होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 'B.A.G. Films & Media' की EGM 11 फरवरी को, फंड जुटाने को लेकर लिए जाएंगे बड़े फैसले
'B.A.G. Films & Media' की EGM 11 फरवरी को, फंड जुटाने को लेकर लिए जाएंगे बड़े फैसले
B.A.G. Films and Media Limited ने घोषणा की है कि वह 16.50 करोड़ रुपये की फंडिंग के लिए 11 फरवरी 2026 को एक एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) आयोजित करेगी।
Vikas Saxena 1 month ago
मीडिया व एंटरटेनमेंट सेक्टर की जानी-मानी कंपनी B.A.G. Films and Media Limited ने निवेशकों और शेयर बाजार को एक अहम सूचना दी है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह 16.50 करोड़ रुपये की फंडिंग के लिए 11 फरवरी 2026 को एक एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) आयोजित करेगी। यह बैठक पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से यानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-विजुअल साधनों के जरिए शाम 4 बजे होगी।
कंपनी ने बताया कि इस EGM में शेयरधारकों से एक विशेष प्रस्ताव पर मंजूरी मांगी जाएगी, जिसके तहत प्रमोटर ग्रुप को फुली कन्वर्टिबल वारंट जारी किए जाएंगे। यह जानकारी कंपनी ने बीएसई और एनएसई दोनों स्टॉक एक्सचेंजों को दी है।
B.A.G. Films का प्रस्ताव है कि वह अपने प्रमोटर ग्रुप की इकाई Skyline Tele Media Services Limited को कुल 2 करोड़ फुली कन्वर्टिबल वारंट जारी करे। हर एक वारंट को भविष्य में एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा। इन शेयरों का फेस वैल्यू 2 रुपये होगी, जबकि इश्यू प्राइस 8.25 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इस कीमत में 6.25 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम शामिल है। अगर सभी वारंट शेयरों में कन्वर्ट होते हैं, तो कंपनी को कुल 16.50 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी।
SEBI के नियमों के अनुसार, वारंट अलॉटमेंट के समय निवेशक को कुल राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा पहले जमा करना होगा, जबकि बाकी 75 प्रतिशत राशि शेयर में कन्वर्ज़न के समय देनी होगी। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि वारंट को अधिकतम 18 महीनों के भीतर शेयर में बदला जा सकता है। यदि तय समय सीमा में वारंट एक्सरसाइज़ नहीं किए गए, तो जमा की गई राशि जब्त कर ली जाएगी और वारंट अपने-आप समाप्त हो जाएंगे।
कंपनी ने शेयरधारकों के लिए ई-वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इसके लिए 4 फरवरी 2026 को कट-ऑफ डेट तय की गई है। रिमोट ई-वोटिंग की प्रक्रिया 7 फरवरी 2026 सुबह 9 बजे से शुरू होकर 10 फरवरी 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। ई-वोटिंग और EGM दोनों के लिए तकनीकी व्यवस्था NSDL के माध्यम से की गई है।
B.A.G. Films ने यह भी स्पष्ट किया है कि जुटाए जाने वाले फंड का इस्तेमाल कंपनी अपने बिज़नेस विस्तार, नए और मौजूदा प्रोजेक्ट्स में निवेश तथा सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए करेगी। कंपनी का कहना है कि इस पूंजी से कंटेंट प्रोडक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर और वर्किंग कैपिटल को मजबूती मिलेगी, जिससे भविष्य में कंपनी की ग्रोथ को गति मिलेगी।
कंपनी ने निवेशकों को भरोसा दिलाया है कि इस फंड रेज़िंग के बाद भी कंपनी के नियंत्रण या प्रबंधन में कोई बदलाव नहीं होगा। हालांकि, वारंट के पूरी तरह कन्वर्ट होने की स्थिति में प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी बढ़ सकती है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 46.86 प्रतिशत है, जो वारंट कन्वर्ज़न के बाद बढ़कर लगभग 51.74 प्रतिशत हो सकती है। इसके साथ ही पब्लिक शेयरहोल्डिंग में उसी अनुपात में कमी आएगी।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह प्रस्ताव SEBI के टेकओवर नियमों के तहत ओपन ऑफर की अनिवार्यता को ट्रिगर नहीं करता। साथ ही, कंपनी या उसके प्रमोटर्स पर किसी भी तरह का कोई बकाया या नियामकीय उल्लंघन नहीं है।
कंपनी का मानना है कि कि यह कदम उसकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और दीर्घकालिक विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह फैसला शेयरधारकों के हित में है और इससे उसके मीडिया और एंटरटेनमेंट कारोबार को नई दिशा मिलेगी।
कंपनी ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे EGM नोटिस और उससे जुड़े सभी दस्तावेज कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.bagnetwork24.in और NSDL की वेबसाइट पर ध्यान से पढ़ें।
टैग्स