भारत का एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और एक्सआर (एक्सटेंडेड रियलिटी) उद्योग अब वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो
भारत का एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और एक्सआर (एक्सटेंडेड रियलिटी) उद्योग अब वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है। यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी संगठन एएसआईएफए इंडिया (ASIFA INDIA), सूचना-प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से ‘वेव्स अवार्ड्स ऑफ एक्सीलेंस’ का आयोजन कर रहा है। यह पहल सरकार की ‘क्रिएट इन इंडिया’ योजना के तहत भारत की रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने और एनीमेशन क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियों को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुरस्कारों के लिए आवेदन और समापन समारोह
वेव्स अवार्ड्स ऑफ एक्सीलेंस में भाग लेने के लिए रचनाकार 15 दिसंबर, 2024 तक अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह का समापन वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स) 2025 में होगा, जिसका आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा।
पुरस्कार श्रेणियां और अवसर
पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ पात्र एनीमेशन, सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स, और सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म जैसी श्रेणियां शामिल हैं। विजेताओं को उद्योग के दिग्गजों से मार्गदर्शन और नेटवर्किंग के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उन्हें भारत की रचनात्मक क्रांति में योगदानकर्ता के रूप में मान्यता भी दी जाएगी।
रचनात्मकता को प्रेरित करने वाले कार्यक्रम
देशभर में अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन दिवस उत्सव का आयोजन किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों और पेशेवरों को वेव्स अवार्ड्स में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा सके। आगामी सप्ताहों में यह उत्सव पुणे, इंदौर, नासिक, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु जैसे शहरों में आयोजित होगा।
इससे पहले, एएसआईएफए इंडिया ने 16-17 नवंबर 2024 को हैदराबाद में अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन दिवस (आईएडी) का सफल आयोजन किया था। इसके अलावा, 21 नवंबर को भोपाल डिजाइन फेस्टिवल में भाग लेकर रचनाकारों को प्रेरित किया गया।
ASIFA INDIA का योगदान
1960 में फ्रांस के एनेसी में स्थापित और पिछले 24 वर्षों से भारत में सक्रिय एएसआईएफए इंडिया, कार्यशालाओं, सीजी मीटअप और आईएडी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने में अपनी खास पहचान बना चुका है।

आवेदन विवरण
आवेदन की अंतिम तिथि: 15 दिसंबर 2024
पोर्टल: https://filmfreeway.com/asifaiad
इंडिया पास: india10281892
वेव्स पासकोड: ASIFAIADINDIA25
वेव्स अवार्ड्स ऑफ एक्सीलेंस 2025 न केवल भारतीय एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स उद्योग को वैश्विक मंच पर एक नई ऊंचाई तक ले जाएगा, बल्कि यह रचनाकारों और पेशेवरों के लिए असाधारण अवसरों का द्वार भी खोलेगा।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब Zee Entertainment ने अपनी दीर्घकालिक विकास रणनीति को गति देने के लिए कम से कम 2,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना की घोषणा की है।
by
Samachar4media Bureau
'जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड' (Zee Entertainment Enterprises Limited) में करीब तीन साल बाद वैश्विक निवेश प्रबंधन कंपनी Invesco की वापसी हुई है। कंपनी में OFI Global China Fund LLC की ओर से किए गए 418 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को भारत सरकार ने मंजूरी दे दी है।
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, यह निवेश वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान शेयर खरीद के माध्यम से किया गया था। यह प्रस्ताव उस अवधि में सरकार द्वारा मंजूर किए गए 1,141 विदेशी निवेश प्रस्तावों में शामिल है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब Zee Entertainment ने अपनी दीर्घकालिक विकास रणनीति को गति देने के लिए कम से कम 2,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना की घोषणा की है। कंपनी यह राशि इक्विटी से जुड़े वित्तीय साधनों (Equity-linked Instruments) के जरिए जुटाएगी। इस पूंजी का उपयोग डिजिटल प्लेटफॉर्म, खेल कारोबार समेत प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में निवेश और कंपनी की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
गौरतलब है कि Invesco ने अप्रैल 2023 में Zee Entertainment में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी थी। उस समय OFI Global China Fund LLC ने लगभग 5.11 प्रतिशत हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेची थी। इस सौदे का मूल्य करीब 1,004 करोड़ रुपये था, जिसमें 4.91 करोड़ (49.1 मिलियन) शेयर 204.50 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए थे। इसके साथ ही कंपनी और निवेशक के बीच कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर लंबे समय तक चले विवाद का एक अध्याय भी समाप्त हो गया था।
अब सरकार से 418 करोड़ रुपये के इस प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को मंजूरी मिलने के साथ ही OFI Global China Fund LLC के जरिए Invesco की करीब तीन साल बाद Zee Entertainment में वापसी हो गई है।
मीडिया सेल्स इकोसिस्टम में अपने योगदान के लिए श्रेष्ठ कपूर को e4m Revenue Leaders 30 Under 30 Award से भी सम्मानित किया जा चुका है।
by
Samachar4media Bureau
देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में शामिल ‘एनडीटीवी’ (NDTV) ने श्रेष्ठ कपूर को ब्रैंड स्टूडियो में रीजनल हेड (नॉर्थ) नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ कंपनी ने उत्तर भारत में अपने ब्रैंडेड कंटेंट और इंटीग्रेटेड मार्केटिंग क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
नई भूमिका में श्रेष्ठ कपूर उत्तर भारत में एनडीटीवी ब्रैंड स्टूडियो के विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह स्ट्रैटेजिक ब्रैंड पार्टनरशिप विकसित करने के साथ-साथ एनडीटीवी के मल्टी-प्लेटफॉर्म इकोसिस्टम के लिए कंटेंट आधारित इंटीग्रेटेड मार्केटिंग सॉल्यूशंस तैयार करने पर काम करेंगे।
श्रेष्ठ कपूर इससे पहले ‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) में टेरिटरी हेड-नॉर्थ, कंटेंट रेवेन्यू के पद पर कार्यरत थे। वहां उन्होंने उत्तर भारत में नेटवर्क के ब्रैंडेड कंटेंट बिजनेस को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख ब्रैंड्स के लिए इंटीग्रेटेड मार्केटिंग सॉल्यूशंस और दीर्घकालिक पार्टनरशिप्स विकसित करने में भी योगदान दिया।
ब्रैंडेड कंटेंट और सॉल्यूशंस सेल्स के क्षेत्र में श्रेष्ठ कपूर को रणनीतिक नेतृत्व के लिए जाना जाता है। उन्हें कंसल्टेटिव सेलिंग, इंटीग्रेटेड ब्रैंड पार्टनरशिप, कंटेंट मोनेटाइजेशन और बिजनेस डेवलपमेंट का काफी अनुभव है। उन्होंने लगातार ऐसे मार्केटिंग कैंपेन का नेतृत्व किया है, जिनमें प्रभावी स्टोरीटेलिंग के साथ कारोबारी परिणामों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
अपने करियर के दौरान उन्होंने Sensodyne, Samsung, Realme, All Out, Probo, DS Group, JK Tyre और Sleepwell जैसे प्रमुख ब्रैंड्स के लिए इंटीग्रेटेड ब्रैंडेड कंटेंट पार्टनरशिप्स पर काम किया है।
मीडिया सेल्स इकोसिस्टम में अपने योगदान के लिए श्रेष्ठ कपूर को e4m Revenue Leaders 30 Under 30 Award से भी सम्मानित किया जा चुका है।
समाचार4मीडिया को विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, गौरव देवानी ने करीब दो हफ्ते पहले कंपनी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस संस्थान में 14 जुलाई उनका आखिरी कार्यदिवस होगा।
by
Samachar4media Bureau
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) में एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट गौरव देवानी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया को विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, गौरव देवानी ने करीब दो हफ्ते पहले कंपनी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस संस्थान में 14 जुलाई उनका आखिरी कार्यदिवस होगा। खबर यह भी है कि गौरव देवानी अब एंटरप्रिन्योरिशप की दिशा में कदम बढ़ाने की तैयारी में हैं।
बता दें कि गौरव देवानी ने इसी साल मार्च में ‘टाइम्स नेटवर्क’ जॉइन किया था। इस नेटवर्क के साथ उनकी यह दूसरी पारी थी। इससे पहले गौरव देवानी करीब ढाई साल तक ‘एनडीटीवी’ (NDTV) में बतौर रेवेन्यू हेड कार्यरत थे। उन्होंने दिसंबर 2023 में ‘एनडीटीवी’ जॉइन किया था।
दो दशक से अधिक अनुभव रखने वाले गौरव देवानी बिजनेस डेवलपमेंट, मार्केटिंग, स्ट्रैटेजी और ऑपरेशंस के क्षेत्र में काम कर चुके हैं। एनडीटीवी से पहले वह टाइम्स नेटवर्क में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और नेशनल हेड (ब्रैंडेड कंटेंट) के पद पर थे, जहां उन्होंने टीवी और डिजिटल प्रॉपर्टीज के मोनेटाइजेशन की रणनीतियों का नेतृत्व किया।
इससे पहले वे ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज में भी वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने सीए-मीडिया (पीटर चेर्निन ग्रुप के तहत) में भी काम किया, जहां उन्होंने लाइव एंटरटेनमेंट और फेस्टिवल प्रॉपर्टीज से जुड़े रेवेन्यू मॉडल्स पर काम किया।
उनका पेशेवर सफर द वॉल्ट डिज़्नी कंपनी, टाइम्स नेटवर्क, नेटवर्क18 और हिंदुस्तान टाइम्स जैसे बड़े मीडिया संस्थानों से भी जुड़ा रहा है, जहां उन्होंने विज्ञापन बिक्री, ब्रैंडेड कंटेंट और इंटीग्रेटेड मीडिया मोनेटाइजेशन में काम किया।
गौरव देवानी ने जिम्स, रोहिणी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है और आईआईएम कोलकाता से एग्जिक्यूटिव एमबीए की डिग्री ली है।
राहुल मिश्रा करीब नौ वर्षों से शेमारू एंटरटेनमेंट से जुड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाईं।
by
Samachar4media Bureau
‘शेमारू एंटरटेनमेंट लिमिटेड’ (Shemaroo Entertainment Limited) के हेड ऑफ डिजिटल इनोवेशन राहुल मिश्रा कंपनी से अलग हो गए हैं। राहुल मिश्रा करीब नौ वर्षों से शेमारू एंटरटेनमेंट से जुड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाईं।
अपने हालिया पद पर राहुल मिश्रा कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), Web3 और इमर्सिव टेक्नोलॉजी से जुड़े अगली पीढ़ी के मीडिया प्लेटफॉर्म के विकास का नेतृत्व कर रहे थे। उनकी जिम्मेदारी नए डिजिटल अनुभव तैयार करने, कंपनी की बौद्धिक संपदा (IP) के बेहतर मुद्रीकरण (Monetization) के अवसर विकसित करने और उभरते डिजिटल इकोसिस्टम में इनोवेशन आधारित कारोबारी मॉडल को आगे बढ़ाने की रही।
इससे पहले वह शेमारू एंटरटेनमेंट में हेड ऑफ मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशन की भूमिका भी निभा चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कंपनी की नई पहचान, विजन और ब्रैंड लोगो को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राहुल मिश्रा को मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम करने का काफी अनुभव है। उन्होंने भारत, एशिया-प्रशांत (APAC), मध्य पूर्व, यूरोप और उत्तरी अमेरिका के मीडिया इकोसिस्टम में मार्केटिंग, डिजिटल ग्रोथ और बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी कई पहलों का नेतृत्व किया है।
शेमारू से पहले राहुल मिश्रा ‘इंडियाकास्ट मीडिया’ और ‘बीबीसी’ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी वरिष्ठ भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने टीमों के साथ मिलकर OTT प्लेटफॉर्म विकसित करने, वैश्विक दर्शक आधार का विस्तार करने, कंटेंट मोनेटाइजेशन मॉडल को मजबूत बनाने और प्रभावी मार्केटिंग स्ट्रैटेजी के जरिए कारोबार की वृद्धि में योगदान दिया।
मातृभूमि ग्रुप के एमडी एम. वी. श्रेयम्स कुमार का कहना है, ‘मीडिया परिदृश्य लगातार बदल रहा है। ऐसे समय में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को संगठन से जोड़ना हमारी विकास यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
by
Samachar4media Bureau
केरल के अग्रणी मीडिया समूह मातृभूमि (Mathrubhumi) ने अपने डिजिटल, मानव संसाधन (एचआर) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभागों में चार वरिष्ठ स्तर की नियुक्तियों की घोषणा की है। कंपनी का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करना व संस्थान में इनोवेशन को गति देना है।
इस कवायद के तहत एबी ठाकरन को Mathrubhumi.com (मलयालम) का डिप्टी एडिटर नियुक्त किया गया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले एबी ठाकरन इससे पहले 24 News और Asianet News में डिजिटल एडिटर के रूप में कार्य कर चुके हैं। वहां उन्होंने डिजिटल न्यूज स्ट्रैटेजी और ऑडियंस ग्रोथ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भूटान में संपादकीय टीमों के गठन और प्रिंट पब्लिकेशंस की शुरुआत में भी योगदान दिया। इसके अलावा वह भूटान में रॉयटर्स के संवाददाता भी रहे हैं। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बहरीन के द डेली ट्रिब्यून (The Daily Tribune) में भी कार्य किया।
इसके अलावा, विपिन विजयन को Mathrubhumi.com (इंग्लिश) का डिप्टी एडिटर बनाया गया है। डिजिटल और टेलीविजन पत्रकारिता में 22 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले विपिन ने अपने करियर की शुरुआत द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) और ऑल इंडिया रेडियो (All India Radio) में इंटर्न के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) में ट्रेनी एडिटर के रूप में काम किया और फिर Rediff.com के न्यूज डेस्क से जुड़े। मुंबई में रेडिफ के साथ 12 वर्षों के दौरान उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता, न्यूज रूम प्रबंधन और राष्ट्रीय समाचार कवरेज का व्यापक अनुभव हासिल किया। वर्ष 2017 में वह रिपब्लिक टीवी (Republic TV) की संस्थापक टीम में न्यूज एडिटर के रूप में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने एशियानेट न्यूज (Asianet News) के इंग्लिश डिजिटल वर्टिकल के एडिटर के रूप में इसकी राष्ट्रीय डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, गायत्री गोपाकुमार को हेड, ह्यूमन रिसोर्सेज (टीआरडी–टेलीविजन, रेडियो एवं डिजिटल) नियुक्त किया गया है। उन्हें मीडिया, ब्रॉडकास्टिंग और आईटी क्षेत्र में मानव संसाधन प्रबंधन का व्यापक अनुभव है। वह इससे पहले मातृभूमि, एशियानेट न्यूज (Asianet News) और मलयाला मनोरमा (Malayala Manorama) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ काम कर चुकी हैं। उनकी विशेषज्ञता टैलेंट एक्विजिशन, कर्मचारी सहभागिता, लर्निंग एंड डेवलपमेंट, ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट, विविधता, समानता एवं समावेशन (DEI) और समग्र एचआर रणनीति में रही है। मातृभूमि में वह टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल कारोबार के लिए मानव संसाधन रणनीति का नेतृत्व करेंगी। उनका फोकस विभिन्न मीडिया वर्टिकल्स में प्रतिभा प्रबंधन, उच्च प्रदर्शन वाली कार्य संस्कृति विकसित करने और तकनीक आधारित एचआर रणनीति के जरिए कारोबार की वृद्धि को समर्थन देने पर रहेगा।
इसी क्रम में कार्तिकेयन के. को लीड, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन नियुक्त किया गया है। उनके पास टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट लीडरशिप का 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जिसमें एक दशक से ज्यादा समय वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर रहा है। उन्होंने एडटेक, मीडिया, ई-कॉमर्स, कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) और प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंजीनियरिंग टीमों का नेतृत्व किया है। मातृभूमि से पहले वह THG Publishing Pvt. Ltd. (The Hindu Group) में हेड ऑफ टेक्नोलॉजी थे। इससे पहले उन्होंने Grade Results Technologies Pvt. Ltd. और Magzter Digital Pvt. Ltd. में भी नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाईं, जहां उन्होंने कई डिजिटल और उपभोक्ता-केंद्रित प्लेटफॉर्म के विकास और विस्तार का नेतृत्व किया।
इन नियुक्तियों पर मातृभूमि ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर एम. वी. श्रेयम्स कुमार का कहना है, ‘मीडिया परिदृश्य लगातार बदल रहा है। ऐसे समय में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को संगठन से जोड़ना हमारी विकास यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ये नियुक्तियां हमारी नेतृत्व टीम को और मजबूत करेंगी तथा इनोवेशन, डिजिटल उत्कृष्टता, प्रतिभा विकास और अपने पाठकों एवं अन्य हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) के लिए बेहतर मूल्य प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाएंगी।’
इस कार्यक्रम के तहत उन कम्युनिकेशंस पहलों और कैंपेन को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने प्रभावशाली स्टोरीटैलिंग व स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन के माध्यम से कारोबारी प्रभाव तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है।
by
Samachar4media Bureau
India PR & Corporate Communications Awards (IPRCCA) के 16वें एडिशन में Lotte India (Havmor Ice Cream Division) के मैनेजिंग डायरेक्टर देबब्रत मुखर्जी जूरी चेयर की भूमिका निभाएंगे। अपनी इस भूमिका में वह कम्युनिकेशन, मार्केटिंग और कॉरपोरेट अफेयर्स से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञों के एक प्रतिष्ठित पैनल का नेतृत्व करेंगे।
यह पैनल विभिन्न प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, रणनीतिक सोच, क्रियान्वयन, नवाचार और मापनीय कारोबारी परिणामों के आधार पर करेगा। जूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और कठोर मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित होगी। अनुभवी उद्योग विशेषज्ञ तय मानकों के अनुसार सभी प्रविष्टियों की समीक्षा करेंगे और विजेताओं का चयन करेंगे।
बता दें कि यह पुरस्कार जनसंपर्क (PR), कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और प्रतिष्ठा प्रबंधन (Reputation Management) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने वाले देश के प्रमुख मंचों में शामिल है।
इस कार्यक्रम के तहत उन कैंपेन, स्ट्रैटेजी और कम्युनिकेशंस पहलों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने प्रभावशाली स्टोरीटैलिंग, स्टेकहोल्डर्स के साथ भरोसा कायम करने और स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन के माध्यम से कारोबारी प्रभाव तैयार करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
देबब्रत मुखर्जी के पास एफएमसीजी (FMCG) क्षेत्र में दो दशक से अधिक का लीडरशिप अनुभव है। उन्होंने देश की कई प्रमुख उपभोक्ता कंपनियों में ब्रैंड निर्माण, कारोबारी बदलाव और ग्रोथ स्ट्रैटेजी का नेतृत्व किया है। Lotte India (Havmor Ice Cream Division) के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में उन्होंने कंपनी के विस्तार, उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत बनाने और प्रतिस्पर्धी बाजार में कंज्यूमर्स के साथ कंपनी की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गौरतलब है कि India PR & Corporate Communications Awards समय के साथ कॉरपोरेट स्टोरीटेलिंग, स्टेकहोल्डर एंगेजमेंट, संकट संचार (Crisis Communication), पब्लिक अफेयर्स, ESG कम्युनिकेशन, डिजिटल पीआर और एकीकृत प्रतिष्ठा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह पुरस्कार एजेंसियों, ब्रैंड्स, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों, स्टार्टअप्स और संचार प्रोफेशनल्स को सम्मानित करता है, जिन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान प्रभावशाली अभियान चलाए हैं।
अपनी इस भूमिका में चंद्रदीप कुमार कंपनी के राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया ऑपरेशंस और ग्रोथ एजेंडे का नेतृत्व करेंगे।
by
Samachar4media Bureau
मार्केटिंग कंपनी एफिकेसी वर्ल्डवाइड (Efficacy Worldwide) ने अपनी लीडरशिप टीम को और मजबूत करते हुए चंद्रदीप कुमार को नेशनल हेड–मीडिया एंड ग्रोथ के पद पर नियुक्त किया है। कंपनी का कहना है कि इस नियुक्ति का उद्देश्य एआई (AI) आधारित मार्केटिंग क्षमताओं को और मजबूत करना तथा कारोबार की रफ्तार को तेज करना है।
नई जिम्मेदारी में चंद्रदीप कुमार कंपनी के राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया ऑपरेशंस और ग्रोथ स्ट्रैटेजी का नेतृत्व करेंगे। इसके साथ ही वे स्ट्रैटेजिक कारोबारी विस्तार को आगे बढ़ाने, क्लाइंट्स को मीडिया, क्रिएटिविटी, डेटा, टेक्नोलॉजी और एआई के बेहतर तालमेल का लाभ दिलाने तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मार्केटिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने पर काम करेंगे। वह कंपनी की नेतृत्व टीम के साथ मिलकर क्लाइंट पार्टनरशिप को मजबूत करने, नए कारोबार के अवसर बढ़ाने और ग्राहकों के लिए बेहतर व्यावसायिक परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेंगे।
चंद्रदीप कुमार के पास मीडिया और मार्केटिंग क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह इससे पहले डब्ल्यूपीपी (WPP), मुद्रा (Mudra), स्टारकॉम (Starcom) और हाल ही में हवास मीडिया ग्रुप (Havas Media Group) में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने रणनीतिक मीडिया सोच, व्यावसायिक समझ और मजबूत क्लाइंट संबंधों के जरिए कई बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।
पूर्व में उन्होंने हुंडई मोटर्स, वोल्टास, वोल्टास बेको, टाटा 1एमजी, जेबीएल, वाल्वोलिन, सुजाता अप्लायंसेज, नॉर्टन, जूपी, हमदर्द और एम्मा स्लीप जैसे प्रमुख ब्रैंड्स के लिए इंटीग्रेटेड मीडिया और ग्रोथ से जुड़े अभियानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाली टीमों के निर्माण, नए कारोबारी अवसर विकसित करने और ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक संबंध स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाई है।
अपनी नियुक्ति पर चंद्रदीप कुमार ने कहा, ‘मार्केटिंग ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है, जहां एआई, डेटा और क्रिएटिविटी मिलकर यह तय कर रहे हैं कि ब्रैंड, उपभोक्ताओं से कैसे जुड़ें और बेहतर व्यावसायिक परिणाम हासिल करें। एफिकेसी वर्ल्डवाइड ने स्ट्रैटेजिक सोच और बेहतरीन निष्पादन के दम पर मजबूत पहचान बनाई है। इस महत्वाकांक्षी टीम का हिस्सा बनकर मैं उत्साहित हूं और क्लाइंट्स को एकीकृत तथा टेक्नोलॉजी आधारित मार्केटिंग समाधानों के जरिए विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम करूंगा।’
कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ विष्णु शर्मा ने कहा, ‘चंद्रदीप की नियुक्ति एफिकेसी वर्ल्डवाइड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मीडिया क्षेत्र में उनकी गहरी विशेषज्ञता के साथ-साथ उनके पास रणनीतिक दृष्टि, मजबूत नेतृत्व क्षमता और ग्राहकों को प्राथमिकता देने का नजरिया है। ऐसे समय में जब ब्रैंड्स मीडिया, क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी और एआई को एक साथ जोड़ने वाले साझेदार तलाश रहे हैं, चंद्रदीप का नेतृत्व हमारी क्षमताओं को और मजबूत करेगा। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में कंपनी भविष्य के लिए तैयार भारत की अग्रणी स्वतंत्र मार्केटिंग कंपनियों में अपनी स्थिति और सशक्त करेगी।’
लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत भूषण स्वास्थ्य और व्यक्तिगत कारणों से कुछ समय के लिए अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों से दूर हो गए थे।
by
Samachar4media Bureau
आउट-ऑफ-होम (OOH) मीडिया क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने भारत भूषण केडिया को सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और नेशनल हेड (Planning & Buying) की जिम्मेदारी सौंपी है। भारत भूषण मुंबई से अपना कामकाज संभालेंगे और लक्ष्य मीडिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमरजीत हुड्डा को रिपोर्ट करेंगे।
नई जिम्मेदारी के तहत भारत भूषण केडिया पूरे देश में कंपनी के प्लानिंग एंड बाइंग कार्य का नेतृत्व करेंगे। उनका मुख्य फोकस रणनीतिक योजना (स्ट्रैटेजिक प्लानिंग) को और मजबूत बनाने, मीडिया बाइंग की दक्षता बढ़ाने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और समूह के विभिन्न क्लाइंट्स को बेहतर मूल्य प्रदान करने पर रहेगा।
लक्ष्य मीडिया ग्रुप ने बताया कि इस वर्ष की शुरुआत में भारत भूषण स्वास्थ्य और व्यक्तिगत कारणों से कुछ समय के लिए अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों से दूर हो गए थे। अब कंपनी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें पहले से अधिक व्यापक राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है।
भारत भूषण केडिया के पास मीडिया सेल्स, क्लाइंट मैनेजमेंट और आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन क्षेत्र में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने दक्षिण भारत में बड़े क्लाइंट पोर्टफोलियो का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया है और लगातार राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले वह लक्ष्य मीडिया ग्रुप में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने प्रमुख क्लाइंट संबंधों को मजबूत करने, कारोबार बढ़ाने और क्षेत्र में कंपनी की मौजूदगी को सशक्त बनाने में अहम योगदान दिया।
इस नियुक्ति पर लक्ष्य मीडिया के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमरजीत हुड्डा ने कहा कि भारत भूषण केडिया में व्यावसायिक समझ के साथ-साथ क्लाइंट्स और मीडिया इंडस्ट्री की गहरी जानकारी है। उन्होंने वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है, मजबूत रिश्ते बनाए हैं और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय दिया है। उन्हें विश्वास है कि केडिया का अनुभव और दृष्टिकोण कंपनी की प्लानिंग एंड बाइंग क्षमताओं को और मजबूत करेगा तथा इस क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
वहीं, अपनी नई जिम्मेदारी पर भारत भूषण केडिया ने कहा कि वह ऐसे समय में यह भूमिका संभालकर बेहद खुश हैं, जब मीडिया और OOH इकोसिस्टम तेजी से बदल रहा है। उनके अनुसार आज प्लानिंग और बाइंग में डेटा, टेक्नोलॉजी, मार्केट इंटेलिजेंस और क्लाइंट-केंद्रित सोच का बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वह देशभर की टीमों के साथ मिलकर मजबूत क्षमताएं विकसित करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और ऐसे प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के लिए काम करेंगे, जो क्लाइंट्स को उनके व्यावसायिक लक्ष्यों को हासिल करने में मदद करें।
हालांकि, इस संस्थान के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 के आखिर तक था, लेकिन कुछ निजी कारणों के चलते उन्होंने इस पारी को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है।
by
Samachar4media Bureau
वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जानी-मानी न्यूज एंकर ऋचा अनिरुद्ध से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली इस खबर के मुताबिक, ऋचा अनिरुद्ध ने ‘नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड’ (Network18 Media & Investments Limited) के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कड़क’ (Kadak) का साथ छोड़ दिया है।
हालांकि, इस संस्थान के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 के आखिर तक था, लेकिन कुछ निजी कारणों के चलते उन्होंने इस पारी को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया है। सूत्रों की मानें तो उन्होंने यहां से इस्तीफा 30 मई को ही दे दिया था और फिलहाल नोटिस पीरियड सर्व कर रही थीं।
खबर यह भी है कि उन्हें यहां कोई दूसरी जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। हालांकि, अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। ऋचा अनिरुद्ध ने पिछले साल अगस्त में बतौर कंसल्टेंट ‘कड़क’ जॉइन किया था और ‘अनकही’ नाम से अपना शो भी कर रही थीं।
बता दें कि ऋचा अनिरुद्ध, भारतीय मीडिया का एक प्रतिष्ठित और जाना-पहचाना नाम है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है और अपनी प्रतिभा के दम पर मीडिया में एक खास मुकाम हासिल किया है।ऋचा अनिरुद्ध की छवि एक गंभीर और जनोन्मुखी पत्रकार व एंकर की है। पूर्व में ऋचा लंबे समय तक ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया) के साथ जुड़ी रहीं, जहां वे चैनल के मशहूर शो 'जिंदगी लाइव' को होस्ट करती थीं।
ऋचा ने अपने पत्रिकारिता करियर की शुरुआत साल 2002 में ज़ी न्यूज के साथ बतौर रिपोर्टर और एंकर की। 2005 में वे ‘चैनल7’ से जुड़ गई। बाद में इस चैनल का नाम बदलकर ‘आईबीएन7’ कर दिया गया और फिर ‘न्यूज18इंडिया’। वर्ष 2007 में उन्हें लोकप्रिय शो ‘जिंदगी लाइव’ को होस्ट करने का मौका मिला। इसी शो ने उन्हें पत्रकारिता जगत में व्यापक पहचान दिलाई। ‘जिंदगी लाइव’ शो को कई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, साथ ही उन्होंने भी कई बार इसकी बेस्ट एंकरिंग का खिताब अपने नाम किया।
यही नहीं, वर्ष 2014 से 2021 तक उन्होंने ‘बिग एफएम’ पर रेडियो शो भी किए हैं। ऋचा अनिरुद्ध को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर गहरी पकड़ है। मीडिया के अतिरिक्त अन्य माध्यमों से भी वे अपने सामाजिक दायित्वों का सम्यक निर्वाह करती हैं। साल 2013 के बाद से टीवी से उन्होंने दूरी भले ही बना ली लेकिन उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल ‘जिंदगी विद ऋचा‘ (Zindagi with Richa) के माध्यम से लोगों से जुड़ाव बनाए रखा। इसके बाद उन्होंने पिछले साल फिर न्यूज रूम में वापसी करते हुए ‘कड़क’ जॉइन किया था, जहां से अब वह अलग हो गई हैं।
टाइम्स नेटवर्क के एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने कुछ सप्ताह पहले इस्तीफा दिया है। राहुल चंद्रन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है, जबकि आंचल जौहर को रोकने की कोशिश की जा रही है।
by
Samachar4media Bureau
देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) की ब्रैंडेड कंटेंट लीडरशिप में वरिष्ठ स्तर पर बदलाव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। खबर है कि नेटवर्क के दो सीनियर प्रोफेशनल राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने कुछ समय पहले अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। दोनों एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट के पद पर कार्यरत थे।
हमारी सहयोगी वेबसाइट एक्सचेंज4मीडिया (exchange4media) को कंपनी मैनेजमेंट और इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल चंद्रन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और वह फिलहाल नोटिस पीरियड पर हैं। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही एक नॉन-न्यूज संस्थान से जुड़ सकते हैं। हालांकि उनके अगले कदम का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
‘टाइम्स नेटवर्क’ ने ‘एक्सचेंज4मीडिया’ से राहुल चंद्रन के इस्तीफे की पुष्टि की है। कंपनी मैनेजमेंट ने इस संबंध में किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया। एक्सचेंज4मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार कंपनी आंचल जौहर को रोकने का प्रयास कर रही है।
इसी बीच, ‘टाइम्स नेटवर्क’ के ब्रैंडेड कंटेंट हेड गौरव देवानी को लेकर भी अटकलों का दौर जारी है कि वह यहां से अलग हो रहे हैं। हालांकि, कंपनी के शीर्ष प्रबंधन और स्वयं गौरव देवानी ने एक्सचेंज4मीडिया से बातचीत में इस बात से इनकार किया है कि वह कंपनी छोड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गौरव देवानी ने टाइम्स नेटवर्क में संभाली ये बड़ी जिम्मेदारी
इंडस्ट्री में चर्चा है कि गौरव देवानी अपनी मौजूदा भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वह ऐसी भूमिका चाहते हैं जिसमें कंटेंट की जिम्मेदारी भी शामिल हो, जैसा कि पहले मिहिर भट्ट के पास थी। वह अपनी ब्रैंडेड कंटेंट टीम के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति, अपनी टीम चुनने, मौजूदा टीम की भूमिकाएं तय करने और अपने अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने की अधिक स्वतंत्रता चाहते हैं।
गौरव देवानी अनुभवी प्रोफेशनल हैं, हालांकि उनके आने के बाद हुए इस नए नेतृत्व बदलाव (alignment) को लेकर संगठन के भीतर कुछ असहजता की चर्चा भी रही। आइए अब समझते हैं कि पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या तस्वीर उभर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, गौरव देवानी के ब्रैंडेड कंटेंट हेड बनने के बाद संगठन में हुए नए नेतृत्व बदलाव (alignment) को लेकर कुछ असहजता की चर्चा रही। इसी दौरान राहुल चंद्रन और आंचल जौहर ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
‘टाइम्स नेटवर्क’ के शीर्ष प्रबंधन ने एक्सचेंज4मीडिया से स्पष्ट तौर पर कहा है कि गौरव देवानी ने इस्तीफा नहीं दिया है। इसके बावजूद सूत्रों ने बताया है कि गौरव देवानी ने भी कुछ दिन पहले अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, कंपनी ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यदि उनकी भूमिका के विस्तार और अपनी टीम चुनने से जुड़ी मांगें स्वीकार नहीं होती हैं तो वह कंपनी छोड़ सकते हैं। हालांकि वरिष्ठ स्तर पर इस तरह की चर्चाएं अंतिम निर्णय होने तक गोपनीय रखी जाती हैं और इनमें कई दौर की बातचीत होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यदि गौरव देवानी कंपनी छोड़ते हैं तो आंचल जौहर के टाइम्स नेटवर्क में बने रहने की संभावना बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि शीर्ष प्रबंधन और एचआर को दोनों में से किसी एक विकल्प पर फैसला लेना पड़ सकता है। यदि गौरव देवानी कंपनी में बने रहते हैं तो राहुल चंद्रन और आंचल जौहर के कंपनी छोड़ने की संभावना है। वहीं यदि गौरव देवानी कंपनी छोड़ते हैं तो कम से कम आंचल जौहर के बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यदि गौरव देवानी कंपनी से अलग होते हैं तो टाइम्स टेलिविजन के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट राजेश मदामपथ को ब्रैंडेड कंटेंट के हेड की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। गौरव देवानी की नियुक्ति से पहले यह जिम्मेदारी राजेश मदामपथ के पास रह चुकी है। वर्तमान में वह एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर एन. सुब्रमण्यम के साथ पिकलबॉल (Pickleball) और नई पहलों पर तथा टाइम्स टेलिविजन नेटवर्क के सीईओ आशीष सहगल के साथ सरकारी परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
कुल मिलाकर राहुल चंद्रन के इस्तीफे की पुष्टि हो चुकी है, आंचल जौहर के भविष्य को लेकर बातचीत जारी है और गौरव देवानी को लेकर भी अटकलें बनी हुई हैं। ऐसे में नए नेतृत्व के तहत टाइम्स नेटवर्क का ब्रैंडेड कंटेंट डिपार्टमेंट बदलाव के एक नए दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।
राहुल चंद्रन का टाइम्स नेटवर्क के साथ करीब साढ़े सात वर्षों का सफर रहा है। अक्टूबर 2023 में उन्हें एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट (ब्रैंडेड कंटेंट) बनाया गया था। इससे पहले वह जनवरी 2019 से रीजन हेड (ब्रैंडेड कंटेंट) के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान यहां उन्होंने ब्रैंडेड कंटेंट पहलों का नेतृत्व किया, विज्ञापनदाताओं के लिए कस्टमाइज्ड कंटेंट समाधान तैयार किए और इंटीग्रेटेड रेवेन्यू अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘टाइम्स नेटवर्क’ से पहले राहुल चंद्रन वर्ष 2016 से 2019 तक ‘हिंदुस्तान टाइम्स’(Hindustan Times) में रीजन हेड रहे। इससे पहले उन्होंने लगभग एक दशक तक CNBC-TV18 में नेतृत्वकारी भूमिकाओं में काम किया। इसके अलावा वह बेनेट कोलमैंन एंड कंपनी लिमिटिड (BCCL), Xbox 360 और BPL Mobile से भी जुड़े रहे हैं।
वहीं, आंचल जौहर वर्तमान में ‘टाइम्स नेटवर्क’ में North और East क्षेत्र के ब्रैंडेड कंटेंट, नेटवर्क IPs तथा स्पेशल प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। संगठन में दोबारा लौटने के बाद अक्टूबर 2024 में उन्हें एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया था।
उन्हें मीडिया सेल्स, ब्रैंडेड कंटेंट और स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स का लगभग दो दशक का अनुभव है। टाइम्स नेटवर्क में वापसी से पहले वह ‘जी मीडिया’ (Zee Media) में असिस्टेंट वाइस प्रेजिडेंट थीं, जहां उन्होंने जी न्यूज, जी बिजनेस और विऑन के लिए Strategic Partnerships, Branded Content, Reputation Management और IP Sales का नेतृत्व किया।
इससे पहले वह इंडिया टुडे ग्रुप (India Today Group) में डिप्टी जनरल मैनेजर के रूप में IP Sales और Content Solutions संभाल चुकी हैं। वह पहले भी टाइम्स नेटवर्क में डिप्टी जनरल मैनेजर और रीजन हेड रह चुकी हैं। अपने करियर में उन्होंने Zee Entertainment Enterprises, 9X Media, The Walt Disney Company India, Live India और NDTV में भी कार्य किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह भी चर्चा है कि आंचल जौहर न्यूज18 स्टूडियोज (News18 Studios) में मिहिर भट्ट के साथ संभावित भूमिका को लेकर बातचीत कर रही हैं। बताया जा रहा है कि टाइम्स नेटवर्क के अलावा जिन अवसरों पर वह विचार कर रही हैं, उनमें यह प्रमुख विकल्पों में से एक है।
कुल मिलाकर एक इस्तीफे की पुष्टि हो चुकी है, दूसरे पर बातचीत जारी है और तीसरे को लेकर अटकलें बनी हुई हैं। ऐसे में टाइम्स नेटवर्क का ब्रैंडेड कंटेंट विभाग एक नए बदलाव के दौर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।