतियां हैं और उनकी सेवाएं कंपनी की ग्रोथ व मुनाफे में किस तरह मदद कर सकती हैं।

हर्ष राजदान ने कहा, "आखिरकार मीडिया या क्रिएटिव एजेंसीज कंसल्टिंग का ही काम कर रही हैं। वे असल में कंसल्टिंग सेवाएं ही बेच रही हैं।" उन्होंने बताया कि मार्केटिंग और विज्ञापन का कारोबार भी अब तेजी से टेक्नोलॉजी आधारित कंसल्टिंग की दिशा में बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि CEO और CFO अब मार्केटिंग पर खर्च होने वाले हर रुपये का हिसाब मांग रहे हैं। ऐसे में CMO के लिए भी अपनी जिम्मेदारी बढ़ाना और बिजनेस के नतीजों के प्रति जवाबदेह बनना जरूरी हो गया है।

हर्ष राजदान के मुताबिक, कुछ CMO इस बदलाव को समझते हुए कंपनी की बड़ी रणनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन रहे हैं, जबकि कई अभी भी मार्केटिंग के पारंपरिक दायरे में काम कर रहे हैं।

उन्होंने प्रभाव के पैमाने पर CFO को 10 में से 7-8 अंक दिए, जबकि ज्यादातर CMO को 5 के आसपास रखा। हालांकि, उन्होंने कहा कि बदलते माहौल के साथ खुद को ढालने वाले कुछ CMO का प्रभाव 8-9 तक पहुंच चुका है।

एजेंसीज को समझनी होगी CEO की प्राथमिकता

हर्ष राजदान ने कहा कि कंपनियों के CEO की सबसे बड़ी प्राथमिकताएं बिजनेस की ग्रोथ, मुनाफा बढ़ाना और कैश फ्लो को बेहतर बनाना हैं। लेकिन कई बार ये प्राथमिकताएं मार्केटिंग टीमों और मीडिया एजेंसीज तक सही तरीके से नहीं पहुंच पातीं। इसका नतीजा यह होता है कि एजेंसीज बड़े कारोबारी लक्ष्यों के बजाय छोटे-छोटे डिलिवरेबल्स पर ध्यान देती हैं।

उन्होंने कहा कि एजेंसीज को सिर्फ क्लाइंट की ओर से तय किए गए मापदंडों पर खुद को नहीं आंकना चाहिए, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि वे क्लाइंट की ग्रोथ और मुनाफे में कितनी मदद कर रही हैं।

उनके मुताबिक, एजेंसीज को सिर्फ मार्केटिंग टीम तक अपने संबंध सीमित रखने के बजाय क्लाइंट कंपनी के शीर्ष नेतृत्व यानी CEO के साथ भी सीधे बातचीत करने की क्षमता विकसित करनी होगी। इसके लिए उन्हें अपनी टीम में बेहतर बिजनेस समझ और नए कौशल वाले लोगों को शामिल करना होगा।

मार्केटिंग के खर्च पर CFO की बढ़ रही नजर

हर्ष राजदान ने कहा कि मार्केटिंग के फैसलों में CFO की बढ़ती भूमिका का असर अब एजेंसी पिच और उनके काम करने के तरीके पर भी पड़ रहा है। पहले मार्केटिंग टीम अक्सर फाइनेंस टीम को खर्च मंजूर करने तक सीमित रखती थी, लेकिन अब CFO यह जानना चाहते हैं कि मार्केटिंग पर खर्च किए गए पैसे से कंपनी को क्या फायदा हुआ।

उन्होंने कहा कि आज कंपनियां यह देखना चाहती हैं कि मार्केटिंग से बिक्री और ग्रोथ कितनी बढ़ी, लागत कितनी कम हुई और कैश फ्लो पर क्या असर पड़ा। अगर मार्केटिंग टीम इन सवालों का जवाब नहीं दे पाती, तो मामला CFO तक पहुंच जाता है।

हर्ष राजदान के मुताबिक, कंपनियां अब एजेंसीज की क्षमता और मार्केटिंग निवेश का आकलन करने के लिए कंसल्टिंग फर्मों की भी मदद ले रही हैं। ऐसे में एजेंसीज को अपनी पिच में सिर्फ मीडिया और क्रिएटिव विशेषज्ञों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसे लोगों को भी शामिल करना चाहिए जिन्हें बिजनेस की अच्छी समझ हो।

भारत की जरूरतों के हिसाब से बनानी होगी टेक्नोलॉजी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और टेक्नोलॉजी की भूमिका पर बात करते हुए हर्ष राजदान ने कहा कि डेंट्सु भारत में दो तरीकों से काम कर रही है। पहला, ग्लोबल टेक्नोलॉजी समाधानों को भारतीय बाजार के हिसाब से तैयार करना और दूसरा, भारत में ही ऐसी टेक्नोलॉजी विकसित करना, जिसका इस्तेमाल दूसरे देशों में भी किया जा सके।

उन्होंने डेंट्सु.Connect का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत के बाजार की जटिलताओं को देखते हुए इस ग्लोबल समाधान में बदलाव करने पड़े।

उनके मुताबिक, भारत में अलग-अलग नियम, डेटा प्राइवेसी और डेटा लोकलाइजेशन की जरूरतें हैं। खासकर फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में ग्लोबल टेक्नोलॉजी को बिना बदलाव के इस्तेमाल करना आसान नहीं है।

हर्ष राजदान ने कहा कि आज के दौर में भारत में विकसित टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के बिना काम करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि डेंट्सु ने परफॉर्मेंस, ऑडियंस इंटेलिजेंस और प्रोडक्ट इंटेलिजेंस से जुड़े कुछ टेक्नोलॉजी समाधान भारत में ही विकसित किए हैं, जिनका इस्तेमाल दूसरे देशों में भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में कई भाषाएं, अलग-अलग तरह के बाजार, उपभोक्ताओं की अलग-अलग पसंद और कीमतों को लेकर संवेदनशीलता है। ऐसे में यहां सफल होने वाला टेक्नोलॉजी समाधान दूसरे देशों में भी काम आ सकता है।

उन्होंने बेंगलुरु और मुंबई स्थित डेंट्सु के ग्लोबल सर्विसेज सेंटर्स का भी जिक्र किया, जहां टेक्नोलॉजी से जुड़े समाधान विकसित किए जा रहे हैं।

भविष्य की एजेंसी के लिए तीन चीजें जरूरी

आने वाले पांच साल में मीडिया एजेंसीज का स्वरूप कैसा होगा, इस सवाल पर हर्ष राजदान ने तीन अहम चीजों का जिक्र किया- बेहतर सोच, टेक्नोलॉजी और टैलेंट।

उन्होंने कहा कि एजेंसीज को सबसे पहले क्लाइंट की जरूरत और उसकी कारोबारी समस्या को समझना होगा। उन्हें सिर्फ अपनी सेवाएं बेचने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर एजेंसीज को क्लाइंट को यह सलाह भी देनी चाहिए कि फिलहाल विज्ञापन पर पैसा खर्च न करें या उस निवेश को किसी दूसरे समय के लिए बचाकर रखें।

दूसरी जरूरत ऐसी टेक्नोलॉजी व्यवस्था की है, जो एजेंसी के अपने प्लेटफॉर्म के साथ बाहरी टेक्नोलॉजी कंपनियों और क्लाइंट के समाधानों को भी जोड़ सके।

तीसरी जरूरत टीम में नए तरह के टैलेंट को शामिल करने की है। हर्ष राजदान के मुताबिक, एजेंसीज को FMCG और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों से भी प्रोफेशनल्स को अपनी टीम में लाना चाहिए, ताकि उन्हें क्लाइंट के कारोबार और उसकी जरूरतों की बेहतर समझ हो।

उन्होंने कहा, "अगर वही लोग वही काम करते रहेंगे, तो नतीजे भी वही मिलेंगे।" उनके मुताबिक, एजेंसीज को अलग-अलग अनुभव और कौशल वाले लोगों के लिए अपने दरवाजे खोलने होंगे। साथ ही युवा प्रोफेशनल्स को भी आगे बढ़ने के मौके देने चाहिए और कर्मचारियों को लंबे समय तक एक ही भूमिका में नहीं रखना चाहिए।

मीडिया, टेक्नोलॉजी और कंसल्टिंग का बढ़ेगा मेल

भारतीय मीडिया सर्विसेज के भविष्य पर बात करते हुए हर्ष राजदान ने कहा कि टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग और कंसल्टिंग के बीच बढ़ता तालमेल इंडस्ट्री में बड़े बदलाव लाएगा। कंसल्टिंग कंपनियां जहां मीडिया और मार्केटिंग के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं, वहीं मीडिया कंपनियां भी टेक्नोलॉजी में निवेश कर रही हैं। इससे इन कारोबारों के बीच की पारंपरिक सीमाएं धीरे-धीरे कम होंगी।

उन्होंने कहा कि एजेंसीज को यह भी समझना होगा कि हर समस्या का समाधान उनके पास ही नहीं है। उन्हें बाहरी विशेषज्ञों और अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ मिलकर काम करना सीखना होगा।  मीडिया एजेंसीज को बोर्डरूम में जगह मिलने के सवाल पर हर्ष राजदान ने कहा कि इंडस्ट्री को अभी इस दिशा में काफी काम करना बाकी है।

उन्होंने कहा, "हमें लगता है कि हमें बोर्डरूम में जगह मिल गई है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि अभी हमें वहां उतनी अहम जगह मिली है।" उनके मुताबिक, एजेंसीज को अपनी क्षमता बढ़ाने, नई प्रतिभाओं को जोड़ने और कंपनी के बड़े कारोबारी फैसलों में अपनी उपयोगिता साबित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को यह स्वीकार करना होगा कि उसके पास अभी हर सवाल का जवाब नहीं है। बदलते दौर में प्रासंगिक बने रहने के लिए एजेंसीज को लगातार खुद को बेहतर बनाना होगा। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

NFDC और सोनी नेटवर्क्स ने मिलाया हाथ, देशभर के क्रिएटर्स से मांगे नए कंटेंट आइडिया

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने देशभर के लेखकों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए एक नई पहल शुरू की है।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
NFDC-Sony5112

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने देशभर के लेखकों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत वे अपने मौलिक फिक्शन और नॉन-फिक्शन कंटेंट के आइडिया सोनी नेटवर्क्स के सामने पेश कर सकेंगे। इस पहल का मकसद देश में मौजूद नई प्रतिभाओं और कहानियों को पहचानना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने का मौका देना है।

इस पहल का नाम ‘वेव्स बाजार × SPNI कंटेंट क्रिएटर सबमिशन इनिशिएटिव’ रखा गया है। दोनों संस्थाओं ने 22 नवंबर को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

पांच भाषाओं में जमा कर सकेंगे आइडिया

इस पहल के तहत लेखक और क्रिएटर्स हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु और बांग्ला भाषा में अपने ओरिजिनल कंटेंट आइडिया जमा कर सकेंगे। इसमें फिक्शन सीरीज, प्रीमियम टीवी+ कंटेंट, रियलिटी शो, गेम और प्रतियोगिता आधारित कार्यक्रम, टैलेंट शो और अन्य नॉन-फिक्शन फॉर्मेट शामिल हैं।

यानी यह मौका सिर्फ फिल्म या सीरीज की कहानी लिखने वालों तक सीमित नहीं रहेगा। अलग-अलग तरह के मनोरंजन कार्यक्रमों के आइडिया रखने वाले क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस भी इसमें हिस्सा ले सकेंगे।

वेव्स बाजार पोर्टल के जरिए होगा आवेदन

इस पूरी प्रक्रिया को NFDC अपने वेव्स बाजार पोर्टल के जरिए संभालेगा। यहां जमा किए गए आइडिया को SPNI के साथ आपसी सहमति से तय मानकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। चुने गए आवेदकों को अपने आइडिया सीधे सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के सामने पेश करने के लिए बुलाया जाएगा।

हालांकि, आइडिया शॉर्टलिस्ट होने या उसे पेश करने का मौका मिलने का मतलब यह नहीं है कि उस पर प्रोजेक्ट बनना तय है। SPNI इन प्रस्तावों पर विचार करेगा और आगे उनके संभावित विकास का फैसला लेगा।

क्षेत्रीय कहानियों और नई प्रतिभाओं को मिलेगा मौका

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत NFDC का वेव्स बाजार एक ऐसा मंच है, जो रचनात्मक प्रतिभाओं को मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और संस्थाओं के साथ जोड़ता है। NFDC और SPNI की इस साझेदारी का उद्देश्य खासतौर पर क्षेत्रीय बाजारों से आने वाली नई प्रतिभाओं को अवसर देना और उनकी कहानियों को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाना है।

NFDC के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार के मुताबिक, IFFI दुनिया भर की कहानियों, संस्कृतियों और रचनात्मक आवाजों को एक मंच पर लाने का काम करता है। वहीं, NFDC के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह ने कहा कि यह सहयोग लेखकों, क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस के लिए अलग-अलग भाषाओं और फॉर्मेट में अपने मौलिक आइडिया पेश करने के नए रास्ते खोलेगा।

सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ गौरव बनर्जी का कहना है कि देश में रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार उनके आइडिया स्थापित मंचों तक नहीं पहुंच पाते। NFDC के साथ यह साझेदारी ऐसे लेखकों और क्रिएटर्स को अपने विचार सामने रखने का एक और अवसर देगी।

इस पहल के जरिए NFDC और सोनी नेटवर्क्स का लक्ष्य नए कंटेंट आइडिया तलाशना और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने के अवसर बढ़ाना है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सनगोल्ड मीडिया की कमाई घटी, लेकिन मुनाफे ने लगाई छलांग

मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर की कंपनी सनगोल्ड मीडिया एंड एंटरटेनमेंट लिमिटेड (Sungold Media and Entertainment Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
SungoldMedia54121

मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर की कंपनी सनगोल्ड मीडिया एंड एंटरटेनमेंट लिमिटेड (Sungold Media and Entertainment Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2026 को समाप्त हुई छमाही में कंपनी का मुनाफा बढ़ा है, जबकि उसकी कुल आय में गिरावट दर्ज की गई है।

कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान उसका नेट प्रॉफिट बढ़कर 1.96 लाख रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी ने 1.42 लाख रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस तरह मुनाफे में करीब 37.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, इस दौरान कंपनी की कुल आय घटकर 42.57 लाख रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 48.24 लाख रुपये थी। इसमें अन्य आय भी शामिल है। वहीं, कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 40.48 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 43.34 लाख रुपये था।

कंपनी के कुल खर्च में भी कमी आई है। अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कुल खर्च 39.95 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी छमाही में यह 46.34 लाख रुपये था। इस दौरान कंपनी का टैक्स से पहले मुनाफा बढ़कर 2.61 लाख रुपये हो गया, जो पिछले साल 1.90 लाख रुपये था।

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 22 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में इन अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी थी। बैठक दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई और 2:45 बजे समाप्त हुई। कंपनी के वित्तीय नतीजों की सीमित समीक्षा (Limited Review) रिपोर्ट भी जारी की गई है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

पैनोरमा स्टूडियोज ने फिल्म ‘लव ऑल’ के दुनियाभर के खरीदे राइट्स

फिल्म निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड (Panorama Studios International Limited) ने हिंदी फिल्म ‘लव ऑल’ (Love All) के सभी अधिकार खरीद लिए हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Tuesday, 24 November, 2026
Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
PanoramaStudios544

फिल्म निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड (Panorama Studios International Limited) ने हिंदी फिल्म ‘लव ऑल’ (Love All) के सभी अधिकार खरीद लिए हैं। कंपनी ने इसके लिए फिल्मार्ट प्रोडक्शंस एलएलपी (Filmart Productions LLP) के साथ बायआउट असाइनमेंट एग्रीमेंट किया है।

कंपनी ने 23 नवंबर को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि इस समझौते के तहत उसे फिल्म ‘लव ऑल’ के भारत समेत दुनियाभर के सभी अधिकार हमेशा के लिए मिल गए हैं। यानी इन अधिकारों की कोई तय समय-सीमा नहीं होगी।

इस फिल्म में के.के. मेनन (Kay Kay Menon), श्रीस्वरा (Shriswara), स्वास्तिका मुखर्जी (Swastika Mukherjee), सुमित अरोड़ा (Sumit Arora), अर्क जैन (Ark Jain) और अन्य कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सुधांशु शर्मा (Sudhanshu Sharma) ने किया है।

पैनोरमा स्टूडियोज ने यह जानकारी सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत शेयर बाजार को दी है। हालांकि, कंपनी ने इस समझौते की वित्तीय रकम या अन्य शर्तों का खुलासा नहीं किया है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

NDTV में कार्तिक मल्होत्रा की नियुक्ति, बने सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स)

इससे पहले वह News9 में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (बिजनेस) और TV9 नेटवर्क में मैनेजिंग डायरेक्टर के कार्यालय में वाइस प्रेजिडेंट (प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 23 November, 2026
Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
Kartik Malhotra

एनडीटीवी (NDTV) ने कार्तिक मल्होत्रा को सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) नियुक्त किया है। अपनी नई भूमिका में वह नेटवर्क के ब्रैंड कोलैबोरेशन और स्पेशल प्रोजेक्ट्स स्टूडियो NDTV CoLab के तहत नई पहल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कार्तिक मल्होत्रा को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत और विदेशों में कई बड़े प्रोजेक्ट्स की परिकल्पना और उन्हें सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके अलावा, उन्होंने ब्रैंडेड कंटेंट बिजनेस को शुरुआत से तैयार करने, बड़ी टीमों का नेतृत्व करने और नई संपादकीय व व्यावसायिक इकाइयों को शुरू कर उन्हें विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई है।

NDTV से जुड़ने से पहले कार्तिक मल्होत्रा News9 में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (बिजनेस) और TV9 नेटवर्क में मैनेजिंग डायरेक्टर के कार्यालय में वाइस प्रेजिडेंट (प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने जर्मनी, दुबई और नई दिल्ली में आयोजित News9 ग्लोबल समिट के विभिन्न संस्करणों पर काम किया। इसके साथ ही 'What India Thinks Today' और 'The SHEconomy Agenda' जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से भी जुड़े रहे।

उन्होंने बिजनेस प्रोग्रामिंग की एंकरिंग और एडिटिंग भी की। इसके अलावा, साप्ताहिक टेक्नोलॉजी शो 'The AI Report' में भी योगदान दिया। वह News9, Money9 और TV9 2.0 की बिजनेस स्ट्रैटेजी और प्रोडक्ट रोडमैप तैयार करने से भी जुड़े रहे। इससे पहले वह Money9 में एग्जिक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

कार्तिक मल्होत्रा इससे पहले नेटवर्क18 (Network18) में एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) और सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रोड्यूसर के पद पर भी काम कर चुके हैं। यहां उन्होंने CNBC-TV18, CNN-News18, Forbes India और Moneycontrol के लिए ब्रैंडेड आईपी (IP) से जुड़े प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अलग-अलग लोकेशन पर काम करने वाले 60 से अधिक एंकर, प्रोड्यूसर, क्रिएटिव डायरेक्टर और प्रोजेक्ट मैनेजर की टीम का नेतृत्व किया।

टाइम्स नेटवर्क (Times Network) में अपने कार्यकाल के दौरान वह ET NOW की लॉन्चिंग से लेकर उसे नंबर-1 स्थान तक पहुंचाने की यात्रा का हिस्सा रहे। बाद में उन्होंने Times Avenues (अब Times Influence) के ऑपरेशंस हेड के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस ब्रैंडेड कंटेंट डिवीजन को स्थापित करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने CNBC-TV18 और करण थापर की ITV Productions में काम किया। ITV Productions में रहते हुए उन्होंने BBC के लिए भी कार्यक्रम तैयार किए।

कार्तिक मल्होत्रा की नियुक्ति पर NDTV के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि NDTV CoLab ऐसा मंच है, जहां NDTV की पत्रकारिता की विश्वसनीयता और बड़े ब्रांड्स व संस्थानों की महत्वाकांक्षाएं एक साथ आती हैं। इसे आगे बढ़ाने के लिए ऐसे संपादकों की जरूरत है, जो न्यूजरूम के साथ-साथ बेहतरीन आईपी तैयार करने के व्यावसायिक पक्ष को भी समझते हों।

उन्होंने कहा कि कार्तिक मल्होत्रा के पास समाचारों की अच्छी समझ, अर्थव्यवस्था और बाजारों की गहरी जानकारी तथा बड़े स्तर पर नए मंच तैयार करने का अनुभव है। राहुल कंवल ने NDTV परिवार में उनका स्वागत करते हुए खुशी जताई।

वहीं, अपनी नियुक्ति पर कार्तिक मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता में NDTV विश्वसनीयता का पर्याय है। आज ब्रांड्स के साथ बेहतर साझेदारी का आधार सार्थक काम है, जिसमें सही लोगों को एक मंच पर लाना, महत्वपूर्ण सवाल पूछना और ऐसी कहानियां सामने लाना शामिल है, जो मायने रखती हैं।

उन्होंने कहा कि NDTV CoLab बड़े स्तर पर इस तरह के काम को आगे बढ़ाने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है। वह अपने सहयोगी ब्रैंड्स के लिए विशिष्ट नए प्रोजेक्ट्स तैयार करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वर्कफ्लो सहित नई तकनीक का इस्तेमाल कर उन्हें अधिक तेजी और प्रभाव के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए