होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज कवरेज के लिए गए पत्रकारों पर हमला, पुलिस ने बामुश्किल भीड़ के चंगुल से कराया मुक्त
न्यूज कवरेज के लिए गए पत्रकारों पर हमला, पुलिस ने बामुश्किल भीड़ के चंगुल से कराया मुक्त
पूर्वोत्तर दिल्ली में मंगलवार को कवरेज के लिए गए थे तीनों पत्रकार, पत्रकारों की शिकायत पर मामले की जांच कर रही है पुलिस
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पत्रकारों को न्यूज कवरेज के दौरान तमाम विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला देश की राजधानी दिल्ली से आया है, जहां न्यूज कवरेज के दौरान तीन पत्रकारों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित पत्रकारों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह पत्रकारों को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया। गनीमत रही कि पत्रकारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। पीड़ित पत्रकारों ने पुलिस को मामले की शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। बताया जाता है कि ये पत्रकार इसी साल फरवरी में हुए दिल्ली दंगों से जुड़ी स्टोरी कवर कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वतंत्र पत्रकार प्रभजीत सिंह, ‘कारवां’ (Caravan) मैगजीन के असिस्टेंट फोटो एडिटर शाहिद तांत्रे और इसी मैगजीन की एक महिला पत्रकार मंगलवार की दोपहर पूर्वोत्तर दिल्ली के सुभाष मोहल्ला में रिपोर्टिंग के लिए गए थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं, महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी भी की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब तांत्रे एक वीडियो शूट कर रहे थे, तभी वहां दो लोग आए और उनसे ऐसा करने का कारण पूछने लगे। इसके बाद वे लोग हमलावर हो गए और अन्य लोगों को बुला लिया। करीब डेढ़ घंटे तक तीनों लोग भीड़ के बीच फंसे रहे। भीड़ ने तांत्रे का कैमरा भी छीनने की कोशिश की और खींचे गए फोटो व वीडियो डिलीट करने को कहा। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तीनों पत्रकारों को भीड़ से बचाकर भजनपुरा थाने ले गए।
टैग्स कारवां पत्रकारों पर हमला